LIVE

Coronavirus News Update: सांसदों के वेतन में 30 प्रतिशत कटौती करने वाला विधेयक लोस में पेश

देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले अब 48 लाख के पार हो चुके हैं, जबकि मृतकों की संख्‍या 79 हजार के पार हो गई है। संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच आज (सोमवार, 14 सितंबर) से संसद का मानसून सत्र भी शुरू हो गया है, जिसमें कई बदलाव किए गए हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Sep 14, 2020, 22:50 IST
Follow on Google News
Coronavirus News Update: सांसदों के वेतन में 30 प्रतिशत कटौती करने वाला विधेयक लोस में पेश
Photo Credit: AP

संसद सत्र के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी एहतियातों का पालन करना आवश्‍यक है। उन्‍होंने यह भी कहा कि जल्‍द से जल्‍द वैक्‍सीन की दिशा में भी काम किया जा रहा है। पीएम मोदी का यह बयान ऐसे समय में आया है, जबकि देश में संक्रमण का आंकड़ा 48 लाख के पार जा पहुंचा है, जबकि 79 हजार से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। बीते 24 घंटों की ही बात करें तो यहां एक बार फिर 90 हजार से अधिक केस सामने आए हैं। यहां पढ़ें कोरोना वायरस संक्रमण से जुड़े अपडेट्स : 

SEPT 14, 2020 22:50 IST

एमपी में कोरोना के 2,483 नए केस, 29 की मौत

मध्य प्रदेश में सोमवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 2,483 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाये गये लोगों की कुल संख्या 90,730 तक पहुंच गयी। राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से 29 और व्यक्तियों की मौत की पुष्टि हुई है जिससे मरने वालों की संख्या 1,791 हो गयी है। मध्य प्रदेश के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया, ‘पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण से इंदौर व भोपाल में पांच-पांच, नीमच में चार, ग्वालियर, जबलपुर में तीन- तीन, सागर में दो, खरगोन, मुरैना, बैतूल, रीवा, झाबुआ, देवास एवं टीकमगढ़ में एक-एक मरीज की मौत की पुष्टि हुई है।’
 

SEPT 14, 2020 20:49 IST

तमिलनाडु: कोविड-19 के 5,752 नए केस, 53 की मौत

तमिलनाडु में सोमवार को कोविड-19 के 5,752 नये मामले सामने आये जिससे राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5,08,511 हो गई। वहीं 53 और मरीजों की संक्रमण से मौत हो जाने से मृतक संख्या बढ़कर 8,434 हो गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी एक बुलेटिन में कहा गया है कि नये मामलों में से 991 मामले चेन्नई में सामने आये जबकि अन्य मामले राज्य के अन्य स्थानों से सामने आये। राज्य में अभी तक सामने आये कोविड-19 के पांच लाख से अधिक मामलों में से चेन्नई में 1,49,583 मामले सामने आये हैं। मृतकों में 29 और 90 वर्ष के दो पुरुष, 33 वर्षीय एक महिला शामिल है और कुल मिलाकर 50 व्यक्तियों को अन्य बीमारियां भी थीं। इसमें कहा गया है कि 5,799 मरीजों को ठीक होने के बाद विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई। इस तरह से अभी तक ठीक हुए मरीजों की कुल संख्या 4,53,165 है जबकि 46,912 मरीज उपचाराधीन हैं।

SEPT 14, 2020 18:25 IST

सांसदों के वेतन में 30 प्रतिशत कटौती करने वाला विधेयक लोस में पेश

लोकसभा में सोमवार को सांसदों के वेतन में एक वर्ष के लिये 30 प्रतिशत कटौती करने वाला एक विधेयक पेश किया गया जिसका उपयोग कोविड-19 महामारी के कारण उत्पन्न स्थिति से मुकाबले के लिये किया जायेगा। संसदीय मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी ने निचले सदन में संसद सदस्यों के वेतन, भत्ता एवं पेशन संशोधन विधेयक 2020 को पेश किया जो संसद सदस्यों के वेतन, भत्ता एवं पेशन अध्यादेश 2020 का स्थान लेगा।

SEPT 14, 2020 16:55 IST

झारखंड: विस सत्र से पहले विधायकों की कोरोना जांच

झारखंड में विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले सोमवार को विधायकों की कोविड-19 की जांच की गई। विधानसभा का सत्र 18 सितंबर से 22 सितंबर तक चलना है। विधायक नारायण दास ने कहा, 'विधानसभा स्पीकर ने सभी विधायकों की कोरोना जांच कराने का निर्देश दिया है। हम इसका स्वागत करते हैं।'
SEPT 14, 2020 15:50 IST

17 सांसद कोरोना पॉजिटिव

संसद का मानसून सत्र आज से शुरू हुआ है, जिसकी कार्यवाही में शामिल होने के लिए सभी सांसदों को कोरोना टेस्‍ट कराने के लिए कहा गया था। अब तक 17 सांसदों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिनमें मीनाक्षी लेखी, अनंत कुमार हेगड़े और परवेश साहिब सिंह शामिल हैं।

SEPT 14, 2020 15:09 IST

रिकवरी के मामले में ब्राजील से आगे हुआ भारत

भारत ने कोविड-19 रोगियों के ठीक होने की संख्या के मामले में सोमवार को ब्राजील को पीछे छोड़ दिया है। देश में अब तक 37,80,107 लोग संक्रमण से उबर चुके हैं। जॉन हॉपकिंस विश्वविद्यालय के आकड़ों के अनुसार, भारत में 37,80,107 लोग संक्रमण से उबर चुके हैं और इसमें वह पहले पायदान पर है, जबकि दूसरे स्थान पर ब्राजील (37,23,206) और तीसरे पर अमेरिका (24,51,406) है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार भारत में संक्रमण से मुक्त होने की दर 78 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जो दर्शाता है कि भारत में संक्रमित तेजी से ठीक हो रहे हैं।

SEPT 14, 2020 13:36 IST

कोलकाता में 5 महीने बाद शुरू हुई मेट्रो सेवा

देश में गहराते कोरोना संकट के बीच कोलकाता में पांच महीने से अधिक समय के अंतराल के बाद मेट्रो रेल सेवाएं सोमवार को फिर से शुरू हुईं। कोविड- 19 के प्रकोप के कारण नियमित सेवाओं को निलंबित कर दिया गया था। रविवार को नीट परिक्षार्थिओं के लिए विशेष ट्रेनें चलाई गईं थीं। मेट्रो सेवाएं यहां सोमवार को सुबह आठ बजे शुरू हुईं और पहले दो घंटों में लगभग 3,000 लोगों ने मेट्रो से यात्रा की। दोनों तरफ के उद्गम स्टेशनों से आखिरी ट्रेनें शाम 7 बजे चलेंगी और रात 8 बजे तक यात्रा पूरी कर लेंगी। सामाजिक दूरी सहित सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।

SEPT 14, 2020 12:16 IST

भारत मृत्‍यु दर को नियंत्रित रखने में सक्षम रहा : डॉ. हर्षवर्धन

केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने सोमवार को कहा कि अपनी कोशिशों से भारत प्रति 10 लाख की आबादी पर कोरोना संक्रमण के मामले 3,328 और मौतें 55 तक सीमित रखने में सक्षम रहा है। कोरोना वायरस से संक्रमित दुनिया के अन्‍य देशों के मुकाबले यहां मृत्‍यु दर सबसे कम है। उन्‍होंने यह भी कहा कि संक्रमण के सबसे अधिक मामले और मौतों की रिपोर्ट महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, यूपी, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, बिहार, तेलंगाना, ओडिशा, असम, केरल और गुजरात से आईं। इन राज्‍यों में संक्रमण के 1 लाख से अधिक मामले सामने आए हैं।

SEPT 14, 2020 11:34 IST

24 घंटों में 70 हजार से अधिक लोग संक्रमण से उबरे

देश में संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच राहत की बात यह है कि यहां इस घातक संक्रमण से उबरने वालों की तादाद भी लगातार बढ़ रही है। बीते 24 घंटों के दौरान एक बार फिर 70 हजार से अधिक लोग इस घातक बीमारी से उबरे हैं, जिसके बाद अब तक कोविड-19 से उबरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 37.8 लाख से अधिक हो गया है। केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने सोमवार को जो आंकड़े जारी किए हैं, उसके अनुसार 37,80,108 लोग अब तक इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं, जबकि एक दिन पहले रव‍िवार को यह आंकड़ा 37,02,596 था। इस तरह बीते 24 घंटों के दौरान 77,512 लोग इस घातक संक्रमण से उबरे हैं। संक्रमण के कुल मामलों में एक्टिव केस 9,86,598 हैं।

SEPT 14, 2020 10:19 IST

24 घंटों में 90 हजार से अधिक केस

बीते 24 घंटों के दौरान एक बार फिर 90 हजार से अधिक केस सामने आए हैं, जबकि 1100 से अधिक लोगों की जान गई है। केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, बीते एक दिन में यहां कोरोना वायरस संक्रमण के 92,071 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 1,136 लोगों की जान गई है। इसके साथ ही यहां संक्रमण का आंकड़ा बढ़कर 48,46,428 हो गया है, जबकि मृतकों की संख्‍या 79,722 हो गई है।

SEPT 14, 2020 10:18 IST

एहतियातों का सख्‍ती से करें पालन: PM

कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच आज से संसद का सत्र शुरू हो गया है। इस बीच पीएम मोदी ने कहा कि संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी है कि सभी सुरक्षा नियमों का पालन सख्‍ती से किया जाए। पीएम मोदी ने कहा, 'जब तक दवाई नहीं, तब तक कोई ढिलाई नहीं।' कोरोना वैक्‍सीन पर उन्‍होंने कहा, 'हम चाहते हैं कि वैक्‍सीन जल्‍द से जल्‍द बने, हमारे वैज्ञानिक सफल हों और हम सभी को इस समस्‍या से बाहर निकालने में सफल हों।'

SEPT 14, 2020 10:18 IST

मेघालय में राजभवन के 30 कर्मचारी संक्रमित

मेघालय की राजधानी शिलांग स्थित राजभवन के कम से कम 30 कर्मचारियों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। राज्यपाल सत्यपाल मलिक और उनके एडीसी की कोविड-19 जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। फिर भी राज्यपाल राजभवन में पृथक-वास में चले गए हैं और अगले आदेश तक राजभवन में बाहर से लोगों के आने पर रोक लगा दी गई है। मेघालय में अब तक संक्रमण के मामले 3,724 हो चुके हैं, जबकि 26 लोगों की अब तक जान गई है।