LIVE

Aaj Ki Taza Khabar: ट्रंप व्हाइट हाउस में सीरियाई राष्ट्रपति से मिलेंगे, ब्राजील में Cop30 शुरू होगा...पढ़ें बड़ी खबरें

Aaj Ki Taza Khabar 10 NOV 2025 LIVE: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आज ​​व्हाइट हाउस में अपने सीरियाई समकक्ष अहमद अल-शरा के साथ वार्ता करेंगे। 1974 के बाद से यह किसी सीरियाई राष्ट्राध्यक्ष की व्हाइट हाउस की पहली यात्रा है। वहीं, संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन (COP30) ब्राजील के बेलेम में शुरू होगा, जहां विश्व के नेता, वार्ताकार और वैज्ञानिक वैश्विक जलवायु संकट पर चर्चा के लिए एक साथ आएंगे। पढ़ें- अन्य देश और दुनिया की बड़ी खबरें

Nitin AroraUpdated Nov 10, 2025, 18:03 IST
Follow on Google News
Aaj Ki Taza Khabar: ट्रंप व्हाइट हाउस में सीरियाई राष्ट्रपति से मिलेंगे, ब्राजील में Cop30 शुरू होगा...पढ़ें बड़ी खबरें

Aaj Ki Taza Khabar: ट्रंप व्हाइट हाउस में सीरियाई राष्ट्रपति से मिलेंगे, ब्राजील में Cop30 शुरू होगा...पढ़ें बड़ी खबरें

-ट्रंप की व्हाइट हाउस में सीरियाई राष्ट्रपति से मुलाकात
-ब्राजील में Cop30 की शुरुआत
-स्पेन के राजा चीन की यात्रा पर
-बुकर पुरस्कार विजेता की घोषणा
-लेंसकार्ट का IPO

NOV 10, 2025 15:10 IST

भारतीय महिला टीम को जल्द ही मिल सकता है विदेशी स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग कोच

विश्व कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम को निकट भविष्य में अपना पहला विदेशी स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग कोच मिलने की पूरी संभावना है।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने पहले ही बेंगलुरु स्थित उत्कृष्टता केंद्र (सीओई) में स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग विभाग में कई भर्तियां की हैं।
बीसीसीआई सूत्रों के अनुसार, बांग्लादेश पुरुष टीम के स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग कोच नाथन कीली भारतीय बोर्ड के साथ बातचीत कर रहे हैं और संभावना है कि वह सीओई में शामिल हो सकते हैं।
NOV 10, 2025 12:44 IST

उप्र : बलात्कार के आरोप में वकील गिरफ्तार

आगरा जिले में एक महिला से बलात्कार करने के आरोप में एक वकील को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि एक महिला ने गत सात नवंबर को एकता थाने में दी गई तहरीर में कहा था कि उसका बलात्कार का एक मामला अदालत में चल रहा था। उनके अनुसार, आरोपी पक्ष के वकील जितेंद्र ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करने का प्रस्ताव रखा था जिस पर रजामंदी भी बन गई थी।
उन्होंने बताया कि महिला का आरोप है कि विगत छह नवंबर को जितेंद्र ने उसे समझौते के लिए बुलाया, अपनी कार में बैठा कर धोखे से शराब पिलाई और एक होटल में ले जाकर उससे दुष्कर्म किया।
NOV 10, 2025 12:12 IST

जमीन के बदले नौकरी (लैंड फॉर जॉब) से जुड़ा CBI का मामला

जमीन के बदले नौकरी (लैंड फॉर जॉब) से जुड़े CBI के मामले में लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव, राबड़ी देवी, मीसा भारती, हेमा यादव, तेज प्रताप यादव और अन्य के खिलाफ राउज ऐवन्यू कोर्ट ने आरोप तय करने पर 4 दिसंबर को फैसला सुनाएगा। आज आरोप तय करने पर टला फैसला। इस मामले मे CBI ने लालू, राबडी, तेजस्वी समेत 100 से अधिक लोगों को आरोपी बनाया है। CBI ने आरोप पत्र में कहा है कि बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है, कुछ सेल डीड को छोड़कर, जमीन की खरीद के लिए ज़्यादातर पैसों का लेनदेन कैश में हुआ। CBI ने मामले में IPC की धारा 120, 420, 468, 467, 471 और प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट 1988 की धारा 11,12,13,8,9 के तहत चार्जशीट दाखिल की थी।
NOV 10, 2025 11:56 IST

नोएडा में सेवानिवृत्त बैंक कर्मी से 18.3 लाख रुपए की साइबर ठगी

थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के सेक्टर 46 में रहने वाले एक सेवानिवृत्त बैंक कर्मी को अपने जाल में फंसाकर साइबर अपराधियों उनके खाते से 18.3 लाख रुपए निकाल लिये। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अपर पुलिस उपायुक्त (साइबर क्राइम) शैव्या गोयल ने बताया कि रजत गोयल पुत्र वीरेंद्र कुमार गोयल निवासी ए-407 सेक्टर 46 ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके पिता एक सेवानिवृत्त बैंक कर्मी हैं।
शिकायत के अनुसार, एक व्यक्ति ने उनके पिता को फोन कर कहा कि वह पेंशन विभाग से बोल रहे हैं और उनके पिता का जीवन प्रमाण पत्र चाहिए जो पेंशन के लिए आवश्यक है।
NOV 10, 2025 11:55 IST

दिल्ली में पानी गर्म करते वक्त करंट लगने से महिला की मौत

मणिपुर की 23 वर्षीय एक महिला की दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के महिपालपुर स्थित अपने घर में बिजली की रॉड से पानी गर्म करते समय करंट लगने से मौत हो गई।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि इस घटना के संबंध में रविवार रात आठ बजकर 19 मिनट पर सूचना मिली थी।
पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और देखा कि महिला अपने बाथरूम में बेहोश पड़ी थी और उसके हाथ में बिजली की एक रॉड थी।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच से पता चला है कि महिला नहाने गई थी और पानी गर्म करने के लिए बिजली की रॉड का इस्तेमाल कर रही थी। जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आई तो उसी इमारत में रहने वाली उसकी दोस्त उसे देखने गई और दरवाजा अंदर से बंद पाया। इसके बाद उसने पुलिस को फोन किया।’’
NOV 10, 2025 11:53 IST

छात्र ने सवालों को अनसुना करने पर सहपाठी को मारी गोली: गुरुग्राम घटना को लेकर पुलिस ने कहा

गुरुग्राम में 11वीं कक्षा के एक छात्र ने अपने सहपाठी को इसलिए गोली मार दी क्योंकि वह अपने मोबाइल फोन में व्यस्त था और उसके सवालों को अनसुना कर रहा था। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी और घटना के समय उसके साथ मौजूद एक अन्य लड़के को हिरासत में लेकर फरीदाबाद के एक सुधार गृह भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर 48 स्थित आरोपी के घर पर शनिवार को गोली मारे जाने से घायल हुए 17 वर्षीय पीड़ित की गर्दन की हड्डी टूट गई है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पीड़ित के परिवार का दावा है कि उसके साथ पहले हुए एक विवाद को लेकर आरोपी उससे रंजिश रखता था। आरोपी ने अपने सहपाठी को गोली मारने के लिए अपने पिता की लाइसेंसी पिस्तौल का इस्तेमाल किया।
NOV 10, 2025 11:52 IST

जब प्रदूषण पर सरकार खुद विफल है तो लोगों को अपना फर्ज निभाना पड़ता है: कांग्रेस

कांग्रेस ने दिल्ली में वायु प्रदूषण के मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे लोगों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की आलोचना करते हुए सोमवार को कहा कि जब सरकार अपने कर्तव्य में बुरी तरह विफल हो रही है, तो लोगों को अपना फर्ज निभाना ही होगा।
दिल्ली पुलिस ने रविवार को इंडिया गेट के निकट ऐसे कई लोगों को हिरासत में ले लिया था जो प्रदूषण के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "प्रतिष्ठित इंडिया गेट कर्तव्य पथ पर है। इस पथ का नया नाम स्वयं प्रधानमंत्री ने रखा है। दिल्ली के नागरिक जो बेहतर वायु गुणवत्ता के लिए विरोध कर रहे हैं, वे केवल भारत के संविधान के उस अनुच्छेद 51-ए (जी) के तहत अपना कर्तव्य निभाना चाहते हैं जो उन्हें "पर्यावरण की रक्षा और सुधार" का अधिकार देता है।"
NOV 10, 2025 09:41 IST

उप्र: भ्रष्टाचार के आरोप में चार अधिकारी बर्खास्त, तीन की पेंशन में कटौती का आदेश

उत्तर प्रदेश सरकार ने एक दशक से भी पुराने अलग-अलग मामलों में भ्रष्टाचार के आरोप साबित होने के बाद चार अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया है और तीन सेवानिवृत्त अधिकारियों की पेंशन में स्थाई कटौती का आदेश दिया है। समाज कल्याण विभाग के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करने की नीति के तहत की गई है। यहां जारी एक बयान के अनुसार आरोपी अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और उनसे गबन की गई सरकारी धनराशि की वसूली के निर्देश भी दिए गए हैं।
NOV 10, 2025 07:39 IST

ट्रंप व्हाइट हाउस में सीरियाई राष्ट्रपति से मिलेंगे

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आज व्हाइट हाउस में सीरियाई राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से मुलाकात करेंगे। यह 1974 के बाद से किसी सीरियाई राष्ट्राध्यक्ष की व्हाइट हाउस की पहली यात्रा होगी और दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों में एक बड़े बदलाव का संकेत है।

युद्धग्रस्त सीरिया में शांति और पुनर्निर्माण प्रयासों को मजबूत करने, आतंकवाद-रोधी उपायों पर ध्यान केंद्रित करने और नए सीरिया को क्षेत्रीय शांति ढांचे में एकीकृत करने, जिसमें इजराइल के साथ उसके संबंध भी शामिल हैं, इन सबपर दोनों की चर्चा केंद्रित रहने की उम्मीद है।
NOV 10, 2025 07:39 IST

ब्राजील में Cop30 की शुरुआत

विश्व नेता आज ब्राजील के बेलेम में 30वें संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन (Cop30) के लिए एकत्रित होंगे। सम्मेलन आज से शुरू हो रहा है और यह 21 नवंबर तक चलेगा।

यह शिखर सम्मेलन वैश्विक जलवायु संकट से निपटने के लिए विश्व नेताओं, वार्ताकारों, वैज्ञानिकों और नागरिक समाज को एक साथ लाएगा। इस वर्ष शिखर सम्मेलन का एक मुख्य उद्देश्य देशों से 2035 के लिए अपडेट और अधिक आक्रामक जलवायु योजनाएं प्रस्तुत करने का आग्रह करना है। चर्चाएं 'बाकू-से-बेलेम रोडमैप' पर केंद्रित होंगी, जो 2035 तक विकासशील देशों के लिए प्रति वर्ष कम से कम 1.3 ट्रिलियन डॉलर का जलवायु वित्त जुटाने का लक्ष्य रखने वाली एक पहल है।
NOV 10, 2025 07:39 IST

स्पेन के राजा चीन की यात्रा पर

स्पेनिश राजा फेलिप VI आज से चीन की अपनी तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा शुरू करने वाले हैं। यह 18 वर्षों में किसी स्पेनिश राजा की एशियाई दिग्गज की पहली यात्रा है। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माओ निंग ने नियमित प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि चीन आपसी सहयोग बढ़ाने और दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को बढ़ाने के लिए राजा की यात्रा से प्राप्त अवसर का लाभ उठाने के लिए स्पेन के साथ हाथ मिलाने को तैयार है। विश्व की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के करीब जाने के बारे में अमेरिकी चेतावनियों के बावजूद स्पेन ने चीन को आर्थिक रूप से सक्रिय रूप से लुभाने का प्रयास किया है।
NOV 10, 2025 07:39 IST

बुकर पुरस्कार विजेता की घोषणा की जाएगी

बुकर पुरस्कार 2025 के विजेताओं की घोषणा आज लंदन में की जाएगी। शीर्ष स्थान के लिए छह लेखकों को चुना गया है, जिनमें से केवल एक को £50,000 का पुरस्कार और बेहद प्रतिष्ठित आइरिस ट्रॉफी मिलेगी।

यह समारोह लंदन के ओल्ड बिलिंग्सगेट में आयोजित किया जाएगा और बुकर पुरस्कारों के सोशल मीडिया चैनलों पर इसका सीधा प्रसारण किया जाएगा। इस वर्ष के नामांकनों में सुसान चोई की फ्लैशलाइट, किरण देसाई की द लोनलीनेस ऑफ सोनिया एंड सनी, केटी कितामुरा की ऑडिशन, बेन मार्कोविट्स की द रेस्ट ऑफ अवर लाइव्स, एंड्रयू मिलर की द लैंड इन विंटर और डेविड स्जाले की फ्लेश शामिल हैं।

प्रत्येक शॉर्टलिस्टेड लेखक को 2,500 पाउंड और उनके नामांकित उपन्यास का एक अनूठा, हस्त-बद्ध संस्करण मिलेगा। विजेता की घोषणा से पहले, शॉर्टलिस्ट किए गए लेखकों ने 9 नवंबर को साउथबैंक सेंटर में आयोजित वाचन सहित कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग लिया।
NOV 10, 2025 07:39 IST

लेंसकार्ट का IPO होगा लॉन्च

भारत के सबसे बड़े आईवियर रिटेलर्स में से एक, लेंसकार्ट(Lenskart) आज शेयर बाजार में अपनी शुरुआत करने के लिए तैयार है। इसके शेयर BSE और NSE पर सूचीबद्ध होंगे।

लेंसकार्ट सॉल्यूशंस एक आईवियर कंपनी है जो मुख्य रूप से प्रिस्क्रिप्शन चश्मे, धूप के चश्मे और कॉन्टैक्ट लेंस व आईवियर एक्सेसरीज जैसे अन्य उत्पाद बेचती है। कंपनी कई इन-हाउस ब्रांड्स और सब-ब्रांड्स के तहत आईवियर उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला डिजाइन और बेचती है।

जून 2025 तक, लेंसकार्ट के कुल 2,806 स्टोर संचालन में थे और साथ ही यह 22 ब्रांड्स और सब-ब्रांड्स के कलेक्शन भी पेश करता था।