LIVE
हिंदी समाचार, 21 अप्रैल 2024 : एक महीने में तीसरी बार बिहार आयेंगे PM Modi, आतिशी का दावा BJP के कहने पर केजरीवाल को नहीं दी जा रही इंसुलिन
हिंदी न्यूज़ 21 अप्रैल 2024 और बड़ी खबरें: लोकसभा चुनाव 2024 दूसरे चरण के मतदान 26 अप्रैल को होंगे। संयोग से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 अप्रैल को तीसरे-चौथे चरण के मतदान से पहले जनसभा को संबोधित करने के लिए बिहार पहुंचेंगे। एक महीने में ये तीसरी बार पीएम मोदी बिहार के दौरे पर होंगे। कांग्रेस की प्रमुख नेता प्रियंका गांधी आज कांकेर और राजनांदगांव में लोकसभा चुनाव की रैली करेगी। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के शिया बहुल इलाके में शनिवार को एक ‘स्टिकी बम’ के फटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन ज़ख्मी हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। बम को एक कार पर लगाया गया था और विस्फोट होने से कार चालक की मौत हो गई। आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरों को ताजा अपडेट्स...
MI vs RR Live Score
APR 21, 2024 19:05 IST
राजीव चंद्रशेखर के खिलाफ दुष्प्रचार के आरोप में थरूर के खिलाफ मामला दर्ज
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं तिरुवनंतपुरम लोकसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार शशि थरूर पर केंद्रीय मंत्री एवं प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार राजीव चंद्रशेखर के खिलाफ दुष्प्रचार के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। यह मामला यहां साइबर पुलिस ने 15 अप्रैल को दर्ज किया था, लेकिन इसका विवरण आज उपलब्ध हो पाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, थरूर के खिलाफ मामला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता जे. आर पद्मकुमार की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था, जिन्होंने कांग्रेस नेता पर एक टेलीविजन कार्यक्रम के दौरान चंद्रशेखर के खिलाफ दुष्प्रचार का आरोप लगाया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम के दौरान थरूर ने आगामी लोकसभा चुनाव में तटीय क्षेत्रों के मतदाताओं को प्रभावित करने के संबंध में चंद्रशेखर के खिलाफ अपमानजनक बयान दिया था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामला भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 171-जी और 500 तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की धारा 65 के तहत दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि मामले में जांच चल रही है। आईपीसी की धारा 177जी चुनाव के संबंध में गलतबयानी से जुड़ी है, जबकि धारा 500 मानहानि से संबंधित है। तिरुवनंतपुरम लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे थरूर ने मामले के दर्ज होने पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
APR 21, 2024 18:43 IST
पंजाब: अमृतसर में एक व्यक्ति ने गर्भवती पत्नी को जिंदा जलाया
पंजाब में अमृतसर के बाबा बकाला इलाके के बुल्ले नांगल गांव में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी 23-वर्षीया गर्भवती पत्नी को बिस्तर से बांधकर जिंदा जला दिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को सुखदेव सिंह ने अपनी पत्नी से झगड़े के बाद उसे जलाकर मार डाला। उसने बताया कि सुखदेव ने अपनी पत्नी पिंकी को बिस्तर से बांध दिया और आग लगा दी। पिंकी छह महीने की गर्भवती थी और उसे जुड़वा संतान होने की उम्मीद थी। गांव के सरपंच ने पुलिस को इस घटना की सूचना दी, लेकिन जब तक पुलिस पीड़िता के घर तक पहुंचती तब तक उसकी जलने से मौत हो चुकी थी। पुलिस ने कहा कि सुखदेव को गिरफ्तार कर उस पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। सुखदेव और पिंकी की शादी करीब ढाई साल पहले हुई थी।
APR 21, 2024 14:32 IST
सूरत लोस सीट से कांग्रेस उम्मीदवार कुम्भणी का नामांकन पत्र खारिज
सूरत लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार नीलेश कुम्भणी का नामांकन पत्र रविवार को खारिज कर दिया गया। उनके तीन प्रस्तावकों ने जिला निर्वाचन अधिकारी को हलफनामा सौंपते हुए कहा था कि नामांकन पत्र पर हस्ताक्षर उनके नहीं हैं। सूरत से कांग्रेस के वैकल्पिक उम्मीदवार सुरेश पडसाला का नामांकन पत्र भी अवैध करार दिया गया है जिससे गुजरात का मुख्य विपक्षी दल शहर में चुनावी मुकाबले से बाहर हो गया है। निर्वाचन अधिकारी सौरभ पारधी ने अपने आदेश में कहा कि कुम्भणी और पडसाला द्वारा सौंपे गए तीन नामांकन पत्रों को प्रस्तावकों के हस्ताक्षरों में प्रथम दृष्टया विसंगतियां पाए जाने के बाद खारिज कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि ये हस्ताक्षर असली नहीं दिखते। पारधी ने आदेश में कहा कि अत: कुम्भणी के नामांकन पत्र को खारिज किया जाता है। आदेश में कहा गया कि प्रस्तावकों ने अपने हलफनामों में कहा है कि उन्होंने फॉर्म पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं। इस घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए कांग्रेस के वकील बाबू मंगुकिया ने कहा, 'नीलेश कुम्भणी और सुरेश पडसाला के नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए हैं। चार प्रस्तावकों ने कहा है कि फॉर्म पर उनके हस्ताक्षर नहीं हैं।' उन्होंने कहा कि अब उच्च न्यायालय तथा उच्चतम न्यायालय का रुख किया जाएगा।
APR 21, 2024 13:57 IST
आतिशी का दावा BJP के कहने पर केजरीवाल को नहीं दी जा रही इंसुलिन
AAP नेता आतिशी ने कहा कि हम अरविंद केजरीवाल के लिए इंसुलिन लेकर लाए हैं। हम तिहाड़ जेल के सामने खड़े हैं। तिहाड़ प्रशासन ने भाजपा के कहने पर अरविंद केजरीवाल की इंसुलिन रोक रखी है। अरविंद केजरीवाल 12 वर्ष से डायबीटिज के मरीज हैं। उनका शुगर लेवल 300 पहुंचा हुआ है। आज दिल्ली के लोगों ने अरविंद केजरीवाल को इंसुलिन भेजी है।
APR 21, 2024 13:56 IST
तीसरी बार बिहार आयेंगे PM Modi, इन शहरों में होगी रैली
लोकसभा चुनाव 2024 दूसरे चरण के मतदान 26 अप्रैल को होंगे। संयोग से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 अप्रैल को तीसरे-चौथे चरण के मतदान से पहले जनसभा को संबोधित करने के लिए बिहार पहुंचेंगे। एक महीने में ये तीसरी बार पीएम मोदी बिहार के दौरे पर होंगे। यहां पढ़ें पूरी खबर
APR 21, 2024 13:55 IST
इमरान खान का टॉयलेट क्लीनर वाला दावा हुआ फेल
इमरान खान के आरोपों के बाद कि जेल में सजा काट रही उनकी पत्नी बुशरा बीबी को टॉयलेट क्लीनर के साथ भोजन दिया गया था, इस्लामाबाद जवाबदेही अदालत ने एक चिकित्सा जांच का आदेश दिया, जिसमें जियो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, डॉक्टरों ने बुशरा बीबी को स्वास्थ्य के मामले में क्लीन चिट दे दी है। यहां पढ़ें पूरी खबर
APR 21, 2024 12:58 IST
लोकसभा चुनाव के लिए 17 दिन तक रोड शो करेंगे चंद्रशेखर राव
भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) अध्यक्ष एवं तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव लोकसभा चुनाव के लिए अपने प्रचार अभियान के तहत 24 अप्रैल से 17 दिन तक रोड शो करेंगे। रोड शो कार्यक्रम 24 अप्रैल को हैदराबाद से लगभग 140 किलोमीटर दूर मिर्यालगुडा में शुरू होगा और 10 मई को सिद्दिपेट के जिला मुख्यालय शहर में समाप्त होगा।
APR 21, 2024 12:49 IST
पीएम मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले झामुमो नेता ने मांगी माफी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता नजरूल इस्लाम ने माफी मांग ली है। उन्होंने सदर एसडीओ की कोर्ट में पेश होकर लिखित माफीनामा पेश किया। नजरूल के खिलाफ साहिबगंज नगर थाने में बीडीओ सुबोध कुमार ने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने सहित अन्य मामलों में केस दर्ज कराया था। इसके बाद एसडीओ कोर्ट ने उन्हें नोटिस भेजा था।
APR 21, 2024 11:52 IST
राजस्थान के झालावाड़ में सड़क हादसे में 9 की मौत
राजस्थान के झालावाड़ में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यहां बेकाबू ट्रॉली ने एक वैन को टक्कर मार दी जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई। बताया गया है कि वैन में 10 लोग सवार थे जिसमें से 9 की मौत हो गई है। सभी लोग एक शादी समारोह से लौट रहे थे।
APR 21, 2024 11:50 IST
APR 21, 2024 11:46 IST
केरल: घर पर मतदान करने के तुरंत बाद 99 वर्षीय व्यक्ति की मौत
केरल के कोट्टायम जिले में 99 वर्षीय एक व्यक्ति की लोकसभा चुनाव के लिए अपने घर में वोट डालने के तुरंत बाद मौत हो गई। परिवार के सदस्यों ने रविवार को यह जानकारी दी। पाला के मनकुन्नु के मूल निवासी ए. के. रमन नायर अपने पोते के साथ रहते थे। उनके परिवार के सदस्यों ने बताया कि वह कुछ समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे और निर्वाचन आयोग द्वारा शुरू की गई घर से वोट की सुविधा के तहत शनिवार को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के कुछ ही मिनटों के बाद उनकी मौत हो गई।
APR 21, 2024 10:36 IST
ED ने शराब घोटाला मामले में सेवानिवृत्त IAS अधिकारी टुटेजा को किया गिरफ्तार
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने राज्य में कथित शराब घोटाले से जुड़े धनशोधन के एक मामले में छत्तीसगढ़ के सेवानिवृत्त आईएएस (भारतीय प्रशासनिक सेवा) अधिकारी अनिल टुटेजा को गिरफ्तार कर लिया है। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। संघीय एजेंसी ने 2003 बैच के अधिकारी को शनिवार को रायपुर स्थित आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू)/भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के कार्यालय से हिरासत में लिया था, जहां वह और उनके बेटे यश टुटेजा इसी मामले में अपना बयान दर्ज कराने पहुंचे थे। सूत्रों ने बताया कि आईएएस अधिकारी को बाद में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत हिरासत में ले लिया गया और उन्हें रिमांड पर लेने के लिए मजिस्ट्रेट के सामने पेश किए जाने की संभावना है।
APR 21, 2024 10:19 IST
महावीर जयंती पर पीएम मोदी ने देशवासियों को दी बधाई
महावीर जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट किया कि महावीर जयंती के पावन अवसर पर देश के समस्त परिवारजनों को मेरी अनंत शुभकामनाएं। शांति, संयम और सद्भावना से जुड़े भगवान महावीर के संदेश विकसित भारत के निर्माण में देश के लिए प्रेरणापुंज हैं।'
APR 21, 2024 10:06 IST
राजस्थान में सड़क दुर्घटना में नौ लोगों की मौत
राजस्थान के झालावाड़ जिले में शनिवार देर रात एक कार और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर होने से नौ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। झालावाड़ की पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह दुर्घटना देर रात पौने तीन बजे एकलेरा गांव के पास हुई। उन्होंने कहा कि हादसे की चपेट में आए लोग एक विवाह समारोह में भाग लेकर भोपाल के डूंगरी गांव से लौट रहे थे।
APR 21, 2024 09:09 IST
अमेरिका में नशे धुत महिला ने लोगों पर चढ़ाई कार, भाई-बहन की मौत; 15 अन्य घायल
अमेरिका के मिशिगन राज्य में संदिग्ध रूप से नशे में धुत एक महिला ने एक जन्मदिन पार्टी में लोगों पर कार चढ़ा दी जिससे एक भाई-बहन की मौत हो गयी तथा 15 अन्य लोग घायल हो गए। मिशिगन के एक शेरिफ ने बताया कि घायलों में से कई की हालत गंभीर है।
APR 21, 2024 09:00 IST
जापानी नौसेना के दो हेलीकॉप्टर प्रशिक्षण उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त, एक व्यक्ति की मौत, सात लापता
जापानी नौसेना के दो हेलीकॉप्टर के तोक्यो के दक्षिण में प्रशांत महासागर में दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि सात अन्य लोग अभी लापता है। देश के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि शनिवार रात प्रशिक्षण के दौरान दोनों हेलीकॉप्टर एक दूसरे से टकरा गए। इन हेलीकॉप्टर में चालक दल के आठ सदस्य थे। रक्षा मंत्री मिनोरू किहारा ने संवाददाताओं को बताया कि समुद्री आत्मरक्षा बल (एमएसडीएफ) के दो एसएच-60के हेलीकॉप्टर में चालक दल के चार-चार सदस्य सवार थे और शनिवार देर रात तोक्यो से लगभग 600 किलोमीटर दक्षिण में तोरीशिमा द्वीप के पास उनसे संपर्क टूट गया।
APR 21, 2024 08:39 IST
सुकेश चंद्रशेखर ने फोड़ा लेटर बम, कहा- CM केजरीवाल से होती थी बात
दिल्ली की मंडोली जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर ने एक बार फिर लेटर बम फोड़ा है। सुकेश ने दिल्ली आबकारी घोटाले की जांच में शामिल होने की इच्छा व्यक्त की है। इसे लेकर उसने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। यहां पढ़ें पूरी खबर
APR 21, 2024 08:00 IST
पाकिस्तान को मिसाइल उपकरण देने वाली चीन की 3 और बेलारूस की एक कंपनी पर अमेरिका ने लगाई रोक
यूएएस ने पाकिस्तान के बैलिस्टिक मिसाइल के लिए उपकरणों की आपूर्ति करने वाली 4 कंपनियों पर प्रतिबंध लगा दिया है। अमेरिकी विदेश विभाग द्वारा बयान में कहा गया है कि वह अपने सहयोगियों के साथ सामूहिक विनाश के हथियारों के निर्माण व प्रसार को रोकने के किए प्रतिबद्ध है। यहां पढ़ें पूरी खबर
APR 21, 2024 07:58 IST
24 से 26 अप्रैल तक चीन के दौरे पर रहेंगे अमेरिकी विदेश मंत्री ब्लिंकन
एंटनी ब्लिंकन के चीन दौरे के बीच खबर है कि अमेरिका ने ड्रैगन के खिलाफ फिर से एक्शन लिया है। लंबी दूरी की मिसाइल सहित पाकिस्तान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम के लिए उपकरणों की आपूर्ति करने के लिए अमेरिका ने तीन चीनी कंपनियों और बेलारूस की एक कंपनी पर प्रतिबंध लगा दिया है। यहां पढ़ें पूरी खबर
APR 21, 2024 07:11 IST
शरणार्थी शिविर पर इज़राइल के ऑपरेशन में 14 लोग मारे गए
इजरायल और हमास के बीच चल रहे संघर्ष के बीच कम से कम 14 लोग मारे गए हैं। सीएनएन ने फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय का हवाला देते हुए बताया कि वेस्ट बैंक में नूर अल-शम्स शरणार्थी शिविर में इजरायल रक्षा बलों (आईडीएफ) के ऑपरेशन के चलते ये घटना घटी। फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि उन्हें शिविर से कई शव और घायल लोग मिले हैं, क्योंकि आईडीएफ क्षेत्र से आंशिक रूप से हट गया है।
