देश

केजरीवाल ने संजीव अरोड़ा के खिलाफ ED एक्शन को लेकर मोदी सरकार पर साधा निशाना, बोले- एजेंसी का किया जा रहा दुरुपयोग

ED Action on Sanjeev Arora: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने संजीव अरोड़ा के खिलाफ ईडी की छापेमारी को लेकर केंद्री की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा।

Image

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (फोटो साभार: @AamAadmiParty)

Photo : Twitter

ED Action on Sanjeev Arora: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कड़ी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के नेताओं को डरा-धमकाकर भाजपा में शामिल करने के लिए एजेंसी का दुरुपयोग किया जा रहा है।

अरोड़ा के ठिकानों पर ED की छापेमारी

समाचार एजेंसी भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि ईडी ने धनशोधन से जुड़ी जांच के तहत अरोड़ा और उनसे कथित रूप से जुड़े कुछ अन्य लोगों के परिसरों पर शनिवार को फिर से छापे मारे। उन्होंने बताया कि अरोड़ा का चंडीगढ़ स्थित आधिकारिक आवास भी उन पांच परिसरों में शामिल है जिन पर छापेमारी की गई।

मोदी सरकार पर बरसे केजरीवाल

केजरीवाल ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ईडी और सीबीआई को धन शोधन और भ्रष्टाचार के मामलों पर काम करना चाहिए, लेकिन मोदी शासन में ये एजेंसियां विपक्षी नेताओं को डराने, धमकाने और भाजपा में शामिल कराने के लिए काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अरोड़ा के खिलाफ यह छापेमारी भी इसी दिशा में उठाया गया कदम है।

केजरीवाल ने कहा कि एक महीने के भीतर अरोड़ा पर प्रवर्तन निदेशालय का यह दूसरा छापा है और सवाल किया कि आखिर एजेंसी ढूंढ क्या रही है। केजरीवाल के इन आरोपों पर भाजपा और प्रवर्तन निदेशालय की तरफ से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

पंजाब में शुरू हुई ED की छापेमारी

इससे पहले, दिन में केजरीवाल ने 'एक्स' पर कहा, ''जैसे ही बंगाल चुनाव खत्म हुए, मोदी जी ने पंजाब में रोज ईडी की छापेमारी शुरू कर दी है। पिछले कुछ साल में मोदी जी ने पंजाब के साथ बहुत धोखा किया है। पंजाबियों को तरह-तरह से प्रताड़ित किया है।''

उन्होंने कहा, ''पंजाब गुरुओं की धरती है। कई सौ साल पहले औरंगजेब ने जुर्म और अत्याचार के जरिए देश के कई भागों पर कब्जा कर लिया। मोदी जी ने भी बेईमानी से देश के कई हिस्सों पर कब्जा लिया है...मोदी जी भी अब पंजाब पहुंचे हैं। मोदी जी भी पंजाबियों पर अत्याचार कर रहे हैं। पर गुरुओं ने कुर्बानी देकर औरंगजेब का सामना किया और लोगों को बचाया। आज गुरुओं की कुर्बानी से प्रेरणा लेकर पंजाब मोदी जी के अत्याचार का सामना करेगा और पूरे देश को उनके अत्याचार से बचाएगा।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!