LIVE

लोकसभा में विपक्ष की निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी, 'चक्रVIEW' में आप क्या लीड स्टोरी देखना चाहते हैं? पोल में लें भाग

हरियाणा के गुरुग्राम में सोमवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां पटौदी-बिलासपुर रोड पर स्थित सिधरावली इलाके में एक निर्माणाधीन आवासीय सोसाइटी में दीवार गिरने से सात मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। वहीं, ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल के हमले और तेहरान के पलटवार के बाद मध्य पूर्व में कच्चे तेल के उत्पादन पर गहरा असर पड़ा है। दुनिया भर में कच्चे तेल एवं ईंधन की आपूर्ति प्रभावित होने लगी है। भारत भी इससे अछूता नहीं है। इस तेल और ईंधन संकट से निपटने के लिए भारत सरकार ने कदम उठाने शुरू कर दिया हैं। वहीं, आज संसद के बजट सत्र का दूसरा हिस्सा आज भी जारी रहेगा। उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि ईरान के खिलाफ युद्ध कुछ समय में ही खत्म हो सकता है, भले ही उसने ने इस्लामी धर्मतंत्र के अस्तित्व की रक्षा के लिए एक नए कट्टरपंथी सर्वोच्च नेता का चयन किया हो। लेकिन कुछ ही पल बाद ट्रंप ने एक संवाददाता सम्मेलन में संकेत दिया कि भीषण लड़ाई अभी बाकी है, क्योंकि उन्होंने ईरान द्वारा वैश्विक तेल आपूर्ति को रोकने के किसी भी कोशिश की स्थिति में और भी कड़ी कार्रवाई की धमकी दी। इस बयानबाजी से तेल की कीमतों और शेयर बाजारों में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। वहीं, ईरान-इजराइल और अमेरिका युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात की है। रूस टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, क्रेमलिन के सहयोगी यूरी उशाकोव ने बताया कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का फोन आया, जिसमें दोनों नेताओं ने ईरान और यूक्रेन के संघर्षों पर चर्चा की। जानिए देश-दुनिया की हर खबरों पर अपडेट।

Amit Kumar MandalUpdated Mar 10, 2026, 19:12 IST
लोकसभा में विपक्ष की निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी, 'चक्रVIEW' में आप क्या लीड स्टोरी देखना चाहते हैं? पोल में लें भाग

लोकसभा में विपक्ष की निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी, 'चक्रVIEW' में आप क्या लीड स्टोरी देखना चाहते हैं? पोल में लें भाग

  • गुरुग्राम में गिरी दीवार, 7 की मौत, कई मजदूर घायल
  • भारत में तेल और ईंधन संकट से निपटने के लिए कदम
  • डोनाल्ड ट्रंप की धमकी के बाद चढ़े तेल के दाम
  • डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात की

MAR 10, 2026 18:38 IST

इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने दिया इस्तीफा

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पीटर एल्बर्स ने मंगलवार को इस्तीफा दे दिया। एक बयान में यह जानकारी दी गई है। उल्लेखनीय है कि इंडिगो पिछले तीन माह में अपने परिचालन में बड़े व्यवधान का सामना कर रही है। बयान में कहा गया है कि नए सीईओ की नियुक्ति तक एयरलाइन के प्रबंध निदेशक राहुल भाटिया अंतरिम व्यवस्था के तहत इंडिगो के प्रबंधन का कामकाज देखेंगे। इंटरग्लोब एविएशन के चेयरमैन विक्रम सिंह मेहता ने कहा, "राहुल एयरलाइन के प्रबंधन का कार्य संभालने लौट रहे हैं ताकि कंपनी की संस्कृति को मजबूत किया जा सके, संचालन की उत्कृष्टता को और बढ़ाया जा सके और ग्राहकों को बेहतर देखभाल, भरोसेमंद सेवा और पेशेवर अनुभव प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत किया जा सके।
इंटरग्लोब एविएशन एयरलाइन का परिचालन इंडिगो ब्रांड नाम से करती है।
MAR 10, 2026 16:23 IST

किस स्टोरी को आप 'चक्रVIEW' में लीड स्टोरी देखना चाहते हैं ?

MAR 10, 2026 14:03 IST

किसी भी पात्र मतदाता का नाम नहीं हटाया जाएगा; स्वतंत्र और शांतिपूर्ण होंगे बंगाल चुनाव, बोले CEC

मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने मंगलवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा और उसकी प्राथमिकता राज्य में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करना है। राजनीतिक दलों और अधिकारियों के साथ कई बैठकों के बाद कोलकाता में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कुमार ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता का हमेशा से शांतिपूर्ण और भागीदारी वाले लोकतंत्र में विश्वास रहा है।
MAR 10, 2026 13:54 IST

मप्र के कटनी में कार-मोटरसाइकिल की टक्कर में चार युवकों की मौत, पांच घायल

मध्यप्रदेश के कटनी जिले में एक तेज रफ्तार कार की मोटरसाइकिल से टक्कर होने के कारण चार युवकों की मौत हो गई तथा पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार यह घटना सोमवार रात करीब साढ़े 11 बजे जगतपुर-उमरिया मार्ग पर हुई। बड़वारा थाना प्रभारी केके पटेल ने बताया कि चार युवक मोटरसाइकिल पर सवार थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर इकट्ठा हो गए। हादसे के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मोटरसाइकिल सवार चारों युवकों को बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
MAR 10, 2026 13:53 IST

टी20 विश्व कप विजेता टीम को 131 करोड़ रुपये का पुरस्कार देगा बीसीसीआई

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने तीसरी बार पुरुष टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम और सहयोगी स्टाफ के सदस्यों के लिए मंगलवार को 131 करोड़ रुपये के पुरस्कार की घोषणा की। यह पुरस्कार राशि 15 खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और अन्य सहयोगी स्टाफ में वितरित की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि का बड़ा हिस्सा मिलना तय है, जबकि सहयोगी स्टाफ के सदस्यों के लिए पुरस्कार राशि उनके पद के अनुसार तय की जाएगी। यह राशि 2024 में रोहित शर्मा की अगुवाई वाली चैंपियन टीम को दिए गए 125 करोड़ रुपये से छह करोड़ रुपये अधिक है। सूत्रों के अनुसार15 खिलाड़ियों में से प्रत्येक को छह करोड़ रुपये मिलेंगे जबकि शेष 41 करोड़ रुपये सहयोगी स्टाफ के सदस्यों में वितरित किए जाएंगे। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बयान में कहा, बोर्ड इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खिलाड़ियों, सहयोगी स्टाफ के सदस्यों और चयनकर्ताओं को एक बार फिर बधाई देता है और भविष्य में उनकी निरंतर सफलता की कामना करता है ।
MAR 10, 2026 13:02 IST

जम्मू के सांबा में संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन की गतिविधियों के बाद तलाशी अभियान चलाया गया

जम्मू कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने मंगलवार को तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार देर रात डाबोह के सामान्य क्षेत्र में एक संदिग्ध ड्रोन की गतिविधि का पता चला, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने अतिरिक्त बलों की तैनाती करते हुए जवाबी कार्रवाई शुरू की। यह सुनिश्चित करने के लिए इलाके की गहन तलाशी भी ली गई कि हवाई मार्ग से कोई हथियार या नशीले पदार्थ न भेजे गए हों और गिराए गए हों। अधिकारियों ने कहा कि सेना, पुलिस और सीमा सुरक्षा बल द्वारा उस इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया जा रहा है जहां ड्रोन देखे जाने की सूचना मिली थी। अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध ड्रोन की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद पुलिस और सीमा सुरक्षा बल ने जिले के राजपुरा इलाके के भाई नाला, लाला चक और मलानी में भी तलाशी अभियान शुरू किया।
MAR 10, 2026 12:59 IST

श्रीलंका ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आठ प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी की

पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से कच्चे तेल में आई तेजी के बीच श्रीलंका ने सोमवार आधी रात से खुदरा ईंधन कीमतों में आठ प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी कर दी है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पेट्रोल एवं डीजल की खुदरा कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय की गई है जब वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतें चार साल में पहली बार 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को पार कर गई हैं। सरकारी स्वामित्व वाली कंपनी सीलोन पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (सीपीसी) ने कहा कि संशोधित दरों के तहत व्यापक रूप से उपयोग होने वाले पेट्रोल और डीजल के दाम में प्रति लीटर 22 श्रीलंकाई रुपये की बढ़ोतरी की गई है। कंपनी ने कहा कि यह कदम ईंधन की जमाखोरी और घबराहट में की जा रही खरीद को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है। सीपीसी के एक अधिकारी ने कहा, पश्चिम एशिया में युद्ध की स्थिति की खबर आने के बाद से ईंधन की खपत में भारी वृद्धि देखी गई है। 28 फरवरी को अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच सैन्य संघर्ष शुरू होने के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ने से श्रीलंका में पेट्रोल पंपों के बाहर लंबी कतारें देखी जा रही हैं। सीपीसी ने कहा कि फिलहाल श्रीलंका में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और देश के पास अप्रैल के अंत तक के लिए पर्याप्त ईंधन भंडार मौजूद है।
MAR 10, 2026 12:41 IST

ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव

Om Birla News: कांग्रेस के मोहम्मद जावेद ने लोकसभा में ओम बिरला को अध्यक्ष पद से हटाने की मांग करते हुए प्रस्ताव पेश किया है। इसे लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष में खींचतान हो चुकी है। संसद के वर्तमान बजट सत्र के दूसरे चरण का आज दूसरा दिन है और इसके पहले दिन की कार्यवाही में ही इस विषय को सूचीबद्ध किया गया था। कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि सरकार ने पिछले कई वर्षों से उपसभापति की नियुक्ति नहीं की है, जिससे संवैधानिक शून्य पैदा हो गया है। उन्होंने आगे कहा कि सदन को एक ऐसे व्यक्ति का चुनाव करना चाहिए जो प्रस्ताव पर बहस के दौरान कार्यवाही की अध्यक्षता करेगा। पीठासीन सभापति द्वारा बुलाए जाने पर सदन के 50 सदस्यों को नोटिस के समर्थन में खड़ा होना होगा और फिर प्रस्ताव सदन के विचार के लिए स्वीकृत माना जाएगा। इसके बाद प्रस्ताव पर चर्चा और मतदान होगा। अगर 50 सदस्य नोटिस के समर्थन में खड़े नहीं होते हैं, तो प्रस्ताव पेश नहीं किया जा सकता है।
MAR 10, 2026 12:09 IST

लोकसभा में विपक्ष की निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी


लोकसभा में मंगलवार को कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस समेत विपक्ष के सदस्यों ने निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की और हंगामे के बीच ही करीब 35 मिनट तक प्रश्नकाल की कार्यवाही संचालित किए जाने के बाद बैठक दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। पीठासीन सभापति संध्या राय ने प्रश्नकाल शुरू कराया, तभी विपक्ष के सदस्य वोट चोरी के आरोप लगाते हुए नारेबाजी करने लगे। हंगामे के बीच ही कृषि से संबंधित पूरक प्रश्न पूछे गए और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनके उत्तर दिए। पीठासीन सभापति संध्या राय ने आसन के समीप नारेबाजी कर रहे विपक्षी सांसदों से प्रश्नकाल चलने देने का आग्रह करते हुए कहा कि सदस्य किसानों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रश्न पूछना चाहते हैं। इस दौरान कृषि मंत्री चौहान ने टिप्पणी की, विपक्ष जो तमाश कर रहा है, उसे पूरा देश देख रहा है। जनता इसके लिए इन्हें माफ नहीं करेंगी। उन्होंने यह भी कहा, विपक्ष यहां हाय-हाय कर रहा है और दुनिया सरकार की वाह-वाह कर रही है। पीठासीन सभापति ने हंगामा कर रहे सदस्यों से कई बार आग्रह किया कि वे सीटों पर जाएं और कार्यवाही चलने दें। हालांकि, उनकी मांग का कोई असर नहीं होता दिखा और बैठक करीब 11.35 बजे दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।
MAR 10, 2026 11:23 IST

जम्मू कश्मीर के राजौरी में लापता सैनिक का शव नहर में मिला

जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में एक दिन पहले नदी-पार करने के प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान लापता हुए एक सैनिक का शव मंगलवार को बरामद कर लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि खौर क्षेत्र में मनावर नहर से आज सुबह सिपाही अक्षत शर्मा का शव राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और स्थानीय बचाव दल के एक संयुक्त दल ने बरामद किया। सेना के अनुसार, सुंदरबनी में नदी पार करने के प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान शर्मा के लापता होने की सूचना सोमवार अपराह्न करीब 12 बजे मिली थी, जिसके बाद सेना और नागरिक एजेंसियों के सभी उपलब्ध संसाधनों की मदद से व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।
MAR 10, 2026 11:05 IST

ऑस्ट्रेलिया ने ईरान की महिला फुटबॉल टीम की पांच सदस्यों को शरण दी: अधिकारी

ऑस्ट्रेलिया के गृह मंत्री टोनी बर्क ने मंगलवार को कहा कि ऑस्ट्रेलिया ने ईरान की महिला फुटबॉल टीम की पांच सदस्यों को शरण दी है, जो ईरान में युद्ध शुरू होने से पहले एक टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए देश का दौरा कर रही थीं। ऑस्ट्रेलिया में ईरानी समूहों और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऑस्ट्रेलिया की सरकार से उन महिलाओं की मदद करने का आग्रह किया था, जो सार्वजनिक रूप से शरण नहीं मांग पा रही हैं। टीम की खिलाड़ियों ने अपने शुरुआती मैच से पहले ईरान का राष्ट्रगान नहीं गाया था जिसके बाद कई तरह की अटकलें लगाई जाने लगी थी और इसे मीडिया में भी काफी कवरेज मिली थी। स्थानीय समयानुसार मंगलवार तड़के ऑस्ट्रेलिया के संघीय पुलिस ने शरण के लिए आवेदन करने वाली पांच महिलाओं को उनके होटल से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। बर्क ने ब्रिस्बेन में पत्रकारों को बताया कि उन्होंने इन महिला खिलाड़ियों से मुलाकात की और मानवीय आधार पर उनके वीजा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। बर्क ने कहा, मैं इसकी कल्पना भी नहीं कर सकता कि प्रत्येक महिला के लिए यह फैसला करना कितना मुश्किल रहा होगा लेकिन निश्चित रूप से कल रात खुशी और राहत का माहौल था।
MAR 10, 2026 10:40 IST

ईरान और इजराइल को पीएम मोदी का एक फोन कॉल युद्ध रुकवा सकता है- UAE के पूर्व राजदूत का बयान

मध्य पूर्व क्षेत्र में संघर्ष बढ़ता ही जा रहा है और इसके थमने के फिलहाल आसार नहीं दिख रहे हैं। ईरान और अमेरिका-इजराइल एक-दूसरे पर हमले तेज कर रहे हैं। इस युद्ध दुनिया भर में गंभीर परिणामों और असर की आशंका पैदा कर दी है। इसी बीच, भारत में संयुक्त अरब अमीरात के राजदूत ने कथित तौर पर कहा कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने ईरानी और इजरायली समकक्षों कोएक फोन कॉल करें तो यह संघर्ष खत्म हो सकता है। भारत में संयुक्त अरब अमीरात के पहले राजदूत हुसैन हसन मिर्जा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इजरायल और ईरान दोनों को किया गया एक फोन कॉल मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष को रोकने में मददगार साबित हो सकता है। न्यूज चैनलों से बात करते हुए मिर्जा ने भारत की राजनयिक स्थिति और प्रधानमंत्री मोदी के दोनों देशों के साथ संबंधों पर प्रकाश डाला और कहा कि इन दोनों कारकों से तनाव कम करने में मदद मिल सकती है।
MAR 10, 2026 09:56 IST

दिल्ली: व्यापारी की हत्या के दो आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

बाहरी उत्तरी दिल्ली के बवाना में एक व्यापारी की हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों को पुलिस ने रोहिणी क्षेत्र में कुछ देर की मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार यह मुठभेड़ रोहिणी के सेक्टर-34 में हुई, जब पुलिस ने संदिग्धों की गतिविधियों के बारे में मिली विशेष सूचना के आधार पर उन्हें रोकने की कोशिश की। पुलिस ने बताया कि आरोपी मोहम्मद इरफान और ऐश्वर्य पांडे बवाना में एक व्यापारी की हत्या में उनकी कथित संलिप्तता सामने आने के बाद करीब एक महीने से फरार थे। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, जब पुलिस दल ने संदिग्धों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने भागने के प्रयास में गोलीबारी कर दी। इसके बाद पुलिस दल ने जवाबी कार्रवाई की, जिससे दोनों ओर से कुछ देर तक गोलीबारी हुई। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें काबू कर लिया। पुलिस ने बताया कि उन्हें तुरंत हिरासत में लेकर उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
MAR 10, 2026 09:39 IST

एस जयशंकर के बयान को लेकर कांग्रेस ने सरकार को निशाने पर लिया

कांग्रेस ने संसद में पश्चिम एशिया की स्थिति पर विदेश मंत्री एस जयशंकर के बयान को लेकर सरकार को निशाने पर लिया है। कांग्रेस ने जयशंकर के बयान को बेबुनियाद करार दिया है और आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति की और सरकार द्वारा भारतीय विदेश सेवा को कमजोर करने से भारत अधीनस्थ बन रहा है। सोमवार को जारी एक बयान में पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद के नेतृत्व वाले कांग्रेस के विदेश मामलों के विभाग ने कहा कि विदेश मंत्री के बयान में भारत के रणनीतिक क्षेत्र में IRIS Dena जहाज के डूबने पर अस्पष्ट रूप से कोई विरोध नहीं जताया गया, जिससे हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की सुरक्षा प्रदाता की भूमिका खतरे में पड़ गई है। पार्टी ने बयान में कहा कि जयशंकर के बयान में न तो एक संप्रभु राष्ट्र के राष्ट्राध्यक्ष की लक्षित हत्या की निंदा की गई और न ही भारत को झेलनी पड़ रही गंभीर भू-आर्थिक और भू-राजनीतिक लागतों और भविष्य में होने वाले संभावित तनावों के निवारण के लिए कोई समाधान सुझाया गया। रतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) ने 9 मार्च 2026 को भारतीय जनता पार्टी सरकार की ओर से विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर द्वारा संसद में दिए गए निरर्थक बयान पर गहरी चिंता व्यक्त की है।
MAR 10, 2026 09:18 IST

पश्चिम एशिया संघर्ष: शरीफ ने घर से काम करने और चार दिवसीय कार्य सप्ताह की घोषणा की

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ईरान पर युद्ध के प्रभावों को कम करने के लिए सोमवार को कई उपायों की घोषणा की, जिसमें घर से काम करना और चार दिवसीय कार्य सप्ताह शामिल हैं। शरीफ ने सरकारी पीटीवी और अन्य निजी चैनल के माध्यम से राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि वह देश के लोगों को ऐसे समय संबोधित कर रहे हैं जब पूरा क्षेत्र युद्ध के खतरे का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि युद्ध का प्रभाव सीमाओं से परे होता और अन्य देशों पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था खाड़ी से तेल आपूर्ति पर निर्भर है और तेल की कीमतों में वृद्धि के कारण देश को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
MAR 10, 2026 08:43 IST

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ऑपरेशन एपिक फ्यूरी जारी रखते हुए, हम दुनिया को ऊर्जा और तेल की आपूर्ति बनाए रखने पर भी ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। मैं किसी भी आतंकवादी शासन को दुनिया को बंधक बनाने और वैश्विक तेल आपूर्ति को रोकने का प्रयास करने की अनुमति नहीं दूंगा। अगर ईरान ऐसा कुछ भी करता है, तो उसे बहुत ही गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे... बेहतर होगा कि वे ऐसा खेल न खेलें। अंततः, ईरानी जहाजों, ड्रोन, मिसाइलों और परमाणु खतरे के बिना तेल आपूर्ति कहीं अधिक सुरक्षित होगी।

MAR 10, 2026 08:39 IST

पुतिन ने ईरान में चल रहे संघर्ष पर चर्चा की

रूस टुडे के अनुसार, पुतिन ने ईरान में चल रहे संघर्ष पर भी अपने विचार साझा किए और ट्रंप को पिछले सप्ताह ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान और खाड़ी देशों के नेताओं के साथ हुई अपनी बातचीत के बारे में बताया। उशाकोव ने कहा कि ट्रंप ने स्थिति पर अपनी राय व्यक्त की और आगे बताया कि इस मुद्दे पर उनकी बहुत ही सार्थक चर्चा हुई। दोनों राष्ट्रपतियों के बीच आखिरी बार दिसंबर में फोन पर बातचीत हुई थी। उस समय व्हाइट हाउस ने इसे सकारात्मक बताया था।
MAR 10, 2026 08:39 IST

पुतिन और ट्रंप ने लगभग एक घंटे तक बात की

रूसी समाचार एजेंसी तास के अनुसार, उशाकोव ने कहा, आज रात रूसी और अमेरिकी राष्ट्रपतियों के बीच फोन पर बातचीत हुई। बातचीत व्यावहारिक, खुली और रचनात्मक रही, जो आमतौर पर रूसी और अमेरिकी नेताओं के बीच संवाद में होती है। उशाकोव के अनुसार, पुतिन और ट्रंप ने लगभग एक घंटे तक बात की। ट्रंप ने लंबे समय से चल रहे संघर्ष के मद्देनजर रूस और यूक्रेन के बीच दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित करने के लिए अमेरिका की प्रतिबद्धता को दोहराया। उशाकोव ने आगे बताया कि पुतिन ने ट्रंप को उनके प्रशासन द्वारा किए जा रहे निरंतर मध्यस्थता प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया।
MAR 10, 2026 08:39 IST

डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात की

ईरान-इजराइल और अमेरिका युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात की है। रूस टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, क्रेमलिन के सहयोगी यूरी उशाकोव ने बताया कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का फोन आया, जिसमें दोनों नेताओं ने ईरान और यूक्रेन के संघर्षों पर चर्चा की। रूस टुडे के मुताबिक, क्रेमलिन के सहयोगी यूरी उशाकोव ने पत्रकारों को बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने नवीनतम अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर चर्चा करने के लिए फोन किया था। दोनों के बीच बातचीत ईरान संघर्ष और यूक्रेन संघर्ष के समाधान के उद्देश्य से वाशिंगटन, मॉस्को और कीव के बीच त्रिपक्षीय वार्ता पर केंद्रित रही।
MAR 10, 2026 08:39 IST

डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को सख्त चेतावनी दी

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद करने को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को सख्त चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा है कि यदि ईरान इस रास्ते तेल का आवागमन रोकने की कोशिश करता है तो उसे भारी कीमत चुकानी होगी। अमेरिका की तरफ से अभी जो उसे मार पड़ रही है, वह 20 गुना ज्यादा बढ़ जाएगी। इसके अलावा आसानी से निशाना बनाए जा सकने वाले हम उन लक्ष्यों को निशाना बनाना शुरू कर देंगे जिसके बाद ईरान को एक देश के रूप में दोबारा अपने पैरों पर खड़ा होना एक तरह से असंभव हो जाएगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा कि इसके बाद ईरान में मौत, आग और अराजकता का माहौल होगा।