Himanta Sarma in Varanasi: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बुधवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि तुम नरेंद्र मोदी का बाल भी बांका नहीं कर सकते हो।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (फोटो साभार: @himantabiswa)
हिमंत ने वाराणसी में 'सेवा संकल्प' बाइक रैली के समापन समारोह को संबोधित करते हुए राहुल गांधी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा, ''राहुल गांधी तुम सुन लो जब तक भारत में सनातन की शक्ति है, तब तक वे नरेंद्र मोदी का बाल भी बांका नहीं कर सकते।''
हिमंत बिस्वा सरमा ने पीएम मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए पिछले दो दशकों में भाजपा के विस्तार और उसकी उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। बाइक रैली काशी से गुजरात के वडनगर गई और वापस वाराणसी लौटी। कार्यक्रम पीएम मोदी के संवैधानिक पद पर 25 वर्ष पूरे करने के अवसर पर आयोजित किया गया था।
'देश में समाप्त हो गया नक्सलवाद'
मुख्यमंत्री हिमंत ने कहा कि 7 अक्टूबर का दिन महत्वपूर्ण है, क्योंकि 2001 में इसी दिन नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाला था। उन्होंने केंद्र सरकार के आतंकवाद और उग्रवाद से निपटने के प्रयासों का जिक्र करते हुए दावा किया कि देश में 'नक्सलवाद' समाप्त हो गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'सौभाग्यशाली है भारत, जो जापान जैसा सच्चा मित्र मिला', आबे मेमोरियल कॉरिडोर के उद्घाटन समारोह में बोले योगी आदित्यनाथ
उन्होंने कहा कि एक समय संसद पर भी हमला हुआ करता था और पाकिस्तान से आतंकवादी भारत में घुसकर हमले करते थे, लेकिन अब स्थिति बदल गई है। उन्होंने कहा, ''आज पाकिस्तान भारत में प्रवेश नहीं करता, बल्कि भारत पाकिस्तान में प्रवेश करता है और उसे नष्ट कर देता है। यह हमारा नेतृत्व है।''
इस दौरान हिमंत ने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक समय हिंदू समाज ने यह उम्मीद छोड़ दी थी कि बाबरी मस्जिद स्थल पर कभी राम मंदिर बन पाएगा, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मंदिर का निर्माण हुआ।
