गुजरात की मांजलपुर (Manjalpur By Poll) विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव के लिए मतदान होना है। बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात समेत इन राज्यों की तीन अलग-अलग विधानसभा सीटों पर आज उपचुनाव के लिए मतदान होगा। इनमें दो हाई-प्रोफाइल सीटों पर सभी की नजरें टिकी हैं।
जानिए तीनों सीटों का पूरा समीकरण (फोटो:एआई इमेज)
बिहार की राजधानी पटना की शहरी बांकीपुर सीट और मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट और गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर आज मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इन क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं और 3 अगस्त को वोटों की गिनती के साथ ही परिणाम घोषित किए जाएंगे।
बांकीपुर (बिहार): प्रशांत किशोर की पहली चुनावी परीक्षा
पटना शहर के केंद्र में स्थित बांकीपुर सीट पर आज 3.80 लाख से अधिक मतदाता 26 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। यह उपचुनाव बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद सीट खाली होने के कारण हो रहा है। इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है क्योंकि जन सुराज पार्टी के संस्थापक और पूर्व चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर खुद चुनावी मैदान में उतरे हैं।
बीजेपी ने अपने गढ़ को बचाने के लिए युवा नेता नीरज कुमार सिन्हा को मैदान में उतारा है, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने एक बार फिर रेखा गुप्ता पर दांव खेला है। शहरी मतदाताओं की बहुलता वाली इस सीट पर नीट (NEET) पेपर लीक का मुद्दा प्रमुखता से उभरा है। प्रशांत किशोर और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने प्रचार के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार को घेरा है। दूसरी ओर, छात्रों के संगठनों द्वारा आज घोषित 'प्रतिरोध दिवस' के बीच प्रशासन मुस्तैद है और शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए प्रयासरत है।
दतिया (मध्य प्रदेश): बीजेपी और कांग्रेस में सीधी जंग
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर पूर्व कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को एक मामले में सजा मिलने के बाद अयोग्य घोषित किए जाने से यह उपचुनाव हो रहा है। आज यहाँ 2,20,344 मतदाता 21 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कर रहे हैं। दतिया में मुख्य मुकाबला बीजेपी के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच है। आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवार दामोदर सिंह यादव भी यहां ताल ठोक रहे हैं।बीजेपी ने विकास और राज्य व केंद्र की 'डबल इंजन' सरकार के काम को अपना मुख्य मुद्दा बनाया है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने यहां जमकर चुनाव प्रचार किया है।
वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने फसल नुकसान, ओबीसी आरक्षण और सत्ता के दुरुपयोग का मुद्दा उठाकर आक्रामक प्रचार किया है। शांतिपूर्ण मतदान के लिए कड़े इंतजामदोनों विधानसभा क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। दतिया में 291 पोलिंग बूथ और बांकीपुर में 422 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के लिए विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं। आज हो रहे मतदान के बाद दोनों सीटों के चुनाव नतीजे 3 अगस्त को सामने आएंगे।
मांजलपुर (गुजरात ) किसका पलड़ा भारी?
गुजरात की राजनीति में वडोदरा की मांजलपुर विधानसभा सीट (Manjalpur Assembly By-election) पर होने जा रहा उपचुनाव बेहद दिलचस्प मोड़ पर आ गया है। इस हाई-प्रोफाइल सीट को जीतने के लिए सत्ताधारी बीजेपी और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस दोनों ने अपने-अपने कद्दावर चेहरों को मैदान में उतार दिया है। गुजरात में कांग्रेस ने प्रदेश उपाध्यक्ष भीखाभाई राबड़ी को अपना उम्मीदवार बनाया है। भीखाभाई राबड़ी वडोदरा क्षेत्र के एक बेहद अनुभवी और वरिष्ठ राजनेता हैं। वह वर्तमान में गुजरात कांग्रेस के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
इसके अलावा राजनीति में उनका लंबा अनुभव रहा है; वह 1990 के दशक में तत्कालीन माधवसिंह सोलंकी सरकार में मंत्री के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। कांग्रेस को उम्मीद है कि भीखाभाई का पुराना सियासी तजुर्बा और स्थानीय पकड़ पार्टी को इस सीट पर जीत दिला सकती है। जबकि बीजेपी ने वडोदरा नगर निगम के पूर्व पार्षद सतीश गोविंदभाई पटेल को उम्मीदवार बनाया है। यह उपचुनाव बीजेपी के बेहद कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री योगेश पटेल के निधन के कारण हो रहा है। योगेश पटेल का लंबी बीमारी के बाद बीती 2 जून को निधन हो गया था। वह लगातार 8 बार विधायक रहे और उन्होंने मांजलपुर सीट से 2012, 2017 और 2022 में लगातार तीन बार शानदार जीत दर्ज की थी।
