LIVE

नीट पेपर लीक में बड़ा खुलासा...देशभर में गर्मी का कहर जारी; आवारा कुत्तों पर सुप्रीम कोर्ट का अहम फैसला

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आने के कारण देश में पेट्रोल और डीजल लगातार महंगे हो रहे हैं। मंगलवार को तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर बढ़ोतरी कर दी। इस बार पेट्रोल के दाम में 87 पैसे और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई है। वहीं, आम जनता की रसोई और सुबह के नाश्ते के बजट पर महंगाई की एक और बड़ी मार पड़ी है। पेट्रोल डीजल की कीमतें बढ़ने के साथ ही हाल ही में यानी 14 मई को दूध की कीमतों में ₹2 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी, जिसके झटके से लोग उबर भी नहीं पाए थे कि अब ब्रेड की कीमतों में भी भारी इजाफा हो गया है। मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में ब्रेड बनाने वाली प्रमुख ब्रांडेड कंपनी 'मॉडर्न ब्रेड' ने अपने ब्रेड पैकेट की कीमतों में ₹5 तक की बढ़ोतरी कर दी है। उधर, अमेरिका के सैन डिएगो शहर में सोमवार को एक मस्जिद में गोलीबारी की घटना हुई। जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। पुलिस के अनुसार, दो किशोर हमलावरों ने सैन डिएगो की सबसे बड़ी मस्जिद इस्लामिक सेंटर ऑफ सैन डिएगो में फायरिंग की, जिसमें 5 लोगों की गोली लगने से मौत हो गई। जिसके बाद दोनों संदिग्धों ने भी कुछ ही दूरी पर जाकर खुद को गोली मार ली। उधर, कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिंकी भूइयां सरमा से जुड़े पासपोर्ट विवाद में क्राइम ब्रांच ने कांग्रेस नेता को समन भेजा है। मामले में क्राइम ब्रांच ने सुरजेवाला को 23 मई को गुवाहाटी में अपने कार्यालय में पेश होने के लिए कहा है। जानिए देश-दुनिया की अहम खबरें।

Amit Kumar MandalUpdated May 20, 2026, 01:48 IST
नीट पेपर लीक में बड़ा खुलासा...देशभर में गर्मी का कहर जारी; आवारा कुत्तों पर सुप्रीम कोर्ट का अहम फैसला

नीट पेपर लीक में बड़ा खुलासा...देशभर में गर्मी का कहर जारी; आवारा कुत्तों पर सुप्रीम कोर्ट का अहम फैसला

  • देश में पेट्रोल-डीजल के दाम फिर बढ़े
  • दिल्ली में पेट्रोल 98 रुपये के पार
  • मुंबई में मॉडर्न ब्रेड ने बढ़ाए दाम
  • सैन डिएगो मस्जिद में गोलीबारी, 5 की मौत
  • रणदीप सुरजेवाला को क्राइम ब्रांच का समन

MAY 19, 2026 20:20 IST

डॉ. मेधा विश्राम कुलकर्णी को नई जिम्मेदारी

राज्यसभा की सांसद प्रोफेसर डॉ. मेधा विश्राम कुलकर्णी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन से संबंधित संसदीय स्थायी समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
MAY 19, 2026 18:55 IST

अहमदाबाद के पास पेंट कंपनी में भीषण आग, 18 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर

अहमदाबाद के निकट चांगोदर पुलिस थाना क्षेत्र में साणंद के मोरैया ब्रिज के पास स्थित एसडी पेंट्स (Esdee Paints) नामक निजी कंपनी में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दूर-दूर तक काले धुएं के गुबार दिखाई देने लगे। प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि कंपनी परिसर से लगातार धमाकों जैसी आवाजें सुनाई देने की भी जानकारी सामने आई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि कंपनी में मौजूद केमिकल और अन्य ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी भयावह थी कि उसका धुआं करीब 10 किलोमीटर दूर बावला क्षेत्र तक दिखाई दे रहा था।

फायर विभाग के अनुसार आग पर काबू पाने के लिए 18 से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को तैनात किया गया है। दमकल कर्मी पानी और फोम का लगातार छिड़काव कर आग को फैलने से रोकने का प्रयास कर रहे हैं। घटनास्थल पर युद्धस्तर पर ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक हादसे में कंपनी का लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया है। हालांकि राहत की बात यह रही कि कंपनी में अवकाश होने के कारण बड़ी जनहानि टल गई। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
MAY 19, 2026 18:01 IST

दिल्ली में 46 डिग्री तापमान

MAY 19, 2026 18:00 IST

संवैधानिक मामलों की सुनवाई के लिए 7 न्यायाधीशों की कई पीठ गठित की जाएंगी: प्रधान न्यायाधीश

प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत ने मंगलवार को कहा कि वह उच्चतम न्यायालय में लंबित संवैधानिक मामलों की सुनवाई के लिए जल्द ही सात न्यायाधीशों की कई पीठ गठित करेंगे। प्रधान न्यायाधीश ने एक मामले की सुनवाई स्थगित करते हुए कहा, ’’मैं जल्द ही सात न्यायाधीशों की पीठों का गठन करने जा रहा हूं, इसलिए हो सकता है कि मुझे इस मामले की सुनवाई का समय न मिले। इस वर्ष की शुरुआत में, न्यायालय ने ’उद्योग’ की कानूनी परिभाषा से संबंधित नौ-न्यायाधीशों की दो पीठों से संबंधित मामलों की सुनवाई पूरी की, जिसके बाद पिछले सप्ताह शबरिमला मामले की सुनवाई भी संपन्न हुई।
MAY 19, 2026 15:53 IST

दिल्ली : न्यू अशोक नगर थाने में आग लगी, दमकल की आठ गाड़ियां मौके पर

पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाने के मालखाने में मंगलवार को आग लग गई जिसके बाद दमकल की आठ गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोपहर एक बजकर छह मिनट पर थाने के मालखाने में आग लगने की सूचना मिली। अधिकारी ने बताया, " हमने दमकल की आठ गाड़ियों को मौके पर भेजा है और आग बुझाने का काम जारी है।
MAY 19, 2026 15:37 IST

जनगणना सूची में "जातिवादी" शब्दों का प्रयोग पर नोटिस

MAY 19, 2026 14:32 IST

समर्थ सिंह के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी

ट्विशा शर्मा के पति आरोपी समर्थ सिंह के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी हुआ है। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी है। मध्यप्रदेश और प्रदेश के बाहर भी पुलिस सर्चिंग कर रही है।
MAY 19, 2026 14:22 IST

बारासात, उत्तर परगना: सीबीआई पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में आरोपी राजकुमार सिंह को विशेष सीबीआई अदालत में लेकर आई है।

MAY 19, 2026 14:14 IST

अशोक नगर थाना में भीषण आग, मौके पर अफरा-तफरी

दिल्ली के अशोक नगर थाना में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग तेजी से फैलती दिखाई दी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और किसी के घायल होने की सूचना भी सामने नहीं आई है। प्रशासन ने लोगों से मौके से दूर रहने की अपील की है।
MAY 19, 2026 13:56 IST

सड़कों पर उतरकर कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा नहीं करनी चाहिए- बोले सीजेआई

एक मामले की सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने इस दावे पर प्रतिक्रिया दी कि सड़कों पर प्रदर्शन करने वाले युवाओं के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किए जा रहे हैं और इससे उनका करियर बर्बाद हो सकता है। CJI ने कहा, उन्हें धमकी नहीं देनी चाहिए और कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा नहीं करनी चाहिए। हर व्यक्ति को शांतिपूर्ण और कानूनी तरीके से विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार है… कानून के तहत जो अनुमति है, वह किया जा सकता है। लेकिन सड़कों पर आकर आम लोगों के लिए परेशानी पैदा नहीं करनी चाहिए।
MAY 19, 2026 13:54 IST

पेट्रोल-डीजल की स्थिति के बारे में सच बताए राजस्थान सरकार: अशोक गहलोत

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य में कई जगह पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म होने की खबरों का उल्लेख करते हुए मंगलवार को राज्य सरकार से मांग की कि वह इस बारे में सच जनता को बताए ताकि लोग आने वाली किसी भी स्थिति के लिए तैयार रहें। गहलोत के अनुसार उनसे मिलने आए कई आगुंतकों ने कल बताया कि जोधपुर में पेट्रोल पंपों पर सीमित मात्रा में ही पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है और बहुत से पेट्रोल पंपों पर डीजल-पेट्रोल उपलब्ध नहीं है। गहलोत के अनुसार इससे जोधपुर से जयपुर तक आते हुए तीन-चार बार पेट्रोल-डीजल भरवाना पड़ रहा है क्योंकि 1000 रुपये से अधिक का ईंधन नहीं दिया जा रहा है। गहलोत के अनुसार, रसोई गैस एलपीजी सिलेंडर भी कई-कई दिनों तक नहीं मिल रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत के अनुसार सरकार कह रही है कि पेट्रोल-डीजल- एलपीजी की कोई कमी नहीं है, जबकि पेट्रोल पंप मालिकों से इसकी जानकारी लेने पर वे बता रहे हैं कि सरकार ने मौखिक आदेश देकर सीमित मात्रा में पेट्रोल-डीजल देने के लिए कहा है। गहलोत ने कहा कि इसीलिए पेट्रोल पंपों पर लम्बी लाइन लग रही है।
MAY 19, 2026 13:41 IST

सलमान खान के मुंबई स्थित घर के पास दिखा सांप

अभिनेता सलमान खान के यहां बांद्रा इलाके में स्थित आवास के पास एक सांप देखा गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह जानकारी मंगलवार को वन्यजीव संरक्षण एजेंसी के प्रतिनिधियों ने दी।
वन्यजीव संरक्षण एजेंसी के प्रतिनिधियों ने बताया कि सांप सोमवार सुबह सलमान खान के ’गैलेक्सी अपार्टमेंट’ के पास देखा गया, जिसके बाद वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय लोगों ने पुलिस और वन विभाग को सूचित किया। एक वन्यजीव विशेषज्ञ ने बताया कि बाद में सांप पकड़ने वाले एक व्यक्ति ने सांप को वहां से सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। सांप की पहचान ’रैट स्नेक’ (धामिन सांप) के रूप में हुई है, जो आमतौर पर चूहों को अपना शिकार बनाता है।
MAY 19, 2026 13:32 IST

असली परीक्षा से पहले RCC कोचिंग में कैसे कराया गया मॉक टेस्ट?

Neet Paper Leak: NEET पेपर लीक मामले की जांच के बीच अब एक नया वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे विवाद को और गंभीर बना दिया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, गिरफ्तार RCC कोचिंग के प्रमुख शिवराज मोटेगांवकर (Shivraj Motegaonkar) का हाथ से लिखा हुआ एक कथित 'गेस पेपर' (Guess paper) अब जांच का बड़ा हिस्सा बन गया है। बताया जा रहा है कि शिवराज मोटेगांवकर ने 27 अप्रैल को अपने कोचिंग संस्थान में छात्रों का एक मॉक टेस्ट कराया था। अब दावा किया जा रहा है कि उस टेस्ट में पूछे गए कई सवाल 3 मई को हुई असली NEET परीक्षा में भी दिखाई दिए। इसी को लेकर CBI की जांच तेज हुई और लंबी पूछताछ के बाद शिवराज को गिरफ्तार किया गया।
MAY 19, 2026 13:10 IST

जयपुर के पास सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, एक घायल

तेलंगाना की मंत्री डी. अनसूया सीतक्का ने सोमवार को यहां उस्मानिया विश्वविद्यालय में संवैधानिक कानून में एलएलएम पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए आयोजित परीक्षा दी। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
पूर्व नक्सली सीतक्का इससे पहले राजनीति विज्ञान में पीएचडी, एलएलबी और कॉरपोरेट कानून में एलएलएम की पढ़ाई पूरी कर चुकी हैं। सीतक्का 1980 के दशक के अंत में नक्सल आंदोलन से जुड़ी थीं। बाद में 1990 के दशक में हथियार छोड़कर उन्होंने मुख्यधारा की राजनीति का रुख किया। आदिवासी समुदाय की मुखर नेता सीतक्का पहली बार वर्ष 2009 में तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के टिकट पर मुलुगु (सुरक्षित) विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित हुई थीं। वर्ष 2018 में वह कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा पहुंचीं। वर्ष 2023 में एक बार फिर निर्वाचित होने के बाद उन्हें मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाली मंत्रिपरिषद में पंचायत राज और महिला एवं बाल कल्याण मंत्री बनाया गया।
MAY 19, 2026 12:43 IST

तमिलनाडु : भारी बारिश के कारण बिजली का तार घर पर गिरने से अथूर में तीन लोगों की मौत

तमिलनाडु के डिंडीगुल जिले में एक घर पर बिजली का तार गिरने से एक व्यक्ति, उसकी पत्नी और कॉलेज के एक छात्र सहित तीन लोगों की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान करुपैया (41), उनकी पत्नी सुधा (37) और 18 वर्षीय पड़ोसी सुब्रमण्यशिव के रूप में हुई, जो उनकी मदद के लिए दौड़े थे। पुलिस ने बताया कि भारी बारिश के कारण अथूर के अग्रहारा स्ट्रीट स्थित करुपैया के घर की ऊपरी मंजिल पर बिजली का तार टूटकर गिर गया। पड़ोसियों ने बिजली बोर्ड को सूचना दी, जिसने बिजली आपूर्ति रोक दी। वे तीनों पीड़ितों को अथूर सरकारी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सेम्पाटी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। निवासियों ने अस्पताल के पास विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए डिंडीगुल सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है।
MAY 19, 2026 12:24 IST

दिल्ली के इंद्रलोक में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर

उत्तरी दिल्ली के इंद्रलोक स्थित शहजादा बाग में दिल्ली नगर निगम ने कूलर मार्केट में अतिक्रमण के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की। इस दौरान भारी पुलिस और अर्धसैनिक बल मौके पर तैनात रहे। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि अतिक्रमण हटना जरूरी है। वहीं MCD अधिकारियों ने कहा कि शिकायत मिलने पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।
MAY 19, 2026 12:22 IST

नीट पेपर लीक में बड़ा खुलासा

नीट पेपर लीक में बड़ा खुलासा सामने आया है। गैस पेपर के नाम पर असली सवाल पहुंचाए गए। छात्रों तक साठ पन्नों की पीडीएफ भेजी गई। Tomes Now नवभारत के पास एक्सक्लूसिव फाइल मौजूद है। हाथों से लिखा हुआ था पूरा गैस पेपर। इसी फाइल में 135 सवाल हूबहू मिले। यानी गैस पेपर ही था असली लीक पेपर था। सीबीआई इसी पेपर के आधार पर जांच कर रही है।
MAY 19, 2026 11:51 IST

झारखंड में लड़के और लड़की की बेरहमी से हत्या; जांच जारी

झारखंड के खूंटी जिले में एक किशोर लड़के और एक लड़की की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि 16 वर्षीय लड़का और 17 वर्षीय लड़की सोमवार को साइको मार्केट ग्राउंड में आयोजित छाऊ नृत्य कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद वे पास के हादिया मार्केट गए, जहां संभवतः यह हमला हुआ। उन्होंने बताया कि शव हादिया बाजार के पास एक सुनसान इलाके में मिले थे। एसडीपीओ (खूंटी) वरुण रजक ने कहा, प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। उनके सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें पाई गईं। उन्होंने कहा, जांचकर्ताओं को अभी तक झूठी शान के लिए हत्या या प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद की ओर इशारा करने वाला कोई सबूत नहीं मिला है। रजक ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही इसे सुलझा लिया जाएगा।
MAY 19, 2026 11:42 IST

नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम बदलने संबंधी याचिका पर सुनवाई से सुप्रीम कोर्ट का इनकार

सुप्रीम कोर्ट ने नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम बदलने के प्रस्ताव पर केंद्र को समयबद्ध निर्णय लेने का निर्देश देने का अनुरोध करने वाली याचिका पर सुनवाई से इनकार किया।
MAY 19, 2026 11:14 IST

आवारा कुत्तों पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, गाइडलाइन-SOP को चुनौती देने वाली सभी अर्जी खारिज

स्कूल, कॉलेज, अस्पतालों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक जगहों से कुत्तों को हटाने के आदेश में बदलाव की मांग वाली 'डॉग लवर्स' की अर्जियों को सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को खारिज कर दिया। साथ ही शीर्ष अदालत ने अस्पतालों, स्कूलों, कॉलेजों, बस स्टेशनों, रेलवे स्टेशनों जैसे सार्वजनिक संस्थानों से आवारा कुत्तों को हटाने के अपने नवंबर 2025 के आदेश में संशोधन करने से भी इनकार कर दिया है।