Coronavirus News Update: देश में कोरोना के मामले 30 लाख पार, 56,762 जानें गईं, 22 लाख से ज्यादा ठीक हुए
देश में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों से चिंता बढ़ रही है। हालांकि रिकवरी रेट में लगातार सुधार हो रहा है, जिसे संतोषजनक माना जा रहा है। इस बीच जांच का दायरा भी बढ़ा है और अब 10 लाख से अधिक नमूनों की जांच रोजाना की जाने की उम्मीद की जा सकती है। संक्रमण से अब तक 56 हजार से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, जबकि संक्रमण का आंकड़ा 30 लाख पार हो गया है।
Coronavirus News Updates: देश में कोरोना वायरस संक्रमण के करीब 70 हजार मामले बीते 24 घंटों में सामने आए हैं, जबकि रोजाना 900 से अधिक लोगों की जान इस घातका संक्रमण की चपेट में आकर जा रही है। इस बीच कोरोना वायरस संक्रमण की जांच में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है और एक दिन में रिकॉर्ड 10 लाख से अधिक नमूनों की जांच की गई है। बढ़ते संक्रमण के बीच रिकवरी रेट में लगातार सुधार हो रहा है और अब यह 74 प्रतिशत से अधिक हो चुका है, जबकि मृत्यु दर में लगातार गिरावट आ रही है। यहां पढ़ें कोरोना वायरस से जुड़े अपडेट्स :
कोरोना केस 30 लाख पार
भारत में कोविड-19 के मामलों की संख्या शनिवार रात 30 लाख के आंकड़े को पार कर गई। अभी 16 दिन पहले ही यह संख्या 20 लाख के पार हुई थी। पीटीआई द्वारा तैयार की गई तालिका के अनुसार कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 30,37,657 हो गई और मृतक संख्या बढ़कर 56,762 हो गई। महामारी को मात देकर ठीक होने वालों की संख्या 22,71,054 हो गई।
राजस्थान में कोरोना के 1310 नए केस
राजस्थान में कोरोना के 1310 नए मामले सामने आए हैं। 24 घंटों में 11 मौतें हुई हैं। कुल मामले 69,264 हो गए हैं, जिसमें से 54,144 ठीक हो चुके हैं। राज्य में अभी तक 944 मौतें हुई हैं। कुल 14,176 सक्रिय मामले हैं।
महाराष्ट्र में 14,492 नए केस
महाराष्ट्र में आज 14,492 नए कोरोना मामले और 297 मौतें दर्ज की गई हैं। मामलों की कुल संख्या अब 6,61,942 है, जिसमें 4,80,114 रिकवरी और 1,69,516 सक्रिय मामले शामिल हैं। आज 9241 मरीज डिस्चार्ज किए गए।
कर्नाटक में 7339 नए केस
कर्नाटक में आज 7,330 नए कोरोना मामले, 7,626 डिस्चार्ज और 93 मौतें दर्ज की गईं। कुल मामले 2,71,876 हो गए हैं, जिसमें 1,84,568 डिस्चार्ज और 4,615 मौतें शामिल हैं : राज्य स्वास्थ्य विभाग
मुंबई में 1134 नए केस
आज मुंबई में 1,134 नए कोविड 19 मामले, 1,101 रिकवरी और 32 मौतें दर्ज की गईं। मुंबई में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 1,35,357 हो गई, जिसमें 18,298 सक्रिय मामले, 1,09,369 रिकवर मामले और 7,385 मौतें शामिल हैं: बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC)
शिबू सोरेन और उनकी पत्नी समेत सात लोग संक्रमित
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पिता एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा अध्यक्ष 76 वर्षीय शिबू सोरेन एवं उनकी पत्नी रुपी समेत उनके आवास के सात लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं जिसके बाद वे सब अपने घर में पृथक-वास में चले गए हैं।
लार से कोविड-19 की जांच सस्ता और जल्द परिणाम देने वाला विकल्प: वैज्ञानिक
कोरोना वायरस के लिए लार या सलाइवा से किफायती जांच में लोग खुद ही बहुत कम परेशानी के साथ अपना नमूना ले सकेंगे और इसमें नाक या गले के अंदर से स्वाब का नमूना लेने की जरूरत नहीं होगी। वैज्ञानिकों के अनुसार, यह कोविड-19 का पता लगाने का आसान तरीका हो सकता है।
लोगों और वाहनों की आवाजाही पर कोई प्रतिबंध नहीं
केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने सभी राज्य मुख्य सचिवों को लिखा है कि अंतरराज्यीय और राज्य के अंदर लोगों और वाहनों की आवाजाही पर कोई प्रतिबंध नहीं होना चाहिए। पत्र में कहा गया है कि ऐसा कोई भी प्रतिबंध गृह मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के उल्लंघन है। स्थानीय स्तर पर अंतरराज्यीय और राज्य के अंदर व्यक्तियों और सामानों पर प्रतिबंध राज्य आपूर्ति श्रृंखला पर प्रभाव डाल रहा है, जिसके परिणामस्वरूप आर्थिक गतिविधि और रोजगार में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है।
UP में 5375 नए केस
उत्तर प्रदेश ने कोरोना के 5375 नए मामले सामने आए हैं। 24 घंटे में 4638 ठीक हुए हैं और 70 मौतें हुई है। राज्य में अभी सक्रिय मामले 48,294 हैं और 2,867 मौतें हुई हैं।
22 लाख से ज्यादा मरीज ठीक
भारत में पिछले 24 घंटों में 63,631 मरीज कोरोना से ठीक हुए हैं, जो कि एक दिन में सबसे ज्यादा है। ठीक होने वालों की संख्या सक्रिय मामलों से 15 लाख से अधिक है। रिकवरी दर 74.69% है। अब तक 22,22,577 लोग अब तक ठीक हो गए हैं: स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय
ओडिशा में आंकड़ा 75 हजार के पार
ओडिशा में शनिवार को कोविड-19 के 2,819 नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों की कुल संख्या 75,537 पहुंच गई, जबकि 9 अन्य लोगों की संक्रमण से मौत के बाद मरने वालों की संख्या 399 हो गई है। संक्रमितों में लोकसभा सदस्य और सत्तारूढ़ बीजद की नेता मंजूलता मंडल भी हैं। संक्रमण का पता चलने के बाद वह घर में पृथक-वास में हैं। राज्य में इस समय संक्रमण के 24,581 मामले हैं, वहीं 50,504 रोगी अब तक ठीक हो चुके हैं।
राजस्थान में 612 नए मामले
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या शनिवार को बढ़कर 938 हो गई, जबकि राज्य में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 68,566 हो गए हैं। सुबह 10:30 बजे तक यहां कोरोना संक्रमण के 612 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में फिलहाल 14,907 रोगी उपचाराधीन हैं।
रिकवरी रेट अब 74.69 प्रतिशत
देश में संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच रिकवरी रेट में लगातार सुधार हो रहा है और यह बढ़कर अब 74 फीसदी से अधिक हो चुका है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शनिवार को आंकड़ों के अनुसार, यहां कोरोना वायरस संक्रमण से उबरने वालों की संख्या बढ़कर अब 22,22,577 हो गई है, जबकि रिकवरी रेट बढ़कर 74.69 प्रतिशत हो गया है, जो शुक्रवार को 74.28 फीसदी था। वहीं, इस घातक संक्रमण से होने वाली मौतों की दर घटकर 1.87 प्रतिशत हो गई है।
दिल्ली में कोरोना संक्रमण के 1250 नए मामले
दिल्ली में बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,250 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 1,082 लोग इस घातक बीमारी से उबरे हैं और 13 अन्य लोगों की जान गई है। यहां संक्रमण के एक्टिव केस 11,426 हैं। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के मुताबिक, यहां मृत्यु दर को कम रखने की हर संभव कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में होटल केंद्र सरकार के निर्देशों के अनुसार खोले जाएंगे और साप्ताहिक बाजार में भी सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन किया जाएगा।
Hotels in Delhi will open as per SOPs issued by the central government and weekly markets will begin functioning while maintaining social distancing: Delhi Health Minister Satyendar Jain https://t.co/II0fhyIoh2
— ANI (@ANI) August 22, 2020
24 घंटों में बढ़े करीब 70 हजार मामले
देश में बीते 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के 69,878 नए मामले सामने आए, जबकि 945 लोगों की जान गई। इसके साथ ही यहां संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 29,75,702 हो गए हैं, जबकि इस घातक बीमारी से दम तोड़ने वालों की संख्या बढ़कर 55,794 हो गई है। संक्रमण के कुल मामलों में 6,97,330 एक्टिव केस हैं, जबकि 22,22,578 लोग अब तक इस घातक बीमारी से उबर चुके हैं।
रिकॉर्ड 10 लाख से अधिक नमूनों की जांच
देश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच अब रोजाना 10 लाख से अधिक नमूनों की जांच की जा रही है। शुक्रवार को यहां 10 लाख से अधिक नमूनों की जांच की गई, जो एक दिन में अब तक की सर्वाधिक जांच संख्या है। आईसीएमआर के मुताबिक, देश में 21 अगस्त तक 3,44,91,073 नमूनों की जांच की जा चुकी है। शुक्रवार को यहां 10,23,836 नमूनों की जांच की गई।
अस्पतालों पर मनमाने शुल्क वसूली का आरोप
झारखंड में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच बीजेपी ने आरोप लगाया है कि यहां कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों के इलाज और चिकित्सकीय परीक्षण के लिए राज्य के निजी अस्पताल मनमाने शुल्क वसूल रहे हैं। बीजेपी ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि वह इसे लेकर उदासीन रवैया अपनाए हुए है। पार्टी ने सरकार से मामले में तत्का हस्तक्षेप की मांग की है। राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से जहां अब तक 297 लोगों की जान जा चुकी है, वहीं संक्रमण का आंकड़ा बढ़कर 28,196 हो गया है।
दिल्ली में होटलों को निर्देश
दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने यहां होटलों को खोलने के मद्देनजर निर्देश जारी किए हैं, जिसमें कहा गया है कि वे कोविड-19 की रोकथाम को लेकर जरूरी कदम उठाएं। इसके लिए ई-वॉलेट के इस्तेमाल के साथ ही शौचालयों की व्यापक सफाई और परिसरों में भीड़ नियंत्रण के भी निर्देश दिए गए हैं। डीडीएमए ने बुधवार को अपनी बैठक में होटलों, रेस्त्रां और साप्ताहिक बाजारों को खोलने की मंजूरी दी थी।

