Mamata Banerjee: महाराष्ट्र के बारामती में हुए विमान हादसे पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। बुधवार सुबह हुए इस प्लेन में हादसे में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एवं एनसीपी नेता अजित पवार सहित पांच लोगों की मौत हुई। ममता ने आरोप लगाते हुए कहा कि 'अजित पवार अपने पुराने गुट में लौटने वाले थे और इससे पहले यह हादसा हुआ। इस देश में लोगों की कोई सुरक्षा नहीं है।' बंगाल की सीएम ने कहा, 'पहले अहमदाबाद में इतने लोगो की जान गई और अब इस हादसे में अजीत पवार की जान गई। देश के मुख्यमंत्री समय कम होने की वजह से चार्टर्ड फ्लाइट में सफर करते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा का क्या? हम इस हादसे से बड़ा परेशान हैं शब्द नहीं हैं हमारे पास।' ममता ने पूछा है कि अजीत पावर के पुराने गुट में लौटने से पहले यह दुर्घटना क्यों हुई? इसकी जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में होनी चाहिए।
पुणे के बारामती इलाके में उतर रहा था प्लेन
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना उस वक्त हुई जब अजित पवार (66) का विमान पुणे के बारामती इलाके में उतर रहा था। ‘फ्लाइट रडार’ के अनुसार, विमान ने मुंबई से सुबह आठ बजकर 10 मिनट पर उड़ान भरी और सुबह करीब आठ बजकर 45 मिनट पर यह रडार की पहुंच से गायब हो गया। पवार राज्य में पांच फरवरी को होने वाले जिला परिषद चुनाव के प्रचार अभियान के तहत जनसभाओं को संबोधित करने के लिए मुंबई से बारामती जा रहे थे।
आठ बजकर 50 मिनट पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ
पुलिस अधिकारी ने बताया कि विमान सुबह आठ बजकर 50 मिनट पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। घटना के वक्त उसमें पांच लोग सवार थे। पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि दुर्घटना के बाद विमान में आग लग गई। उन्होंने कहा, ‘विमान में सवार सभी लोगों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।’एक सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पायलट ने विमान को उतारने का प्रयास करने से पहले हवाई पट्टी के पास खराब दृश्यता के बारे में बताया था।
बिजनेस जेट विमान था ‘लेयरजेट 45’
सूत्रों के अनुसार, ‘बॉम्बार्डियर एयरोस्पेस’ के ‘लेयरजेट डिवीजन’ द्वारा निर्मित मध्यम आकार का बिजनेस जेट विमान ‘लेयरजेट 45’ (एलजे45) बारामती हवाई अड्डे पर उतरने का प्रयास करते समय रनवे से उतर गया और उसमें आग लग गई। पवार के परिवार में उनकी पत्नी सुनेत्रा और दो बेटे पार्थ और जय हैं। सुनेत्रा राज्यसभा सदस्य हैं। हाल में पुणे और पिंपरी चिंचवड में हुए नगर निगम चुनाव में पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने शरद पवार की राकांपा (शप) के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ा था।
