Mamata Banerjee-Ranil Wickremesinghe Meet: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) चीफ ममता बनर्जी से दुबई में श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे की मुलाकात हुई। यह भेंट बुधवार (13 सितंबर, 2023) को वहां के एयरपोर्ट पर हुई, जहां श्रीलंकाई राष्ट्रपति ने दीदी से मुस्कुराते हुए पूछा कि क्या वह इंडिया में नेतृत्व करने जा रही हैं...क्या वह आने वाले लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री का चेहरा होंगी? ऐसा बताया गया कि विक्रमसिंघे के इस सवाल से एक पल को बनर्जी भी हैरान रह गई थीं। हालांकि, उन्होंने जवाब दिया, ‘‘अगर लोग हमारा समर्थन करते हैं तो हम कल इस स्थिति (सत्ता) में हो सकते हैं।’’
मुख्यमंत्री के मुताबिक, विक्रमसिंघे ने उन्हें हवाई अड्डे के लाउंज में देखकर ‘कुछ विषय पर चर्चा’ के लिए बुलाया था। बनर्जी ने इस बाबत ‘एक्स’ (पहले ट्विटर नाम से मशहूर) पर पोस्ट किया, ‘‘श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने मुझे दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लाउंज में देखा और कुछ विषय पर चर्चा में शामिल होने के लिए बुलाया। मैं उनके अभिवादन से अभिभूत हूं और उन्हें कोलकाता में ‘बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट 2023’ (बीजीबीएस) में आमंत्रित किया है।’’
उन्होंने आगे बताया, ‘‘श्रीलंका के राष्ट्रपति ने मुझे उनके देश आने का हार्दिक निमंत्रण दिया। यह गहरे निहितार्थों वाली एक सुखद बातचीत थी।’’ दरअसल, बनर्जी दुबई और स्पेन की 12 दिवसीय यात्रा पर हैं। मंगलवार (12 सितंबर, 2023) की सुबह वह दुबई और स्पेन के दौरे पर रवाना हुईं थीं। शाम को ममता दुबई पहुंचीं और बुधवार सुबह विमान से स्पेन जाने के लिए वहां हवाई अड्डे पर थीं तभी उनकी विक्रमसिंघे से मुलाकात हुई।
