Kisan Andolan: आज नहीं होगी बातचीत, सरकार कानूनों को वापस लेने को तैयार नहीं: किसान नेता
Bharat Band, Farmer Protest Live Updates: केंद्र सरकार द्वारा लाए गए नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसान संघों द्वारा बुलाए गए भारत बंद का मिला जुला असर देखने को मिला। इस भारत बंद को कई राजनीतिक दलों ने भी अपना समर्थन दिया। किसान नेताओं ने कहा कि उनका भारत बंद सफल रहा है। सरकार को समझ आ गया है कि उसके पास अब कोई रास्ता नहीं है।
नई दिल्ली: किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद का मिला जुला असर देखने को मिला। देश के कई प्रमुख शहरों के बाजार खुले रहे वहीं कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों द्वारा ट्रेने रोकने और सड़क जाम करने की कोशिश की गई। किसान नेताओं ने कहा कि भारत बंद सफल रहा है। वहीं मंगलवार को किसान नेताओं की गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक हुई। बैठक के बाद किसान नेताओं ने कहा कि सरकार कृषि कानूनों को वापस लेने को तैयार नहीं है। बुधवार को सरकार नया प्रस्ताव भेजेगी। बुधवार को सरकार और किसानों के बीच बैठक नहीं होगी। यहां जानें भारत बंद और किसान आंदोलन से जुड़ा हर ताजा अपडेट:
सरकार कानूनों को वापस लेने को तैयार नहीं: किसान नेता
अखिल भारतीय किसान सभा के जनरल सेकेट्ररी हन्नान मोल्लाह ने कहा, 'किसानों और सरकार के बीच कल कोई बैठक नहीं होगी। मंत्री ने कहा है कि कल किसान नेताओं को एक प्रस्ताव दिया जाएगा। किसान नेता सरकार के प्रस्ताव पर एक बैठक करेंगे। सरकार कृषि कानूनों को वापस लेने को तैयार नहीं है। कल हम दोपहर 12 बजे सिंघू बॉर्डर (दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर) पर एक बैठक करेंगे।'
गृह मंत्री के साथ किसानों की बैठक जारी
किसानों की गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक जारी है। 13 किसान नेताओं को बैठक में हिस्सा लेना था, लेकिन बोघ सिंह मनसा और रुलदू सिंह ने बैठक का बहिष्कार किया है।
थोड़ी देर में किसानों की गृह मंत्री के साथ बैठक
किसान नेताओं ने कहा कि जब वे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे तो अपनी मांगों पर केवल ‘हां’ या ‘नहीं’ में जवाब मांगेंगे। किसान नेताओं का एक समूह आज शाम को 7 बजे मुलाकात करेगा। एक दिन बाद बुधवार को उनकी केंद्रीय मंत्रियों के साथ छठे दौर की वार्ता होगी। इन 13 किसान नेताओं की अमित शाह से मुलाकात- बलबीर सिंह राजेवाल, जगजीत सिंह डल्लेवाल, रुलदू सिंह मनसा, मनजीत सिंह राय, बूटा सिंह बुर्जगिल, हरिंदर सिंह लखोवाल, डॉ. दर्शनपाल, कुलवंत सिंह संधू, बोध सिंह मनसा, गुरनाम सिंह चादुनी, राकेश टिकैत, हनन मुल्ला और शिव कुमार हक्का।
भारत बंद सफल रहा: किसान नेता
किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने सिंघु बॉर्डर पर मीडिया से बातचीत में कहा, 'भारत बंद सफल रहा। सरकार को अब पता है कि उनके पास कोई रास्ता नहीं है। हम बुराड़ी नहीं जाना चाहते, हमें रामलीला मैदान जाने की अनुमति दी जाए क्योंकि हम दिल्ली और हरियाणा के लोगों को परेशान नहीं करना चाहते।' किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज हमें बैठक के लिए बुलाया है, हम इसमें भाग लेंगे। किसान नेता रुरदू सिंह मनसा ने कहा, 'केंद्र सरकार हमारे भारत बंद के आगे झुकी।' वहीं स्वराज इंडिया के नेता योगेंद्र यादव ने कहा कि 25 राज्यों में करीब 10,000 स्थानों पर ‘भारत बंद’ हुआ।
गृह मंत्री से किसान नेताओं की बैठक
भारतीय किसान यूनियन के राकेश टिकैत बोले- हमारी आज शाम 7 बजे गृह मंत्री के साथ बैठक है। हम अभी सिंघू बॉर्डर जा रहे हैं और वहां से हम गृह मंत्री जाएंगे। 14 किसान संगठनों के नेताओं के साथ अमित शाह मिलेंगे। 8 किसान संगठन पंजाब से होंगे, जबकि 6 यूपी और हरियाणा से होंगे। कल किसानों से कृषि मंत्री के साथ छठे राउंड की बातचीत होनी है, उससे पहले ये मुलाकात हो रही है। वहीं कई दिनों से चल रहे किसान आंदोलन को सुलझाने की कोशिशों के बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मंगलवार को दिल्ली में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर से उनके 3, कृष्ण मेनन मार्ग आवास पर मुलाकात की।
राष्ट्रपति से मिलेंगे विपक्षी नेता
सीपीएम के सीताराम येचुरी ने कहा, 'विपक्षी दलों का एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल कल शाम 5 बजे राष्ट्रपति कोविंद से मिलेगा। प्रतिनिधिमंडल में राहुल गांधी, शरद पवार और अन्य शामिल होंगे। COVID 19 प्रोटोकॉल के कारण, केवल 5 लोगों को उनसे मिलने की अनुमति दी गई है।'
तृणमूल कांग्रेस ने किसानों के समर्थन में तीन दिनों का धरना शुरू किया
तृणमूल कांग्रेस ने केंद्र के नये कृषि कानूनों के खिलाफ मंगलवार को तीन दिनों का अपना धरना शुरू किया और इन जन-विरोधी कानूनों को फौरन वापस लिए जाने की मांग की है। राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक बेचराम मन्ना के नेतृत्व में पार्टी के किसानों और कृषि श्रमिक शाखा ने आज दोपहर मध्य कोलकाता में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने अपना धरना शुरू किया।
'भारत बंद' का कारोबार पर कोई असर नहीं : कैट
किसानों द्वारा मंगलवार को आहूत 'भारत बंद' का देश भर में व्यापारिक गतिविधियों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ (कैट) ने यह बात कही है। राष्ट्रीय राजधानी की कई सीमाओं पर 26 नवंबर से कृषि कानूनों का विरोध कर रहे पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों ने मंगलवार को 'भारत बंद' का आह्वान किया।
भारत बंद के दौरान दिग्विजय सिंह ने साधा भागवत पर निशाना
राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को नये कृषि कानूनों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ हमला बोलने के साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत पर भी निशाना साधा। ‘भारत बंद’ के दौरान यहां छावनी क्षेत्र स्थित संयोगितागंज अनाज मंडी में कांग्रेसों के विरोध प्रदर्शन की अगुवाई करते हुए सिंह ने कहा, 'भागवत (संघ समर्थित) भारतीय किसान संघ (बीकेएस) से कहें कि वह नये कृषि कानून वापस लेने की मांग को लेकर (आंदोलनरत) किसानों के साथ खड़ा रहे और धरना दे। अगर वे ऐसा नहीं करेंगे, तो हम मानेंगे कि आप सब नाटक-नौटंकी केवल वोट के लिए करते हैं और समाज एवं धर्म के नाम पर महज राजनीति करते हैं।'
मीनाक्षी लेखी का केजरीवाल पर निशाना
भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा, 'दिल्ली के मुख्यमंत्री हाउस अरेस्ट नहीं है, लेकिन घर पर आराम कर रहे हैं क्योंकि उन्होंने कल रात एक शादी में हिस्सा लिया था। हमें ऐसी नौटंकी की आदत हो चुकी है, लोगों को भी जान लेना चाहिए। केजरीवाल नज़रबंद नहीं है बल्कि नज़रें बंद करके म्यूनिसिपैलिटी के कर्मचारियों को नजरअंदाज़ करके पार्षदों से नज़रें छुपा कर घर में बैठे हैं।'
त्रिपुरा में भारत बंद का कोई असर नहीं
केंद्र के कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठनों की ओर से मंगलवार को बुलाए गए बंद का त्रिपुरा में कोई असर नहीं दिखा। सड़कों पर रोज की तरह वाहन चलते रहे और राज्य में बाजार व दुकानें खुली रहीं। सरकारी कार्यालय, बैंक और वित्तीय संस्थानों में कर्मचारियों की मौजूदगी देखी गई।पुलिस ने कहा कि अभी तक राज्य के किसी भी हिस्से से हिंसा की कोई खबर नहीं मिली है।
दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी
दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। जिसके मुताबिक, 'सिंघू, औचंदी, पियाउ मनियारी और मंगेश सीमाएँ बंद हैं। NH-44 बंद है। कृपया लामपुर, सफियाबाद, सबोली और सिंघू स्कूल टोल टैक्स सीमाओं के माध्यम से वैकल्पिक मार्ग लें। मुकरबा और जीटी करनाल रोड से ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। कृपया आउटर रिंग रोड, जीटीके रोड, एनएच -44 से बचें।
भीम आर्मी भी बंद के समर्थन में उतरी
भारत बंद के बीच सिंघु बॉर्डर पर बढ़ाई गई सुरक्षा
किसानों द्वारा बुलाए गए 'भारत बंद' के मद्देनजर सिंघु बॉर्डर पर मंगलवार को सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यहां दिल्ली पुलिस, रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है। एक अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) और एक सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) रैंक के अधिकारियों ने सुबह ब्रीफिंग की। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की स्थिति को बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग बढ़ाई गई है और साथ ही इन्हें और मजबूत किया गया है।
राजनीतिक दलों का पाखंड है भारत बंद का समर्थन- प्रकाश जावडेकर
केंद्र सरकार की ओर से बातचीत जारी रखने के बावजूद मंगलवार को 'भारत बंद' रखने के पीछे केंद्र सरकार के मंत्रियों को राजनीतिक साजिश नजर आती है। उनका कहना है कि जब एमएसपी पहले की तरह जारी रहेगी, मंडियां भी रहेंगी तो फिर मुद्दा क्या है? भोले-भाले किसानों को राजनीतिक दल गुमराह कर उन्हें भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने मीडिया से कहा, किसानों के नाम पर बुलाए गए भारत बंद को राजनीतिक दलों का समर्थन एक पाखंड है। उन्होंने ही एपीएमसी समाप्त करने का कानून लाया, इन्ही पार्टियों द्वारा शासित कई राज्यों में कॉन्ट्रैक्ट फामिर्ंग को लागू भी किया। ये है पाखंड का पदार्फाश।
बीजेपी के आरोपों पर बोले- शरद पवार
यूपीए सरकार के दौरान कृषि मंत्री रहते हुए वायरल हो रहे अपने पत्र पर सफाई देते हुए एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा, 'मैंने कहा था कि एपीएमसी को कुछ सुधारों की जरूरत है। एपीएमसी अधिनियम जारी रहना चाहिए लेकिन सुधारों के साथ। इसमें कोई संदेह नहीं है कि मैंने पत्र लिखा था। लेकिन उनके तीन अधिनियमों में एपीएमसी का भी उल्लेख नहीं है। वे सिर्फ ध्यान हटाने की कोशिश कर रहे हैं। महत्व देने की जरूरत नहीं। कल अलग-अलग राजनैतिक दलों के 5-6 लोग सामूहिक बैठक करने जा रहे हैं। कल शाम 5 बजे हमारा राष्ट्रपति के साथ मिलने का समय तय हुआ है। हम उनके सामने अपना सामूहिक रुख पेश करेंगे'
भारत बंद का उत्तर प्रदेश में मिला-जुला असर
ए कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संगठनों द्वारा मंगलवार को आहूत ‘भारत बंद’ का उत्तर प्रदेश में मिलाजुला असर दिखा। भारत बंद का विभिन्न विपक्षी राजनीतिक दल समर्थन कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बंद का कोई खास असर नहीं दिखा, लेकिन प्रदेश के अन्य विभिन्न जिलों में बंद का कहीं कम, तो कहीं ज्यादा असर दिखाई दे रहा है। लखनऊ में समाजवादी पार्टी (सपा) के विधान परिषद सदस्य राजपाल कश्यप, आनंद भदौरिया, सुनील साजन और आशु मलिक भारत बंद के समर्थन में विधान भवन परिसर में स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के सामने बैठे। इस बीच, राष्ट्रीय किसान मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष शेखर दीक्षित ने कहा कि उनके संगठन के पदाधिकारियों को उन्नाव, सीतापुर, हरदोई ,औरैया, कन्नौज, प्रयागराज, गाजियाबाद तथा अन्य शहरों में पुलिस ने नजरबंद किया है, जो लोकतंत्र की हत्या जैसा है।
केजरीवाल पर बरसे गौतम गंभीर
भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के हाउस अरेस्ट पर प्रतिक्रिया दी है। गौतम गंभीर ने ट्वीट करते हुए कहा, 'किसान तो सिर्फ बहाना है, पंजाब की सियासत में आना है! खुद ही घर में बंद होकर हाउस अरेस्ट चिल्लाना, ये सिर्फ अरविंद केजरीवाल ही कर सकते हैं।'
भारत बंद: पंजाब में दुकानें, व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे
केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग को लेकर किसान संगठनों द्वारा आहूत भारत बंद के मद्देनजर पंजाब में अनेक स्थानों पर दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। राज्य में पेट्रोल डीलरों ने भी बंद के समर्थन में पेट्रोल पंप बंद रखे। राज्य में ईंधन भरने वाले पंपों की संख्या 3,400 से अधिक है। पड़ोसी राज्य हरियाणा में विपक्षी दल कांग्रेस और इंडियन नेशनल लोक दल ने भारत बंद को समर्थन दिया।
केंद्रीय मंत्री बोले- विपक्ष कर रहा है गुमराह
किसानों के बंद पर केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी बोले- हर चीज़ पर लोगों को गुमराह करना, देश की छवि को बदनाम करने की साजिश करना इनका(विपक्षी दलों) पुराना तरीका रहा है। अपने शासन काल में कांग्रेस, एनसीपी, अकाली दल, लेफ्ट पार्टियां इस तरह के बिल का सीना ठोक कर समर्थन करती रही हैं।
बेंगलुरु में कांग्रेस नेता के बेटे ने किया दुकानदारों से बंद करने का आग्रह, देखें वीडियो
केजरीवाल के आरोप पर दिल्ली पुलिस ने फोटो शेयर कर दिया जवाब
राहुल और प्रियंका का सरकार पर हमला
किसानों के समर्थन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया है। राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'मोदी जी, किसानों से चोरी बंद करो! सभी देशवासी जानते हैं कि #आज_भारत_बंद_है। इसका सम्पूर्ण समर्थन करके हमारे अन्नदाता के संघर्ष को सफल बनायें।' वहीं प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए कहा, 'जो किसान अपनी मेहनत से फसल उगाकर हमारी थालियों को भरता है, उन किसानों को भाजपा सरकार अपने अरबपति मित्रों की थैली भरने के दबाव में भटका हुआ बोल रही है।ये संघर्ष आपकी थाली भरने वालों और अरबपतियों की थैली भरने वालों के बीच है। आइए, किसानों का साथ दें। '
बीजेपी और आम में तेज हुई जुबानी जंग
आम आदमी पार्टी और बीजेपी में जुबानी जंग तेज हो गई है। आप प्रवक्ता संजय सिंह ने ट्वीट करते हुए कहा, 'कल जैसे ही सिंघु बॉर्डर पर किसानो से मिलकर केजरीवाल जी वापस घर आए उन्हें गृह मंत्री अमित शाह के आदेश पर House Arrest कर लिया गया केजरीवाल भारत बंद के समर्थन में घर से बाहर ना निकलने पाये इसलिये उन्हें गिरफ़्तार किया गया।' वही आप के इस आरोप पर बीजेपी ने पलटवार किया है और बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने कहा कि केजरीवाल घर से निकलने से डर रहे है क्योंकि बाहर पूरी दिल्ली खुली हैं
मयंक गांधी ने की किसान बिल की सराहना
भारत बंद में पाकिस्तान एंगल लाई कांग्रेस
बिहार में आरजेडी कार्यकर्ताओं ने रोकी ट्रेन
आम आदमी पार्टी का दिल्ली पुलिस पर आरोप
केजरीवाल ने किसानों को दिया धोखा- कांग्रेस
कांग्रेस सांसद रवनीत बिट्टू ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा, 'केजरीवाल ने किसानों के विरोध प्रदर्शन को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कल उनके साथ एक फोटो सेशन किया लेकिन आज उन्होंने दिल्ली में हर कार्य सुचारू किया हुआ है। वह भाजपा के हाथों खेल रहे हैं। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि दिल्ली आज ट्रैफिक बढ़ा जाय।'
गुजरात में प्रदर्शनकारियों ने तीन राजमार्गों को बाधित किया
केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर किसान संगठनों द्वारा आहूत भारत बंद के समर्थन में मंगलवार को प्रदर्शनकारियों ने गुजरात के ग्रामीण इलाकों में तीन राजमार्गों को बाधित किया और मार्ग पर जलते हुए टायर रख दिए। इससे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। कांग्रेस पार्टी से जुड़े प्रदर्शनकारियों ने अहमदाबाद को विरमगाम से जोड़ने वाले राजमार्ग को साणंद के पास बाधित किया और सड़क पर जलते हुए टायर रख दिए।
संजय राउत बोले- हम किसानों के साथ में हैं
शिवसेना नेता संजय राउत बोले- 'यह कोई राजनीतिक बंद नहीं है। यह हमारे सेंटिमेंट हैं। दिल्ली में आंदोलन कर रहे किसान संगठन कोई राजनीतिक झंडा नहीं उठाए हुए हैं। यह हमारा कर्तव्य है कि हम किसानों के साथ खड़े हों और उनकी भावनाओं से जुड़े रहें। यहां कोई राजनीति नहीं है और न ही होनी चाहिए'
दिल्ली के सिंघु बॉर्डर का वीडियो
बिहार में राजद कार्यकर्ताओं ने रोकी ट्रेन
नए कृषि बिल के खिलाफ आज भारत बंद का बिहार के जहानाबाद में असर दिखा गया। बंद के दौरान महागठबंधन समर्थकों ने अहले सुबह से एनएच-83 एवं एनएच-110 को जाम कर दिया जाम समर्थकों ने टायरों के हवा निकाल कर किया काको मोड़ के समीप जाम कर दिया सड़को पर टायर जलाकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कृषि बिल वापस लेने की मांग कर रहे थे । वाहनों के टायर की हवा निकालने से सड़कों पर लम्बा जाम लगा है ।बन्द के दरम्यान राजद के कार्यकर्ता ने जहानाबाद में पलामू एक्सप्रेस को रोककर प्रदर्शन भी किया
तेलांगना से लेकर पश्चिम बंगाल तक प्रदर्शन
सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारी
पश्चिम बंगाल में एनएच 6 बंद
पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर के पास्कुरा में वाम कार्यकर्ताओं द्वारा एनएच 6 को बंद कर दिया गया है। यह बंद भारत बंद के समर्थन में किया गया है। व्यस्त मुंबई सड़क अब भी बंद है। पुलिस जल्द ही सड़क पर उतरकर मार्ग खोल सकती है।
राकेश टिकैत बोले- हमारा विरोध पूरी तरह से शांतिपूर्ण होगा
आजादपुर समेत दिल्ली की सभी सब्जी मंडियां बंद रहेंगी
किसान आंदोलन के समर्थन में सब्जी कारोबारियों ने भी आज भारत बंद के दौरान आजादपुर मंडी समेत दिल्ली की सभी मंडियों में कारोबार बंद रखने का ऐलान किया है। केंद्र सरकार द्वारा लागू नए कृषि कानून के विरोध में दिल्ली की सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे किसान संगठनों के नेताओं ने 8 दिसंबर को भारत बंद का आह्वान किया है। आजादपुर मंडी एपीएमसी के चेयरमैन आदिल अहमद खान ने सोमवार को बताया कि किसानों द्वारा 8 दिसंबर को भारत बंद के समर्थन में आजादपुर मंडी समेत दिल्ली की सभी मंडियों के व्यपारियों ने मंडी में व्यापार बंद करने का निर्णय लिया है।
महाराष्ट्र में रोकी रेल
कांग्रेस कार्यकाल में समिति द्वारा सुझाए गए सुधार उपाय कृषि कानूनों में शामिल किए गए: सरकारी सूत्र
सरकारी सूत्रों ने सोमवार को कहा कि वर्ष 2010 में भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अगुवाई वाली समिति द्वारा सुझाए गए सुधार उपायों को भी नए कृषि कानूनों में शामिल किया गया है और उस समय कांग्रेस ही सत्ता में थी। पीटीआई के मुताबिक, हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाली समिति ने दिसंबर 2010 में सौंपी गई अपनी रिपोर्ट में कहा था, '' कृषि उपज के लिए बाजार को आवाजाही, व्यापार, भंडारण, वित्त, निर्यात आदि सभी प्रकार के प्रतिबंधों से तुरंत मुक्त किया जाना चाहिए।''
दिल्ली मेट्रो, डीटीसी और क्लस्टर सेवा रहेगी जारी
भारत बंद के दौरान दिल्ली मेट्रो, डीटीसी और क्लस्टर स्कीम की बसें हमेशा की तरह चलेंगी। कैब ड्राइवर बंद का समर्थन कर रहे हैं और ऐप आधारित कैब की उपलब्धता एक समस्या हो सकती है। ऑटो रिक्शा यूनियन समर्थन मुद्दे पर विभाजित हैं, इसलिए ऑटो रिक्शा की संख्या कम होगी। दिल्ली में करबी 95 हजार ऑटो हैं, दिल्ली NCR में लगभग 2.5 लाख टैक्सी और DTC और क्लस्टर स्कीम के संयुक्त बेड़े में 6,601 बसें हैं। एयरपोर्ट से काली-पीली टैक्सी उपलब्ध होगी।
ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस का भी समर्थन
करीब 95 लाख ट्रक मालिकों और अन्य का प्रतिनिधित्व करने वाली देश में ट्रांसपोर्टरों की शीर्ष संस्था ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (एआईएमटीसी) ने कहा कि बंद के समर्थन में वह पूरे देश में अपना संचालन बंद रखेगी। ऐसे में आज होने वाली हड़ताल का वस्तुओं के परिवहन पर असर पड़ सकता है। ऑल इंडिया रेलवेमेन्स फेडरेशन ने भी किसानों का समर्थन किया है और कहा है कि उससे जुड़े लोग भोजनावकाश के दौरान धरने का आयोजन करेंगे।
केंद्र ने जारी किया परामर्श
केंद्र ने परामर्श जारी करते हुए सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सुरक्षा बढ़ाने और शांति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बंद और प्रदर्शनों के आह्वान के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जारी देशव्यापी परामर्श में कहा कि राज्य सरकारों तथा केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासकों को सुनिश्चित करना चाहिए कि कोविड-19 दिशानिर्देशों का पालन किया जाए और सामाजिक दूरी रखी जाए। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने सोमवार को कहा कि राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को बताया गया है कि ‘भारत बंद’ के दौरान शांति और धैर्य बनाए रखा जाए और एहतियाती कदम उठाए जाएं ताकि देश में कहीं भी अप्रिय घटना नहीं हो।
किसानों का बंद, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस और अन्य संगठनों का समर्थन
छत्तीसगढ़ में सत्ताधारी दल कांग्रेस ने केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों के खिलाफ मंगलवार को बुलाए गए किसानों के भारत बंद का समर्थन किया है। कांग्रेस ने लोगों से अनुरोध किया है वह किसानों का समर्थन करें। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संचार विभाग के प्रमुख शैलेष नितिन त्रिवेदी ने सोमवार को बताया कि कांग्रेस किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर बंद का समर्थन करेगी।

