LIVE

ताजा खबर 17 नवंबर-2024 हिंदी न्यूज़: यूक्रेन में रूस ने मचाई तबाही, एक साथ दाग दिए 120 मिसाइलें और 90 ड्रोन, कैलाश गहलोत ने AAP का साथ छोड़ा, अमित शाह ने महाराष्ट्र में रद्द कीं चुनावी रैलियां

ताजा खबर 17 नवंबर 2024 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: महाराष्ट्र की जनता इस बार के चुनाव में किस पर सबसे ज्यादा भरोसा दिखाएगी? इस सवाल का जवाब 23 नवंबर को मिल जाएगा। इससे पहले फिलहाल चुनाव प्रचार का सिलसिला जारी है। इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मणिपुर में अस्थिर हालात के मद्देनजर चुनावी राज्य महाराष्ट्र में अपनी रैलियां रद्द कर दीं और वह दिल्ली लौट रहे हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया है कि डीआरडीओ ने लंबी दूरी की हाइपरसोनिक मिसाइल का सफलतापूर्वक परीक्षण किया। उन्होंने कहा कि भारत ने लंबी दूरी की हाइपरसोनिक मिसाइल का सफलतापूर्वक उड़ान परीक्षण करके बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वहीं भारतीय रिजर्व बैंक को धमकी भरा कॉल शनिवार सुबह 10 बजे किया गया। कॉलर ने खुद को लश्कर ए तैयबा का सीईओ बताया। कॉल रिजर्व बैंक के कस्टमर केयर नंबर पर आई थी। कथित तौर पर रिजर्व बैंक के सुरक्षा गार्ड को कॉल की गई। शख्स ने खुद को आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का सीईओ बताते हुए कहा "पीछे का रास्ता बंद कर दो इलेक्ट्रिक कार खराब हो गई है।" अज्ञात शख्स के खिलाफ मामला दर्ज कराया जा चुका है। वहीं पुलिस के मुताबिक ये किसी की शरारत भी हो सकती है। पंजाब में इस मौसम में पराली जलाने की घटनाओं का आंकड़ा 8,000 के पार पहुंच गया है। शनिवार को राज्य में पराली जलाने के 136 मामले सामने आए। पंजाब रिमोट सेंसिंग सेंटर के अनुसार, राज्य में सबसे ज्यादा संगरूर जिले में पराली जलाने के 50 मामले सामने आए। इसके बाद फिरोजपुर में 30, बरनाला में 17 और पटियाला में 12 मामले आए। वहीं मणिपुर सरकार ने केंद्र से राज्य के छह थानाक्षेत्रों में आने वाले इलाकों में सशस्त्र बल (विशेष शक्तियां) अधिनियम (अफ्स्पा) की समीक्षा कर उसे हटाने का अनुरोध किया। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। केंद्र ने हिंसा प्रभावित जिरीबाम सहित मणिपुर के छह थानाक्षेत्रों में अफ्स्पा फिर से लागू कर दिया है। इसके अलावा तमिलनाडु के तेलुगु भाषी लोगों पर टिप्पणी कर विवादों में घिरीं अभिनेत्री कस्तूरी को शनिवार को हैदराबाद में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। विवाद के तुरंत बाद अभिनेत्री ने अपनी टिप्पणी वापस ले ली, लेकिन उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। चेन्नई पुलिस की एक टीम ने हैदराबाद में एक फिल्म निर्माता के घर से उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

आयुष सिन्हाUpdated Nov 17, 2024, 18:59 IST
Follow on Google News
ताजा खबर 17 नवंबर-2024 हिंदी न्यूज़: यूक्रेन में रूस ने मचाई तबाही, एक साथ दाग दिए 120 मिसाइलें और 90 ड्रोन, कैलाश गहलोत ने AAP का साथ छोड़ा, अमित शाह ने महाराष्ट्र में रद्द कीं चुनावी रैलियां

ताजा खबर 17 नवंबर-2024 हिंदी न्यूज़: यूक्रेन में रूस ने मचाई तबाही, एक साथ दाग दिए 120 मिसाइलें और 90 ड्रोन, कैलाश गहलोत ने AAP का साथ छोड़ा, अमित शाह ने महाराष्ट्र में रद्द कीं चुनावी रैलियां

ताजा खबर 17 नवंबर 2024 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: दिल्ली में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) को बड़ा झटका देते हुए वरिष्ठ नेता एवं राष्ट्रीय राजधानी के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने रविवार को पार्टी का साथ छोड़ दिया। ‘आप’ के प्रमुख नेता रहे गहलोत ने अपने त्यागपत्र में हाल में हुए विवादों और अधूरे वादों का हवाला दिया। इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मणिपुर में अस्थिर हालात के मद्देनजर चुनावी राज्य महाराष्ट्र में अपनी रैलियां रद्द कर दीं और वह दिल्ली लौट रहे हैं। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया है कि डीआरडीओ ने लंबी दूरी की हाइपरसोनि क मिसाइल का सफलतापूर्वक परीक्षण किया। उन्होंने कहा कि भारत ने लंबी दूरी की हाइपरसोनिक मिसाइल का सफलतापूर्वक उड़ान परीक्षण करके बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इसके अलावा भारतीय रिजर्व बैंक को धमकी भरा कॉल शनिवार सुबह 10 बजे किया गया। कॉलर ने खुद को लश्कर ए तैयबा का सीईओ बताया। कॉल रिजर्व बैंक के कस्टमर केयर नंबर पर आई थी। कथित तौर पर रिजर्व बैंक के सुरक्षा गार्ड को कॉल की गई। शख्स ने खुद को आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का सीईओ बताते हुए कहा "पीछे का रास्ता बंद कर दो इलेक्ट्रिक कार खराब हो गई है।" अज्ञात शख्स के खिलाफ मामला दर्ज कराया जा चुका है।

अहम और बड़ी खबरें पढ़ें

  • कैलाश गहलोत ने मंत्री पद से इस्तीफा दिया, AAP का साथ छोड़ा
  • अमित शाह ने महाराष्ट्र में रद्द कीं चुनावी रैलियां, लौट रहे दिल्ली
  • भारतीय रिजर्व बैंक को आया धमकी भरा कॉल, शिकायत दर्ज
  • भारत ने लंबी दूरी की हाइपरसोनिक मिसाइल का किया सफल उड़ान परीक्षण
  • इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के घर पर दागे गए दो फ्लैश बम
  • मणिपुर हिंसा के बीच राहुल गांधी ने पीएम मोदी से किया आग्रह

NOV 17, 2024 18:58 IST

तेज रफ्तार कार ने तोड़ी पुलिस की नाकाबंदी, जवानों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास, हिरासत में तीन लोग

बिलासपुर जिले के रतनपुर इलाके में एक संदिग्ध कार ने पुलिस की नाकाबंदी को तोड़ते हुए जवानों को गाड़ी के कुचलने का प्रयास किया। पुलिस ने ट्रक लगाकर कार को जब्त किया और कार में सवार तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है।
NOV 17, 2024 18:57 IST

अमेरिकी अधिकारियों ने तस्करी की गई 1,440 प्राचीन मूर्तियां भारत को वापस लौटाई

मैनहैटन के अभियोजक एल्विन ब्रैग ने भारत को 1,440 प्राचीन कलाकृतियां लौटाई हैं, जिनमें पवित्र मंदिरों की मूर्तियां भी शामिल हैं। ये सभी मूर्तियां तस्करी के जरिए अमेरिका पहुंचाई गई थीं। ये प्राचीन वस्तुएं न्यूयॉर्क में भारतीय वाणिज्य दूतावास में एक समारोह के दौरान कॉन्सुल मनीष कुल्हारी को सौंपी गईं। इसे होमलैंड सिक्योरिटी इन्वेस्टिगेशन (एचएसआई) समूह की प्रमुख एलेक्जेंड्रा डीआर्मास ने प्रस्तुत किया।
NOV 17, 2024 17:28 IST

'सच्चाई सामने आ रही है' प्रधानमंत्री ने गोधरा त्रासदी पर आधारित फिल्म 'द साबरमती रिपोर्ट' की प्रशंसा की

फिल्म पर एक एक्स यूजर के सवाल का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि "फर्जी कहानी केवल एक निश्चित समय तक ही चल सकती है"
NOV 17, 2024 17:27 IST

यूक्रेन में रूस ने मचाई तबाही, एक साथ दाग दिए 120 मिसाइलें और 90 ड्रोन

कीव के सिटी सैन्य प्रशासन के प्रमुख सेरही पोपको के अनुसार ड्रोन और मिसाइल का संयुक्त हमला तीन महीनों में सबसे बड़ा था। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब इस बात की आशंका बढ़ रही है कि मॉस्को की मंशा सर्दियों के मौसम से पहले यूक्रेन की बिजली उत्पादन क्षमता को नष्ट करने की है।
NOV 17, 2024 15:32 IST

मणिपुर में चार और विधायकों के घर जलाए गए, CM बीरेन सिंह के पैतृक आवास तक पहुंची भीड़

प्रदर्शनकारियों ने शनिवार रात इंफाल पूर्वी क्षेत्र में लुवांगसांगबाम स्थित बीरेन सिंह के पैतृक निवास पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षाबलों ने उन्हें 100-200 मीटर पहले ही रोक दिया। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने उनके आवास के सामने टायर जलाए और आवाजाही को ठप कर दिया।
NOV 17, 2024 15:31 IST

अमित शाह ने महाराष्ट्र में रद्द कीं चुनावी रैलियां, लौट रहे दिल्ली

हाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए हो रहा चुनाव प्रचार कुछ ही घंटों के बाद थम जाएगा। इस बीच अमित शाह ने अचानक से अपनी रैलियां रद्द कर दी हैं। इसके अलावा वो दिल्ली लौट रहे हैं, आखिर इसके पीछे की असल वजह क्या है?
NOV 17, 2024 13:47 IST

दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘गंभीर' श्रेणी में, न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस

राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘‘गंभीर’’ श्रेणी में रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) से ‘समीर ऐप’ के अनुसार सुबह नौ बजे एक्यूआई 429 दर्ज किया गया। शनिवार शाम चार बजे 24 घंटे का औसत एक्यूआई 417 रहा। एक्यूआई 0-50 के बीच ‘अच्छा’, 51-100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101-200 के बीच ‘मध्यम’, 201-300 के बीच ‘खराब’, 301-400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401-500 के बीच रहने पर ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है। मौसम विभाग ने सुबह या रात के समय मध्यम कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है, जबकि अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता का स्तर 94 प्रतिशत दर्ज किया गया।
NOV 17, 2024 13:45 IST

कैलाश गहलोत ने दिल्ली के परिवहन मंत्री पद से इस्तीफा दिया, AAP का साथ छोड़ा

दिल्ली में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) को बड़ा झटका देते हुए वरिष्ठ नेता एवं राष्ट्रीय राजधानी के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने रविवार को पार्टी का साथ छोड़ दिया। ‘आप’ के प्रमुख नेता रहे गहलोत ने अपने त्यागपत्र में हाल में हुए विवादों और अधूरे वादों का हवाला दिया। मुख्यमंत्री आतिशी को लिखे पत्र में नजफगढ़ से विधायक गहलोत ने तत्काल प्रभाव से मंत्रिपरिषद से अपना इस्तीफा दे दिया। ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल को अलग से लिखे एक पत्र में गहलोत ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी अपना इस्तीफा दे दिया। उन्होंने पत्र को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर भी साझा किया। गहलोत ने केजरीवाल के पूर्व आवास का संदर्भ देते हुए दावा किया कि पार्टी को ‘‘शीशमहल’’ जैसे ‘‘शर्मनाक’’ विवादों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों के अधिकारों के लिए लड़ने के बजाय, ‘आप’ अपने खुद के एजेंडे के लिए लड़ने में व्यस्त है, जिससे दिल्ली वालों को बुनियादी सेवाओं की आपूर्ति रुक गई है। गहलोत द्वारा उठाए गए मुद्दों और इस घटनाक्रम पर ‘आप’ की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है।
NOV 17, 2024 13:21 IST

महाराष्ट्र चुनाव : बारामती में शरद पवार के बैग की तलाशी ली गयी

महाराष्ट्र के पुणे जिले में रविवार को बारामती हेलीपैड पर चुनाव कर्मियों ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार के बैग की तलाशी ली। पवार के सहयोगी ने बताया कि राकांपा (एसपी) प्रमुख सोलापुर में एक चुनावी रैली में भाग लेने जा रहे थे। राज्य में 20 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के वास्ते आदर्श आचार संहिता लागू है। पवार के सहयोगी ने बताया, ‘‘पवार साहेब सोलापुर के करमाला में चुनावी रैली में भाग लेने जा रहे थे, तभी बारामती हेलीपैड पर उनके बैग की तलाशी ली गयी। तलाशी के बाद वह हेलीकॉप्टर में सवार हुए और रैली के लिए रवाना हुए।’’ चुनाव प्राधिकारियों ने शनिवार को महाराष्ट्र के अमरावती जिले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बैग की भी तलाशी ली थी। बाद में राज्य की पूर्व मंत्री एवं टेओसा से कांग्रेस विधायक यशोमति ठाकुर ने निर्वाचन अधिकारियों की कार्रवाई पर सवाल उठाया और पूछा कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह या मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बैग की जांच क्यों नहीं कर रहे हैं। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता उद्धव ठाकरे के बैग की जांच और उनके द्वारा इसका एक वीडियो साझा करने के बाद यह मुद्दा राज्य के चुनाव अभियान में सुर्खियों में आया। ठाकरे ने निर्वाचन अधिकारियों से यह भी पूछा कि क्या उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बैग की भी जांच की। पिछले कुछ दिनों में, ऐसे वीडियो सामने आए हैं जिनमें शाह, मुख्यमंत्री शिंदे, उपमुख्यमंत्री फडणवीस और अजित पवार के बैग की जांच चुनाव अधिकारियों द्वारा की जा रही है। शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था कि भाजपा स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव में विश्वास करती है और सभी निर्धारित नियमों और प्रोटोकॉल का पालन करती है।
NOV 17, 2024 13:20 IST

अमित शाह ने महाराष्ट्र में रैलियां रद्द कीं, दिल्ली लौट रहे

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मणिपुर में अस्थिर हालात के मद्देनजर चुनावी राज्य महाराष्ट्र में अपनी रैलियां रद्द कर दीं और वह दिल्ली लौट रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्री इस पूर्वोत्तर राज्य में स्थिति की समीक्षा के लिए एक बैठक कर सकते हैं। मणिपुर में उग्र भीड़ ने इंफाल घाटी के विभिन्न जिलों में शनिवार रात भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तीन और विधायकों तथा कांग्रेस के एक विधायक के आवास में आग लगा दी। साथ ही, सुरक्षाबलों ने मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के पैतृक आवास में घुसने की प्रदर्शनकारियों की कोशिश को नाकाम कर दिया। सूत्रों ने बताया कि शाह को महाराष्ट्र में भाजपा के प्रचार अभियान के तहत कुछ चुनावी रैलियों में भाग लेना था लेकिन उन्होंने रैलियां रद्द कर दीं और वह दिल्ली लौट रहे हैं। उनकी रैलियां रद्द करने के पीछे कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है लेकिन सूत्रों ने बताया कि यह मणिपुर में अस्थिर हालात की वजह से हो सकता है। सूत्रों ने कहा कि गृह मंत्री मणिपुर में स्थिति की समीक्षा के लिए दिल्ली में शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि केंद्रीय सुरक्षा अधिकारियों का एक दल स्थिति का आकलन करने और स्थिति से निपटने में राज्य सरकार की मदद करने के लिए जल्द ही मणिपुर का दौरा कर सकता है। हिंसा की ताजा घटनाएं शनिवार रात हुईं जब जिरीबाम जिले में उग्रवादियों द्वारा तीन महिलाओं तथा तीन बच्चों की हत्या से गुस्साए लोगों ने राज्य के तीन मंत्रियों और छह विधायकों के आवास पर हमला कर दिया। इसके बाद राज्य में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, उग्र भीड़ ने निंगथोखोंग में लोक निर्माण मंत्री गोविंदास कोन्थुजाम, लंगमेइदोंग बाजार में हियांगलाम से भाजपा विधायक वाई राधेश्याम, थौबल जिले में वांगजिंग टेंथा से भाजपा विधायक पी. ब्रोजेन तथा इंफाल पूर्वी जिले में खुंद्राकपाम से कांग्रेस विधायक थोकचोम लोकेश्वर के आवास को आग के हवाले कर दिया। रविवार सुबह इंफाल घाटी के सभी पांच जिलों में स्थिति शांत लेकिन तनावपूर्ण रही। जिरिबाम में छह लोगों के शव मिलने पर हिंसक प्रदर्शनों के बाद कर्फ्यू लगाया गया है और इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं।
NOV 17, 2024 11:50 IST

छात्र आंदोलन भड़काने के आरोप में चार टेलीग्राम चैनल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के बाहर 11 नवंबर से पांच दिन तक हुए छात्र आंदोलन के दौरान छात्रों को भड़काने के उद्देश्य से भ्रामक सूचनाएं फैलाने के आरोप में चार टेलीग्राम चैनल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। लोक सेवा आयोग पुलिस चौकी के प्रभारी कृष्ण मुरारी चौरसिया की तहरीर पर सोशल मीडिया मंच टेलीग्राम के चैनलों- पीसीएम अभ्यास, सामान्य अध्ययन एडुशाला, मेक आईएएस और पीसीएस मंथन के अज्ञात संचालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कानून की धारा 66 के तहत बृहस्पतिवार को सिविल लाइंस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 11 नवंबर से लोक सेवा आयोग के सामने छात्र आरओ-एआरओ और पीसीएस (प्रारंभिक) की परीक्षा एक दिन कराने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। छात्रों को भड़काने के लिए सोशल मीडिया मंच टेलीग्राम के विभिन्न चैनलों से भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही थीं ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति में बाधा डाली जा सके। प्राथमिकी में उक्त चैनल के स्क्रीनशॉट साक्ष्य के तौर पर संलग्न किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि 11 नवंबर को शुरू हुआ छात्र आंदोलन, आयोग द्वारा पीसीएस-प्री की परीक्षा एक ही दिन में कराने और आरओ-एआरओ की परीक्षा स्थगित करने की घोषणा के साथ शुक्रवार को समाप्त हो गया।
NOV 17, 2024 11:48 IST

विदेशी संपत्ति, आय का खुलासा न करने पर लगेगा 10 लाख रुपये का जुर्माना: IT

आयकर विभाग ने रविवार को करदाताओं को आगाह किया कि आईटीआर में विदेश में स्थित संपत्ति या विदेशों में अर्जित आय का खुलासा न करने पर कालाधन विरोधी कानून के तहत 10 लाख रुपये का जुर्माना लग सकता है। विभाग ने हाल ही में शुरू किए गए अनुपालन-सह-जागरूकता अभियान के तहत शनिवार को एक सार्वजनिक परामर्श जारी किया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि करदाता आकलन वर्ष 2024-25 के लिए अपने आयकर रिटर्न (आईटीआर) में ऐसी जानकारी दर्ज करें। परामर्श में स्पष्ट किया गया है कि पिछले वर्ष में भारत के कर निवासी के लिए विदेशी परिसंपत्ति में बैंक खाते, नकद मूल्य बीमा अनुबंध या वार्षिकी अनुबंध, किसी इकाई या व्यवसाय में वित्तीय हित, अचल संपत्ति, अभिरक्षक खाता, इक्विटी और ऋण हित, ट्रस्ट जिसमें व्यक्ति ट्रस्टी है, सेटलर का लाभार्थी, हस्ताक्षर प्राधिकारी वाले खाते, विदेश में रखी गई कोई पूंजीगत परिसंपत्ति आदि शामिल हैं। विभाग ने कहा कि इस मानदंड के अंतर्गत आने वाले करदाताओं को अपने आईटीआर में विदेशी परिसंपत्ति (एफए) या विदेशी स्रोत से आय (एफएसआई) अनुसूची को "अनिवार्य रूप से" भरना होगा, भले ही उनकी आय “कर योग्य सीमा से कम" हो या विदेश में संपत्ति "प्रकट स्रोतों से अर्जित की गई हो।” परामर्श के अनुसार, “आईटीआर में विदेशी संपत्ति/आय का खुलासा न करने पर काला धन (अघोषित विदेशी आय और संपत्ति) और कर अधिरोपण अधिनियम, 2015 के तहत 10 लाख रुपये का जुर्माना लग सकता है।” कर विभाग के लिए प्रशासनिक निकाय, केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने कहा था कि अभियान के तहत वह उन निवासी करदाताओं को "सूचनात्मक" एसएमएस और ईमेल भेजेगा, जिन्होंने पहले ही आकलन वर्ष 2024-25 के लिए अपना आईटीआर दाखिल कर दिया है। यह संचार ऐसे व्यक्तियों को भेजा जाएगा, जिनकी द्विपक्षीय और बहुपक्षीय समझौतों के तहत प्राप्त जानकारी के माध्यम से ‘पहचान’ की गई है, जिसमें ‘सुझाव’ दिया गया है कि ये व्यक्ति विदेशी खाते या संपत्ति रख सकते हैं, या विदेशी क्षेत्राधिकार से आय प्राप्त कर चुके हैं। देर से एवं संशोधित आईटीआर दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर है।
NOV 17, 2024 11:47 IST

सरकार ने विज्ञान को लोकप्रिय बनाने के लिए स्थापित निकाय 'विज्ञान प्रसार' बंद किया

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने शनिवार को कहा कि विज्ञान को लोकप्रिय बनाने के लिए 35 साल पहले स्थापित किए गए स्वायत्त निकाय ‘विज्ञान प्रसार’ को बंद कर दिया गया है। सरकार ने शनिवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि उसने 12 अक्टूबर 1989 को स्थापित विज्ञान प्रसार को बंद करने का निर्णय लिया है। इसमें कहा गया, ‘‘यह निर्देश दिया गया था कि समापन की प्रक्रिया कैबिनेट के फैसले की तारीख - छह सितंबर 2023 से नौ महीने की अवधि के भीतर पूरी की जाए। निर्णय के अनुसार, विज्ञान प्रसार को बंद करने के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली गई है और यह 21 अक्टूबर की दोपहर से बंद है।’’ इसमें कहा गया है कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के तहत एक स्वायत्त निकाय ‘नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन’, गांधीनगर को शेष प्रशासनिक और कानूनी मामलों एवं विविध कार्यों से निपटने का काम सौंपा गया है। विज्ञान प्रसार का मुख्य उद्देश्य वैज्ञानिक ज्ञान को बढ़ावा देने और तर्कसंगत दृष्टिकोण को बढ़ावा देकर विज्ञान को लोकप्रिय बनाने के सरकार के एजेंडे को आगे बढ़ाना था।
NOV 17, 2024 10:40 IST

सेना ने नागरिक-सैन्य संबंध मजबूत करने के लिए पुंछ में 'मिनी मैराथन' आयोजित की

जम्मू कश्मीर में पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में सेना की भिंबर गली ब्रिगेड द्वारा आयोजित ‘मिनी मैराथन’ में रविवार को सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। एक अधिकारी ने बताया कि मेंढर खेल महोत्सव से पूर्व पहली ‘मिनी मैराथन’ नागरिक-सैन्य संबंधों को मजबूत करने के अलावा एकता और सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा देने के लिए ऑपरेशन ‘सद्भावना’ के तहत आयोजित की गयी। सैन्य अधिकारी ने बताया कि इसमें मेंढर क्षेत्र के विद्यालय और कॉलेज के 400 से अधिक लोगों ने भाग लिया, जो उनके जोश एवं उत्साह को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि मैराथन दो प्रतियोगी आयु श्रेणियों - 15 से 30 वर्ष और 31 से 45 वर्ष में आयोजित की गयी। सभी प्रतिभागियों ने जबरदस्त उत्साह, लचीलापन और अदम्य इच्छाशक्ति का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य संस्कृति को बढ़ावा देना, सामुदायिक जुड़ाव को प्रोत्साहित करना और स्थानीय लोगों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा करना, उन्हें नए कौशल सीखने और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करना है। ऑपरेशन ‘सद्भावना’ सेना की एक पहल है। यह पहल शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल, बुनियादी ढांचे, सशक्तीकरण पर ध्यान केंद्रित करती है और मेंढर की युवा प्रतिभाओं को कई अवसर प्रदान करती हैं जिससे वे अपने जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ सकें।
NOV 17, 2024 10:40 IST

ट्रंप के बढ़ते प्रभाव के बीच पेरू में एपीईसी सम्मेलन संपन्न

लीमा में दो दिनों तक चली बैठकों के बाद एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपीईसी) मंच की बैठक शनिवार को सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। अब कई लोगों को डर है कि यह वार्षिक शिखर सम्मेलन अगले चार वर्षों तक फिर नहीं दिखेगा। सम्मेलन में क्षेत्र की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं की रणनीतियों पर चर्चा में केवल सामान्य बातों से आगे कुछ नहीं हुआ। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग सहित प्रशांत क्षेत्र की सीमा से लगी अर्थव्यवस्थाओं के 21 नेता इस सप्ताह पेरू की यात्रा पर ऐसे समय आए, जब अमेरिका के भावी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वैश्विक मुक्त व्यापार एजेंडे के नेतृत्व से अमेरिका को हटाने की कसम खाई है। कुछ लोगों को यह जरूर दिखा होगा कि शनिवार को एपीईसी की पारिवारिक फोटो में बाइडन का देर से प्रवेश करना चर्चा का विषय बन गया, क्योंकि बाकी नेता मंच पर पोज देने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन चारों ओर देखने पर बाइडन नहीं दिखे। बाकी नेता पांच मिनट तक अजीबोगरीब तरीके से हंसते रहे, फिर अचानक बाइडन सामने आए और सबसे पीछे कोने में अपनी जगह ले ली। बाइडन थाईलैंड के 38 वर्षीय प्रधानमंत्री पैतोंगटार्न शिनावात्रा और वियतनाम के राष्ट्रपति लुओंग कुओंग के बीच खड़े हो गए। मंच से उतरते हुए, बाइडन ने खुद को संभालने के लिए शिनावात्रा का हाथ थामा। चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग को सदन में, मेजबान पेरू के राष्ट्रपति दीना बोलुआर्टे के बगल में सबसे आगे और बीच में सबसे अच्छा स्थान मिला। उन्होंने इस सप्ताह खुद को वैश्वीकरण के बैनर में लपेटा, पेरू में 1.3 अरब डॉलर के विशाल मेगापोर्ट का उद्घाटन किया।
NOV 17, 2024 10:15 IST

बोइंग ने 400 से अधिक कर्मचारियों को नौकरी से निकालने का नोटिस भेजा

बोइंग ने अपने पेशेवर एयरोस्पेस श्रमिक संघ के 400 से अधिक सदस्यों को नौकरी से निकालने का नोटिस भेजा है। यह वित्तीय और नियामकीय समस्याओं से उबरने के लिए संघर्ष कर रही कंपनी की हजारों लोगों को नौकरी से निकालने की योजना का हिस्सा है। इसके अलावा, इसकी मशीनिस्ट यूनियन की आठ सप्ताह की हड़ताल भी इसका एक कारण है। सिएटल टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले सप्ताह सोसायटी ऑफ प्रोफेशनल इंजीनियरिंग एम्प्लॉइज इन एयरोस्पेस (एसपीईईए) के सदस्यों को नौकरी से निकाटने का नोटिस (पिंक स्लिप) भेजा गया। कर्मचारियों को जनवरी के मध्य तक वेतन मिलेगा। बोइंग ने अक्टूबर में घोषणा की थी कि वह आने वाले महीनों में अपने कर्मचारियों की संख्या में 10 प्रतिशत यानी करीब 17,000 की कटौती करने की योजना बना रही है। कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) केली ऑर्टबर्ग ने कर्मचारियों से कहा कि कंपनी को “अपनी वित्तीय वास्तविकता के अनुरूप अपने कर्मचारियों के स्तर को फिर से निर्धारित करना होगा।” एसपीईईए ने कहा कि छंटनी से 438 सदस्य प्रभावित हुए हैं। यूनियन के स्थानीय खंड में 17,000 बोइंग कर्मचारी हैं जो मुख्य रूप से वाशिंगटन में स्थित हैं, जिनमें से कुछ ओरेगन, कैलिफोर्निया और यूटा में हैं। उन 438 कर्मचारियों में से 218 एसपीईईए की पेशेवर इकाई के सदस्य हैं, जिसमें इंजीनियर और वैज्ञानिक शामिल हैं। बाकी तकनीकी इकाई के सदस्य हैं, जिसमें विश्लेषक, योजनाकार, तकनीशियन और कुशल पेशेवर शामिल हैं। पात्र कर्मचारियों को तीन महीने तक के लिए करियर ट्रांज़िशन सेवाएं और सब्सिडी वाले स्वास्थ्य सेवा लाभ मिलेंगे। कर्मचारियों को भत्ता भी मिलेगा, जो आम तौर पर सेवा के हर साल के लिए लगभग एक सप्ताह का वेतन होता है। हड़ताल के बाद बोइंग के यूनियन वाले मशीनिस्ट ने इसी महीने काम पर लौटना शुरू कर दिया। हड़ताल ने बोइंग को वित्तीय रूप से प्रभावित किया। ...लेकिन अक्टूबर में विश्लेषकों के साथ बातचीत में ऑर्टबर्ग ने कहा कि इसकी वजह से छंटनी नहीं हुई।
NOV 17, 2024 10:14 IST

CM योगी ने शिवसेना संस्थापक बालासाहेब ठाकरे की पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि दी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे की पुण्य तिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘राष्ट्रवाद के सशक्त स्वर, अद्वितीय वक्ता, शिवसेना के संस्थापक आदरणीय बालासाहेब ठाकरे की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटिश: नमन और विनम्र श्रद्धांजलि!’’ ठाकरे का जन्म 23 जनवरी 1926 को महाराष्ट्र के पुणे में हुआ और 17 नवंबर 2012 को मुंबई में निधन हो गया। ठाकरे ने 1966 में शिवसेना की स्थापना की और अपना करियर एक कार्टूनिस्ट के रूप में शुरू किया था।
NOV 17, 2024 09:14 IST

भारत ने लंबी दूरी की हाइपरसोनिक मिसाइल का सफलतापूर्वक किया उड़ान परीक्षण

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया है कि डीआरडीओ ने लंबी दूरी की हाइपरसोनिक मिसाइल का सफलतापूर्वक परीक्षण किया। उन्होंने कहा कि भारत ने लंबी दूरी की हाइपरसोनिक मिसाइल का सफलतापूर्वक उड़ान परीक्षण करके बड़ी उपलब्धि हासिल की है। लंबी दूरी की हाइपरसोनिक मिसाइल के सफल परीक्षण पर राजनाथ सिंह ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने आगे कहा कि हाइपरसोनिक मिसाइल के सफल परीक्षण ने भारत को इस प्रकार की अहम क्षमता वाले चुनिंदा देशों के समूह में शामिल कर दिया है।
NOV 17, 2024 09:12 IST

डोनाल्ड ट्रंप ने क्रिस राइट को ऊर्जा मंत्री नामित किया

अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ‘लिबर्टी एनर्जी’ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रिस राइट को ऊर्जा मंत्री नामित किया है। डेनवर स्थित ‘लिबर्टी एनर्जी’ ऊर्जा क्षेत्र की एक बड़ी कंपनी है। राइट जलवायु परिवर्तन से निपटने के प्रयासों पर अपनी बातों को हमेशा से मुखरता से रखते आए हैं और वह जीवाश्म ईंधन को बढ़ावा दे सकता है, जिसमें बाइडन प्रशासन की ओर से प्राकृतिक गैस निर्यात की मंजूरी पर एक साल की रोक को समाप्त करने के लिए त्वरित कार्रवाई भी शामिल है। राइट को ऊर्जा मंत्रालय का प्रमुख बनाने के निर्णय का तेल एवं गैस टाइकून हेरोल्ड हैम ने भी समर्थन किया है। रिपब्लिकन पार्टी के सांसद जॉन बैरासो ने क्रिस के अनुमोदन को उचित करार दिया है। बैरासो को ऊर्जा और प्राकृतिक संसाधन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया जा सकता है।
NOV 17, 2024 09:09 IST

तीन देशों की यात्रा के पहले चरण में नाइजीरिया पहुंचे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीन देशों की अपनी यात्रा के पहले चरण के तहत रविवार को नाइजीरिया पहुंचे। प्रधानमंत्री नाइजीरियाई राष्ट्रपति बोला अहमद टिनुबू के निमंत्रण पर यहां पहुंचे हैं। वह ब्राजील और गुयाना भी जाएंगे। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अबुजा पहुंच गए हैं। मंत्री न्येसोम एजेनवो वाइक ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने प्रधानमंत्री को अबुजा शहर की ‘कुंजी’ भेंट की। यह ‘कुंजी’ प्रधानमंत्री पर नाइजीरिया के लोगों के विश्वास और उनके प्रति सम्मान को प्रदर्शित करती है।’’ विदेश मंत्रालय ने प्रधानमंत्री के स्वागत की कुछ तस्वीरें भी साझा कीं। प्रधानमंत्री मोदी ने नाइजीरिया के राष्ट्रपति टीनुबू द्वारा ‘एक्स’ पर किए गए एक पोस्ट का जवाब दिया जिसमें उन्होंने कहा था कि वह भारतीय प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं। राष्ट्रपति टीनुबू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हमारी द्विपक्षीय चर्चाओं का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी का विस्तार करना तथा महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना है। प्रधानमंत्री मोदी नाइजीरिया में आपका स्वागत है।’’ नाइजीरियाई राष्ट्रपति के पोस्ट का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘धन्यवाद, राष्ट्रपति टीनुबू। कुछ समय पहले ही नाइजीरिया पहुंचा हूं। गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभारी हूं। मेरी कामना है कि यह यात्रा हमारे देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाए।’’ मोदी ने कहा, ‘‘नाइजीरिया में भारतीय समुदाय के इतने गर्मजोशी भरे स्वागत से बहुत खुशी हुई।’’ उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, ‘‘नाइजीरिया में मराठी भाषा को शास्त्रीय भाषा का दर्जा दिए जाने पर मराठी समुदाय ने खुशी जताई है। यह वाकई सराहनीय है कि वे अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़े हुए हैं।’’