आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन और उसके समर्थकों को हिरासत में लिए जाने के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। केजरीवाल ने मौजूदा हालात की तुलना इमरजेंसी से करते हुए आरोप लगाया कि देश में तानाशाही जैसी स्थिति है और लोकतंत्र को कुचलने की कोशिश की जा रही है।
रविंद केजरीवाल का PM मोदी पर हमला, बोले- ज्ञानेश के साथ मोदी भी जाएं। PTI
केजरीवाल ने अपने बयान में कहा, “यह इमरजेंसी से भी बदतर है। आधिकारिक तौर पर अब हम मोदी के नेतृत्व वाली पूर्ण तानाशाही में जी रहे हैं।” उन्होंने सीजेपी के सदस्यों को फ्लाइट से उतरते ही हिरासत में लिए जाने का जिक्र करते हुए इसे सरकार के डर का संकेत बताया।
'वोट चोरी से जीते चुनाव, अब लोकतंत्र कुचल रहे मोदी'
अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर चुनाव में कथित ‘वोट चोरी’ के जरिए जीत हासिल करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि अब मोदी सरकार इस कथित धांधली को बचाने के लिए लोकतंत्र को दबाने में जुटी है। हालांकि, चुनाव में ‘वोट चोरी’ के आरोपों को केजरीवाल के दावे के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।
केजरीवाल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि केवल ज्ञानेश कुमार ही नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी पद छोड़ देना चाहिए। उन्होंने अपने बयान में कहा, “ज्ञानेश को जाना होगा, लेकिन मोदी को भी जाना होगा।”
सीजेपी के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में सख्त सुरक्षा
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन का ऐलान किया था। यह आंदोलन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान कथित तौर पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जाने के आरोपों से जुड़ा है।
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी। शनिवार को प्रदर्शन के मद्देनजर राजधानी के कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की खबरें सामने आईं। दिल्ली में प्रदर्शन से पहले करीब 200 लोगों को हिरासत में लिया गया। चुनाव आयोग और बीजेपी ने मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोपों को खारिज किया है।
आयोग की ओर से नाम हटाए जाने के पीछे स्थान बदलने, मतदाताओं का पता नहीं चलने और मृत्यु जैसे कारण बताए गए हैं। सीजेपी के प्रदर्शन और मतदाता सूची से जुड़े आरोपों के बीच केजरीवाल का यह बयान केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर विपक्ष के बढ़ते राजनीतिक हमले को दर्शाता है।
बता दें कि पुलिसकर्मियों ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर उतरने के बाद सीधे एक विमान के भीतर प्रवेश किया और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके को उनके सह-संयोजकों-सौरव दास और आशुतोष रांका-के साथ हिरासत में ले लिया।
