LIVE

Parliament Winter Session: लोकसभा में गतिरोध टूटा, हुआ था जबरदस्त हंगामा

शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन हंगामे के बाद लोकसभा अध्यक्ष के प्रयास से गतिरोध खत्म हुआ। विपक्ष का तरफ से उसका ट्रेलर 29 नवंबर को दिखाया जा चुका है। विपक्ष का कहना है कि सराकर बोलने की आजादी पर रोक लगा रही है। सरकार एक तरफ कहती है कि सभी विषयों पर संवाद होना चाहिए। लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Dec 2, 2021, 10:17 IST
Follow on Google News
Parliament Winter Session: लोकसभा में गतिरोध टूटा, हुआ था जबरदस्त हंगामा
Photo Credit: ANI

सोमवार को जब सत्र की शुरुआत हुई तो निलंबित सांसदों की सजा को बहाल रखा गया। सभापति के इस फैसले का विपक्षी दलों ने जबरदस्त विरोध किया। इसके साथ ही कृषि कानून वापसी बिल को जिस तरह से सरकार ने दोनों सदनों में पारित कराया उस प्रक्रिया पर भी विपक्ष को ऐतराज है। विपक्षी दलों का कहना है कि जब सर्वदलीय बैठक में तय हुआ था कि कृषि बिल पर विस्तार से चर्चा के बाद आगे बढ़ा जाएगा तो इतना जल्दबाजी में पारित क्यों कराया गया। लेकिन सरकार की तरफ से बयान आया कि उस विषय पर पहले ही चर्चा कराई जा चुकी है। जहां तक विपक्षी दलों  के हंगामे का सवाल है तो वो उनकी फितरत बन चुकी है। 

NOV 30, 2021 17:16 IST

जाति-वार जनगणना पर बोले गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय

लोकसभा में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि भारत सरकार ने आजादी के बाद से जनगणना में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अलावा अन्य जाति-वार आबादी की गणना नहीं की है। जनगणना अनुसूची केंद्रीय मंत्रालयों सहित विभिन्न हितधारकों के परामर्श से तैयार की गई है।

NOV 30, 2021 16:06 IST

विदर्भ राज्य बनाने को लेकर कोई प्रस्ताव नहीं- गृह राज्य मंत्री

महाराष्ट्र से अलग विदर्भ राज्य बनाने को लेकर लोकसभा में गृह राज्य मंत्री ने कहा कि ऐसा कोई प्रस्ताव सरकार के पास विचाराधीन नहीं है।
 

NOV 30, 2021 16:04 IST

असम राइफल्स के काफिले पर घात लगाकर हमले में 7 की गई जान- गृह राज्य मंत्री

लोकसभा में गृह राज्य मंत्री ने कहा कि मणिपुर में हालिया घटना के संबंध में, संदिग्ध विद्रोहियों ने 13 नवंबर को चुराचांदपुर में भारत-म्यांमार सीमा पर असम राइफल्स के काफिले पर घात लगाकर हमला किया, जिसमें 5 असम राइफल्स कर्मियों और 2 नागरिकों सहित 7 लोगों की जान चली गई। असम राइफल्स के 6 जवान घायल हो गए।
 

NOV 30, 2021 15:03 IST

लोकसभा अध्यक्ष के प्रयास से गतिरोध टूटा

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयास के बाद गतिरोध टूटा है। All Party Meeting में फैसला लिया गया। विपक्ष भी सदन के कार्यवाही में व्यवधान नहीं डालेगा।बैठक में अधीर रंजन चौधरी, टी आर बालू, सौगत रॉय, कल्याण बनर्जी, सुप्रिया सुले रहे मौजूदपीवी मिधुन रेड्डी, नमा नागेश्वर राव, अनुभव मोहंती, पिनाकी मिश्रा, जयदेव गल्ला भीएन के प्रेमचंद्रन, गौरव ग़ोगोई रितेश पांडे भी बैठक में मौजूद थे।

NOV 30, 2021 14:16 IST

टीएमसी के दोनों निलंबित सांसद 23 दिसंबर तक देंगे धरना

टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने कहा किहमारे दोनों सांसद कल सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक 23 दिसंबर तक संसद परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने बैठेंगे. हम अपने सांसदों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए अन्य सांसदों को भी आमंत्रित करेंगे।

NOV 30, 2021 13:15 IST

निलंबन के मुद्दे पर सभापति से मिले 8 विपक्षी दल-सूत्र

 सूत्रों के मुताबिक मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में विपक्षी दल के आठ नेताओं ने राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू से मुलाकात की और उनसे 12 सांसदों के निलंबन को रद्द करने पर फिर से विचार करने का अनुरोध किया। सभापति नायडू ने उनसे कहा कि सदन के निलंबित सदस्यों से माफी मांगे बिना यह संभव नहीं है।

NOV 30, 2021 13:10 IST

12 सांसदों के निलंबन के विरोध में कांग्रेस का धरना

12 सांसदों के निलंबन को लेकर विपक्षी नेताओं ने संसद परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर विरोध प्रदर्शन किया।राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू द्वारा 12 विपक्षी सांसदों के निलंबन को रद्द करने को खारिज करने के बाद विपक्षी सांसदों ने लोकसभा और राज्यसभा से वाकआउट किया।
NOV 30, 2021 13:04 IST

आखिर माफी किस बात की-राहुल गांधी

राज्यसभा के 12 सांसदों के निलंबन वापसी से राज्यसभापति ने सीधे तौर पर इनकार कर दिया। उन्होंने कहा था कि फैसला नियमों के तहत ही था। इस पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का कहना है कि आखिर माफी किस बात की 

NOV 30, 2021 13:02 IST

देश में फिलहाल ओमिक्रॉन का एक भी केस नहीं- स्वास्थ्य मंत्री

स्वास्थ्य मंत्री डॉ मनसुख मंडाविया ने राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान कहा कि भारत में अब तक COVID19 वैरिएंट #Omicron का कोई मामला दर्ज नहीं किया गया। सरकार इससे उत्पन्न होने वाले खतरे को लेकर सचेत है।

NOV 30, 2021 11:49 IST

लोकसभा 2 बजे तक के लिए स्थगित

मंगलवार को लोक सभा की कार्यवाही शुरू होते ही विरोधी दलों ने राज्य सभा सांसदों के निलंबन के मसले पर हंगामा करना शुरू कर दिया।हंगामे के बीच स्पीकर ने प्रश्नकाल चलाने की कोशिश की। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हंगामा करने वाले सांसदों पर नाराजगी जताते हुए सांसदों से प्रश्नकाल चलने देने की अपील की। लेकिन विरोधी दलों का हंगामा जारी रहा और इसे देखते हुए लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।सदन स्थगित होने के बाद मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि राज्य सभा सांसदों के निलंबन के खिलाफ कांग्रेस और अन्य विरोधी दलों ने लोकसभा से वाकआउट किया है।

NOV 30, 2021 11:31 IST

कांग्रेस सांसदों ने राज्यसभा का बहिष्कार किया

राज्यसभा सभापति के फैसले के बाद कांग्रेस सांसदों ने सदन की कार्यवाही का बहिष्कार किया है, हालांकि टीएमसी के सांसद सदन में मौजूद हैं। शिवसेना और आप के सांसदों ने भी बहिष्कार किया है।

NOV 30, 2021 11:16 IST

12 सांसदों का फैसला नियम मुताबिक- सभापति राज्यसभा

12 सांसदों के निलंबन पर सभापति वेंकैया नायडू ने कहा कि निलंबन का फैसला नियमों के तहत हुआ। आप 10 अगस्त के रिकॉर्ड को देख सकते हैं, उस समय डिप्टी चेयरमैन की तरफ से बार बार अपील यहां तक की नाम लेकर अपील की गई। लेकिन उसे संज्ञान में नहीं लिया। 

NOV 30, 2021 11:14 IST

सांसदों का निलंबन नियम मुताबिक नहीं- मल्लिकार्जुन खड़गे

राज्यसभा में मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सांसदों का निलंबन नियम मुताबिक नहीं है। सांसदों का बोलने की आजादी नहीं है। नियमों का उल्लंघन किया गया है। उन्होंने कहा कि सभापति से अपील है कि वो निलंबन को वापस लें।

NOV 30, 2021 10:57 IST

12 राज्यसभा सांसदों का निलंबन वापस नहीं तो सदन का बहिष्कार- विपक्ष

12 सांसदों के निलंबन मुद्दे पर विपक्षी दलों की बैठक हुई। बैठक के बाद विपक्ष ने फैसला किया है कि अगर सांसदों का निलंबन वापस नहीं होगा तो वो सदन का बहिष्कार करेंगे। बैठक से पहले ही कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्ष के इरादे को साफ कर दिया थाष।

NOV 30, 2021 10:29 IST

एमएसपी पर बहस के लिए दीपेंद्र हुड्डा ने दिया नोटिस

राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने 'विरोध के दौरान जान गंवाने वाले किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी और सहायता पर चर्चा' की मांग करते हुए बिजनेस नोटिस को स्थगित कर दिया।

NOV 30, 2021 09:05 IST

मनीष तिवारी ने दिया स्थगन प्रस्ताव

किसानों के मुद्दे पर लोकसभा में कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने स्थगन प्रस्ताव दिया है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की जान आंदोलन के दौरान गई है उनके परिजनों को मुआवजा मिलना चाहिए। 

NOV 30, 2021 08:45 IST

लोकसभा में भी हो सकता है हंगामा

संसद को दोनों सदनों से कृषि कानून वापसी बिल को पारित कर दिया गया है। लेकिन विपक्ष का कहना है कि सरकार ने इस विषय पर चर्चा नहीं कराई है। सत्ता पक्ष, विपक्षी आवाज को दबाने की कोशिश कर रहा है। 

NOV 30, 2021 08:44 IST

राज्यसभा में हंगामा के आसार

राज्यसभा में निलंबित सांसदों के मुद्दे पर हंगामा हो सकता है। सदन की कार्यवाही से पहले विपक्षी दलों की इस मुद्दे पर बैठक होने वाली है। बता दें कि मानसून सत्र के दौरान 12 विपक्षी सांसदों के उग्र बर्ताव के बाद उन्हें निलंबित करने का फैसला किया गया था।

NOV 30, 2021 08:42 IST

सदन का कार्यवाही का दूसरा दिन

संसद के शीतकालीन सत्र का आज दूसरा दिन है। पहले दिन की कार्यवाही में विपक्षी सांसदों द्वारा हंगामे के बाद सदन की कार्यवाही आज तक के लिए स्थगित की गई थी।