Central Railway Warning 2025: सोशल मीडिया पर इस हफ्ते एक वीडियो खूब वायरल हुआ, जिसमें एक महिला भारतीय रेलवे की एसी कोच में मैगी बनाती नजर आई। वीडियो में दिखाया गया है कि महिला ने कोच में लगे पावर सॉकिट में अपनी इलेक्ट्रिक केतली लगाकर मैगी तैयार की। ये सॉकिट सिर्फ मोबाइल चार्जिंग के लिए होते हैं, लेकिन यात्रा के दौरान महिला ने इसका इस्तेमाल खाना बनाने के लिए कर लिया। इस घटना के बाद सेंट्रल रेलवे ने सुरक्षा को लेकर सख्त सलाह जारी किया। वीडियो जैसे ही एक्स (X) पर सामने आया, वैसे ही तेजी से वायरल होकर सेंट्रल रेलवे का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए सेंट्रल रेलवे के आधिकारिक एक्स अकाउंट ने कड़ा संदेश जारी किया। बयान में कहा गया, “चैनल और संबंधित व्यक्ति पर कार्रवाई की जा रही है। ट्रेनों में इलेक्ट्रिक केतली का उपयोग सख्त मना है। यह असुरक्षित है, अवैध है और दंडनीय अपराध भी। ऐसा करना आग लगने जैसी गंभीर घटना को जन्म दे सकता है और अन्य यात्रियों के लिए भी बड़ा खतरा बन सकता है। इससे ट्रेन की बिजली आपूर्ति बाधित हो सकती है और एसी तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम में खराबी आने की संभावना भी रहती है। यात्रियों से अपील है कि वे किसी भी तरह के ऐसे खतरनाक व्यवहार से दूर रहें। अगर उन्हें इस तरह की कोई गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें ताकि सभी की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।”
“स्मार्ट यात्रा करें, सुरक्षित रहें!”
इसी बीच, आज फिर सेंट्रल रेलवे ने एक पोस्ट शेयर की, जिसमें एक महिला को काले ट्रैकसूट में ट्रेन के अंदर केतली में खाना बनाते हुए प्रतीकात्मक तौर से दिखाया गया है। तस्वीर पर लिखा था, “ट्रेन में इलेक्ट्रिक केतली का उपयोग न करें! यह असुरक्षित है और पूरी तरह प्रतिबंधित है।” फोटो में आगे चेतावनी दी गई, “हाई-वोल्टेज उपकरण आग लगने का खतरा बढ़ा सकते हैं या बिजली की आपूर्ति में बाधा पैदा कर सकते हैं।” पोस्ट के कैप्शन में अधिकारियों ने लिखा, “स्मार्ट यात्रा करें, सुरक्षित रहें!” साथ ही कहा गया, “इलेक्ट्रिक केतली जैसे हाई-वोल्टेज उपकरण ट्रेन कोच में चिंगारी, आग के जोखिम या इलेक्ट्रिकल ट्रिपिंग का कारण बन सकते हैं। कृपया ऐसे उपकरणों का उपयोग न करें और ट्रेन में सुरक्षित माहौल बनाए रखने में सहयोग करें।”
