देश

'अगर 50 करोड़ मिले तो 45 दान कर दूंगी, पांच अपने पास रखूंगी', राम मंदिर चंदा चोरी के आरोपी टिन्नू यादव की पत्नी की खुली चुनौती

Ram Mandir Donation Row: अयोध्या राम मंदिर चंदा चोरी मामले में गिरफ्तार आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव की पत्नी पूनम यादव ने अपने पति का बचाव किया है। उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट पर निशाना साधते हुए दावा किया कि बड़े लोगों को बचाने के लिए उनके पति को मोहरा बनाकर फंसाया जा रहा है।

Image

टिन्नू यादव की पत्नी ने जांच पर उठाए सवाल (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Ram Mandir Donation Row: अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि मंदिर में दान के पैसों की हेराफेरी का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपियों में से एक रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव की पत्नी पूनम यादव (Tinnu Yadav Wife Poonam Yadav) अब अपने पति के बचाव में उतर आई हैं। उन्होंने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि इस पूरे घोटाले के असली गुनहगारों को बचाने के लिए उनके पति को जानबूझकर बलि का बकरा बनाया जा रहा है।

शनिवार को मीडिया से बातचीत करते हुए भावुक पूनम यादव ने कहा कि उनके पति टिन्नू यादव कोई अपराधी नहीं हैं। यादव समुदाय से होने के बावजूद वे साल 1992 के राम मंदिर आंदोलन के समय से ही हाथों में भगवा झंडा थामे हुए हैं। वे लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और विश्व हिंदू परिषद (VHP) के लिए पूरी निष्ठा से काम करते आ रहे हैं, लेकिन आज उन्हें ही इस मामले में घसीट लिया गया है।

'5 करोड़ रुपये अपने पास रखूंगी'

जब पूनम यादव से उनके परिवार के पास 50 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति और लग्जरी कारें होने के आरोपों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर जांच में हमारे पास से 50 करोड़ रुपये की संपत्ति मिलती है, तो मैं उसमें से 45 करोड़ रुपये तुरंत राम मंदिर ट्रस्ट को दान कर दूंगी और महज 5 करोड़ रुपये अपने पास रखूंगी। उनके मुताबिक, उनके खिलाफ फैलाई जा रही बातें पूरी तरह से बेबुनियाद और मनगढ़ंत हैं।

पुलिस का क्या है आरोप?

आपको बता दें कि टिन्नू यादव शुरुआत में राम मंदिर ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय के ड्राइवर के रूप में काम करते थे। धीरे-धीरे वे मंदिर प्रशासन और वीआईपी (VIP) मैनेजमेंट का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन गए। पुलिस का आरोप है कि टिन्नू यादव के पास मंदिर के उस कमरे की चाबियां थीं जहां दान का पैसा गिना जाता था। पुलिस के अनुसार, इस अनधिकृत पहुंच का फायदा उठाकर उन्होंने दान पेटियों की रकम और गिनती की प्रक्रिया में बड़ी हेरफेर की है। हालांकि, परिवार का कहना है कि सच कुछ और ही है जिसे छुपाया जा रहा है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!