Lok Sabha E- Cigarette Controversy: भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से लोकसभा कक्ष के अंदर ई-सिगरेट के इस्तेमाल को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पत्र लिखकर टीएमसी सांसदों द्वारा संसदीय नियमों और वैधानिक कानूनों के उल्लंघन का जिक्र किया है।
उन्होंने लिखा, "अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के एक सांसद को सदन की बैठकों के दौरान खुलेआम ई-सिगरेट का इस्तेमाल करते हुए देखा गया। भारतीय लोकतंत्र के पवित्रतम स्थान, लोकसभा कक्ष के अंदर प्रतिबंधित पदार्थ और निषिद्ध उपकरण का खुलेआम इस्तेमाल न केवल संसदीय मर्यादा और अनुशासन का घोर उल्लंघन है, बल्कि इसी सदन द्वारा बनाए गए कानूनों के तहत एक संज्ञेय अपराध भी है।"
बता दें कि संसद का शीतकालीन सत्र चल रहा है। गुरुवार को लोकसभा में उस वक्त हंगामा मच गया, जब उन्होंने एक टीएमसी सांसद पर पिछले कई दिनों से सदन के अंदर ही ई-सिगरेट पीने का आरोप लगाया। जिस पर अध्यक्ष ओम बिरला ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सदन में ई-सिगरेट पी रहे हैं टीएमसी सांसद: बीजेपी
प्रश्नकाल के दौरान- एक पूरक प्रश्न पूछते हुए भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने स्पीकर ओम बिरला को शिकायत करते हुए कहा- TMC सांसद सदन में ई-सिगरेट पी रहे हैं। इस पर स्पीकर ने कहा कि एक्शन लिया जाएगा।
इसके बाद कई भाजपा सदस्यों ने विपक्षी सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।हंगामे के बीच बिरला ने सदस्य से सदन की गरिमा बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अगर लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी तो वह कार्रवाई करेंगे। कुछ साल पहले देश में ई-सिगरेट पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।
