सर्वे में हुआ खुलासा, अधिक मात्रा में और ज्यादातर महिलाएं पीती हैं शराब

देश
Updated Sep 03, 2019 | 20:53 IST | भाषा

सर्वे रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि ज्यादातर महिलाएं शराब पी रही हैं और अधिक मात्रा में शराब पीती हैं। सीएडीडी के अनुसार, यह वृद्धि बाजार की चमक दमक, फिल्मों और टीवी पर लगातार यह संदेश देने से भी हुई है।

wine
महिलाएं शराब का सेवन ज्यादा करती हैं  |  तस्वीर साभार: BCCL
मुख्य बातें
  • CADD के सर्वे के अनुसार, अधिकतर महिलाएं शराब का सेवन कर रही हैं
  • सर्वे में यह भी खुलासा हुआ है कि महिलाएं बहुत ही अधिक मात्रा में शराब पी रही हैं
  • 18 से 70 साल के बीच की 5 हजार महिलाओं के बीच कराया गया है सर्वेक्षण

नई दिल्ली: दिल्ली में महिलाओं के बीच शराब के सेवन को लेकर किए गए सर्वेक्षण में खुलासा हुआ है कि ज्यादातर महिलाएं शराब का सेवन कर रही हैं। इसके साथ ही सर्वे में यह भी खुलासा हुआ है कि महिलाएं बहुत अधिक मात्रा में शराब पी रही हैं। सर्वे के अनुसार बढ़ती समृद्धि, आकांक्षाएं, सामाजिक दबाव और एक अलग जीवन शैली से जुड़ाव ने महिलाओं को शराब के सेवन की ओर आकर्षित किया है।

'कम्यूनिटी अगेन्स्ट ड्रंकेन ड्राइविंग' (सीएडीडी) ने 18 से 70 साल की 5 हजार महिलाओं के बीच यह सर्वे कराया है। भारत में पहले ही शराब का सेवन करने वालों की संख्या दुनिया में सबसे ज्यादा है। ऐसे में भारत में शराब के प्रति प्रेम और बढ़ रहा है। 
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अध्ययन के अनुसार 2010 से 2017 के बीच भारत में शराब का सेवन 38 प्रतिशत बढ़ा है।

2005 में एक व्यस्क प्रतिवर्ष 2.4 लीटर शराब का सेवन करता था। 2016 में यह आंकड़ा एक व्यस्क प्रति वर्ष लगभग 5.7 लीटर हो गया। सर्वे के अनुसार, 'इस वृद्धि की वजह उन महिलाओं के बीच शराब की बढ़ती खपत है, जो अब से पहले स्पष्ट रूप से शराब से परहेज करने वाली मानी गई थीं।'

सर्वे का मकसद शराब की वर्तमान खपत, व्यय पैटर्न, पीने की आदत, स्थानों और अन्य कारकों का आकलन करने के लिए किया गया। सर्वे के अनुसार, 'ज्यादा महिलाएं शराब पी रही हैं और वे ज्यादा शराब पी रही हैं।' इसमें भारत सरकार के शराब अध्ययन केंद्र के हवाले से कहा गया है कि परंपरागत रूप से दशकों तक शराब से दूर रहीं महिलाओं के बीच शराब का बाजार अगले पांच साल में 25 प्रतिशत तक बढ़ने की संभावना है।

सीएडीडी के मुताबिक यह वृद्धि शराब बाजार की 'चमक दमक' और फिल्मों और टीवी पर लगातार यह संदेश देने से भी हुई है कि शराब का सेवन महिलाओं को चिंतामुक्त बनाने और खुद को खुश रखने का बेहतरीन उपाए है। सर्वे में एम्स की रिपोर्ट के हवाले से कहा गया है कि उदाहरण के तौर पर दिल्ली में 40 प्रतिशत पुरुष और 20 प्रतिशत महिलाएं (लगभग 15 लाख महिलाएं) शराब का सेवन करती हैं।

महिलाओं के शराब पीने के कारणों की बात करें तो सर्वे कहता है कि 'अधितकर सभी सामाजिक गतिविधियां शराब के इर्द-गिर्द घूमती हैं और जब हर कोई एक जैसी चीज कर रहा हो तो यह एक समस्या की तरह प्रतीत नहीं होती। यह सिर्फ चलन है।' सर्वे के अनुसार 18 से 30 वर्ष की 43.7 प्रतिशत महिलाएं आदतन शराब पीती हैं या शौकिया तौर पर इसका सेवन करती हैं।

31 से 45 वर्ष आयु वर्ग की 41.7 प्रतिशत महिलाओं ने व्यावसायिक आवश्यकता के कारण या सामाजिक मानदंडों के कारण शराब का सेवन किया। इसमें कहा गया है कि 60 से ऊपर की 53 प्रतिशत महिलाओं और 46 से 60 वर्ष की 39.1 प्रतिशत महिलाएं भावनात्मक कारणों से शराब का सेवन करती हैं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर