नई दिल्ली: भारतीय वायुसेना के राफेल लड़ाकू विमान भारत के वायुक्षेत्र में पहुंच चुके हैं। पहले नौसेना के युद्धपोत की ओर से स्वागत और बातचीत का ऑडियो सामने आने के बाद सुखोई-30 एमकेआई के साथ राफेल की तस्वीरें सामने आई हैं। फ्रांस से उड़े 5 नए विमानों के भारतीय सीमा में आने के बाद ही वायुसेना के सबसे सक्षम फाइटर जेट रहे सुखोई-30 समूह के साथ उड़ान भरने लगे।
इसका वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने अपने ही अंदाज में इस बारे में चर्चा करनी शुरु कर दी। इंटरनेट यूजर्स ने लिखा ऐसा लग रहा है मानो नए सदस्यों के आने पर कोई दरवाजे तक स्वागत करने के लिए पहुंच गया हो। वीडियो में 5 राफेल लड़ाकू विमानों के दोनों ओर दो सुखोई-30 एमकेआई फाइटर जेट उड़ते नजर आ रहे हैं।
आईएनएस कोलकाता ने किया स्वागत:
राफेल लड़ाकू विमानों के भारतीय नियंत्रण वाले क्षेत्र में आने के बाद अरब सागर से गुजरने के दौरान पायलट की आईएनएस कोलकाता नाम के भारतीय नौसेना के युद्धपोत से भी दिलचस्प बातचीत हुई। इस दौरान दोनों ने एक दूसरे की जिम्मेदारी की सराहना की और नौसेना की ओर से राफेल लड़ाकू विमानों का स्वागत किया गया।
राफेल डील: भारत ने साल 2016 में फ्रांस से 36 राफेल लड़ाकू विमान खरीदने का सौदा किया। 59,000 करोड़ रुपए की यह रक्षा डील दोनों देशों की सरकारों के बीच हुई थी। 2021 तक सभी राफेल विमान भारत आने की उम्मीद है जिसमें 30 सिंगल सीट वाले फाइटर जेट जबकि ट्रेनिंग के लिए 2 डबल सीट वाले विमान होंगे। भारत आ चुके 5 विमानों के अलावा फ्रांस में 5 अन्य विमान लगभग तैयार हैं।

