दिल्ली: Rajpath को मिलेगी नई पहचान, बदलकर 'Kartavya Path' हो सकता है नाम; RJD ने केंद्र को घेरा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 5, 2022, 08:30 PM IST

सूत्रों ने सोमवार (पांच सितंबर, 2022) को जानकारी दी कि सरकार ने दिल्ली के ऐतिहासिक राजपथ का नाम बदलकर ‘कर्तव्यपथ’ करने की योजना बनाई है।

दिल्ली: Rajpath को मिलेगी नई पहचान, बदलकर 'Kartavya Path' हो सकता है नाम; RJD ने केंद्र को घेरा
Photo Credit: IANS

देश की राजधानी दिल्ली में ऐतिहासिक राजपथ (Rajpath) और सेंट्रल विस्टा लॉन्स (Central Vista Lawns) को नई पहचान मिल सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने इसके लिए योजना भी बना ली है। सूत्रों ने यह जानकारी सोमवार (पांच सितंबर, 2022) को दी।

समाचार एजेंसी पीटीआई और एएनआई को मामले से जुड़े सूत्रों ने बताया कि सरकार ने दिल्ली के ऐतिहासिक राजपथ का नाम बदलकर ‘कर्तव्यपथ’ (Kartavya Path) करने की योजना बनाई है। हालांकि, इस बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। 

समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से आगे बताया गया कि नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने राजपथ और सेंट्रल विस्टा लॉन का नाम बदलकर ‘कर्तव्यपथ’ करने के बारे में सात सितंबर, 2022 को एक स्पेशल मीटिंग बुलाई है। प्रस्ताव को परिषद के सामने रखा जाएगा। 

उन्होंने यह भी कहा, ‘‘इंडिया गेट पर नेताजी की प्रतिमा से लेकर राष्ट्रपति भवन तक पूरा मार्ग और क्षेत्र कर्तव्य पथ के नाम से जाना जाएगा।’’ दरअसल, ब्रिटिश काल में राजपथ को किंग्सवे कहा जाता था।

वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राज्यसभा सांसद और दिल्ली यूनिर्विसिटी (डीयू) में प्रोफेसर मनोज झा ने इस मसले पर केंद्र को घेरने की कोशिश की।

उन्होंने ट्वीट किया, "पहले रेस कोर्स रोड लोक कल्याण मार्ग बना। अब राजपथ कर्तव्य पथ हो चला लेकिन आज की सबसे बड़ी चुनौतियों मसलन बेरोज़गारी,मंहगाई/बिगड़ते सामाजिक सौहार्द पर इसका पॉजिटिव प्रभाव हो तो सब स्वीकार्य है.लोकोन्मुख सरोकारों पर चुप्पी और काबिलियत सिर्फ सड़कों के नाम बदलने की हो तो क्या कहें?" 

End of Article