LIVE

17 दिसंबर 2024: उद्धव ने नागपुर में मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस से की मुलाकात, संसद में एक देश-एक चुनाव बिल हुआ पेश; पढ़ें हर छोटी-बड़ी खबरें

17 दिसंबर 2024 हिंदी समाचार Updates: विपक्ष के विरोध के बीच आज सरकार ने लोकसभा में एक देश, एक चुनाव बिल ( One Nation One Election bills) पेश कर दिया। कांग्रेस और कई अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों ने इस विधेयक का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि यह संविधान के मूल ढांचे पर हमला है और देश को तानाशाही की तरफ ले जाने वाला कदम है। उत्तर भारत में कोल्ड वेव का दौर जारी है। दिल्ली-यूपी समेत करीब 11 राज्यों के विभिन्न जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच दक्षिण भारत के तमिलनाडु और केरल राज्य में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना जताई गई है। देश के एक हिस्से में बारिश का दौर जारी है, तो वहीं दूसरे हिस्से में शीतलहर लोगों के लिए मुसीबत बन रही है वहीं ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ बिल को लेकर देश में चल रही सियासत के बीच भाजपा ने अपने लोकसभा सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। माना जा रहा है कि लोकसभा में मंगलवार को ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ बिल पेश हो सकता है। लोकसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक डॉ. संजय जायसवाल ने पत्र जारी करते हुए सभी सांसदों को मंगलवार को लोकसभा में उपस्थित रहने के लिए कहा है वहीं दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ने के साथ जीआरएपी (, GRAP-4) के चौथे चरण के तहत प्रतिबंध लागू कर दिया गया है। अत्यधिक प्रतिकूल मौसम संबंधी परिस्थितियों और बिल्कुल शांत हवा की स्थिति के कारण दिल्ली के AQI में भारी वृद्धि को ध्यान में रखते हुए, GRAP पर CAQM उप-समिति ने एक आपातकालीन बैठक बुलाई उधर कनाडा की उप प्रधानमंत्री क्रिस्टिया फ्रीलैंड ने प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो से मतभेद के बाद इस्तीफा दे दिया है। फ्रीलैंड को वित्त मंत्रालय छोड़ने के लिए कहा गया था, जिससे नाराज होकर उन्होंने इस्तीफा दे दिया वहीं जॉर्जिया में 11 भारतीयों के मारे जाने की खबर है। ये भारतीय एक रिसॉर्ट में रूके थे, जहां उनकी लाश मिली है। इनकी मौत के कारणों को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है, जानिए देश-दुनिया की सभी अहम और बड़ी खबरें।

रवि वैश्यUpdated Dec 17, 2024, 19:13 IST
Follow on Google News
17 दिसंबर 2024: उद्धव ने नागपुर में मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस से की मुलाकात, संसद में एक देश-एक चुनाव बिल हुआ पेश; पढ़ें हर छोटी-बड़ी खबरें

17 दिसंबर 2024: उद्धव ने नागपुर में मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस से की मुलाकात, संसद में एक देश-एक चुनाव बिल हुआ पेश; पढ़ें हर छोटी-बड़ी खबरें

17 दिसंबर 2024 हिंदी समाचार Updates: शिवसेना (यूटीबी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को यहां विधान भवन में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात फडणवीस के कक्ष में हुई। इस मुलाकात के दौरान उद्धव के साथ शिवसेना (यूटीबी) के विधायक आदित्य ठाकरे, अनिल परब और वरुण सरदेसाई भी मौजूद रहे। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे राज्य विधान परिषद के सदस्य हैं। वहीं विपक्ष के विरोध के बीच आज सरकार ने लोकसभा में एक देश, एक चुनाव बिल ( One Nation One Election bills) पेश कर दिया। कांग्रेस और कई अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों ने इस विधेयक का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि यह संविधान के मूल ढांचे पर हमला है और देश को तानाशाही की तरफ ले जाने वाला कदम है। उत्तर भारत में कोल्ड वेव का दौर जारी है। दिल्ली-यूपी समेत करीब 11 राज्यों के विभिन्न जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच दक्षिण भारत के तमिलनाडु और केरल राज्य में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना जताई गई है। जानिए देश-दुनिया की सभी अहम और बड़ी खबरें।

  • उद्धव ने नागपुर में मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस से की मुलाकात
  • दिल्ली में ठंड से कांप रहे लोग, हरियाणा-यूपी में शीतलहर का अटैक
  • आज लोकसभा में पेश होगा ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ बिल
  • प्रदूषण के फंदे में दिल्ली-NCR, GRAP-4 लागू

DEC 17, 2024 17:49 IST

उद्धव ने नागपुर में मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस से की मुलाकात

शिवसेना (उबाठा) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को यहां विधान भवन में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात फडणवीस के कक्ष में हुई। इस मुलाकात के दौरान उद्धव के साथ शिवसेना (उबाठा) के विधायक आदित्य ठाकरे, अनिल परब और वरुण सरदेसाई भी मौजूद रहे। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे राज्य विधान परिषद के सदस्य हैं। राज्य विधानमंडल के मौजूदा शीतकालीन सत्र में भाग लेने के लिए उद्धव मंगलवार को यहां नागपुर पहुंचे। वह शाम को शिवसेना (उबाठा) के विधायक दल की बैठक में भी भाग लेंगे। वर्ष 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (तब अविभाजित) ने मुख्यमंत्री पद साझा करने के मुद्दे पर लंबे समय से सहयोगी रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ संबंध तोड़ लिए थे।
DEC 17, 2024 16:42 IST

खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने ‘फिट इंडिया साइकिलिंग ड्राइव' लॉन्च किया

खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने मंगलवार को यहां मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में ‘फिट इंडिया साइकिलिंग ड्राइव’ को हरी झंडी दिखाई। इस पहल का उद्देश्य साइकिल को परिवहन के एक स्थायी और स्वस्थ साधन के रूप में बढ़ावा देना है। स्टेडियम से रायसीना हिल्स और वापसी तक की तीन किलोमीटर की यात्रा में करीब 500 साइकिल चालक शामिल हुए। इस कार्यक्रम को मांडविया ने रक्षा खडसे, राज्य मंत्री (खेल), सांसद तेजस्वी सूर्या के साथ-साथ पेरिस पैरालंपिक की कांस्य पदक विजेता सिमरन शर्मा, राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता नीतू घणघस और एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता प्रीति पवार सहित कई अन्य खिलाड़ियों की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाई। मांडविया ने यहां जारी विज्ञप्ति में कहा, ‘‘ हमने इस कार्यक्रम को ‘फिट इंडिया साइकिलिंग मंगलवार’ के रूप में लॉन्च किया है लेकिन साइकिल चलाने के शौकीनों की सुविधा के लिए इसे अब रविवार को आयोजित किया जाएगा और इसे ‘संडे ऑन साइकिल’ कहा जाएगा। खेल मंत्री ने कहा, ‘‘डॉक्टर, पत्रकार, शिक्षक, कॉर्पोरेट पेशेवर और युवा रविवार को नयी दिल्ली के साथ देश के सभी हिस्सों में एक घंटे की साइकिल यात्रा में शामिल होंगे। साइकिल चलाने से पर्यावरण को बड़ा बढ़ावा मिलता है। यह प्रदूषण का कारगर समाधान है और स्थिरता में भी योगदान देता है।’’ युवा मामले और खेल मंत्रालय के फिट इंडिया पहल, भारतीय साइकिलिंग महासंघ, ‘एमवाई भारत’ और विभिन्न खेल प्राधिकरणों के सहयोग से पूरे देश में इस कार्यक्रम का 1,000 से अधिक स्थान पर एक साथ आयोजन हुआ। साइकिलिंग प्रतियोगिताएं भारतीय खेल प्राधिकरण के क्षेत्रीय केंद्रों, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों (एनसीओई) के साथ-साथ देश भर के खेलो इंडिया केंद्रों (केआईसी) में एक साथ आयोजित की गयी। इसमें 50,000 से अधिक लोगों ने भाग लिया।
DEC 17, 2024 16:41 IST

एसएफआई कार्यकर्ताओं ने केरल के राज्यपाल के खिलाफ किया विरोध प्रदर्शन

यहां स्थित केरल विश्वविद्यालय सीनेट परिसर में मंगलवार को उस समय नाटकीय दृश्य देखने को मिला, जब एक संगोष्ठी में शामिल होने के लिए आए राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान का राज्य में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की छात्र इकाई स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। सत्तारूढ़ माकपा और एसएफआई का पिछले कुछ समय से विभिन्न मुद्दों को लेकर राज्यपाल खान के साथ टकराव चल रहा है। पुलिस की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था किये जाने के बावजूद, एसएफआई कार्यकर्ताओं ने परिसर के बंद द्वार को जबरन खोल दिया और सीनेट हॉल की ओर दौड़े, जहां खान संगोष्ठी में हिस्सा ले रहे थे। हालांकि, पुलिस ने सेमिनार हॉल के दरवाजे और खिड़कियां बंद कर दीं और प्रदर्शनकारियों को अंदर प्रवेश करने से रोक दिया। इस दौरान एसएफआई कार्यकर्ताओं की सुरक्षा कर्मियों के साथ मामूली झड़प हुई। एसएफआई कार्यकर्ताओं ने बाद में सीनेट हॉल के प्रवेश द्वार पर धरना दिया। उन्होंने परिसर में विरोध मार्च निकाला और मुख्य द्वार से बाहर निकल गए। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले एसएफआई नेताओं ने बाद में राज्यपाल खान पर राज्य के विश्वविद्यालयों का ‘‘भगवाकरण’’ करने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
DEC 17, 2024 16:40 IST

उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने पुलिस से अंतरधार्मिक प्रेमी जोड़े को सुरक्षा देने को कहा

उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने पुलिस को उस अंतरधार्मिक प्रेमी जोड़े को सुरक्षा देने का निर्देश दिया है जिसने युवती की मां और कुछ राजनीतिक और धार्मिक संगठनों पर उनके विवाह का विरोध करने का आरोप लगाया है। उधमसिंह नगर जिले के बाजपुर में ‘हेयर कटिंग सेलून’ चलाने वाले शानू और बी.कॉम कर रही आकांक्षा कंडारी ने अपनी याचिका में कहा है कि वे बालिग हैं और एक-दूसरे से प्रेम करते हैं । याचिका में कहा गया है कि वे आपस में विवाह करना चाहते हैं लेकिन यह कदम उठाने से डर रहे हैं क्योंकि आकांक्षा की मां और कुछ राजनीतिक और धार्मिक संगठन इसका विरोध कर रहे हैं । कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी और न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की पीठ ने सोमवार को याचिका पर सुनवाई करते हुए बाजपुर पुलिस थानाध्यक्ष को जोड़े को छह माह के लिए सुरक्षा देने के निर्देश दिए । अदालत ने पुलिस अधिकारी से छह माह के बाद स्थिति का आकलन करने तथा जरूरी कदम उठाने को कहा।
DEC 17, 2024 14:19 IST

संसद में एक देश-एक चुनाव बिल हुआ पेश

विपक्ष के विरोध के बीच आज सरकार ने लोकसभा में एक देश, एक चुनाव बिल ( One Nation One Election bills) पेश कर दिया। कांग्रेस और कई अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों ने इस विधेयक का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि यह संविधान के मूल ढांचे पर हमला है और देश को तानाशाही की तरफ ले जाने वाला कदम है। उन्होंने यह भी कहा कि विधेयक को संयुक्त संसदीय समिति के पास भेजा जाना चाहिए। कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने मंगलवार को देश में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराने के प्रावधान वाले ‘संविधान (129वां संशोधन) विधेयक, 2024’ और उससे जुड़े ‘संघ राज्य क्षेत्र विधि (संशोधन) विधेयक, 2024’ को पुर:स्थापित करने के लिए संसद के निचले सदन में रखा। यहां पढ़ें पूरी खबर
DEC 17, 2024 13:55 IST

महाराष्ट्र के कई हिस्सों में शीतलहर, बारामती में तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस

महाराष्ट्र के कई हिस्से शीतलहर की चपेट में हैं और राज्य में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान गिरकर एकल अंक तक पहुंच गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुणे के बारामती में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पुणे और नासिक जिलों में आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जलगांव में पारा गिरकर 8.3 डिग्री सेल्सियस पर आ गया जबकि परभणी, छत्रपति संभाजीनगर और धाराशिव में न्यूनतम तापमान क्रमश: 9.4, 10 और 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
DEC 17, 2024 13:13 IST

दिल्ली के कई स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी; नौ दिन में पांचवीं घटना

दिल्ली के कुछ स्कूलों को मंगलवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली जो राष्ट्रीय राजधानी में इस प्रकार की एक सप्ताह में दूसरी और नौ दिन में पांचवीं घटना है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी के अनुसार, उत्तर-पश्चिम दिल्ली के सरस्वती विहार स्थित ‘क्रिसेंट पब्लिक स्कूल’ से बम की धमकी के संबंध में सूचना मिली। अधिकारी ने बताया कि दमकल विभाग, स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दल और श्वान दस्ते के कर्मचारियों ने तलाशी अभियान चलाया, लेकिन अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।
DEC 17, 2024 12:10 IST

प्रधानमंत्री मोदी ने पर्यावरणविद तुलसी गौड़ा के निधन पर शोक जताया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को पर्यावरणविद तुलसी गौड़ा के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि वह पर्यावरण संरक्षण के लिए मार्गदर्शक बनी रहेंगी। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कर्नाटक की एक सम्मानित पर्यावरणविद और पद्म पुरस्कार विजेता तुलसी गौड़ा जी के निधन से गहरा दुख हुआ। उन्होंने अपना जीवन प्रकृति को समृद्ध करने, हजारों पौधे लगाने और हमारे पर्यावरण के संरक्षण के लिए समर्पित कर दिया था। वह पर्यावरण संरक्षण के लिए मार्गदर्शक बनी रहेंगी। उनका काम हमारे ग्रह की रक्षा के लिए पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना।’’ गौड़ा का सोमवार को कर्नाटक के उत्तर जिले के होन्नाली गांव में उनके आवास पर उम्र संबंधी बीमारियों के कारण निधन हो गया। वह 86 वर्ष की थीं।
DEC 17, 2024 11:43 IST

बांग्लादेश के हिंदुओं के साथ खड़े हों लिखा थैला लेकर संसद पहुंची प्रियंका

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और पार्टी के कई अन्य सांसदों ने बांग्लादेश में हिंदू समुदाय तथा दूसरे अल्पसंख्यकों के खिलाफ अत्याचार के खिलाफ मंगलवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया और सरकार से उनके लिए न्याय की मांग की। उन्होंने अपने हाथ में थैला भी ले रखा था जिस पर "बांग्लादेश के हिंदुओं और ईसाइयों के साथ खड़े हों" लिखा हुआ था। प्रियंका गांधी और कई अन्य सांसद संसद भवन में ‘मकर द्वार’ के निकट एकत्र हुए और ‘‘केंद्र सरकार जवाब दो’’ और ‘‘वी वांट जस्टिस’’ के नारे लगाए। कांग्रेस ने सोमवार को भी इस विषय को लेकर संसद परिसर में प्रदर्शन किया था।
DEC 17, 2024 11:43 IST

असम पुलिस ने बांग्लादेशी घुसपैठिए को पकड़ा, वापस भेजा

असम पुलिस ने अवैध रुप से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर बांग्लादेश से भारत आ गये एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया और उसे वापस भेज दिया। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने यह जानकारी दी। उन्होंने सोमवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘सीमा पर सतर्कता बरतते हुए, एक अवैध बांग्लादेशी नागरिक को आज असम पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास से पकड़ा और वापस भेज दिया।’’ घुसपैठिए की पहचान अस्मा अख्तर के रूप में हुई। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हम सुरक्षित सीमा के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’
DEC 17, 2024 10:59 IST

बेंगलुरू में समस्तीपुर के एक इंजीनियर की मौत

बिहार के समस्तीपुर जिले के एक इंजीनियर की मौत बेंगलुरू में हुई। परिवार ने मौत पर संदेह जाहिर किया है। इंजीनियर समस्तीपुर शहर के वार्ड 36 मोहल्ला बहादुरपुर के रिटायर्ड रेलकर्मी दिनेश राय का पुत्र रवि कुमार बताया जा रहा है। वह बेंगलुरू की एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर था और दो साल से बेंगलुरू में रहकर नौकरी करता था। वह आरएमजेड गैलरिया अपार्टमेंट ऐलहनका में रहता था।
DEC 17, 2024 10:30 IST

प्रशांत द्वीपीय राष्ट्र वानुअतु में 7.3 तीव्रता का भूकंप आया

दक्षिण प्रशांत महासागर में वानुअतु के तट के पास मंगलवार को 7.3 तीव्रता का भूकंप आया। अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने यह जानकारी दी। भूकंप 57 किलोमीटर की गहराई पर आया। उसका केंद्र द्वीपीय राष्ट्र के सबसे बड़े शहर पोर्ट विला के पास था। यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो पाया कि भूकंप से कोई क्षति हुई या नहीं। भूकंप के इस झटके के बाद उसी स्थान पर 5.5 तीव्रता का दूसरा झटका भी आया।
DEC 17, 2024 10:30 IST

ठाणे में नाबालिग लड़कियों से छेड़छाड़ करने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में नाबालिग लड़कियों से छेड़छाड़ करने के आरोप में पुलिस ने 26 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एमएफसी थाने के अधिकारी ने बताया कि कल्याण क्षेत्र में एक चॉल में आरोपी ने कुछ लड़कियों को कथित तौर पर अनुचित तरीके से छुआ था और वह पीड़ितों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले सार्वजनिक शौचालय में भी झांकता था। उन्होंने बताया कि आरोपी कई बार लड़कियों के सामने अपने कपड़े भी उतार देता था।
DEC 17, 2024 09:01 IST

दिल्ली: बवाना औद्योगिक क्षेत्र में लगी भीषण आग

नई दिल्ली के एन-63 सेक्टर-1 बवाना औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री में मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई। अधिकारियों के अनुसार, आग पर काबू पा लिया गया है। रिपोर्ट दर्ज किए जाने तक आग पर पूरी तरह से काबू पाने के प्रयास जारी थे। अधिकारियों ने कहा कि सूचना मिलने पर, दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। आग पर काबू पाने के लिए 15 दमकल गाड़ियां लगी हुई थीं।
DEC 17, 2024 07:35 IST

गहलोत के पूर्व OSD लोकेश शर्मा फोन टैपिंग मामले में बने 'सरकारी गवाह'

ओएसडी लोकेश शर्मा ने इस घटनाक्रम के बाद कहा था कि वह अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए चिंतित हैं और उनकी जान को खतरा है क्योंकि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर
DEC 17, 2024 07:33 IST

शराब की अवैध बिक्री में लगे लोगों ने गुरुग्राम के एक रेस्तरां पर हमला किया

हरियाणा के गुरुग्राम में सोहना चौक के निकट पुराने जेल परिसर में स्थित एक रेस्तरां पर करीब दो दर्जन लोगों ने कथित तौर पर हमला कर दिया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। समूह ने कथित तौर पर रेस्तरां संचालक सहित तीन लोगों पर हमला किया और वहां खड़े कई वाहनों में तोड़फोड़ की। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिस स्थान पर हमला किया गया वहां रेस्तरां के सामने खुलेआम शराब पीने और बेचने वालों का जमावड़ा रहता है, जिस पर रेस्तरां संचालक ने आपत्ति जताई थी।
DEC 17, 2024 06:25 IST

दिल्ली : दूसरे की पत्नी के साथ पकड़े जाने पर व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या

दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में एक घर में दूसरे की पत्नी के साथ पकड़े जाने पर 21 वर्षीय युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। घटना सोमवार सुबह की है, जब पीड़ित रितिक वर्मा को आरोपी की पत्नी के साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया। पुलिस उपायुक्त (उत्तर-पूर्व) राकेश पावरिया ने कहा, ‘‘सोमवार को पूर्वाह्न करीब 11 बजे जब युवक को महिला के साथ उसके घर में पकड़ा गया, तो उसका पति गुस्से में आ गया और उसने अपनी पत्नी तथा रितिक वर्मा की बुरी तरह पिटाई कर दी।’’
DEC 17, 2024 06:12 IST

दिल्ली में ठंड से कांप रहे लोग, हरियाणा-यूपी में शीतलहर का अटैक, जानें आज मौसम का हाल

उत्तर भारत में कोल्ड वेव का दौर जारी है। दिल्ली-यूपी समेत करीब 11 राज्यों के विभिन्न जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच दक्षिण भारत के तमिलनाडु और केरल राज्य में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना जताई गई है। देश के एक हिस्से में बारिश का दौर जारी है, तो वहीं दूसरे हिस्से में शीतलहर लोगों के लिए मुसीबत बन रही है। यूपी, बिहार, राजस्थान और हरियाणा समेत अन्य राज्यों में लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं।
DEC 17, 2024 06:04 IST

आज लोकसभा में पेश होगा ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ बिल, BJP ने जारी किया व्हिप

भाजपा ने लोकसभा सांसदों के लिए व्हिप जारी कर दिया। अब मंगलवार को ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ बिल पेश हो सकता है। लोकसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक डॉ. संजय जायसवाल ने पत्र जारी करते हुए सभी सांसदों को मंगलवार को लोकसभा में उपस्थित रहने के लिए कहा है।
DEC 17, 2024 06:03 IST

प्रदूषण के फंदे में दिल्ली-NCR, GRAP-4 लागू; इन सब चीजों पर प्रतिबंध

दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ने के साथ जीआरएपी (, GRAP-4) के चौथे चरण के तहत प्रतिबंध लागू कर दिया गया है। दिल्ली का औसत AQI आज रात 9 बजे बढ़कर 399 हो गया और 10 बजे 400 के आंकड़े को पार कर गया। अत्यधिक प्रतिकूल मौसम संबंधी परिस्थितियों और बिल्कुल शांत हवा की स्थिति के कारण दिल्ली के AQI में भारी वृद्धि को ध्यान में रखते हुए, GRAP पर CAQM उप-समिति ने एक आपातकालीन बैठक बुलाई।