महाराष्ट्र के बीड शहर में आवारा कुत्ते के हमले की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शिवतेज नगर के रेणु हॉस्पिटल इलाके में घर के बाहर खेल रही दो साल की मासूम बच्ची पर एक आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। घटना का पूरा मंजर पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
बताया जा रहा है कि शिवांशी रामेश्वर घोलप नाम की बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान एक आवारा कुत्ते ने अचानक उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची के गाल पर काट लिया और हमले में उसके टखने में गंभीर चोट आई। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे कुत्ते के चंगुल से बचाया।
आईसीयू में चल रहा इलाज
हमले के बाद बच्ची को गंभीर हालत में निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका ICU में इलाज चल रहा है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है। इस घटना ने बीड शहर में बढ़ते आवारा कुत्तों के आतंक को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है और इनसे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।
