LIVE

Aaj Ki Taza Khabar: PM मोदी ने देहरादून में 8,260 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास किया...इस्तांबुल में पाकिस्तान-अफगानिस्तान शांति वार्ता विफल

Aaj Ki Taza Khabar 9 Nov 2025: पीएम मोदी ने देहरादून में 8,260 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। बिहार चुनाव को लेकर दूसरे चरण के लिए प्रचार आज खत्म हो जाएगा। पाक और अफगानिस्तान में बात नहीं बनी। वहीं, अमेरिका में अब तक के सबसे लंबे समय तक सरकारी शटडाउन से परेशानी बढ़ गई है। आइए पढ़ें- देश और दुनिया की हर बड़ी खबर

Nitin AroraUpdated Nov 9, 2025, 18:17 IST
Follow on Google News
Aaj Ki Taza Khabar: PM मोदी ने देहरादून में 8,260 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास किया...इस्तांबुल में पाकिस्तान-अफगानिस्तान शांति वार्ता विफल

Aaj Ki Taza Khabar: PM मोदी ने देहरादून में 8,260 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास किया...इस्तांबुल में पाकिस्तान-अफगानिस्तान शांति वार्ता विफल

-प्रधानमंत्री मोदी का देहरादून दौरा
-अमेरिका में सबसे लंबे समय का सरकारी शटडाउन
-पाक और अफगानिस्तान में नहीं बनी बात
-बिहार चुनाव को लेकर दूसरे चरण के लिए प्रचार आज हो जाएगा खत्म

NOV 09, 2025 18:17 IST

जम्मू में आतंकवाद रोधी अभियान, कई जगहों पर छापेमारी जारी

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकवादी संगठनों के खिलाफ जारी कार्रवाई का जम्मू के विभिन्न इलाकों में विस्तार करते हुए पाकिस्तान में बैठे आकाओं के इशारे पर काम कर रहे स्थानीय आतंकवादियों और उनके ‘ओवरग्राउंड वर्कर्स’ (ओजीडब्ल्यू) से जुड़े ठिकानों पर तलाशी ली। कश्मीर के संदर्भ में ओजीडब्ल्यू का मतलब उन व्यक्तियों से है, जो आतंकवादियों को साजो-सामान उपलब्ध कराते हैं तथा गुप्त गतिविधियां संचालित करने में उनकी मदद करते हैं।

अधिकारियों ने बताया कि रामबन, किश्तवाड़, डोडा, कठुआ, रियासी, पूंछ और राजौरी जिलों में कई जगहों पर व्यापक तलाशी और घेराबंदी अभियान जारी है। जम्मू के डोडा जिले में बड़े पैमाने पर जारी आतंकवाद-रोधी अभियान के बीच शनिवार को कई संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया। यह खुफिया जानकारी मिलने के बाद तलाश अभियान तेज कर दिया गया कि ऊंचाई वाले इलाकों में सक्रिय आतंकवादी सर्दियों के लिए मैदानी इलाकों में ठिकानों की खोज कर रहे हैं।
NOV 09, 2025 17:37 IST

शिवराज सिंह चौहान सोमवार को ओडिशा का दौरा करेंगे

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को ओडिशा का दौरा करेंगे, जहां वह कई आधिकारिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वह सुबह लोक सेवा भवन स्थित कन्वेंशन सेंटर में आयोजित “मंडिया दिवस” कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। बयान के अनुसार इसके बाद वह कटक के सदर क्षेत्र का दौरा करेंगे, जहां वह किसानों से बातचीत कर उनके अनुभव को सुनेंगे और उनके सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में जानेंगे। इसी के साथ वह कृषि नीतियों के संबंध में भी उनके सुझावों को लेंगे।
NOV 09, 2025 16:43 IST

छत्तीसगढ़ के सुकमा में आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ जवान घायल

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलियों द्वारा लगाए गए ‘इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस’ (आईईडी) में रविवार को विस्फोट होने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का एक जवान जख्मी हो गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना अपराह्न 1.45 बजे फुलबगड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोगुंडा के निकट पहाड़ियों में उस समय हुई जब सुरक्षाकर्मियों की एक टीम क्षेत्र में अभियान चला रही थी। उन्होंने बताया कि सीआरपीएफ की 74वीं बटालियन का जवान अनजाने में आईईडी पर चढ़ गया, जिससे विस्फोट हो गया और उसके पैर जख्मी हो गए। अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक उपचार के बाद घायल जवान को आगे के इलाज के लिए रायपुर ले जाया गया।
NOV 09, 2025 15:55 IST

मुकेश अंबानी ने तिरुपति मंदिर में पूजा-अर्चना की

रिलायंस समूह के प्रमुख मुकेश अंबानी ने रविवार को तिरुमला स्थित भगवान वेंकटेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की। तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के अधिकारियों ने अंबानी का स्वागत किया और बाद में उन्हें दर्शन के लिए ले गए। अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मुकेश अंबानी ने आज सुप्रभात सेवा के दौरान भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन किए। टीटीडी (तिरुपति तिरुमाला देवस्थानम) के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और उन्हें दर्शन कराए।’’ दर्शन के बाद पुजारियों ने उन्हें रेशमी वस्त्र पहनाकर सम्मानित किया और रंगनायकुला मंडपम में भगवान का प्रसाद भेंट किया।
NOV 09, 2025 15:09 IST

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड के 25वें स्थापना दिवस पर बधाई दी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को उत्तराखंड के लोगों को राज्य के 25वें स्थापना दिवस पर बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "पौराणिक परंपराओं की पावन धरा, पवित्र स्थलों से समृद्ध 'देवभूमि' उत्तराखंड राज्य के स्थापना दिवस की उत्तराखंड वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं!''
NOV 09, 2025 15:08 IST

बलात्कार के प्रयास के बाद घायल महिला की मौत

शिमला/हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश में 40 वर्षीय महिला की कथित बलात्कार के प्रयास का विरोध करने के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के कारण मौत हो जाने के बाद उसके परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने रविवार को कांगड़ा जिले में एक राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया और किशोर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
महिला की तीन नवंबर को कथित हमला होने के पांच दिन बाद शुक्रवार रात चंडीगढ़ के स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआई) में मौत हो गई।
NOV 09, 2025 11:19 IST

प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड के 25वें स्थापना दिवस पर राज्यवासियों को बधाई दी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तराखंड की स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर रविवार को राज्यवासियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य पर्यटन सहित हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि प्रकृति की गोद में बसी यह देवभूमि आज पर्यटन के साथ-साथ हर क्षेत्र में नयी रफ्तार से प्रगति कर रही है।
NOV 09, 2025 10:53 IST

केंद्र ने पश्चिमी घाट में वन उल्लंघन, भूस्खलन की चिंताओं के कारण येत्तिनाहोल परियोजना को मंजूरी टाली

केंद्र सरकार ने कर्नाटक की येत्तिनाहोल पेयजल परियोजना के तहत एक अहम नहर के घटक की कार्योत्तर मंजूरी टाल दी है। इसमें बड़े पैमाने पर अनधिकृत कार्य, जंगलों में मलबा डालना और वन्यजीवों व पर्यावरण के लिए गंभीर खतरे पाए गए हैं।
पर्यावरण मंत्रालय की सलाहकार समिति ने 27 अक्टूबर को अपनी बैठक में कहा कि ऐसी शिकायतें मिली हैं कि येत्तिनाहोल परियोजना के पहले चरण के कारण पहले ही बड़े पैमाने पर भूस्खलन हो चुका है और पारिस्थितिक रूप से संवेदनशील पश्चिमी घाटों को क्षति पहुंची है और उपयोगकर्ता एजेंसी के दावे के मुताबिक संबंधित जिलों में पेयजल भी उपलब्ध नहीं कराया जा सका है।
NOV 09, 2025 10:52 IST

बांग्लादेश पुलिस ने ढाका में अशांति की आशंका के बीच अभ्यास किया

बांग्लादेश पुलिस ने देश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के 13 नवंबर को होने वाले ‘ढाका लॉकडाउन’ कार्यक्रम से पहले राजधानी में प्रमुख स्थानों पर बड़े पैमाने पर समन्वित सुरक्षा अभ्यास किया है।
कई अखबारों ने ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (डीएमपी) के सूत्रों के हवाले से बताया कि अगले हफ्ते संभावित हिंसक विरोध प्रदर्शनों को रोकने के लिए शनिवार को लगभग 7,000 पुलिसकर्मियों ने अंतरिम सरकार प्रमुख मुहम्मद यूनुस के आवास समेत 142 स्थानों पर अभ्यास किया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ढाका में पुलिस की मौजूदगी बढ़ गई है जिससे 13 नवंबर को कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर राजधानी के निवासियों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
NOV 09, 2025 07:44 IST

बिहार चुनाव को लेकर दूसरे चरण के लिए प्रचार आज हो जाएगा खत्म

बिहार में विधानसभा चुनाव जारी है। इस बीच आज रविवार को दूसरे चरण के लिए चुनावी प्रचार थम जाएगा। सभी पार्टियां आज अंतिम बार शाम 6 बजे तक प्रचार कर सकेंगे और लोगों को लुभा सकेंगी। 11 नवंबर को दूसरे चरण के लिए वोटिंग होनी है। 122 सीटों पर यह वोटिंग होंगी, जो 22 जिलों के अंतर्गत आती हैं।
NOV 09, 2025 07:42 IST

अमेरिका में सबसे लंबे समय का सरकारी शटडाउन

रिकॉर्ड पर सबसे लंबे अमेरिकी सरकारी शटडाउन ने घरेलू गतिविधियों को ठप करने से कहीं ज्यादा नुकसान पहुंचाया है समुद्र पार यूरोप में, जहां अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर स्थानीय कर्मचारियों को इसका दर्द महसूस होने लगा है।

लगभग छह हफ्ते पहले शटडाउन शुरू होने के बाद से यूरोप में विदेशी ठिकानों पर काम करने वाले हजारों लोगों का वेतन रुका हुआ है। कुछ मामलों में, अमेरिकी ठिकानों की मेजबानी करने वाली सरकारों ने बिल का भुगतान करने के लिए आगे आकर उम्मीद जताई है कि अमेरिका अंततः इसकी भरपाई कर देगा। इटली और पुर्तगाल सहित अन्य जगहों पर लोग बिना वेतन के काम कर रहे हैं, क्योंकि वाशिंगटन में गतिरोध जारी है।
NOV 09, 2025 07:39 IST

इस्तांबुल में पाकिस्तान-अफगानिस्तान शांति वार्ता विफल

अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि इस्तांबुल में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच शांति वार्ता बिना किसी समझौते के समाप्त हो गई है। दोनों पक्षों ने सीमा पर तनाव कम करने और नाजुक युद्धविराम को कायम रखने के उद्देश्य से की गई वार्ता के विफल होने के लिए एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराया है।
NOV 09, 2025 07:38 IST

प्रधानमंत्री मोदी आज देहरादून जाएंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को उत्तराखंड के गठन की रजत जयंती समारोह में भाग लेने के लिए देहरादून जाएंगे। यह कार्यक्रम दोपहर लगभग 12:30 बजे होगा। अपनी यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री 8,140 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस समारोह के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी इस अवसर पर एक स्मारक डाक टिकट भी जारी करेंगे और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे।