LIVE

पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों में संक्रमण दर 40% से अधिक, जांच की संख्या बढ़ाने की जरूरत: हर्षवर्धन

Corona Crisis News: देश में कोरोना की दूसरी लहर के प्रकोप से अभी मुक्ति नहीं मिली है कि महामारी के तीसरे लहर से निपटने की तैयारी शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि तीसरी लहर का आना तय है लेकिन यह कब आएगी इसके बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। तीसरी लहर से निपटने की तैयारी करने में महाराष्ट्र सबसे आगे है।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated May 7, 2021, 23:56 IST
Follow on Google News
पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों में संक्रमण दर 40% से अधिक, जांच की संख्या बढ़ाने की जरूरत: हर्षवर्धन

कोरोना संकट से निपटने के लिए विश्व समुदाय की तरफ से राहत सामग्री का पहुंचना जारी है। यूरोपीय संघ के देशों नीदरलैंड, पोलैंड और स्विटजरलैंड ने ऑक्सीजन सांद्रक, वेंटिलेटर और मेडिकल उपकरण भेजे हैं। भारत सरकार ने इस मदद के लिए इन देशों का आभार जताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की। इस बैठक में पीएम ने मुख्यमंत्रियों से अपने राज्य का सही फीडबैक देने के लिए कहा। समझा जाता है कि आने वाले दिनों में पीएम कुछ सख्त उपायों का ऐलान कर सकते हैं। 
 

MAY 07, 2021 23:53 IST

पश्चिम बंगाल में हों अधिक जांच: हर्षवर्धन

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने पश्चिम बंगाल के कई जिलों में संक्रमण दर 40 प्रतिशत से अधिक होने के मुद्दे को उठाते हुए अधिक जांच किए जाने का आह्वान किया। कोविड-19 के मामलों में वृद्धि के बीच हर्षवर्धन ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से राज्य में स्वास्थ्य ढांचे में महत्वपूर्ण रूप से मजबूती लाने को कहा। हर्षवर्धन ने ममता बनर्जी को लिखा कि मोदी सरकार कोविड-19 महामारी के खिलाफ लड़ाई में पश्चिम बंगाल की मदद करने को प्रतिबद्ध है।
 

MAY 07, 2021 21:17 IST

उत्तर प्रदेश में 24 घंटे 372 मौतें

उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में 28,076 नए कोविड 19 मामले, 33,117 डिस्चार्ज और 372 मौतें दर्ज की गई।

कुल मामले: 14,53,679
सक्रिय मामले: 2,54,118

MAY 07, 2021 21:15 IST

महाराष्ट्र में 898 और मौतें

महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में 54,022 नए कोविड 19 मामले, 37,386 रिकवरी और 898 मौतें दर्ज की गई।

कुल मामले: 49,96,758
कुल रिकवरी: 42,65,326
मृत्यु:  74,413
सक्रिय मामले: 6,54,788

MAY 07, 2021 20:31 IST

कर्नाटक में 24 घंटे में 592 मौतें

कर्नाटक में पिछले 24 घंटों में 48,781 नए कोविड 19 मामले सामने आए हैं। इस दौरान 592 मौतें हुई हैं और 28,623 मरीज डिस्चार्ज हुए हैं। कुल मामले 18,38,885 हुए।

MAY 07, 2021 19:54 IST

कर्नाटक में 15 दिन के लिए पूर्ण तालाबंदी

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा, 'चूंकि कोविड 19 मामले राज्य में बढ़ रहे हैं, कोरोना कर्फ्यू सफल नहीं था। तो 10 मई को सुबह 6 बजे से 24 मई की सुबह 6 बजे तक पूर्ण तालाबंदी की जाएगी। सभी होटल, पब और बार बंद रहेंगे। भोजनालय, मांस की दुकानें और सब्जी की दुकानें सुबह 6-10 बजे से संचालित हो सकती हैं। यह लॉकडाउन का एक अस्थायी निर्णय है, मैं प्रवासी मजदूरों से अनुरोध करता हूं कि वो कहीं नहीं जाएं। लॉकडाउन में सुबह 10 बजे के बाद एक भी व्यक्ति को अनुमति नहीं दी जाएगी, मैंने पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने का सुझाव दिया है। हमने मौत के मामलों और बढ़ती मामलों की संख्या को देखते हुए यह निर्णय लिया है।'

MAY 07, 2021 19:19 IST

मीडियाकर्मियों के लिए टीकाकरण अभियान चलाएगी दिल्ली सरकार

दिल्ली सरकार ने सभी मीडिया हाउस (इलेक्ट्रॉनिक मीडिया / डिजिटल मीडिया / प्रिंट मीडिया) के लिए एक सामूहिक कोविड 19 टीकाकरण अभियान आयोजित करने का निर्णय लिया है। सरकार उनके कार्यालयों में टीकाकरण अभियान आयोजित करेगी।

MAY 07, 2021 19:18 IST

केरल में 38 हजार नए केस

उत्तराखंड में पिछले 24 घंटों में 9,642 नए कोविड 19 मामले और 137 मौतें दर्ज की गई; कुल मामले 2,29,993 हो गए जिसमें 67,691 सक्रिय मामले हैं। वहीं आज केरल में 38,460 नए कोविड 19 मामले और 54 मौतें दर्ज की गई। मौतों की कुल संख्या 5,682 है। सक्रिय मामले 4,02,650 हैं। राज्य में कुल रिकवरी 14,16,177 हो गई हैं।

MAY 07, 2021 18:18 IST

गोवा में 15 दिन का कर्फ्यू लगाया गया

गोवा में कोविड-19 महामारी को काबू में करने के लिए रविवार से 15 दिन का कर्फ्यू लगाया गया। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा, 'गोवा में 9 मई से 23 मई तक राज्य स्तरीय कर्फ्यू लगाया जाना आवश्यक है। चिकित्सा आपूर्ति सहित आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी। किराने की दुकानें सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक खुली रह सकती हैं। रेस्तरां सुबह 7 से शाम 7 बजे तक टेकअवे की सर्विस के साथ खुल सकते हैं। 

MAY 07, 2021 17:12 IST

दिल्ली में 341 और मौतें

दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 19,832 नए कोविड 19 मामले सामने आए हैं। 19,085 रिकवर हुए हैं और 341 मौतें हुई हैं। कुल मामले 12,92,867 हुए। अभी तक 11,83,093 मरीज ठीक हो चुके हैं। 18,739 की कोरोना से जान जा चुकी हैं। दिल्ली में सक्रिय मामले 91,035 हैं।

MAY 07, 2021 16:51 IST

24 राज्यों में कोरोना वायरस से संक्रमण की दर 15 प्रतिशत से अधिक

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि 12 राज्यों में कोविड-19 के एक लाख से अधिक उपचाराधीन मरीज हैं; सात राज्यों में 50 हजार से एक लाख मरीज अब भी संक्रमण की चपेट में हैं। देश के 24 राज्यों में कोरोना वायरस से संक्रमण की दर 15 प्रतिशत से अधिक है जबकि नौ राज्यों में यह दर पांच से 15 प्रतिशत के बीच है।
 

MAY 07, 2021 16:32 IST

12 राज्यों में 1 लाख से ज्यादा एक्टिव केस

अतिरिक्त सचिव (स्वास्थ्य) आरती आहूजा ने बताया कि महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, गुजरात, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, हरियाणा और बिहार में अत्यधिक केस हैं। महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, छत्तीसगढ़, गुजरात, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और झारखंड ऐसे राज्य हैं जहां पहले  मामले बढ़ रहे थे, लेकिन अब धीरे-धीरे कम हो रहे हैं। जब हम देखते हैं कि जिन राज्यों में मामले बढ़ रहे हैं तो वे राज्य हैं- कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, हरियाणा, ओडिशा और उत्तराखंड।

MAY 07, 2021 15:01 IST

कोविड-19 के 71 प्रतिशत मामले 10 राज्यों में आए

देशभर में एक दिन में आ रहे कोविड-19 के नए मामलों में से 71.81 प्रतिशत मामले महाराष्ट्र, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत दस राज्यों से सामने आ रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, भारत में एक दिन में कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 4,14,188 नए मामले आने से संक्रमण के कुल मामले 2,14,91,598 पर पहुंच गए। सबसे अधिक मामलों के दस राज्यों की सूची में कर्नाटक, केरल, बिहार, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और राजस्थान भी शामिल हैं।

MAY 07, 2021 14:31 IST

सेना को सोंपा जाएं ऑक्सीजन संयंत्र-विज

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने ऑक्सीजन संयंत्रों का परिचालन को सेना या अर्ध सैनिक बलों को सौंपने की मांग की है। विज ने कहा कि संयंत्रों में रोज दिक्कत हो रही है, इसलिए प्लांटों का नियंत्रण सेना को दे देना चाहिए। इससे प्लांट सुचारू रूप से चलते रहेंगे।
MAY 07, 2021 13:04 IST

कोरोना के हालात पर सोनिया की कांग्रेस सांसदों के साथ बैठक 

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कोरोना वायरस की दूसरी लहर से पैदा हुए हालात पर चर्चा के लिए शुक्रवार को पार्टी सांसदों के साथ डिजिटल बैठक की। सूत्रों के मुताबिक, सोनिया गांधी ने इस बैठक की अध्यक्षता की और मुख्य रूप से इस बारे में चर्चा की कि मौजूदा हालात से कैसे निपटा जाना चाहिए। संसद का बजट सत्र इस साल मार्च में खत्म होने के बाद कांग्रेस संसदीय दल की यह पहली बैठक थी। हालिया विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद भी पार्टी सांसदों की बैठक हुई है, हालांकि कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि यह बैठक सिर्फ कोरोना से जुड़े हालात पर चर्चा के लिए बुलाई गई थी।

MAY 07, 2021 11:44 IST

दिल्ली के अस्पतालों को रोजाना मिले 700 मीट्रिक टन ऑक्सीजन-SC

दिल्ली के अस्पतालों में ऑक्सीजन की आपूर्ति पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस चंद्रचूड़ ने कहा कि राजधानी के अस्पतालों को प्रत्येक दिन 700 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की आपूर्ति होनी चाहिए।  जब तक आदेश में कोई परिवर्तन नहीं होता सरकार हमारे निर्देशों का पालन करे।  

MAY 07, 2021 10:16 IST

बीते 24 घंटे में 4,14,188 नए केस, 3,915 लोगों की मौत

बीते 24 घंटे में देश में कोरोना संक्रमण के 4,14,188 नए केस मिले हैं जबकि 3,915 लोगों की मौत हुई है। इस दौरान उपचार के बाद 3,31,507 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक इसके साथ ही कोरोना संक्रमण की संख्या बढ़कर 2,14,91,598 हो गई है। अब तक कोरोना संक्रमण से 1,76,12,351 लोग ठीक हुए हैं और 2,34,083 लोगों की जान गई है। देश में एक्टिव केस की संख्या अभी 36,45,164 है। अभी तक कोरोना टीके की 16,49,73,058 खुराकें दी जा चुकी हैं।

MAY 07, 2021 08:43 IST

स्विटजरलैंड से पहुंची मेडिकल सामग्री

स्विटजरलैंड से एक विमान 600 ऑक्सीजन सांद्रक, 50 वेंटिलेटर और मेडिकल सामग्री लेकर पहुंचा है। यूरोपीय संघ के देश नीदरलैंड ने 449 वेंटिलेटर और 100 ऑक्सीजन सांद्रक एवं मेडिकल उपकरण भेजे हैं। संकट की इस घड़ी में मदद पहुंचाने में पोलैंड भी आगे आया है। पोलैंड ने 100 ऑक्सीजन सांद्रक भेजे हैं। कोरोना से लड़ने में मदद देने के लिए भारत सरकार ने इन सभी देशों को धन्यवाद दिया है।
MAY 07, 2021 08:42 IST

ग्रेटर नोएडा में ऑक्सीजन संयंत्र वाला कोविड-19 अस्पताल खुला

उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के ग्रेटर नोएडा में बृहस्पतिवार को कोविड-19 रोगियों के लिए 50 बिस्तरों वाला एक निजी अस्पताल शुरू हुआ, जिसके पास अपना खुद का ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्र है। गौतम बुद्ध नगर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कोरोना वायरस से बुरी तरह प्रभावित जिलों में से एक है, जहां आधिकारिक रूप से 261 रोगियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है जबकि उपचाराधीन रोगियों की संख्या 8,300 से अधिक है।

MAY 07, 2021 08:42 IST

गुजरात में कोविड-19 के 12,545 नए केस

गुजरात में बृहस्पतिवार को कोविड-19 के 12,545 नए मामले सामने आए। आज ही 13,021 मरीजों को छुट्टी दी गयी जो नए मामलों से अधिक है। स्वास्थ्य विभाग ने एक विज्ञप्ति में बताया कि बृहस्पतिवार को राज्य में महामारी से 123 मरीजों की मौत हो गयी। अहमदाबाद जिले में 17, राजकोट में 15, सूरत और वड़ोदरा जिलों में 13-13 मरीजों की मौत हो गयी। राज्य में अब कुल संक्रमितों की संख्या में 6,45,972 हो गयी है जबकि मृतकों की संख्या 8,035 हो गयी। विभाग के अनुसार अब तक 4,90,412 मरीज ठीक हो चुके हैं और संक्रमण से उबरने की दर 75.92 फीसद है। राज्य में फिलहाल 1,47,525 मरीज उपचाराधीन हैं जिनमें 786 वेंटीलेटर पर हैं।

MAY 07, 2021 08:42 IST

सेना ने स्थापित किया कोविड प्रबंधन प्रकोष्ठ

भारतीय सेना ने कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों से निपटने में नागरिक प्रशासन के अधिकारियों की मदद करने में बेहतर समन्वय के लिए एक ‘कोविड प्रबंधन प्रकोष्ठ’ स्थापित किया है। अधिकारियों ने बताया कि प्रकोष्ठ का दायित्व राज्य सरकारों और केंद्रशासित प्रदेशों से मदद का आह्वान मिलने पर सेना के प्रतिक्रिया समन्वय में व्यापक क्षमता लाने का है। सेना विभिन्न राज्यों में नागरिक प्रशासन के अधिकारियों की मदद के लिए पहले ही अपने महत्वपूर्ण चिकित्सा संसाधन तैनात कर चुकी है।