देश

देश को आज मिलेगा सबसे लंबा समुद्री ब्रिज 'अटल सेतु', पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन; जानें खासियत

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 12, 2024, 09:28 AM IST

Atal Setu: पीएम मोदी ने साल 2016 के दिसंबर माह में इस पुल की आधारशिला रखी थी। यह भारत का सबसे लंबा पुल और भारत का सबसे लंबा समुद्री पुल भी है। यह पुल लगभग 21.8 किमी लंबा छह लेन वाला पुल है, जिसकी लंबाई समुद्र के ऊपर लगभग 16.5 किमी और जमीन पर लगभग 5.5 किमी है।

Image

अटल सेतु से ट्रैफिक की समस्या से मिलेगी राहत।

PM Modi In Maharashtra: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (शुक्रवार को) देश को बड़ा तोहफा देने वाले हैं। समुद्र पर बने देश के सबसे लंबे अटल बिहारी वाजपेयी शिवडी-न्हावाशेवा अटल सेतु (एमटीएचएल) का पीएम मोदी उद्‌घाटन करेंगे। इस सेतु के जरिए मुंबई से नवी मुंबई पहुंचने में महज 20 मिनट लगेंगे। खास बात ये है कि 22 किमी लंबे इस सेतु में 16.5 किलोमीटर का हिस्सा पानी पर है। इस ब्रिज का 5.5 किमी का एलिवेटेड रोड है।

30,500 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की शुरुआत

पीएम मोदी महाराष्ट्र के नासिक में 27वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्घाटन करेंगे और फिर प्रदेश में 30,500 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि शहरी परिवहन अवसंरचना और संपर्क को मजबूत करके लोगों के आवागमन की सुगमता को बढ़ावा देने के अपने दृष्टिकोण के अनुरूप मोदी मुंबई ट्रांस-हार्बर लिंक (एमटीएचएल) का उद्घाटन करेंगे, जिसे अब ‘अटल बिहारी वाजपेयी सेवरी-न्हावा शेवा अटल सेतु’ नाम दिया गया है। 17,840 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से इसका निर्माण किया गया है।

ट्रैफिक की समस्या से मिलेगी राहत, जानें खास बातें

अटल सेतु के खुलने से लोगों को ट्रैफिक से काफी राहत मिलेगी। बिना ट्रैफिक में फंसे मुंबई से नवी मुंबई, नवी मुंबई एयरपोर्ट, मुंबई-पुणे एक्सप्रेस, मुंबई गोवा हाइवे तक पहुंचना आसान हो जाएगा। देश का सबसे लंबा समुद्री ब्रिज कई मायनों में बेहद खास है। इस सेतु पर वाहनों की अधिकतम स्पीड 100 किमी की होगी। मतलब हवा की रफ्तार से गाड़ियों के दौड़ाने की अनुमति दी गई है। देश में पहली बार रफ्तार बनाए रखने के लिए ओपन रोड टोलिंग सिस्टम एमटीएचएल पर होगा।

इस पुल का 16.5 किमी का हिस्सा पानी के ऊपर होगा

मोदी ने दिसंबर, 2016 में इस पुल की आधारशिला रखी थी। यह भारत का सबसे लंबा पुल और भारत का सबसे लंबा समुद्री पुल भी है। यह पुल लगभग 21.8 किमी लंबा छह लेन वाला पुल है, जिसकी लंबाई समुद्र के ऊपर लगभग 16.5 किमी और जमीन पर लगभग 5.5 किमी है। यह मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को सीधा संपर्क प्रदान करेगा और मुंबई से पुणे, गोवा और दक्षिण भारत की यात्रा के समय को भी कम करेगा। बयान में कहा गया है कि इससे मुंबई बंदरगाह और जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह के बीच संपर्क में भी सुधार होगा।

मरीन ड्राइव से जोड़ने वाली सड़क सुरंग की आधारशिला

प्रधानमंत्री मोदी ‘ईस्टर्न फ्रीवेज ऑरेंज गेट’ को मरीन ड्राइव से जोड़ने वाली सड़क सुरंग की आधारशिला भी रखेंगे। 9.2 किलोमीटर लंबी सुरंग 8,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाई जाएगी और यह मुंबई में एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा विकास होगा। वह सूर्या क्षेत्रीय पेयजल परियोजना के पहले चरण को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। 1,975 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित यह परियोजना महाराष्ट्र के पालघर और ठाणे जिलों को पेयजल आपूर्ति प्रदान करेगी, जिससे लगभग 14 लाख लोगों को लाभ होगा।

मोदी कई रेल परियोजनाओं का भी शुभारंभ करेंगे। वह ‘सांताक्रूज इलेक्ट्रॉनिक एक्सपोर्ट प्रोसेसिंग जोन’- विशेष आर्थिक क्षेत्र (एसईईपीजेड एसईजेड) के लिए 'भारत रत्नम' (मेगा कॉमन फैसिलिटेशन सेंटर) का उद्घाटन करेंगे। इसमें विशेष रूप से विकलांग छात्रों सहित इस क्षेत्र के कार्यबल के कौशल विकास के लिए एक प्रशिक्षण स्कूल होगा। ‘मेगा कॉमन फैसिलिटेशन सेंटर’ रत्न और आभूषण व्यापार में निर्यात क्षेत्र को बदलेगा और घरेलू विनिर्माण को भी मदद करेगा।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article