LIVE

आज की ताजा खबर: सुप्रीम कोर्ट ने यूजीसी के नए नियमों पर लगाई रोक; संसद में आर्थिक सर्वेक्षण पेश...जानिए अहम खबरें

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [अजित पवार प्लेन क्रैश][संसद का बजट सत्र], [भारत-ईयू डील], [डोनाल्ड ट्रंप] [उत्तर भारत शीतलहर] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए यूजीसी के नए नियमों पर रोक लगा दी है। साथ ही सरकार को नोटिस भी जारी किया है। मामले की अगली सुनवाई 19 मार्च को होगी। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजित पवार का प्लेन बुधवार सुबह बारामती में क्रैश हो गया। इस क्रैश में अजित पवार समेत सभी पांच लोगों की मौत हो गई है। अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई दुखद मृत्यु के मामले में जांच टीम को बड़ी सफलता मिली है। दुर्घटनास्थल से विमान का ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है। वहीं, अजित पवार का अंतिम संस्कार 29 जनवरी गुरूवार को 11 बजे विद्या प्रतिष्ठान, विद्यानगरी चौक, बारामती में किया गया। अजीत पवार का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन लिए रखा गया था और अंतिम यात्रा सुबह 9 बजे निकली। इसमें अमित शाह और नितिन नबीन भी शामिल हुए। उधर, बुधवार को उत्तरपूर्वी कोलंबिया के नॉर्टे डी सैंटेंडर प्रांत के ग्रामीण इलाके में एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 15 लोगों की मौत हो गई।

अमित कुमार मंडलUpdated Jan 29, 2026, 17:14 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर: सुप्रीम कोर्ट ने यूजीसी के नए नियमों पर लगाई रोक; संसद में आर्थिक सर्वेक्षण पेश...जानिए अहम खबरें

आज की ताजा खबर: सुप्रीम कोर्ट ने यूजीसी के नए नियमों पर लगाई रोक; संसद में आर्थिक सर्वेक्षण पेश...जानिए अहम खबरें

  • सुप्रीम कोर्ट ने यूजीसी के नए नियमों पर लगाई रोक
  • राजकीय सम्मान के साथ अजित पवार का अंतिम संस्कार संपन्न
  • दुर्घटनास्थल से विमान का ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है
  • कोलंबिया में विमान हादसा, सवार सबी 15 की मौत

JAN 29, 2026 17:14 IST

साध्वी की 'संदिग्ध मौत' की जांच की मांग को लेकर श्रद्धालुओं ने प्रदर्शन किया

राजस्थान के जोधपुर में एक महिला धार्मिक उपदेशक की अपने आश्रम में 'बुखार' के उपचार के दौरान कथित तौर पर 'अचेत' होने के बाद मौत हो गई जिसके बाद श्रद्धालु आक्रोशित हो उठे और उन्होंने अचानक और 'संदिग्ध मृत्यु' की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साध्वी की मृत्यु के बाद बुधवार शाम को उनके आधिकारिक 'इंस्टाग्राम हैंडल' पर पोस्ट किए गए एक कथित आत्महत्या नोट से उनकी मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए।
सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी)-पश्चिम छवि शर्मा ने बताया कि 25 वर्षीय साध्वी को उसके पिता और एक युवक शाम करीब छह बजे कार में एक निजी अस्पताल लेकर आए थे। अधिकारी ने बताया कि जांच के बाद चिकित्सकों ने साध्वी को मृत घोषित कर दिया।

एसीपी ने कहा, ‘‘हमने शव को सरकारी अस्पताल ले जाने की व्यवस्था कर ली है, जहां आज पोस्टमार्टम किया जाएगा। ’’ उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि साध्वी को बुखार था और इंजेक्शन लगाने के लिए आश्रम में एक कंपाउंडर को बुलाया गया था, जिसके बाद वह अचेत हो गईं। पुलिस ने बताया कि साध्वी ने आश्रम में ही दवाइयां ली थीं।
JAN 29, 2026 16:30 IST

दक्षिण अफ्रीका में भीषण सड़क हादसा, 11 लोगों की हुई मौत

दक्षिण अफ्रीका में एक मिनीबस टैक्सी और ट्रक की टक्कर में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है।
JAN 29, 2026 16:26 IST

एशिया का सबसे स्वच्छ गांव इस दिन रहेगा बंद

मेघालय के पूर्वी खासी जिले में स्थित मावलीनांग अब से प्रत्येक रविवार को पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। मावलीनांग को एशिया के सबसे स्वच्छ गांव के तौर पर जाना जाता है। स्थानीय अधिकारियों ने मावलीनांग में सप्ताह में एक दिन पर्यटक संबंधी सभी गतिविधियों को निलंबित करने का निर्णय लिया है। ‘डोरबार’ या ग्राम परिषद ने रेखांकित किया कि रविवार अधिकतर लोगों के लिए धार्मिक अनुष्ठान का दिन होता है और कहा कि इसके मद्देनजर मावलीनांग अब आगुंतकों के लिए सोमवार से शनिवार तक ही खुला रहेगा। डोरबार ने एक बयान में कहा, ‘‘जनवरी 2026 से मावलीनांग गांव पर्यटकों और आगंतुकों के लिए सप्ताह में एक दिन रविवार को बंद रहेगा। यह स्थान केवल कार्यदिवसों में खुला रहेगा।’’
JAN 29, 2026 15:23 IST

छत्तीसगढ़: बीजापुर में पुलिस के साथ मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गए

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में दो नक्सलियों को मार गिराया। पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जिले के दक्षिणी हिस्से के जंगल में आज सुबह सात बजे गोलीबारी शुरू हुई, जब ‘डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड’ (डीआरजी) की एक टीम इलाके में हथियारबंद माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। उन्होंने बताया कि अब तक मुठभेड़ स्थल से दो माओवादियों के शवों के साथ एक एके 47 राइफल, एक 9एमएम पिस्टल, अन्य हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि इलाके में अभियान अभी भी जारी है। इस कार्रवाई के साथ, इस साल अब तक राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ों में कम से कम 22 माओवादी मारे जा चुके हैं।
JAN 29, 2026 14:36 IST

इंडोनेशिया के पूर्व राष्ट्रपति ने तिरुपति मंदिर में की पूजा-अर्चना

इंडोनेशिया के पूर्व राष्ट्रपति जोको विडोडो ने गुरुवार को तिरुमला स्थित भगवान वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के अधिकारियों ने विडोडो का स्वागत किया और बाद में उन्हें मंदिर में दर्शन के लिए ले गए। अधिकारी ने कहा, इंडोनेशिया के सातवें राष्ट्रपति (विडोडो) ने भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन किए और उनका स्वागत टीटीडी के अधिकारियों ने किया। दर्शन के बाद टीटीडी के अधिकारियों ने उन्हें रेशमी वस्त्र और प्रसाद भेंट किया तथा रंगनायकुला मंडपम में भगवान वेंकटेश्वर की एक तस्वीर प्रदान की।
JAN 29, 2026 14:10 IST

शशि थरूर ने की खड़गे और राहुल से मुलाकात

Shashi Tharoor: केरल से कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सांसद राहुल गांधी से मुलाकात की। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, शशि थरूर की लंबे समय से ये मांग थी कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात कर अपनी कुछ चिंताओं और शिकायतों को उनके सामने रख सकें। ये मुलाकात संसद भवन में हुई। खड़गे और राहुल गांधी के साथ बैठक के बाद शशि थरूर ने कहा कि मैं किसी भी पद का उम्मीदवार नहीं हूं। मैं पार्टी के लिए लगातार प्रचार कर रहा हूं। मैं पूरी तरह, बहुत-बहुत संतुष्ट हूं।
JAN 29, 2026 13:45 IST

किस स्टोरी को आप 'चक्रVIEW' में लीड स्टोरी देखना चाहते हैं?

JAN 29, 2026 13:38 IST

पूरे राजकीय सम्मान के साथ अजित पवार का अंतिम संस्कार किया गया

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का अंतिम संस्कार गुरुवार को पुणे जिले के बारामती में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। केंद्रीय मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार और भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन पुणे से लगभग 100 किलोमीटर दूर बारामती के विद्या प्रतिष्ठान मैदान में 66 वर्षीय राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी इस दौरान उपस्थित थे, साथ ही अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा, जो राज्यसभा सदस्य हैं और उनके बेटे पार्थ एवं जय भी मौजूद थे। बारामती से लोकसभा सदस्य एवं अजित पवार की चचेरी बहन सुप्रिया सुले और राकांपा के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रफुल्ल पटेल भी उपस्थित थे। अजित पवार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए हजारों लोग एकत्रित हुए और जब उनके पार्थिव शरीर को राष्ट्रीय ध्वज में लपेटकर उनके गांव काटेवाडी से विद्या प्रतिष्ठान के मैदान में लाया गया तो लोगों ने ‘अजित दादा अमर रहे’ के नारे लगाए। शाह, गडकरी, नवीन, फडणवीस, केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, एकनाथ शिंदे, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुशीलकुमार शिंदे और आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश सहित कई नेताओं ने पवार के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। पार्थ और जय ने अपने पिता की चिता को मुखाग्नि दी।
JAN 29, 2026 13:09 IST

सुप्रीम कोर्ट ने UGC के नए नियमों पर रोक लगाई

सुप्रीम कोर्ट ने UGC के नए नियम पर रोक लगा दी है। शीर्ष अदालत ने यूजीसी के नए नियम को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर नोटिस जारी किया है।
सुप्रीम कोर्ट में यूजीसी के नए नियमों के खिलाफ मामले पर आज सुनवाई शुरू हुई। इस दौरान वकील विष्णु शंकर जैन ने कहा कि हम यूजीसी के रेगुलेशन के सेक्शन 3 c को चैलेंज कर रहे जिसमें जातिगत भेदभाव की बात की गई है। उन्होंने कहा कि जो परिभाषा रेगुलेशन में भेदभाव की दी गई है वो पूरी तरह से सही नहीं है। संविधान के विपरीत है। संविधान के मुताबिक भेदभाव देश के सभी नागरिकों से जुड़ा है। लेकिन यूजीसी का कानून सिर्फ विशेष वर्ग के प्रति भेदभाव की बात करता है। सुप्रीम कोर्ट ने पहले जो भी आदेश दिया है ये उस भावना के खिलाफ है। इससे समाज में वैमनस्य बढ़ेगा। ये संविधान में दिए गए समानता के सिद्धांत के खिलाफ है।
JAN 29, 2026 12:19 IST

संसद में इकोनॉमिक सर्वे (आर्थिक सर्वेक्षण) 2025-26 पेश किया गया

Economic Survey 2026: बजट सत्र के दूसरे दिन, गुरुवार (29 जनवरी) को संसद के पटल पर इकोनॉमिक सर्वे (आर्थिक सर्वेक्षण) 2025-26 पेश किया गया। यह दस्तावेज सरकार का वह आधिकारिक रिपोर्ट कार्ड है, जो बताता है कि पिछले एक साल में देश की अर्थव्यवस्था ने कैसा प्रदर्शन किया है और आने वाले समय में हमारी विकास की रफ्तार क्या रहने वाली है। इकोनॉमिक सर्वे पिछले वित्त वर्ष की अर्थव्यवस्था का कच्चा चिट्ठा होता है। इसमें जीडीपी (GDP) ग्रोथ, महंगाई दर, रोजगार के आंकड़े, विदेशी मुद्रा भंडार और राजकोषीय घाटे जैसी महत्वपूर्ण जानकारियों का विस्तार से विश्लेषण किया जाता है। यह रिपोर्ट बताती है कि भारत की आर्थिक सेहत फिलहाल कैसी है।
JAN 29, 2026 12:19 IST

बीजापुर जिले में नक्सलियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच मुठभेड़

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच मुठभेड़ छिड़ गई: अधिकारी।
JAN 29, 2026 12:01 IST

भाजपा पार्षद सौरभ जोशी चंडीगढ़ के नए महापौर चुने गए

गुरुवार को हुए मतदान में भाजपा पार्षद सौरभ जोशी चंडीगढ़ नगर निगम के नए महापौर चुने गए। तीन-कोणीय मुकाबले में जोशी को 18 वोट मिले, आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार योगेश ढिंगरा को 11 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के गुरप्रीत सिंह गाबी को सात वोट मिले। मतदान गुप्त मतदान की पूर्व पद्धति के बजाय हाथ उठाकर कराया गया। पार्षदों ने हाथ उठाने के बाद मौखिक रूप से भी अपनी सहमति दी। मनोनीत पार्षद रामनीक सिंह बेदी को चुनाव का पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया। चंडीगढ़ नगर निगम के 35 सदस्यीय सदन में भाजपा के 18 पार्षद, आम आदमी पार्टी के 11 और कांग्रेस के छह पार्षद हैं। चंडीगढ़ के सांसद को 35 सदस्यीय नगर निगम के पदेन सदस्य होने के नाते मतदान का अधिकार भी प्राप्त है। कांग्रेस के मौजूदा सांसद मनीष तिवारी ने अपनी पार्टी के उम्मीदवार गुरप्रीत सिंह गाबी के समर्थन में हाथ उठाया।
JAN 29, 2026 11:07 IST

लैंड फॉर जॉब मामले में लालू यादव परिवार की पेशी

लैंड फॉर जॉब के सीबीआई के मामले में मीसा भारती और हेमा यादव के अलावा परिवार का कोई सदस्य कोर्ट रूम नहीं पहुंचा..वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पेश होकर व्यक्तिगत पेशी से मांगी छूट। लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव, तेजप्रताप यादव ने आज व्यक्तिगत पेशी से छूट की अर्जी लगाई। लालू प्रसाद यादव और राबड़ी ने अत्यधिक उम्र तो तेजस्वी यादव ने खराब सेहत के आधार पर मांगी पेशी से छूट मांगी। कोर्ट ने सभी आरोपियों को आज पेशी से छूट दे दी। वहीं मीसा और राबड़ी ने आरोपों को नकारते हुए कहा कि वो ट्रायल का सामना करना चाहेंगी। कोर्ट ने लालू परिवार के बाकी सदस्यों को इजात दी कि वे फरवरी में ( 1-25 फरवरी) के बीच कभी भी कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से पेश हो सकते है ताकि उनके खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप तय किए जा सके। उन्हें पेशी से एक दिन पहले कोर्ट को इसकी जानकारी देनी होगी। 9 मार्च से लैंड फॉर जॉब से जुड़े सीबीआई के मामले में ट्रायल डे टू डे के आधार पर रॉउज एवन्यू कोर्ट में सुनवाई शुरू की जाएगी।
JAN 29, 2026 10:42 IST

संसद सत्र से पहले पीएम मोदी ने कही अहम बातें

संसद सत्र में आज आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा। इसे पेश करने से पहले पीएम मोदी ने संसद परिसर में कहा- निर्मला सीतारमण लगातार 9वीं बार बजट पेश करेंगी। ये सत्र बहुत ही महत्वपूर्ण है। भारत आज दुनिया के आकर्षण का केंद्र है। यूरोपियन यूनियन के साथ मदर ऑफ ऑल डील हुई है। अब बहुत बड़ा बाजार खुल गया है, सस्ते में हमारा माल पहुंच जाएगा। ये अवसर है और इसका पहला मंत्र है कि हम गुणवत्ता पर ध्यान दें। अगर उत्तम गुणवत्ता लेकर जाते हैं तो हम यूरोपियन देशों के 27 देशों का दिल जीत लेंगे। 27 देशों के साथ हुआ ये समझौता हमारे देश के मछुआरों, किसानों, युवाओं के लिए बहुत बड़ा अवसर लेकर आया है।
JAN 29, 2026 10:31 IST

आरजेडी सांसद मीसा भारती और उनकी बहन हेमा यादव, नौकरी के बदले जमीन मामले में आरोप तय होने के लिए दिल्ली के राउज़ एवेन्यू कोर्ट पहुंचीं।

JAN 29, 2026 10:14 IST

रुपया शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले सर्वकालिक निचले स्तर 92.00 पर

रुपया गुरुवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सर्वकालिक निचले स्तर 92.00 पर पहुंच गया। डॉलर की स्थिर मांग और वैश्विक स्तर पर सतर्कता के माहौल से घरेलू मुद्रा दबाव में रही। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि बढ़ती भूराजनीतिक अनिश्चितता ने जोखिम से बचने की प्रवृत्ति को बढ़ा दिया जिससे उभरते बाजारों की मुद्राओं पर दबाव बना हुआ है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 91.95 प्रति डॉलर पर खुला। इसके बाद महीने के अंत में डॉलर की बढ़ती मांग के बीच डॉलर के मुकाबले 92 पर लुढ़क गया जो अपने पिछले बंद भाव से एक पैसा कम है। रुपया बुधवार को 31 पैसे टूटकर डॉलर के मुकाबले अपने अब तक के सबसे निचले स्तर 91.99 पर पहुंच गया था। इससे पहले रुपया 23 जनवरी को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सर्वकालिक निचले स्तर 92 पर पहुंचा था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ 96.16 पर रहा। घरेलू शेयर बाजार के मोर्चे पर सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 343.67 अंक टूटकर 82,001.01 अंक पर जबकि निफ्टी 94.2 अंक फिसलकर 25,248.55 अंक पर पहुंच गया।
JAN 29, 2026 09:23 IST

बारामती में अजित पवार के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे अमित शाह

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार को पुणे जिले के बारामती में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने बताया कि अंतिम संस्कार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। पवार (66) का अंतिम संस्कार विद्या प्रतिष्ठान के खेल मैदान में पूर्वाह्न करीब 11 बजे किया जाएगा। इससे पहले अंतिम यात्रा सुबह नौ बजे शुरू होगी। पुणे से करीब 100 किलोमीटर दूर बारामती हवाई पट्टी के पास बुधवार सुबह एक ‘लियरजेट’ विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से अजित पवार की मृत्यु हो गई थी। इस हादसे में दो पायलट, एक विमान परिचारक और एक निजी सुरक्षा अधिकारी की भी जान चली गई। गुरुवार सुबह अजित पवार के पार्थिव देह को पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी अस्पताल, बारामती से उनके काटेवाडी गांव ले जाया गया। इस बीच, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता उद्धव ठाकरे और उनके बेटे आदित्य ठाकरे ने गुरुवार को बारामती स्थित पवार परिवार के आवास पर जाकर शोक संवेदना व्यक्त की। बुधवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी अस्पताल जाकर परिजनों से मुलाकात की थी। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इस विमान दुर्घटना के संबंध में दुर्घटनावश मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज की है।
JAN 29, 2026 09:02 IST

दिल्ली मंगोलपुरी इलाके में एक शख्स की चाकुओं से गोदकर हत्या

दिल्ली मंगोलपुरी इलाके में एक शख्स की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक का नाम मोहित है, वह जागरण में झांकी का काम किया करता था। बताया जा रहा है कुछ लड़कों ने आपसी रंजिश में चाकू के कई वार करके उसे मौत के घाट उतारा। मौके पर पुलिस टीम जांच सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
JAN 29, 2026 08:34 IST

रुबियो ने वेनेजुएला में ट्रंप प्रशासन की कार्रवाई का बचाव किया

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो बुधवार को सीनेट की विदेश संबंध समिति के समक्ष उपस्थित हुए और उन्होंने वेनेजुएला में ट्रंप प्रशासन की हालिया सैन्य कार्रवाइयों का बचाव करते हुए ईरान पर अमेरिकी रुख स्पष्ट किया। रुबियो ने कहा कि वेनेजुएला के नेता निकोलस मादुरो को पकड़ने का अमेरिकी अभियान युद्ध का कार्य नहीं था और उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वाशिंगटन देश में आगे कोई सैन्य कार्रवाई करने की योजना नहीं बना रहा है। उन्होंने सांसदों से कहा, हम किसी भी प्रकार की सैन्य कार्रवाई के लिए तैयार नहीं हैं और न ही ऐसी कोई उम्मीद रखते हैं। उन्होंने आगे कहा कि अतिरिक्त हमले वेनेजुएला को स्थिर करने और लोकतांत्रिक परिवर्तन का समर्थन करने के दीर्घकालिक प्रयासों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
JAN 29, 2026 07:28 IST

कोलंबिया में विमान हादसा, 15 की मौत


बुधवार को उत्तरपूर्वी कोलंबिया के नॉर्टे डी सैंटेंडर प्रांत के ग्रामीण इलाके में एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 15 लोगों की मौत हो गई। विमान का संचालन करने वाली सरकारी एयरलाइन सतेना ने बताया कि कुरासिका समुदाय के स्थानीय अधिकारियों ने अधिकारियों को विमान दुर्घटनास्थल की सूचना दी और यात्रियों की स्थिति का आकलन करने के लिए एक बचाव दल भेजा गया।