Coronavirus News Update: दिल्ली में मंगलवार को आए 1,374 नए कोरोना मामले और 12 मौतें भी हुईं
देश में कोरोना वायरस की संख्या 26 लाख से ज्यादा हो गई है और अब तक 50 हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। कोविड-19 महामारी ने दुनिया भर में 2.18 करोड़ से ज्यादा लोगों को अपनी चपेट में ले चुकी है और करीब 7.72 लाख लोग अपनी जान खो चुके हैं। इस बीच अमेरिकी दवा निर्माता कंपनी नोवावैक्स ने कहा है कि उसने दक्षिण अफ्रीका में अपने टीके के मिड स्टेज का अध्ययन करना शुरू कर दिया है।
Coronavirus News Updates: रूस की कोविड-19 वैक्सीन जिसे राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पहला टीका होने का दावा किया है, उसने अपने सभी परीक्षण पूरे कर लिए हैं लेकिन इस वैक्सीन को लेकर लोगों की शंकाएं कायम हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से देश को बताया कि देश में तीन कोरोना वैक्सीन पर काम चल रहा है और इसके वितरण की व्यवस्था पहले से बना ली गई है। इस बीच, भारत में कोरोना वैक्सीन तैयार कर रहीं कंपनियों के नुमाइंदों से सरकार के एक समूह ने मुलाकात की है। पैनल ने कोरोना वैक्सीन के निर्माण के स्तर की समीक्षा की है।
राजस्थान में कुल मामलों की संख्या 63,977 पहुंची
दिल्ली सरकार ने बताया कि दिल्ली में 1,374 नए कोरोना मामले,1,146 डिस्चार्ज/रिकवर/माइग्रेट मामले और 12 मौतें मंगलवार को हुई हैं दिल्ली में कुल मामलों की संख्या 1,54,741 हो गई है जिसमें 1,39,447 डिस्चार्ज/रिकवर/माइग्रेट मामले हैं,दिल्ली में 11,068 सक्रिय मामले और 4,226 मौतें हुई हैं वहीं राजस्थान में मंगलवार की रात 8:30 बजे तक 1,347 नए कोरोना मामले और 11 मौतें हुईं। राज्य में कुल मामलों की संख्या 63,977 है और मृत्यु का आंकड़ा 898 है। 14,119 सक्रिय मामले हैं।
तमिलनाडु राज्य में कुल मामलों की संख्या 3,49,654 हुई
महाराष्ट्र सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि महाराष्ट्र में आज 11,119 नए कोरोना मामले और 422 मौतें हुईं हैं वहीं 9,356 मरीजों को आज छुट्टी दे दी गई। राज्य में कुल मामले बढ़कर 6,15,477 हो गए, जिनमें 20,687 मौतें और 4,37,870 मरीज शामिल हैं, राज्य में सक्रिय मामले 1,56,608 हैं वहीं तमिलनाडु की बात करें तो तमिलनाडु में आज 5,709 नए कोरोना मामले और 121 मौतें हुईं हैं, राज्य में कुल मामलों की संख्या को 3,49,654 हो गई है जिनमें 6,007 मौतें और 53,860 सक्रिय मामले शामिल हैं।
अंडमान निकोबार द्वीप समूह में 46 और लोग कोरोना वायरस से संक्रमित
अंडमान निकोबार द्वीप समूह में कम से कम 46 और लोगों में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई जिसके बाद कोविड-19 महामारी के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 2,445 हो गई।एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी उन्होंने कहा कि कोविड-19 से एक और व्यक्ति की मौत हो गई।संघ शासित प्रदेश में अब तक कोविड-19 के 29 मरीजों की मौत हो चुकी है।अब तक अंडमान निकोबार में इस महामारी के 1,325 मरीज ठीक हो चुके हैं।वर्तमान में यहां आठ निषिद्ध क्षेत्र हैं और कोविड-19 के कुल 1,091 मरीजों का इलाज चल रहा है।अब तक संघ शासित प्रदेश में 71,010 नमूनों की जांच हो चुकी है।
यूपी एक और मंत्री कोरोना वायरस से संक्रमित, गाजियाबाद में भर्ती
उत्तर प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, मातृ एवं शिशु कल्याण राज्य मंत्री अतुल गर्ग के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। उन्हें गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।गर्ग के निजी सचिव ललित कुमार दिवाकर ने बताया, 'उन्हें (मंत्री) मंगलवार दोपहर दो बजे गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनका स्वास्थ्य बेहतर है, उनमें संक्रमण के गंभीर लक्षण नहीं हैं। संक्रमण की पुष्टि होने के बाद वह एहतियात के तौर पर अस्पताल में भर्ती हुए हैं।' 63 साल के अतुल गर्ग गाजियाबाद की सदर सीट से विधायक हैं। यूपी सरकार के दो मंत्री कमल रानी वरुण और चेतन चौहान की हाल ही में कोविड-19 से मौत हो चुकी है।
यूपी में पिछले 24 घंटे में कोविड के 4336 नए मामले सामने आए
यूपी के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि कल प्रदेश में 93,774 सैंपल्स की जांच की गई है। अब तक प्रदेश में कुल 39,66,848 सैंपल्स की जांच की गई है। पिछले 24 घंटे में कोविड के 4336 नए मामले सामने आए हैं, जिससे अब प्रदेश में एक्टिव मामलों की संख्या 50242 हो गए हैं। अब तक 1,09,607 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। अब तक 2,585 लोगों की संक्रमण से मृत्यु हुई है।
कोरोना से 19.70 लाख से अधिक मरीज रिकवर हुए
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने बताया 19.70 लाख से अधिक मरीज रिकवर हुए जो सक्रिय मामलों का 2.93 गुना है, केस की मृत्यु दर 2% से कम है।
भाजपा के राज्यसभा सांसद सिंह की हालत स्थिर
कोरोना वायरस संक्रमण के इलाज के दौरान भाजपा के राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी की हालत स्थिर बनी हुई है। संसद के ऊपरी सदन में प्रदेश की नुमाइंदगी करने वाले 48 वर्षीय भाजपा नेता का निजी क्षेत्र के एक स्थानीय अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। श्री अरबिंदो इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (सैम्स) के प्रशासनिक अधिकारी राजीव सिंह ने "पीटीआई-भाषा" को मंगलवार को यह जानकारी दी। सिंह ने बताया, "बड़वानी के रहने वाले सोलंकी कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। उन्हें रविवार रात सैम्स के निजी वॉर्ड में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।" बड़वानी जिले की मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) अनीता सिंगारे ने बताया कि डॉक्टरों की सलाह पर सोलंकी को इंदौर के निजी अस्पताल भेजा गया है। इससे पहले, उन्हें बड़वानी में गृह पृथक-वास (होम आइसोलेशन) में रखा गया था।
देश में एक दिन में ठीक हुए सर्वाधिक कोरोना मरीज
अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए कोविड-19 की जांच सुविधा
दिल्ली हवाईअड्डे पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए कोविड-19 जांच सुविधा की व्यवस्था की जा सकती है। जांच में असंक्रमित पाए जाने पर उन्हें सात दिनों के अनिवार्य संस्थागत पृथक-वास में नहीं भेजा जाएगा। वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि जांच रिपोर्ट निगेटिव पायी जाने के बाद यात्रियों को संस्थागत पृथक-वास में नहीं रहना पड़ेगा। आठ अगस्त के बाद से यदि किसी अंतरराष्ट्रीय यात्री के पास यात्रा से पहले 96 घंटों में हुई कोविड-19 जांच की रिपोर्ट है और उसमें यात्री के संक्रमित नहीं होने की पुष्टि हुई है तो उन्हें भारत में सात दिवसीय संस्थागत पृथक-वास में नहीं रहना पड़ेगा। एक अन्य सरकारी अधिकारी ने कहा, ‘दिल्ली हवाई अड्डे पर जांच की सुविधा उन अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए होगी, जिनके पास कोविड-19 की जांच रिपोर्ट नहीं है जिसमें उनके संक्रमित नहीं होने की पुष्टि हुई हो और वे पृथक-वास में नहीं रहना चाहते हों।' भारत में कोरोना वायरस महामारी के कारण 23 मार्च से ही अंतराराष्ट्रीय यात्री उड़ानों को निलंबित कर दिया गया था।
राजस्थान में 694 नए केस मिले
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या मंगलवार को बढ़कर 897 हो गयी है वहीं राज्य में 694 नये संक्रमित मिले हैं। अधिकारियोंने मंगलवार को इसकी जानकारी दी । अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार सुबह साढ़े दस बजे तक के बीते लगभग 12 घंटे में राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से 10 और मौत हुई है। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही संक्रमण के 694 नये मामले सामने आने से राज्य में इस घातक वायरस से संक्रमितों की अब तक की कुल संख्या 63,324 हो गयी जिनमें से 14462 रोगी उपचाराधीन हैं।
ओडिशा में 24 घंटे में नौ लोगों की मौत
देश में गत 24 घंटे में 55,079 मामले सामने आए
पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 55,079 मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही देश में संक्रमण की संख्या बढ़कर 27,02,743 हो गई है। इमें 6,73,166 केस सक्रिय हैं जबकि 19,77,780 लोगों को उपचार के बाद या तो ठीक या डिस्चार्ज कर दिया गया है। इस महामारी से देश में अब तक 51,797 लोगों की जान जा चुकी है।
दिल्ली पर डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया का खतरा
दिल्ली में कोरोना संक्रमण के केस 1.5 लाख के पार हैं। रिकवरी रेट राष्ट्रीय स्तर से अधिक है। लेकिन राजधानी में डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया भी दस्तक दे रहा है। यह भी वायरस जनित बीमारियां हैं और इसकी अनदेखी भारी पड़ सकती है। दिल्ली सरकार बार बार लोगों से अपील कर रही है कि अगर किसी तरह का लक्षण दिखे तो लापरवाही न बरतें और डॉक्टर से तुरंत संपर्क करें।
24 घंटे में कोविड-19 के रिकॉर्ड 8.97 लाख टेस्ट
मिजोरम में संक्रमण के मामले हुए 815
लद्दाख में मुहर्रम पर जुलूस निकालने की इजाजत नहीं
लद्दाख के कारगिल में प्रशासन ने सोमवार को कहा कि मौजूदा कोविड-19 स्थिति के मद्देनजर मुहर्रम पर कोई कार्यक्रम और जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। हालांकि, जिला विकास आयुक्त बसीर-उल-हक चौधरी ने कहा कि इमाम बरास खुला रहेगा और इसमें केवल एक ही व्यक्ति होगा जो 'नोहा, मर्सिया और उपदेश' का पाठ करेगा, जिसका प्रसारण लाउडस्पीकर के माध्यम से अन्य लोगों के लिए होगा।
मुहर्रम बृहस्पतिवार को हो सकता है।
शरद पवार के आवास पर तैनात कर्मी पॉजिटिव मिले
राकांपा प्रमुख शरद पवार के दक्षिण मुंबई आवास के कर्मियों और उनके अन्य कर्मियों सहित नौ व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। बीएमसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने सोमवार सुबह संवाददाताओं से कहा कि पवार की कोविड-19 जांच रिपोर्ट में उनमें संक्रमण सामने नहीं आया है, लेकिन उनसे अगले कुछ दिनों तक राज्य के दौरे पर नहीं जाने आग्रह किया जाएगा। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जो लोग संक्रमित पाए गए हैं, उनमें तीन सुरक्षा गार्ड, पवार के सिल्वर ओक आवास पर काम करने वाला एक रसोइया, एक ड्राइवर और उसकी पत्नी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आज सुरक्षा अधिकारियों, कार्यालय कर्मचारियों, और मुम्बई में पवार निवास पर तैनात कर्मियों समेत 39 लोगों की जांच की गई जिनमें से तीन लोग संक्रमित पाए गए।

