LIVE

Coronavirus News Updates: महाराष्ट्र में 58000 तो दिल्ली में 17000 से ज्यादा नए केस, दिल्ली में 104 मौतें

देश में कोरोना वायरस अपना डंक तेजी से मार रहा है, डंक का असर आंकड़ों में भी दिखाई दे रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक इस समय देश में पॉजिटिविटी रेट 9 फीसद से ज्यादा है। इसके साथ ही अदालतें राज्य सरकारों को फटकार लगा रही हैं तो छत्तीसगढ़ सरकार का कहना जितना कुछ वो कर सकते हैं अपने फर्ज को अंजाम दे रहे हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Apr 14, 2021, 22:42 IST
Follow on Google News
Coronavirus News Updates: महाराष्ट्र में 58000 तो दिल्ली में 17000 से ज्यादा नए केस, दिल्ली में 104 मौतें
Photo Credit: AP

देश में कोरोना वायरस के मामले अब हर दिन एक नया रिकॉर्ड कायम कर रहे हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान 1,84,372 नए मामले दर्ज हुए है। इसी दौरान 1027 कोविड मरीजों की मौत हुई है। ए क्लास शहरों की तस्वीर भयावह है, अस्पतालों में बेड्स की कमी, आक्सीजन की कमी, मार्चरी के बाहर शवों का ढेर तो श्मशान में शवों का जलना इस तरह की तस्वीरें डरा रही हैं। इन सबके बीच महाराष्ट्र में आज रात से कई सख्त पाबंदियों को लगाने का ऐलान किया गया है जो एक तरह से लॉकडाउन की ही तरह है। यहां पढ़ें कोरोना वायरस से जुड़े अपडेट्स:

APR 14, 2021 22:42 IST

पश्चिम बंगाल में 5892 नए कोरोना मामले

हरियाणा में पिछले 24 घंटों में कोविड 19 के 5398 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में कुल मामले बढ़कर अब 3,29,942 हो गए हैं। वहीं छत्तीसगढ़ में 14,250 नए कोविड 19 मामले सामने आए हैं। 24 घंटे में 73 मौतें दर्ज की गई हैं। 1,18,636 सक्रिय मामलों सहित कुल मामले 4,86,244 हो गए हैं। पश्चिम बंगाल में आज 5892 नए कोरोना मामले सामने आए हैं। 24 घंटे में 24 मौतें दर्ज की गई हैं।
 

APR 14, 2021 21:10 IST

दिल्ली में 17 हजार से ज्यादा नए केस

महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में कोविड 19 के 58,952 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 2,78 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई हैं। कुल मामले 35,78,160 हैं जिसमें 6,12,070  सक्रिय मामले भी शामिल है। दिल्ली में 17,282 नए मामले सामने आए हैं। 9,952 लोग डिस्चार्ज हुए और 104 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई। कुल मामले 7,67,438 हुए। 50,736 सक्रिय मामले हैं। अभी तक 11,540 मौतें हुई हैं।

APR 14, 2021 20:31 IST

राजस्थान: शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू

राजस्थान में शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक का कर्फ्यू लगा दिया गया है। अभी तक नाइट कर्फ्यू लागू था लेकिन अब समय बढ़ा दिया गया है। किसी भी राजनीतिक, धार्मिक सभा की अनुमति नहीं है। सभी स्कूल-कॉलेज और कोचिंग संस्थान बंद रहेंगे। सभी दफ्तर 4 बजे बंद होंगे।

APR 14, 2021 20:16 IST

गुजरात में 7400 से ज्यादा नए केस

गुजरात में कोरोना वायरस के 7410 नए मामले सामने आए हैं। 24 घंटे में 73 मौतें हुई हैं। कुल मामले बढ़कर 3,67,616 हो गए हैं। राज्य में कुल 39,250 सक्रिय मामले हैं। अभी तक इस वायरस से 4995 रोगियों की मौत हो गई है।

APR 14, 2021 19:41 IST

मुंबई में 10 हजार के करीब नए केस

मुंबई में कोरोना वायरस के 9925 नए मामले सामने आए हैं। 24 घंटे में 54 मौतें हुई है। यहां अभी 87,443 सक्रिय मामले हैं। कुल मामले 5,44,942 हो गए हैं। राजस्थान में कोरोना के 6200 नए मामले सामने आए हैं। 29 मौतों की रिपोर्ट है। कुल मामले 3,81,292 हो गए हैं। अभी 44,905 सक्रिय मामले हैं। कुल 3008 मौतें हुई हैं।
 

APR 14, 2021 18:46 IST

UP में 20 हजार से ज्यादा नए केस

उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 20,510 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में 1,11,835 एक्टिव केस हैं। 24 घंटे में 67 मौतें हुई है।

APR 14, 2021 18:05 IST

राजस्थान: 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं स्थगित

राजस्थान सरकार ने कोरोना वायरस की स्थिति के कारण राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। 8वीं, 9वीं और 11वीं कक्षा के छात्रों को बिना परीक्षा के पदोन्नत किया जाएगा।

APR 14, 2021 16:01 IST

महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा मौतें

पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस से 1027 मरीजों की मौत हुई है। 10 राज्यों का मौत के नए मामलों में 86.08 प्रतिशत योगदान है। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 281 लोगों की जान गई, जबकि छत्तीसगढ़ में कल 156 कोविड मरीजों की मौत हुई।

APR 14, 2021 16:00 IST

देश के 68% एक्टिव केस 5 राज्यों में

भारत में कुल सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 13,65,704 हो गई है। यह संख्या देश के कुल संक्रमित मामलों की 9.84 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों के दौरान कुल सक्रिय मामलों की संख्या में 1,01,006 मामलों की बढ़ोतरी हुई है। भारत के कुल सक्रिय मामलों में 5 राज्यों- महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और केरल का कुल मिलाकर 68.16 प्रतिशत योगदान है। देश के कुल सक्रिय मामलों की संख्या में अकेले महाराष्ट्र का योगदान 43.54 प्रतिशत है।

APR 14, 2021 15:53 IST

कोरोना के 82% नए मामले 10 राज्यों से 

भारत में दैनिक नए मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान 1,84,372 नए मामले दर्ज हुए है। 10 राज्यों- उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, गुजरात और राजस्थान ने कोविड के दैनिक नए मामलों में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। 82.04 प्रतिशत नए मामले इन राज्यों में ही दर्ज हुए है। महाराष्ट्र में कल सबसे अधिक 60,212 नए मामलों का पता चला। इसके बाद उत्तर प्रदेश में 17,963 और छत्तीसगढ़ 15,121 नए मामले सामने आए है।

APR 14, 2021 14:32 IST

लद्दाख में 10 दिन में 800 केस

केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में पिछले 10 दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 800 से ज्यादा मामले आए हैं जिसके बाद कोविड मरीजों की संख्या बढ़ कर 11,070 हो गई है।अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि इस अवधि में लेह जिले में एक व्यक्ति की मौत हो गई जिसके बाद मृतक संख्या 131 पहुंच गई है।एक दिन में सबसे ज्यादा 165 मामले मंगलवार को दर्ज हुए थे।अधिकारियों ने बताया कि केंद्र शासित प्रदेश में 851 संक्रमित अपना इलाज करा रहे हैं जिनमें से 785 मरीज लेह में और 66 मरीज करगिल जिले में हैं।

स्वास्थ्य सेवा निदेशालय की ओर से जारी आंकड़ों के हवाले से अधिकारियों ने बताया कि लेह जिले में आठ से 13 अप्रैल के बीच 626 नए मामले सामने आए जबकि करगिल में 32 मरीजों की पुष्टि हुई।
लेह में 10 अप्रैल को कोरोना वायरस से संबंधित एक मौत भी हुई थी जिसके बाद जिले में मृतक संख्या 87 हो गई है। पिछले साल मार्च में महामारी के प्रकोप के बाद से लद्दाख में वायरस के कारण 131 लोग जान गंवा चुके हैं।

करगिल में कोविड-19 के कारण 44 लोगों की मौत हुई है।अधिकारियों ने बताया कि 10,088 लोग संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं तथा करगिल में संक्रमण से मुक्त होने की दर 96 फीसदी और लेह में 91 प्रतिशत है।
अधिकारियों ने बताया कि 881 मामले अप्रैल में पता चले हैं और आंकड़ों के मुताबिक, संक्रमण के मामलों में तेज बढ़ोतरी हो रही है।इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन ने प्रभावी निगरानी, कोविड-19 उपयुक्त व्यवहार का पालन करने के लिए केंद्र शासित प्रदेश में विशेष प्रवर्तन दस्ते तैनात किए हैं।उन्होंने कहा कि बिना मास्क के पकड़े जाने या सार्वजनिक स्थानों पर थूकने पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।

APR 14, 2021 12:46 IST

मध्य प्रदेश में 1 से 8वीं तक के सरकारी स्कूलों में दो महीने की गर्मी की छुट्टी

मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने पहली से आठवीं कक्षा तक के सभी शासकीय विद्यालयों में 15 अप्रैल से दो महीने का ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया है।
राज्य के स्कूल शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) एवं सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री इन्दर सिंह परमार ने बताया कि प्रदेश में कक्षा पहली से आठवीं तक के शासकीय एवं अनुदान प्राप्त समस्त विद्यालयों के लिए 15 अप्रैल से 13 जून 2021 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया गया है।उन्होंने बताया कि इसके साथ ही गैर सरकारी विद्यालयों में कक्षा पहली से आठवीं तक की कक्षाओं का प्रत्यक्ष तरीके से संचालन 30 अप्रैल 2021 तक नहीं किया जाएगा। इन कक्षाओं का ऑनलाइन शिक्षण कार्य जारी रह सकेगा।

परमार ने बताया कि प्रदेश में सभी सरकारी एवं गैर सरकारी छात्रावासों को तत्काल प्रभाव से बंद किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कोरोना वायरस महामारी की स्थिति और विद्यालय के छात्रों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।उन्होंने बताया कि इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा सभी जिलाधीशों, जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला परियोजना समन्वयकों एवं प्राचार्यों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। विद्यालय में कार्यरत सभी शासकीय शिक्षक बोर्ड परीक्षा के दौरान पर्यवेक्षण या अन्य शासकीय कार्य के लिए ड्यूटी लगाए जाने पर आवश्यक रूप से उपस्थित होंगे।

APR 14, 2021 11:51 IST

सीबीएसई परीक्षा के संंबंध में महत्वपूर्ण बैठक, पीएम भी होंगे शामिल

सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाओं के संबंध में पीएम नरेंद्र मोदी अब से कुछ देर बाद बैठक करने वाले हैं। इस बैठक में शिक्षा मंत्री, सचिव और दूसरे अधिकारी शामिल होंगे। बता दें कि विपक्षी दल सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाओं को ना कराने की मांग कर चुके हैं। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी इस संबंध में पहले ही मांग कर चुकी हैं। इसके साथ ही दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि इस तरह के माहौल में परीक्षा कराए जाने का अर्थ बच्चों के स्वास्थय के साथ समझौता करने जैसा है। 

APR 14, 2021 10:23 IST

यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव कोरोना पॉजिटिव

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी नेता अखिलेश यादव ने ट्वीट कर जानकारी दी कि वो कोरोना वायरस पॉजिटिव आए हैं और घर पर ही उनका इलाज शुरू हो गया है।
APR 14, 2021 10:15 IST

अहमदाबाद के जीएमडीसी ग्राउंड पर मेगा RT-PCR टेस्ट

अस्पतालों में अनावश्यक भीड़भाड़ से बचने के लिए अहमदाबाद की जीएमडीसी ग्राउंड में आरटीपीसीआर टेस्ट कराया जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि क्यूआर कोड के जरिए रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है और 24 घंटों के अंदर रिपोर्ट भेज दी जाएगी। 

APR 14, 2021 08:55 IST

इंदौर में बिना लक्षण वाले मरीजों के लिए खास इंतजाम

इंदौर में बढ़ते मामलों के बीच, जिला प्रशासन ने राधा स्वामी  सत्संग व्यास मैदान को कोविड 19 केयर सेंटर में परिवर्तित किया है। नोडल ऑफिसर का कहना है कि बिना लक्षण वाले रोगियों को यहां आइसोलेशन में रखा जाएगा। पहले चरण में 500 बेड, दूसरे चरण में 1000 बेड और जरूरत पड़ने पर दवाइयां, भोजन मुफ्त होगा।

APR 14, 2021 08:03 IST

कर्फ्यू के बीच छोटे कारोबारियों को छूट दे राज्य सरकार- देवेंद्र फडणवीस

मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे द्वारा राज्य में 15 दिन के कर्फ्यू की घोषणा के कुछ ही घंटे बाद वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार को बिजली बिलों, संपत्ति कर और जीएसटी में छूट देनी चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस ने ट्वीट किया ऐसा लगता है कि राज्य सरकार ने बिजली के बिलों, संपत्ति कर या जीएसटी में कोई छूट नहीं दी है। इसी तरह सैलून संचालकों, छोटे कारोबारियों, फूल विक्रेताओं आदि के लिए कोई वित्तीय सहायता की घोषणा नहीं की गयी है। ये अहम श्रमबल हैं जिनके पास कमाई के साधन नहीं होंगे। उन्होंने कहा, ‘‘राज्य सरकार को कोविड-19 को फैलने से रोकने के लिए 3,300 करोड़ रुपये के आरक्षित कोष का तत्काल उपयोग करना चाहिए। इसका इस्तेमाल और अधिक बिस्तरों के बंदोबस्त तथा चिकित्सा उपकरणों की खरीद में होना चाहिए।..’’

APR 14, 2021 07:09 IST

यूपी में कोविड टेस्ट के रेट तय

यूपी सरकार ने कोविड टेस्ट के रेट तय कर दिए हैं। निजी लेबोरेट्री और अस्पतालों से उस रेट से ज्यादा वसूले जाने पर पाबंदी लगाई गई है। अगर कोई शख्स निजी प्रयोगशाला में टेस्ट के लिए जाता है तो उससे जीएसटी समेत सिर्फ 700 रुपए लेने के निर्देश हैं, अगर सैंपस घर से लिया जाता है तो जीएसटी समेत 900 रुपए देना होगा। इसके अलावा अगर राज्य सरकार के द्वारा सैंपल निजी प्रयोगशालाओं को टेस्ट के लिए दिए जाते हैं तो जीएसटी समेट 500 रुपए अदा किया जाएगा। 

APR 14, 2021 07:06 IST

महाराष्ट्र में आज रात से सख्त पाबंदी

महाराष्ट्र में आज रात से कोरोना के खिलाफ लड़ाई कई सख्त पाबंदियों को लागू किया जा रहा है।  ट्रांसपोर्ट जरूरी सेवाओं के लिए चालू रहेगा। जरूरी सेवाओं को छोड़कर सभी दफ्तर बंद रहेंगे। बैंक चालू रहेंगे, पंढरपुर में मतदान के बाद पाबंदियां लागू होंगी। ई-कॉमर्स सेवा, पेट्रोल पंप खुले रहेंगे। लोकल और बस सेवाएं जारी रहेंगी। रेस्टोरेंट से खाना मंगवाया जा सकता है। रेस्टोरेंट सुबह 7 बजे से होम डिलीवरी कर सकेंगे। मीडियाकर्मियों को इजाजत होगी।कार्ड धारकों को तीन महीने तक मुफ्त राशन दिया जाएगा। 12 लाख मजदूरों को 1500 रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी। अधिकृत फेरीवालों को आर्थिक मदद देंगे। शिव भोजन थाली मुफ्त में देंगे। साढ़े 5 हजार करोड़ का आर्थिक मदद का पैकेज है। रिक्शावालों को भी 1500 रुपए की आर्थिक मदद देंगे। ये पाबंदियां 14 अप्रैल रात 8 बजे से 1 मई सुबह 7 बजे तक लागू रहेंगी।

APR 14, 2021 07:05 IST

यूपी के ज्यादा कोरोना केस वाले जिलों में लॉकडाउन की सलाह

यूपी के कई जिलों में कोरोना के बढ़ते केस को देखते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से लॉकडाउन के बारे में विचार करने के लिए कहा है।कोर्ट ने एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए कोविद के प्रसार को रोकने के लिए कड़े कदमों की वकालत की और सुझाव दिया कि राज्य सरकार दो से तीन सप्ताह के लिए सबसे बुरी तरह प्रभावित जिलों पर पूर्ण तालाबंदी कर सकती है। लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर जैसे जिलों ने पिछले दो सप्ताह में अधिकतम कोविद सकारात्मक मामले दर्ज किए हैं। सरकार को परीक्षण, ट्रैकिंग और उपचार में तेजी लानी चाहिए। उद्देश्य के लिए पहचाने गए खुले क्षेत्रों में अस्थायी अस्पताल बनाए जा सकते हैं।अनुबंध आधारित स्वास्थ्य देखभाल पेशेवरों को कोविद के लिए इन नव निर्मित स्वास्थ्य सुविधाओं को चलाने के लिए काम पर रखा जा सकता है।कोर्ट ने यह भी सुझाव दिया कि धार्मिक स्थानों पर 50 से अधिक व्यक्तियों को अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। कोर्ट के अनुसार रात्रि कर्फ्यू कोविद के प्रसार को कम करने में पर्याप्त नहीं है। यूपी सरकार ने 19 अप्रैल को कोविद को नियंत्रित करने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में एक हलफनामा दायर करने का निर्देश दिया।