LIVE

18 जुलाई 2024, Hindi News Highlights Today: यूपी के गोंडा में रेल हादसा, डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस हुई बेपटरी; ट्रेनी IAS पूजा खेडकर की मां मनोरमा खेडकर को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Shashank Shekhar MishraUpdated Jul 18, 2024, 23:06 IST
Follow on Google News
18 जुलाई 2024, Hindi News Highlights Today: यूपी के गोंडा में रेल हादसा, डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस हुई बेपटरी; ट्रेनी IAS पूजा खेडकर की मां मनोरमा खेडकर को पुलिस ने किया गिरफ्तार

18 जुलाई 2024, Hindi News Highlights Today: यूपी के गोंडा में रेल हादसा, डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस हुई बेपटरी; ट्रेनी IAS पूजा खेडकर की मां मनोरमा खेडकर को पुलिस ने किया गिरफ्तार

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taja Khabar), हिंदी न्यूज़ 18 जुलाई 2024 की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में आप देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं से वाकिफ नहीं हो पाते होंगे। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं ताजा खबर का यह खास सेगमेंट, जहां हम आपको देश और दुनिया की प्रमुख और बड़ी खबरों से रूबरू करवाएंगे। यहां आपको मिलेंगे हर छोटी-बड़ी खबर के ताजा अपडेट्स... बने रहिए अपने प्रिय हिंदी समाचार चैनल टाइम्स नाउ नवभारत के डिजिटल संस्करण के साथ...

  • चंडीगढ़ से डिब्रूगढ़ जा रही डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस के कई कोच पटरी से उतर गए
  • आज बीजेपी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे पीएम मोदी
  • अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन का कोविड-19 टेस्ट पॉजिटिव
  • दक्षिण-पश्चिमी चीन के एक शॉपिंग मॉल में आग लगने से आठ लोगों की मौत


JUL 18, 2024 16:07 IST

डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस हादसा: रेलवे ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

उत्तर प्रदेश के गोंडा में डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस के 10 डिब्बे पटरी पर उतर गए हैं। इस हादसे में कई लोगों के घायल होने की खबर है। रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और राहत और बचाव कार्य जारी है। पढ़ें पूरी खबर
JUL 18, 2024 16:03 IST

यूपी के गोंडा में रेल हादसा, डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस हुई बेपटरी

उत्तर प्रदेश के गोंडा (Gonda) में गुरुवार को रेल हादसा हो गया। चंडीगढ़ (Chandigarh) से डिब्रूगढ़ (Dibrugarh) जा रही डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस (Dibrugarh Express) के कई कोच पटरी से उतर गए। गोंडा-झिलाही (Jhilahi Railway Station) के बीच पिकौरा के पास हादसा हुआ है। हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने रेस्क्यू टीम गोंडा से रवाना किया है। पढ़ें पूरी खबर
JUL 18, 2024 14:50 IST

स्कूल में बेहोश हुए करीब 20 छात्र-छात्रा, परिजनों ने जमकर किया हंगामा

भीषण गर्मी के कारण करीब 20 छात्र छात्रा बेहोश हुए, जिससे स्कूल में अफरा तफरी मच गई। आनन-फानन में सभी छात्रों को बैरिया प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। छात्रों के बेहोश होने की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने स्कूल में हंगामा किया। वहीं कुछ छात्रों को बेतिया GMCH अस्पताल रेफर किया गया है। मामला बैरिया बाजार स्तिथ राजकीय मध्य विद्यालय का है।
JUL 18, 2024 14:47 IST

विधान सौध के घेराव का प्रयास करते भाजपा नेताओं को हिरासत में लिया गया

कर्नाटक महर्षि वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम लिमिटेड में कथित घोटाले को लेकर मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के इस्तीफे की मांग के साथ बृहस्पतिवार को यहां विधान सौध का घेराव करने का प्रयास करते भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र समेत पार्टी के कई नेताओं को हिरासत में ले लिया गया। हाथों में तख्तियां, बैनर और पोस्टर लिए भाजपा विधायकों और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारे लगाए और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि घोटाला सामने आने के बाद कांग्रेस का "दलित विरोधी और आदिवासी विरोधी चेहरा" उजागर हो गया है। विजयेंद्र ने पत्रकारों से कहा, "मुख्यमंत्री ने पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार खो दिया है। जब तक वह इस्तीफा नहीं देते, हमारा विरोध जारी रहेगा।" उन्हें विधान सौध के निकट एहतियातन हिरासत में लिया गया। विधान सौध राज्य विधानमंडल और सचिवालय का मुख्यालय है, जहां मानसून सत्र जारी है। कर्नाटक महर्षि वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम लिमिटेड से जुड़ा कथित अवैध धन हस्तांतरण घोटाला 26 मई को लेखा अधीक्षक चंद्रशेखर पी. के आत्महत्या करने व एक नोट छोड़ने के बाद सामने आया था। सुसाइड नोट में निगम के बैंक खाते से 187 करोड़ रुपये के अनधिकृत हस्तांतरण का खुलासा हुआ था। साथ ही इसमें कहा गया था कि इसमें से 88.62 करोड़ रुपये अवैध रूप से ‘नामी’ आईटी कंपनियों, हैदराबाद में स्थित सहकारी बैंक व अन्य से कथित तौर पर जुड़े विभिन्न खातों में डाले गए थे। अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री बी. नागेन्द्र ने घोटाले के संबंध में अपने खिलाफ आरोप लगने के बाद छह जून को इस्तीफा दे दिया था। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के केंद्रीय जांच ब्यूरो के समक्ष शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद जांच कर रही ईडी ने इससे पहले नागेंद्र और वाल्मीकि निगम के अध्यक्ष व रायचूर ग्रामीण से कांग्रेस के विधायक बसनगौड़ा डड्डल के परिसरों पर छापे मारे थे।
JUL 18, 2024 14:25 IST

नेपाल में भूस्खलन बस हादसे में अभी तक 19 शव बरामद

नेपाल के चितवन जिले में पिछले सप्ताह दो बसों के भूस्खलन के मलबे के साथ नदी में बहने के बाद बचावकर्मियों ने अब तक 19 शव बरामद किए हैं, जिनमें चार भारतीय भी शामिल हैं। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। भूस्खलन की यह घटना शुक्रवार को चितवन जिले के नारायणघाट-मुगलिंग मार्ग पर सिमलताल इलाके में हुई थी। 54 लोगों में से तीन लोग घटना के तुरंत बाद तैरकर सुरक्षित निकल गए। बीरगंज से काठमांडू जा रही पहली बस में सात भारतीय नागरिकों समेत 24 यात्री थे। काठमांडू से गौर जा रही दूसरी बस में 30 लोग सवार थे। भारी भूस्खलन की वजह से दोनों बसें त्रिशूली नदी में गिर गई थीं। दोनों बसों से जुड़े हादसे में दुर्घटना स्थल से अब तक 19 लोगों के शव बरामद किए गए हैं। सशस्त्र पुलिस बल (एसएसबी) के सूत्रों के अनुसार, 19 में से चार शव भारतीय नागरिकों के हैं। पांच पुरुष शवों की अभी तक पहचान नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार नेपाल के स्थानीय अधिकारी बचाव कार्य के लिए बिहार और उत्तर प्रदेश के भारतीय अधिकारियों के साथ समन्वय बना रहे हैं। खोज और बचाव कार्य बृहस्पतिवार को भी जारी रहा।
JUL 18, 2024 14:22 IST

जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़

जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास बृहस्पतिवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ उत्तरी कश्मीर जिले के केरन सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास शुरू हुई। उन्होंने बताया कि गोलीबारी जारी है और विस्तृत ब्यौरे का इंतजार है।
JUL 18, 2024 14:21 IST

मोहर्रम जुलूस के रास्ते को लेकर दो गुटों में झड़प, छह घायल

झारखंड के धनबाद जिले में मुहर्रम जुलूस के मार्ग में परिवर्तन को लेकर दो गुटों के बीच झड़प में कम से कम छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। यह घटना बुधवार रात वासेपुर के पांडरपाला इलाके में हुई। उसने बताया कि पुलिस ने कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए क्षेत्र में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एच.पी. जनार्दन ने बताया कि मुहर्रम जुलूस के मार्ग में परिवर्तन के कारण झड़प हुई। आयोजकों ने दावा किया कि जलभराव के कारण मार्ग बदलना पड़ा। एसएसपी ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लाया गया। उन्होंने कहा कि आगे की जांच जारी है।
JUL 18, 2024 14:20 IST

अवैध मंदिर निर्माण मामले की जांच के लिए टीम सुंदरढूंगा रवाना

बागेश्वर की जिलाधिकारी अनुराधा पाल ने एक स्वयंभू बाबा द्वारा सुंदरढूंगा में 12000 फुट से अधिक की उंचाई पर पारिस्थितिकीय रूप से संवेदनशील क्षेत्र में एक मंदिर का अवैध रूप से निर्माण किए जाने के मामले की जांच के लिए अधिकारियों की एक टीम मौके पर भेजी है। यह कदम आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों की शिकायत के आधार पर उठाया गया है जिसमें उन्होंने उस मंदिर में रहने वाले 'बाबा' पर पास ही स्थित झील 'देवीकुंड' में स्नान कर उसे अपवित्र करने का भी आरोप लगाया है। गांव वालों का कहना है कि देवीकुंड में वे अपने देवी—देवताओं की मूर्तियों को स्नान कराते हैं और इसलिए उसमें स्नान कर 'बाबा' ने उसे अपवित्र कर दिया है। जिलाधिकारी ने कहा कि 'बाबा' न केवल स्वयं देवीकुंड में स्नान कर रहा है बल्कि वहां जाने वाले पर्यटकों को भी ऐसा करने के लिए बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने कहा कि सुंदरढूंगा भेजी गयी 14 सदस्यीय टीम में पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल, राजस्व और वन विभाग के अधिकारी शामिल हैं। पाल ने कहा कि यह टीम इस बात की भी जांच करेगी कि इतनी उंचाई पर किए गए निर्माण में अभयारण्य कानूनों का उल्लंघन तो नहीं किया गया क्योंकि नंदादेवी बायोस्फीयर का एक बड़ा हिस्सा सुंदरढूंगा क्षेत्र में पड़ता है। अपना नाम चैतन्य आकाश बताने वाले 'बाबा' का दावा है कि देवी भगवती उनके सपने में आयी थीं और उन्होंने उसे मंदिर बनाने का आदेश दिया था।
JUL 18, 2024 14:19 IST

केरल में मूसलाधार बारिश जारी, दो जिलों में ‘रेड अलर्ट'

केरल के विभिन्न हिस्सों में, खास कर उत्तरी जिलों के पहाड़ी इलाकों में बृहस्पतिवार को मूसलाधार बारिश होने के कारण सामान्य जन-जीवन प्रभावित हो गया। उत्तरी केरल के कई जिलों से बाढ़ आने, पेड़ गिरने और मामूली भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। वायनाड जिले के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश होने की खबर है, जिसमें 29 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए, 700 से अधिक लोगों को 22 शिविरों में भेजा गया और वहां से बहने वाली नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बृहस्पतिवार को राज्य के दो जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया। आईएमडी ने वायनाड और कन्नूर में ‘रेड अलर्ट’, राज्य के आठ अन्य जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ तथा शेष छह जिलों में ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है। ‘रेड अलर्ट’ 24 घंटों में 20 सेमी से अधिक, भारी से अत्यधिक भारी बारिश को इंगित करता है, जबकि ‘आरेंज अलर्ट’ का मतलब छह से 20 सेमी तक बहुत भारी बारिश है। ‘यलो अलर्ट’ का मतलब छह से 11 सेमी के बीच भारी बारिश है। मौसम विभाग देश में मौसम संबंधी अलर्ट जारी करने के लिए चार रंगों का उपयोग करता है। ये अलर्ट हैं... ग्रीन (किसी कार्रवाई की जरूरत नहीं), येलो (नजर रखें और निगरानी करते रहें), ऑरेंज (कार्रवाई के लिए तैयार रहें) और रेड (कार्रवाई/सहायता की जरूरत है)। आईएमडी ने आगे कहा कि एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में एक या दो स्थानों पर मध्यम वर्षा होने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है। पिछले कुछ दिनों में राज्य में हुई भारी बारिश के कारण भूस्खलन, संपत्ति की क्षति, सड़कों पर जलभराव हुआ और कई एकड़ कृषि भूमि बाढ़ के कारण जलमग्न हो गई है।
JUL 18, 2024 14:18 IST

वैज्ञानिकों ने अरुणाचल प्रदेश में एक पौधे की नयी प्रजाति खोजी

भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण (बीएसआई) के शोधकर्ताओं ने अरुणाचल प्रदेश के एक वन्यजीव अभयारण्य में एक पौधे की नयी प्रजाति की खोज की है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पापुम पारे जिले में ईटानगर वन्यजीव अभयारण्य से हाल ही में पौधे की प्रजाति ‘फ्लोगाकैंथस सुधांशुशेखरी’ की खोज की गई है जो ‘अकांथेसी' परिवार से है और यह ‘फ्लोगाकैंथस’ वर्ग में आती है। बीएसआई के अधिकारियों ने बताया कि इस प्रजाति का नाम बीएसआई के वैज्ञानिक डॉ. सुधांशु शेखर दास के सम्मान में रखा गया है, जिन्होंने भारतीय हिमालयी क्षेत्र में पौधों और पारिस्थितिकी अनुसंधान में ‘महत्वपूर्ण योगदान’ दिया है। ‘इंडियन जर्नल ऑफ फॉरेस्ट्री’ में इस नयी प्रजाति पर विस्तृत शोधपत्र प्रकाशित किया गया है जिसे सम्राट गोस्वामी और रोहन मैती ने लिखा है। उन्होंने बताया कि भारत में 'फ्लोगाकैंथस’ वर्ग की 13 प्रजातियां हैं और यह मुख्य रूप से पूर्वोत्तर और पूर्वी हिमालयी राज्यों में हैं। मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने इस नयी खोज पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, 'अरुणाचल प्रदेश की जैव विविधता व्यापक और विविध है। नई वनस्पतियों की खोज के अलावा बीएसआई के शोधकर्ताओं ने ईटानगर वन्यजीव अभयारण्य में फ्लोगाकैंथस सुधांशुशेखरी नामक एक नयी प्रजाति की पहचान की है।' उन्होंने कहा, 'यह खोज हमें हमारी समृद्ध प्राकृतिक विरासत और भविष्य की पीढ़ियों के लिए इसे संरक्षित करने की हमारी जिम्मेदारी की याद दिलाती है।'
JUL 18, 2024 14:17 IST

पिस्तौल खोलते समय चली गोली सिर में लगी, कांस्टेबल की मौत

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में बृहस्पतिवार सुबह पशु तस्करी के आरोपियों की तलाश में दबिश के दौरान एसओजी के एक कांस्टेबल की उस समय मौत हो गई, जब कथित तौर पर जाम पड़ी पिस्तौल को खोलते समय उससे अचानक चली गोली उसके सिर में जा लगी। घटना में एक उप-निरीक्षक के घायल होने की भी खबर है। पुलिस के मुताबिक, विशेष अभियान समूह (एसओजी) और दो थानों की पुलिस की संयुक्त टीम पशु तस्करों को पकड़ने के लिए बुलंदशहर जिले की सीमा से लगे एक गांव में दबिश डाल रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजीव सुमन ने बताया, “दबिश के दौरान निरीक्षक अजहर हुसैन की पिस्तौल जाम हो गई थी और वह उसे खोल नहीं पा रहे थे। हुसैन की मदद करने के लिए उप-निरीक्षक राजीव कुमार ने पिस्तौल पकड़ी, तभी अचानक उससे गोली चल गई। गोली कुमार को छूती हुई कांस्टेबल याकूब के सिरे में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।” सुमन के अनुसार, दोनों पुलिसकर्मियों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन याकूब ने वहां पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि घटना में घायल कुमार की हालत स्थिर है और उनका इलाज किया जा रहा है। सुमन ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
JUL 18, 2024 13:47 IST

रुद्रप्रयाग में कोटेश्वर के पास खाई में गिरी कार, 2 की मौत और 4 घायल

उत्तराखंड में गुरुवार को रुद्रप्रयाग के चोपता-डूंगरी मोटर मार्ग पर कोटेश्वर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एक कार अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी, जिसमें कार सवार 6 लोगों में से 2 की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि 4 अन्य लोग घायल हो गए। एसडीआरएफ ने सभी घायलों का रेस्क्यू कर उन्हें अस्पताल भेजा है, जहां चारों घायलों का इलाज चल रहा है। साथ ही मृतकों के शव भी एसडीआरएफ ने खाई से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिए हैं। इस हादसे में मरने वाले और घायल सभी एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। सभी मृतकों और घायलों की पहचान रुद्रप्रयाग के डूंगरी गांव के निवासी के रूप में हुई है।
JUL 18, 2024 13:45 IST

गोमांस खाने वाले संसद में लाते हैं भगवान शिव की तस्वीर, राहुल गांधी पर BJP ने साधा निशाना

भारतीय जनता पार्टी (BJP) की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष सी पी जोशी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर परोक्ष हमला बोलते हुए कहा कि गोमांस खाने वाले संसद में भगवान महादेव का चित्र लेकर आते हैं। जोशी ने बुधवार को दौसा में पार्टी की एक बैठक में यह टिप्पणी की। उनके भाषण का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। जोशी ने किसी का नाम लिए बिना कहा कि भारत चीन के बीच सीमा पर तनाव है और राहुल गांधी चीन के राजदूत के साथ हाथ से हाथ मिलाकर बैठे रहे... जो गोमांस खाता है और संसद में भगवान महादेव का चित्र लेकर आता है.. इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
JUL 18, 2024 13:12 IST

भारत विभिन्न क्षेत्रों में समाधान की कुंजी साबित हो रहा : नीति आयोग उपाध्यक्ष

नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन बेरी ने कहा है कि भारत सार्वजनिक सेवा और डिजिटलीकरण समेत विभिन्न क्षेत्रों में समाधान की एक कुंजी साबित हो रहा है। बेरी ने यह भी कहा कि जी-20 की अध्यक्षता के दौरान भारत ने सतत विकास लक्ष्यों को केन्द्र में रखकर स्वीकार किया है कि यह वैश्विक समुदाय की अपनी वंचित आबादी के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। बेरी ने यहां ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए विशेष साक्षात्कार में कहा, ‘‘भारत विभिन्न क्षेत्रों में समाधान की कुंजी साबित हो रहा है, चाहे वह सार्वजनिक सेवा हो, डिजिटलीकरण हो, यहां तक ​​कि बहुराष्ट्रीय निगमों और तथाकथित वैश्विक केंद्रों के लिए भी...।’’ उन्होंने कहा, “मैं वास्तव में एसडीजी को सरकारों द्वारा उनकी आबादी के प्रति प्रतिबद्धता के रूप में देखता हूं। 21वीं सदी में, यह एक तरह से सभ्य जीवन के प्रति प्रतिबद्धता है।”
JUL 18, 2024 12:39 IST

यूपी BJP में खींचतान के बीच अखिलेश यादव का मानसून ऑफर-सौ लाओ, सरकार बनाओ!

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को बड़ी बात कही। उन्होंने X पर अपने एक पोस्ट में कहा कि 'मानसून ऑफ़र: सौ लाओ, सरकार बनाओ! सपा नेता का यह छोटा पोस्ट बहुत कुछ कहता है। खासकर, लोकसभा चुनाव परिणामों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में जिस तरह की बयानबाजी चल रही है, उस हलचल पर अखिलेश का यह तंज है।
JUL 18, 2024 11:23 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: ट्रेनी IAS पूजा खेडकर की मां मनोरमा खेडकर को पुलिस ने किया गिरफ्तार

आज की ताजा खबर लाइव: विवादित ट्रेनी IAS अफसर पूजा खेडकर की मां मनोरमा खेडकर को पुणे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाड जिले से उनकी गिरफ्तारी हुई है। पिछले कुछ दिनों से मनोरमा फरार चल रही थी। मनोरमा पर किसान को धमकाने का आरोप है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। धमकाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ था।
JUL 18, 2024 11:21 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: NEET पेपर लीक मामले में CBI के हत्थे चढ़े पटना एम्स के तीन डॉक्टर

आज की ताजा खबर लाइव: नीट यूजी पेपर लीक मामले (NEET Paper Leak Case) में सीबीआई ने अभी तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना एम्स के तीन डॉक्टरों को उठाया है। तीनों डॉक्टरों को CBI अपने साथ ले गई है। जानकारी के अनुसार, तीनों डॉक्टर 2021 बैच के स्टूडेंट हैं। तीनों के रूम को भी सीबीआई ने सील कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, तीनों का लैपटॉप और मोबाईल भी जब्त कर लिया गया है।
JUL 18, 2024 11:20 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: जगन्नाथ मंदिर में आज बंद रहेगा श्रद्धालुओं को प्रवेश

आज की ताजा खबर लाइव: जगन्नाथ मंदिर के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को 12वीं सदी के मंदिर में भक्तों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है, क्योंकि रत्न भंडार (कोषागार) के आंतरिक कक्ष से कीमती सामान को अस्थायी स्ट्रांग रूम में स्थानांतरित किया जाएगा। मंदिर के तहखाने में स्थित रत्न भंडार में एक बाहरी और एक आंतरिक कक्ष है।
JUL 18, 2024 11:20 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: डोडा के कास्तीगढ़ इलाके में मुठभेड़ शुरू, आतंकियों की तलाश में चल रहा सर्च ऑपरेशन

आज की ताजा खबर लाइव: जम्मू और कश्मीर के डोडा के कास्तीगढ़ इलाके में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच एक बार फिर मुठभेड़ शुरू हो गई है। इसकी जानकारी जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दी। डोडा में सोमवार रात को हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षाबलों ने डोडा जिले के साथ लगती ऊधमपुर जिले की सीमा में भी आतंकियों के खात्मे के लिए सर्च आपरेशन तेज कर दिया है।
JUL 18, 2024 11:20 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: आज बीजेपी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे पीएम मोदी

आज की ताजा खबर लाइव: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक सुबह साढ़े 10 बजे से शुरू होगी। इसके बाद पीएम आज शाम 6 बजे भाजपा मुख्यालय जाकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।