LIVE

भारत और इटली ने अपने संबंधों को विशेष रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने पर सहमति जताई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) अपने पांच देशों के दौरे के अंतिम चरण में इटली की राजधानी रोम पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। वह इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी (Giorgia Meloni) के निमंत्रण पर पहुंचे हैं। इस दौरे का उद्देश्य भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना है। वहीं, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) चीन दौरे पर बीजिंग पहुंचे, जहां वह चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग (Xi Jinping) से आर्थिक और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। दूसरी ओर IPL में केकेआर (Kolkata Knight Riders) के लिए मुंबई के खिलाफ मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि प्लेऑफ की उम्मीदें इसी मैच पर टिकी हैं। उधर, देशभर में भीषण गर्मी और लू ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।

Monu JhaUpdated May 21, 2026, 00:10 IST
Follow on Google News
भारत और इटली ने अपने संबंधों को विशेष रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने पर सहमति जताई

भारत और इटली ने अपने संबंधों को विशेष रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने पर सहमति जताई



  • पांच देशों की यात्रा के आखिरी पड़ाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इटली की राजधानी रोम पहुंच गए हैं। जहां एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी ने पीएम मोदी की अगवानी की।पीएम मोदी इटली की अपनी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी के निमंत्रण पर इटली पहुंचे हैं।
  • विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पीएम मोदी का यह दौरा दोनों देशों के बीच बढ़ती रणनीतिक साझेदारी और 'संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-2029' के क्रियान्वयन की पृष्ठभूमि में हो रहा है। भारत और इटली विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।
  • रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अपनी चीन यात्रा के क्रम में बीजिंग पहुंच गए हैं। उनकी यह यात्रा तब हो रही है जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की चीन यात्रा को एक सप्ताह भी नहीं हुआ है। बीजिंग यात्रा के दौरान रूसी राष्ट्रपति अपने चीनी समकक्ष शी जिनपिंग से मुलाकात करेंगे।यह दौरा ऐसे समय पर हो रहा है जब वैश्विक राजनीति में अमेरिका, चीन और रूस के बीच शक्ति संतुलन को लेकर नई हलचल दिखाई दे रही है।
  • पुतिन मंगलवार और बुधवार को चीन में रहेंगे। इस दौरान दोनों नेता आर्थिक सहयोग, ऊर्जा साझेदारी, अंतरराष्ट्रीय मुद्दों और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे।
  • टूर्नामेंट की खराब शुरुआत के कारण अगर मगर की कठिन डगर में फंसी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की टीम को अगर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जीवंत रखना है तो उसे मुंबई इंडियंस के खिलाफ बुधवार को यहां होने वाले मैच में किसी भी तरह की कसर नहीं छोड़नी होगी।
  • मुंबई इंडियंस (MI) की टीम प्लेऑफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी है लेकिन वह केकेआर के समीकरण बिगाड़ने के लिए प्रतिबद्ध होगी।
  • देशभर में लगातार बढ़ता तापमान सिरदर्द बनता जा रहा है। पहाड़ों से लेकर मैदानी राज्यों में गर्मी और लू ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले तीन दिन तक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में तापमान में आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही के बीच 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना है।
  • इधर, समूचे उत्तर भारत में सूरज की तपिश बढ़ेगी और दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार में लू का अलर्ट घोषित किया गया है। इस सप्ताह अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को क्रॉस कर सकता है। फिलहाल, बारिश को लेकर की गतिविधियां होने के चांस नहीं हैं।

MAY 21, 2026 00:09 IST

एनटीए ने यूजीसी-नेट जून 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 23 मई की

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने बुधवार को यूजीसी-नेट जून 2026 परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 23 मई कर दी। एनटीए ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 20 से बढ़ाकर 23 मई कर दी गई है। उसने बताया कि परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि भी बढ़ाकर 23 मई कर दी गई है।एनटीए के मुताबिक, आवेदन पत्र में विवरण में बदलाव करने के लिए सुधार विंडो अब 22 से 24 मई के पूर्व निर्धारित समय के बजाय 25 मई से 27 मई तक रात 11:50 बजे तक खुली रहेगी। एजेंसी ने कहा, "यूजीसी-नेट जून 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाने के लिए अभ्यर्थियों से कई अभ्यावेदन मिले थे।" उसने कहा कि यह फैसला 29 अप्रैल को जारी उस सार्वजनिक नोटिस के सिलसिले में लिया गया है, जिसमें भारतीय विश्वविद्यालयों और कॉलेज में जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) प्रदान करने, सहायक प्रोफेसर के पदों पर नियुक्ति और पीएचडी में दाखिले के लिए यूजीसी-नेट जून 2026 के तहत ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे।
MAY 20, 2026 17:13 IST

गाजियाबाद में ओमेगा प्रिंट पैक प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग


गाजियाबाद के कविनगर बुलंदशहर रोड इंडस्ट्रियल एरिया में ओमेगा प्रिंट पैक प्लास्टिक दाना बनाने की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई है। फिलहाल, फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं।
MAY 20, 2026 13:00 IST

दिल्ली पुलिस ने ओखला स्थित NTA कार्यालय के बाहर NEET पेपर लीक, 3-लैंग्वेज पॉलिसी और अन्य मुद्दों के खिलाफ ‘प्रतीकात्मक श्रद्धांजलि सभा और मुंडन प्रदर्शन’ कर रहे NSUI कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।

MAY 20, 2026 11:06 IST

बांद्रा रेलवे स्टेशन के पास चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

मुंबई के बांद्रा रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार को बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देश पर पश्चिम रेलवे ने कार्रवाई करते हुए करीब 500 अवैध झोपड़ियों में से लगभग 18 प्रतिशत को हटाया। रेलवे प्रशासन का कहना है कि यह अभियान रेलवे जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए चलाया जा रहा है।
MAY 20, 2026 11:02 IST

भारतीय रक्षा बलों के लिए एक बड़ी उपलब्धि के रूप में निजी क्षेत्र की कंपनी निबे लिमिटेड ने ओडिशा के चांदीपुर स्थित आईटीआर में 150 किमी और 300 किमी रेंज के सूर्यास्त्र रॉकेटों का सफल परीक्षण किया है। परीक्षण के दौरान रॉकेटों ने क्रमशः 1.5 मीटर और 2 मीटर की क्रॉस पॉइंट ऊंचाई (सीईपी) हासिल की। ​​यह प्रदर्शन भारतीय सेना द्वारा निबे लिमिटेड को दिए गए खरीद आदेश का हिस्सा है।

MAY 20, 2026 09:53 IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, "रोम में काशी की एक झलक! इतालवी चित्रकार श्री जियाम्पाओलो टोमासेटी ने वाराणसी पर अपनी कृति प्रस्तुत की। भारतीय संस्कृति के प्रति उनका प्रेम चार दशकों से अधिक पुराना है। 1980 के दशक में उन्होंने वैदिक संस्कृति पर पुस्तकों के लिए चित्रकार के रूप में काम शुरू किया। 2008 से 2013 तक उन्होंने महाभारत से संबंधित 23 विशाल चित्रों पर काम किया।"

MAY 20, 2026 09:50 IST

दक्षिणी लेबनान में इजराइल की ओर से किए गए हवाई हमलों में 19 लोगों की मौत

इजराइल की वायुसेना द्वारा मंगलवार को दक्षिणी लेबनान में हवाई हमले किए गए जिसमें चार महिलाओं व तीन बच्चों सहित कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। लेबनान में हुई जनहानि पर इजराइल की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

इजराइल और हिजबुल्ला के बीच ताजा संघर्ष ईरान पर अमेरिका-इजराइल के संयुक्त हमले के दो दिन बाद, दो मार्च को शुरू हुआ था। उस समय इस लेबनानी चरमपंथी संगठन ने इजराइल पर रॉकेट दागे थे।

लेबनान की सरकार ने बताया कि तटीय प्रांत टायर के गांव दीर कनौन अल-नहर पर हुए हवाई हमले में तीन बच्चों और तीन महिलाओं सहित 10 लोगों की मौत हो गई। इस हमले में एक बच्चे समेत तीन अन्य लोग घायल भी हुए।
MAY 20, 2026 08:07 IST

TRE-4 भर्ती में देरी पर फिर प्रदर्शन करेंगे अभ्यर्थी, प्रशासन अलर्ट

बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 को लेकर अभ्यर्थियों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। भर्ती प्रक्रिया और रिक्तियों की घोषणा में हो रही देरी के विरोध में छात्र आज फिर पटना की सड़कों पर प्रदर्शन करने की तैयारी में हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे समय से वे विज्ञापन जारी होने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।

छात्रों के बढ़ते विरोध को देखते हुए पटना प्रशासन भी सतर्क हो गया है। प्रशासन ने कोचिंग संस्थानों के संचालकों और शिक्षकों को चेतावनी देते हुए कहा है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस और प्रशासन की नजर प्रदर्शन स्थलों पर बनी हुई है। वहीं, अभ्यर्थी सरकार से जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग कर रहे हैं।
MAY 20, 2026 08:06 IST

सम्राट कैबिनेट की आज अहम बैठक, कई बड़े फैसलों पर लग सकती है मुहर

बिहार सरकार की सम्राट कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक आज शाम 5 बजे आयोजित होगी। बैठक में कई अहम प्रस्तावों और विकास योजनाओं पर चर्चा होने की संभावना है। माना जा रहा है कि सरकार कुछ बड़े फैसलों को मंजूरी दे सकती है।
MAY 20, 2026 07:17 IST

कर्नाटक नेतृत्व विवाद : खरगे ने सिद्धरमैया और शिवकुमार के साथ बैठक की

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने कर्नाटक में नेतृत्व के मुद्दे को लेकर नयी अटकलों के बीच राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के साथ चर्चा की। पार्टी सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार, खरगे, सिद्धरमैया, शिवकुमार और वरिष्ठ नेताओं ने सोमवार को तिरुवनंतपुरम से बेंगलुरु तक एक साथ यात्रा की, जिसके बाद राज्य के ऊर्जा मंत्री केजे जॉर्ज के आवास पर चर्चा की गई।
MAY 20, 2026 07:16 IST

जम्मू-कश्मीर: राजौरी और जम्मू में मोर्टार के दो गोले और हथगोला बरामद

जम्मू-कश्मीर के राजौरी और जम्मू जिलों में मंगलवार को तीन अलग-अलग स्थानों पर दो मोर्टार के गोले और एक हथगोला बरामद किया गया, जिन्हें बाद में सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, राजौरी के कोटरंका में स्थित कंडी इलाके में ग्रामीणों ने एक मोर्टार का गोला देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और इलाके की घेराबंदी कर दी। तकनीकी जांच के लिए बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। अधिकारियों ने बताया कि मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए गोले को बाद में सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया गया।

एहतियात के तौर पर अभियान के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी थी। एक अन्य घटना में, मंगलवार शाम राजौरी जिले के दरहल इलाके में खेतों में एक हथगोला मिला।
MAY 20, 2026 07:15 IST

दक्षिण कोरिया की यात्रा के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सियोल राष्ट्रीय कब्रिस्तान में श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए आगंतुक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किए।

MAY 20, 2026 07:14 IST

19-20 मई 2026 की दरमियानी रात को वेलकम थाने में गोलीबारी की घटना की सूचना मिली। श्याम लाल कॉलेज के पास घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि घायल अमानुल्लाह कुरैशी (22 वर्ष), पुत्र मोहम्मद तस्लीम, निवासी गुरुद्वारा मोहल्ला, मौजपुर, को उसके परिवारवाले जीटीबी अस्पताल ले जा चुके थे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फोरेंसिक टीमों ने घटनास्थल का मुआयना किया और सबूत जुटाए। वेलकम थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। अपराध में शामिल आरोपियों की पहचान, खोज और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें तैनात की गई हैं। उत्तर-पूर्वी जिले के अतिरिक्त डीसीपी संदीप लांबा ने बताया कि आगे की जांच जारी है।