देश

चिराग पासवान ने बिहार में एनडीए से अलग होने की खबरों का किया खंडन, जताया पीएम मोदी के प्रति समर्थन

बिहार चुनाव से पहले चिराग पासवान को लेकर आज एक खबर आई कि चिराग, एनडीए से अलग हो गए हैं, वो बिहार विधानसभा की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। चिराग पासवान ने अब इसे अफवाह करार दिया है।

Image

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान (फाइल फोटो- PTI)

हाल ही में ऐसी खबरें आई थीं कि चिराग पासवान ने बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का हिस्सा नहीं रहने और 243 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही है। हालांकि, जब चिराग पासवान आज रात दिल्ली से पटना एयरपोर्ट पहुंचे, तो उन्होंने इन खबरों को सिरे से खारिज किया।

चिराग ने क्या कहा

पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में चिराग पासवान ने स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी ऐसा बयान नहीं दिया। उन्होंने कहा, "कुछ लोग हमें एनडीए से अलग करने के लिए पूरी तरह परेशान हैं, लेकिन मैं साफ कर देना चाहता हूं कि जब तक देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, तब तक ऐसी बात होना संभव ही नहीं है।" चिराग पासवान ने आगे कहा कि विपक्ष को यह अच्छी तरह पता है कि जब तक एनडीए एकजुट है, तब तक वह सत्ता में नहीं आ सकती। उन्होंने कहा, "मैंने क्या कहा और क्या कहा गया, इससे साफ होता है कि किस तरह से कुछ बातों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है।"

सीट बंटवारे पर कोई बात नहीं

जब उनसे पूछा गया कि बार-बार यह सवाल क्यों उठता है कि क्या वे 243 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, तो उन्होंने इसका जवाब देते हुए कहा कि ऐसी बातें वही लोग फैलाते हैं जो हमसे जुड़ी नहीं हैं। उन्होंने कहा, "जो बात आप कह रहे हैं, वह हमारे बिना ही बाहर आ जाती है।" चिराग पासवान ने यह भी कहा कि अभी तक गठबंधन के अंदर सीट बंटवारे को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई है, इसलिए इस विषय पर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। "गठबंधन के भीतर जो भी फैसला होगा, वह बातचीत के बाद ही होगा," उन्होंने कहा।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article