LIVE

आज की ताजा खबरें 9 जून 2025: राजा रघुवंशी मर्डर केस में तीन गिरफ्तार, सोनम गिरफ्तार...ठाणे में लोकल ट्रेन से गिरने से 5 यात्रियों की मौत

अमित कुमार मंडलUpdated Jun 9, 2025, 23:42 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबरें 9 जून 2025: राजा रघुवंशी मर्डर केस में तीन गिरफ्तार, सोनम गिरफ्तार...ठाणे में लोकल ट्रेन से गिरने से 5 यात्रियों की मौत

आज की ताजा खबरें 9 जून 2025: राजा रघुवंशी मर्डर केस में तीन गिरफ्तार, सोनम गिरफ्तार...ठाणे में लोकल ट्रेन से गिरने से 5 यात्रियों की मौत

  • लॉस एंजिल्स में नेशनल गार्ड की तैनाती के बाद तनाव, विरोध-प्रदर्शन तेज
  • इजरायल ने ग्रेटा थनबर्ग और अन्य कार्यकर्ताओं को लेकर गाजा जा रही सहायता नाव को रोका
  • शशि थरूर के नेतृत्व में संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने अमेरिका की यात्रा पूरी की
  • राजा रघुवंशी मर्डर केस में तीन गिरफ्तार, सोनम गिरफ्तार
  • ठाणे में लोकल ट्रेन से गिरने से 5 यात्रियों की मौत

JUN 09, 2025 18:07 IST

लोकल ट्रेन से जुड़ा हादसा : कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना, वैष्णव के इस्तीफे की मांग की

कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख हर्षवर्धन सपकाल ने ठाणे जिले में हुए लोकल ट्रेन से जुड़े हादसे के लिए सोमवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के इस्तीफे की मांग की। इस हादसे में चार व्यक्तियों की मौत हो गई। कांग्रेस नेता सपकाल ने मृतकों के परिजनों के लिए 25-25 लाख रुपये के मुआवजे की भी मांग की।
JUN 09, 2025 18:05 IST

देहरादून में नाबालिग लड़के से कुकर्म करने का आरोपी गिरफ्तार

देहरादून जिले के सेलाकुई क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार को एक नाबालिग लड़के से कुकर्म करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यहां बताया कि इस संबंध में मिली तहरीर पर कार्रवाई करते हुए एक मुखबिर की सूचना पर 24 वर्षीय जितेंद्र कुमार को सेलाकुई क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, सेलाकुई निवासी एक व्यक्ति ने रविवार को पुलिस को दी गई शिकायत में कहा कि उसने आरोपी को अपनी गाय की देखभाल के लिए नौकरी पर रखा था जो उन्हीं के घर में रहता था। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने अपने मालिक के नाबालिग पुत्र को गौशाला में ले जाकर उससे कथित रूप से कुकर्म किया तथा इस बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
JUN 09, 2025 18:05 IST

पिंक लाइन मेट्रो स्टेशन पर धुआं, मेट्रो का परिचालन प्रभावित

दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन पर त्रिलोकपुरी-संजय लेक स्टेशन के तकनीकी कक्ष में धुआं निकलने के बाद एक हिस्से पर मेट्रो रेल का परिचालन सोमवार को बाधित हो गया। पिंक लाइन मेट्रो मजलिस पार्क से शिव विहार के बीच चलती है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के अनुसार, आज दिन में करीब 11:20 बजे धुंआ देखा गया, जिससे स्टेशन की सिग्नलिंग और स्वचालित किराया संग्रह (एएफसी) प्रणाली प्रभावित हुई।
JUN 09, 2025 15:12 IST

केरल तट के पास जहाज पर आग लगने की सूचना, बचाव अभियान जारी

सिंगापुर के ध्वजवाहक कंटेनर जहाज एमवी वान हाई 503 पर सोमवार सुबह केरल तट के पास आग लगने की सूचना मिलने के बाद चालक दल के सदस्यों को उससे निकाला जा रहा है। यह जानकारी एक रक्षा जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) ने दी। जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि जहाज एमवी वान हाई 503 पर सवार चालक दल के 22 सदस्यों में से 18 ने जहाज छोड़ दिया है और भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल द्वारा उनका बचाव अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा, जहाज में अभी आग लगी हुई है और वह बिना नियंत्रण के गतिमान है। रक्षा सूत्रों ने बताया कि भारतीय तटरक्षक जहाज सचेत, अर्नवेश, समुद्र प्रहरी, अभिनव, राजदूत और सी-144 बचाव अभियान में शामिल हैं। अधिकारियों ने पहले कहा था कि जहाज एमवी वान हाई 503 पर विस्फोट की सूचना मिली है, लेकिन बाद में स्पष्ट किया कि उस पर आग लगी है।
JUN 09, 2025 15:09 IST

दक्षिणी जापान में अमेरिका के एयरबेस पर हुए विस्फोट में चार सैनिक घायल

दक्षिणी जापान स्थित ओकिनावा द्वीप में अमेरिका के एक सैन्य अड्डे में युद्धकालीन बम के भंडारण स्थल पर हुए विस्फोट में जापान की सेना के चार जवान घायल हो गए। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जवानों की उंगलियों में चोटें आई हैं। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि यह विस्फोट उस समय हुआ जब ये जवान ओकिनावा प्रांत में उस भंडारण स्थल पर काम कर रहे थे जहां द्वीप पर मिले बिना फटे बम को संग्रहीत किया गया है। प्रांत के अधिकारियों ने बताया कि चोटें जानलेवा नहीं हैं, लेकिन कोई अन्य विवरण नहीं दिया।
JUN 09, 2025 14:59 IST

सिक्किम भूस्खलन: सेना के जवान का शव बरामद, पांच अन्य की तलाश जारी

उत्तरी सिक्किम के छातेन में इस माह की शुरुआत में एक सैन्य शिविर में भूस्खलन के बाद लापता हुए छह जवानों में से एक का शव सोमवार को मंगन जिले में बरामद किया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान सैनुद्दीन पी.के. के रूप में हुई है। मंगन के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सोनम देचू भूटिया ने बताया कि अन्य लापता लोगों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान जारी है। पुलिस अधीक्षक ने कहा, बचाव दलों ने सेना के जवान सैनुद्दीन पीके का शव बरामद कर लिया है जो एक जून को छातेन में एक सैन्य शिविर में भूस्खलन के बाद लापता हुए छह जवानों में से एक था। इसके अलावा, भूस्खलन में सेना के तीन जवानों की जान चली गई और चार अन्य घायल हो गए।
JUN 09, 2025 14:58 IST

दिल्ली: त्रिलोकपुरी संजय लेक मेट्रो स्टेशन पर लगी आग

दिल्ली के त्रिलोकपुरी संजय लेक मेट्रो स्टेशन के सर्वर रूम में सोमवार को पूर्वाह्न के समय आग लग गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि अग्निशमन विभाग को पूर्वाह्न 11.10 बजे आग लगने के बारे में सूचना मिली, जो संभवतः शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद हमने दमकल की चार गाड़ियां मौके पर भेजीं और अपराह्न एक बजकर 10 मिनट तक आग पर काबू पा लिया गया।
JUN 09, 2025 12:54 IST

पटना में अज्ञात हमलावरों की गोलीबारी में दंपति, बेटी घायल

बिहार की राजधानी पटना के आलमगंज इलाके में सोमवार को अज्ञात हमलावरों ने एक दंपति और उनकी बेटी को कथित तौर पर गोली मार कर घायल कर दिया। यह जानकारी पुलिस ने दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना सुबह करीब सवा नौ बजे आलमगंज थानाक्षेत्र के अरफाबाद नहर के पास हुई। सहायक पुलिस अधीक्षक (पटना सिटी) अतुलेश झा ने बताया, पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें नजदीकी सरकारी अस्पताल ले गई। जहां व्यक्ति की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है, वहीं उसकी पत्नी और बेटी की हालत गंभीर है। झा ने बताया कि घटना का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है तथा आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाश शुरू कर दी गई है। रविवार को पटना के धनरुआ इलाके में जमीन विवाद को लेकर बदमाशों द्वारा कथित तौर पर गोली चलाने से एक उपनिरीक्षक और उसके बेटे समेत तीन लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने बताया कि घायल उपनिरीक्षक की पहचान मनोज सिंह के रूप में हुई है और वह सहरसा जिले में तैनात हैं। पुलिस ने बताया कि उनका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
JUN 09, 2025 12:16 IST

दुनिया का सबसे बड़ा कंटेनर जहाज विझिंजम बंदरगाह पहुंचा

दुनिया का सबसे बड़ा कंटेनर जहाज एमएससी इरिना सोमवार सुबह विझिंजम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह पर पहुंचा। बंदरगाह के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। जहाज मंगलवार तक यहां रहेगा।
यह जहाज सोमवार सुबह आठ बजे विझिंजम पहुंचा। यहां पहुंचने पर उसका स्वागत पारंपरिक जल सलामी के साथ किया गया। एमएससी इरिना का आगमन नए गहरे पानी वाले बंदरगाह के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इसका औपचारिक उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दो मई को किया था। करीब 24,346 टीईयू (बीस फुट समतुल्य इकाई) की वहन क्षमता वाला यह विशाल जहाज वैश्विक व्यापार के बढ़ते पैमाने और इसमें भारत की बढ़ती भूमिका का प्रतीक है।
JUN 09, 2025 12:02 IST

मोदी सरकार के 11 साल का समय जनसेवा के संकल्प, साधना और समर्पण का स्वर्णिम कालखंड, बोले अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि मोदी सरकार के 11 साल का समय जनसेवा के संकल्प, साधना और समर्पण का स्वर्णिम कालखंड रहा है। शाह ने कहा कि यह नया भारत रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म की शक्ति के साथ विकास और आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देशवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाकर भारत को हर क्षेत्र में नंबर 1 बनाने की यह यात्रा जारी रहेगी। उन्होंने एक्स पर लिखा, मोदी सरकार के 11 साल का समय जनसेवा के संकल्प, साधना और समर्पण का स्वर्णिम कालखंड रहा है। सेवा के 11 वर्षों में देश ने आर्थिक पुनरुत्थान, सामाजिक न्याय, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय सुरक्षा का एक नया युग देखा है। मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला साल सोमवार को पूरा हो रहा है। गृह मंत्री ने कहा, मोदी सरकार ने यह सिद्ध कर दिया है कि जब नेतृत्व स्पष्ट हो, संकल्प अडिग हो और नीयत जनसेवा की हो तो सेवा, सुरक्षा और सुशासन के नए कीर्तिमान बनते हैं।
JUN 09, 2025 11:41 IST

छत्तीसगढ़ : सुकमा में प्रेशर बम की चपेट में आकर एएसपी की मौत, सुरक्षाकर्मी घायल

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में प्रेशर बम की चपेट में आकर कोंटा क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आकाश राव गिरीपुंजे गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान उनकी जान चली गई। इस घटना में अन्य पुलिस अधिकारी और जवान भी घायल हुए हैं। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जिले के कोंटा क्षेत्र के अंतर्गत कोंटा-एर्राबोरा मार्ग पर डोंड्रा गांव के करीब प्रेशर बम की चपेट में आकर एएसपी गिरीपुंजे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि गिरीपुंजे को अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 10 जून को बंद आयोजित किये जाने की घोषणा को देखते हुए कोंटा क्षेत्र के एएसपी गिरीपुंजे और अन्य पुलिस अधिकारी और जवान पैदल गश्त में निकले थे।
JUN 09, 2025 11:42 IST

ठाणे जिले में कई यात्रियों के ट्रेन से गिरने से 5 लोगों की मौत

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सोमवार की सुबह यात्रियों से भरी एक चलती ट्रेन से गिरकर कम से कम 5 यात्रियों के मारे जाने की आशंका है। यहां पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि हादसे में कई यात्री घायल हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि घटना जिले के मुंब्रा स्टेशन के पास हुई। ठाणे राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अर्चना दुसाने ने बताया कि उन्हें सूचना मिली और वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि कुछ यात्री भीड़ से भरी ट्रेन से गिर गए। उसी वक्त बगल की पटरी से एक मेल/एक्सप्रेस ट्रेन भी गुजर रही थी। अधिकारी ने बताया कि हादसे में तीन यात्रियों के मारे जाने की आशंका है।
JUN 09, 2025 10:15 IST

ट्रंप का नया यात्रा प्रतिबंध आदेश लागू

आव्रजन उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई के कारण तनाव के बीच ट्रंप का नया यात्रा प्रतिबंध 12 देशों के नागरिकों के लिए प्रभाव में आया।
JUN 09, 2025 09:00 IST

लॉस एंजिल्स में भारी संख्या में नेशनल गार्ड तैनात

JUN 09, 2025 08:34 IST

सोनम रघुवंशी ही अपने पति राजा रघुवंशी की कातिल- पुलिस का दावा

Sonam Raghuvanshi Arrested: मेघालय में 17 दिन से लापता सोनम रघुवंशी ही अपने पति राजा रघुवंशी की कातिल निकली। उसने सुपारी देकर राजा की हत्या करवाई थी। मेघालय डीजीपी ने आज ये सनसनीखेज खुलासा कर हर किसी को हैरान कर दिया। डीजीपी आई नोंग्रांग ने सोमवार सुबह बताया कि इंदौर के पर्यटक राजा रघुवंशी की हत्या कथित तौर पर मेघालय में हनीमून के दौरान उनकी पत्नी सोनम ने सुपारी देकर कराई थी। डीजीपी ने बताया कि सोनम ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया, जबकि तीन अन्य हमलावरों को रात भर की छापेमारी में गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति को उत्तर प्रदेश से पकड़ा गया, जबकि दो अन्य आरोपियों को एसआईटी ने इंदौर से पकड़ा।
JUN 09, 2025 07:59 IST

गैंगस्टर भगवानपुरिया का करीबी सहयोगी पंजाब में पकड़ा गया

पंजाब पुलिस की गैंगस्टर विरोधी कार्यबल ने गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के करीबी सहयोगी को बटाला के घुमान में पिछले महीने हुई गोलीबारी की घटना के सिलसिले में पकड़ा है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि आरोपी की पहचान गुरदासपुर के अथवाल गांव निवासी नीलसन मसीह उर्फ सन्नी के रूप में हुई है। घुमान-श्री हरगोबिंदपुर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के बाहर 26 मई को हुई गोलीबारी में गुरप्रीत सिंह गोरा उर्फ गोरा बरियार की मौत हो गई थी और बिल्ला मंडियाला घायल हो गया था। डीजीपी यादव ने बताया कि पूछताछ में मसीह के जग्गू भगवानपुरिया के संपर्क में होने की बात सामने आई है।
JUN 09, 2025 07:59 IST

एनसीबी ने एक अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी मामले में 9.20 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क

एनसीबी ने अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह से जुड़े एक मामले में उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक मुख्य आरोपी के एक फ्लैट और फैक्टरी परिसर को कुर्क किया है, जिनकी कुल कीमत 9.20 करोड़ रुपये है। यह मामला वर्ष 2024 में सामने आए एक अंतरदेशीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़ा है, जिसका संबंध मैक्सिकन मादक पदार्थ तस्करी गिरोह से है। संघीय मादक पदार्थ रोधी एजेंसी ने रविवार को एक बयान में कहा कि ‘स्मगलर्स एंड फॉरेन एक्सचेंज मैनिपुलेटर्स (फॉरफीचर ऑफ प्रॉपर्टी) एक्ट’ और स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत गठित सक्षम प्राधिकरण एवं प्रशासक से हाल में इस कुर्की के लिए मंजूरी ली गई है। यह मामला अक्टूबर 2023 में नोएडा में 95 किलोग्राम से अधिक ‘एम्फेटामिन’ की बरामदगी और एक गुप्त मादक पदार्थ निर्माण प्रयोगशाला के भंडाफोड़ से जुड़ा है।
JUN 09, 2025 07:59 IST

शशि थरूर के नेतृत्व में संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने अमेरिका की यात्रा पूरी की

बहुदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने उपराष्ट्रपति जे डी वेंस और उप विदेश मंत्री क्रिस्टोफर लैंडौ सहित राजनीतिक और कूटनीतिक नेताओं से मुलाकात के बाद अमेरिका की अपनी यात्रा पूरी की। डेलिगेशन ने पाकिस्तान की ओर से फैलाए जा रहे आतंकवाद से निपटने के लिए भारत के दृढ़ संकल्प को लोगों तक पहुंचाया। कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल प्रमुख वार्ताकारों को ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी देने के लिए कई देशों की यात्रा के अंतिम चरण में था। यह प्रतिनिधिमंडल उन सात बहु-पक्षीय प्रतिनिधिमंडलों में से एक था, जिन्हें भारत ने आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान को बेनकाब करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय तक अपनी बात पहुंचाने के लिए 33 देशों का दौरा करने का काम सौंपा था। यह समूह 3 जून को अमेरिकी राजधानी पहुंचा और तीन दिनों के दौरान कैपिटल हिल के साथ-साथ वाशिंगटन में भी कई बैठकें कीं, जिसमें अमेरिकी सरकारी अधिकारियों और सांसदों को सीमा पार आतंकवाद पर भारत के रुख के बारे में जानकारी दी गई।
JUN 09, 2025 08:45 IST

इजरायल ने ग्रेटा थनबर्ग और अन्य कार्यकर्ताओं को लेकर गाजा जा रही सहायता नाव को रोका

इजराइल के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि ग्रेटा थनबर्ग और अन्य कार्यकर्ताओं को लेकर गाजा जा रही सहायता नाव को इजराइल की ओर मोड़ दिया गया है। एक्स पर एक पोस्ट में मंत्रालय ने कहा कि नाव सुरक्षित रूप से इजराइल के तटों की ओर बढ़ रही है। इसने आगे कोई विवरण दिए बिना कहा कि यात्रियों के अपने देश लौटने की उम्मीद है।
JUN 09, 2025 08:47 IST

लॉस एंजिल्स में नेशनल गार्ड की तैनाती के बाद तनाव, विरोध-प्रदर्शन तेज

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा गवर्नर और मेयर की आपत्तियों के बावजूद नेशनल गार्ड की असाधारण तैनाती के विरोध में रविवार को लॉस एंजिल्स में प्रदर्शनकारियों पर सुरक्षाबलों ने आंसू गैस और रबर की गोलियां चलाईं। यह झड़पें इस इलाके में अवैध आव्रजन के खिलाफ ट्रंप द्वारा नेशनल गार्ड की तैनाती और विरोध-प्रदर्शनों के तीसरे दिन हुईं। यहां 300 सैनिकों की तैनाती ने लोगों में गुस्सा और डर पैदा कर दिया। दोपहर तक सैकड़ों लोग लॉस एंजिल्स के डाउनटाउन में मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर के बाहर जमा हो गए थे, जहां पहले के आव्रजन छापों के बाद लोगों को हिरासत में लिया गया था। प्रदर्शनकारियों ने नेशनल गार्ड के सदस्यों के खिलाफ "शर्म करो" और "घर जाओ" के नारे लगाए।