देश

बड़ी खबर! देश में 2027 में होगी जनगणना, दो चरणों में होगा सेंसस, आबादी पर आएगा सटीक आंकड़ा

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने मंगलवार को बताया कि देश में जनगणना (Census) 2027 में होगी और जनगणना का यह काम दो चरणों में कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले चरण की जनगणना अप्रैल और सितंबर 2026 के बीच, जबकि दूसरे चरण की फरवरी 2027 में होगी।

Image

साल 2027 में होगी जनगणना। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

Census 2027 : देश में जनगणना कब होगी इसका समय सरकार ने बता दिया है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने मंगलवार को बताया कि देश में जनगणना (Census) 2027 में होगी और जनगणना का यह काम दो चरणों में कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले चरण की जनगणना अप्रैल और सितंबर 2026 के बीच, जबकि दूसरे चरण की फरवरी 2027 में होगी। कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के एक प्रश्न के लिखित उत्तर में इस कवायद का विवरण देते हुए गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि जनगणना दो चरणों में होगी। उन्होंने बताया कि पहले चरण के तहत मकान सूचीकरण और आवास गणना तथा उसके बाद दूसरे चरण में आबादी की गणना की जाएगी।

आबादी की गणना फरवरी 2027 में होगी

मंत्री ने बताया, ‘आबादी की गणना फरवरी 2027 में की जाएगी, जिसकी संदर्भ तिथि 1 मार्च 2027 की मध्य रात्रि होगी, सिवाय केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख, और केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर तथा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के बर्फ से ढके दुर्गम इलाकों को छोड़कर, जहां यह गणना सितंबर 2026 में की जाएगी, जिसकी संदर्भ तिथि 1 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि होगी।’

मंत्री ने बताया कि जनगणना की प्रत्येक कवायद से पहले विभिन्न मंत्रालयों, विभागों, संगठनों और जनगणना डेटा उपयोगकर्ताओं से प्राप्त जानकारी और सुझावों के आधार पर जनगणना से संबंधित प्रश्नावली को अंतिम रूप दिया जाता है।

जनगणना का इतिहास 150 वर्षों से भी अधिक पुराना

मंत्री ने उल्लेख किया कि जनगणना का इतिहास 150 वर्षों से भी अधिक पुराना है और प्रत्येक जनगणना में पिछली जनगणनाओं के अनुभवों का ध्यान रखा जाता है। एक अलग प्रश्न के लिखित उत्तर में, मंत्री ने कहा कि इस वर्ष 30 अप्रैल को राजनीतिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति द्वारा लिये गए निर्णय के अनुसार, जनगणना में जातिवार गणना भी की जाएगी। एक अन्य प्रश्न के लिखित उत्तर में, केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2027 की जनगणना डिजिटल माध्यम से की जाएगी, जिसमें मोबाइल ऐप के माध्यम से डेटा एकत्र किया जाएगा और स्व-गणना के लिए ऑनलाइन प्रावधान होगा।

2011 में हुई थी पिछली जनगणना

भारत में पिछली जनगणना 2011 में हुई थी, जिसके अनुसार कुल जनसंख्या लगभग 121 करोड़) थी जिसमें करीब 62 करोड़ पुरुष और लगभगा 58 करोड़ महिलाएं थीं। इस जनगणना के अनुसार, भारत की साक्षरता दर 74.04% थी। भारत की आबादी बढ़कर 140 करोड़ के करीब हो गई है। आबादी के मामले में भारत चीन को भी पीछे छोड़ चुका है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र होने के साथ-साथ सबसे बड़ा आबादी वाला देश है। जनगणना होने पर देश की आबादी का आधिकारिक आंकड़ा सामने आएगा। पहले 2021 में जनगणना होनी थी लेकिन कोविड संकट की वजह से इसे आगे के लिए टाल दिया गया।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें