LIVE

हिंदी समाचार, 10 जून 2024 : PM नरेंद्र मोदी ने मनमोहन सिंह, प्रतिभा पाटिल और एचडी देवेगौड़ा से लिया आशीर्वाद; मंत्रियों के विभागों का हो गया बंटवारा

LIVE आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 10 जून 2024

हिंदी समाचार, 10 जून 2024 : PM नरेंद्र मोदी ने मनमोहन सिंह, प्रतिभा पाटिल और एचडी देवेगौड़ा से लिया आशीर्वाद; मंत्रियों के विभागों का हो गया बंटवारा

हिंदी न्यूज़ 10 जून 2024 और बड़ी खबरें: मोदी सरकार के मंत्रियों को उनका प्रभार सौंप दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के तीसरे कार्यकाल में 72 सदस्यीय मंत्रिपरिषद ने रविवार को शपथ ली थी। जिनके विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। सोमवार शाम को मंत्रियों को उनके-उनके विभाग सौंपे गए। राजनाथ सिंह को रक्षा, अमित शाह को गृह एवं सहकारिता, नितिन गडकरी को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग, जेपी नड्डा को स्वास्थ्य और शिवराज सिंह चौहान को कृषि मंत्रालय का जिम्मा मिला। वहीं पीएम मोदी ने अपने तीसरे कार्यकाल की शुरुआत करते हुए सोमवार को पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल और पूर्व प्रधानमंत्रियों मनमोहन सिंह एवं एच डी देवेगौड़ा को फोन किया तथा उनका आशीर्वाद मांगा। आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के अपडेट्स...

JUN 10, 2024 21:36 IST

सभी मंत्रियों को सौंपी गई उनकी जिम्मेदारी

मोदी सरकार के मंत्रियों को उनका प्रभार सौंप दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के तीसरे कार्यकाल में 72 सदस्यीय मंत्रिपरिषद ने रविवार को शपथ ली थी। जिनके विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। सोमवार शाम को मंत्रियों को उनके-उनके विभाग सौंपे गए। राजनाथ सिंह को रक्षा, अमित शाह को गृह एवं सहकारिता, नितिन गडकरी को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग, जेपी नड्डा को स्वास्थ्य और शिवराज सिंह चौहान को कृषि मंत्रालय का जिम्मा मिला। इनके अलावा सरकार में शामिल सभी मंत्रियों को उनकी जिम्मेदारी सौंप दी गई। पढ़ें पूरी खबर
JUN 10, 2024 18:05 IST

मोदी सरकार 3.0 की पहली कैबिनेट बैठक हुई

मोदी सरकार 3.0 की पहली कैबिनेट बैठक हुई
राजधानी दिल्ली में पीएम मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने अपने तीसरे कार्यकाल की शुरुआत में पहली केंद्रीय कैबिनेट बैठक की।
JUN 10, 2024 18:03 IST

प्रज्वल रेवन्ना को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया

बेंगलुरु की एक अदालत ने कई महिलाओं से बलात्कार और यौन शोषण के आरोपों का सामना कर रहे जद (एस) के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को सोमवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। रेवन्ना को विशेष जांच दल (एसआईटी) की हिरासत समाप्त होने पर सोमवार को 42वें अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट (एसीएमएम) की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने 31 मई को रेवन्ना को छह जून तक के लिए एसआईटी की हिरासत में भेज दिया था और बाद में हिरासत 10 जून तक बढ़ा दी थी। एसआईटी ने हिरासत के दौरान साक्ष्य जुटाने और गवाहों से पूछताछ करने समेत विस्तृत जांच की तथा आरोपों के बारे में रेवन्ना से व्यापक पूछताछ की। अदालत ने आरोपों की गंभीरता और एसआईटी की ओर से प्रस्तुत साक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए रेवन्ना को 24 जून तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेजने का फैसला किया। जनता दल (सेक्युलर) के प्रमुख और पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा के पोते रेवन्ना (33) को हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में हासन सीट से हार का सामना करना पड़ा है।
JUN 10, 2024 16:53 IST

मणिपुर में ताजा हिंसा के बाद वहां के लोग असम में ले रहे हैं शरण

मणिपुर में हिंसा की ताजा घटनाओं से प्रभावित लोग आश्रय की तलाश में असम के कछार जिले में आ रहे हैं। स्थानीय विधायक कौशिक राय ने सोमवार को यह जानकारी दी। इस बीच पुलिस ने बताया कि अंतर-राज्यीय सीमा पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। शनिवार को संदिग्ध उग्रवादियों ने मणिपुर के जिरीबाम में दो पुलिस चौकियों, वन विभाग के एक कार्यालय और कम से कम 70 घरों में आग लगा दी थी जससे वहां फिर से तनाव पैदा हो गया। मणिपुर में पिछले साल मई से जातीय हिंसा जारी है। सीमावर्ती इलाकों के निवासियों ने दावा किया कि पिछले चार दिन में जिरी नदी पार कर राज्य में प्रवेश करने वाले करीब 600 लोगों ने कछार जिले के लखीपुर के विभिन्न हिस्सों में शरण ली है। उन्होंने बताया कि मणिपुर से आए लोग जिरीघाट और लखीपुर के गांवों में शरण ले रहे हैं, हालांकि उनके लिए कोई सरकारी राहत शिविर नहीं खोला गया है। लखीपुर के विधायक कौशिक राय ने पीटीआई भाषा से कहा, 'मणिपुर से आए लोगों को यहां सुरक्षित रहने दिया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए सभी कदम उठा रहा है कि यहां कोई हिंसा नहीं हो।' कछार के पुलिस अधीक्षक नोमल महतो ने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। उन्होंने भाषा से कहा, 'कछार में किसी अप्रिय घटना की कोई खबर नहीं है। सीमा पर जिरीघाट के साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग और आसपास के गांवों में पुलिस गश्त कर रही है।' उन्होंने कहा कि असम की तरफ स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और पुलिस कड़ी निगरानी रख रही है।
JUN 10, 2024 16:51 IST

बंगाल में अवैध पटाखा फैक्टरी में धमाका, एक घायल

पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले में एक अवैध पटाखा फैक्टरी में हुए धमाके में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। बताया जा रहा है कि यह फैक्टरी एक घर में संचालित की जा रही थी और रविवार देर रात हुए धमाके के कारण उस घर की छत उड़ गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कोलाघाट इलाके के प्रयाग गांव में कम से कम चार से पांच अन्य घर भी क्षतिग्रस्त हो गए। उन्होंने बताया, 'आनंद मैती के घर में एक अवैध पटाखा बनाने की फैक्टरी संचालित की जा रही थी। विस्फोट के कारण घर की छत उड़ गई और दीवारें तथा खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो गईं। एक व्यक्ति घायल हो गया।' उन्होंने बताया कि धमाके की जांच की जा रही है ऐसे में घर के आसपास पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पिछले साल भी मई में इसी जिले के खादिकुल गांव में एक घर के अंदर अवैध रूप से संचालित की जा रही पटाखा फैक्टरी में धमाका हो गया था जिसमें 12 लोग मारे गए थे।
JUN 10, 2024 16:49 IST

सुरेश गोपी ने इस्तीफे की अफवाहों का खंडन किया

केंद्रीय मंत्री और अभिनेता से नेता बने सुरेश गोपी ने सोमवार को मीडिया में आई उन खबरों को ‘पूरी तरह से गलत’ बताते हुए खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया था कि वह नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार से ‘हटने’ की कोशिश कर रहे हैं। फेसबुक पर एक पोस्ट में गोपी ने कहा कि मोदी सरकार की मंत्रिपरिषद में शामिल होना और केरल के लोगों का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है। उनका यह बयान रविवार रात मीडिया से बातचीत के बाद आया है, जिसमें उन्होंने उम्मीद जताई थी कि उन्हें जल्द ही पद से मुक्त कर दिया जाएगा, क्योंकि वह और फिल्में करना चाहते हैं। इससे मोदी सरकार में उनकी भूमिका जारी रहने की अटकलें लगाई जा रही हैं। गोपी ने पोस्ट में कहा, 'कुछ मीडिया मंच गलत खबर फैला रहे हैं कि मैं मोदी सरकार की मंत्रिपरिषद से इस्तीफा देने जा रहा हूं। यह पूरी तरह से गलत है। मोदी सरकार की मंत्रिपरिषद में होना और केरल के लोगों का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गर्व की बात है।'
JUN 10, 2024 15:17 IST

स्वाति मालीवाल मारपीट मामले में बिभव कुमार के खिलाफ नई धारा जोड़ी गई

दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी (आप) की सांसद स्वाति मालीवाल के साथ मारपीट मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के करीबी बिभव कुमार के खिलाफ 'सबूत मिटाने और झूठी जानकारी देने' के लिए भारतीय दंड संहिता की नयी धारा जोड़ी है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। कुमार पर 13 मई को मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास पर मालीवाल के साथ मारपीट करने का आरोप है। अधिकारी ने बताया कि मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 201 (अपराध के साक्ष्य को मिटाने या अपराधी को बचाने के लिए गलत सूचना देना) जोड़ी गई है। उन्होंने बताया कि धारा 201 के अंतर्गत मामले में सबसे बड़े अपराध के लिए दी गई सजा के छठे हिस्से के बराबर कारावास का प्रावधान है। कुमार के खिलाफ 16 मई को भादंसं के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसमें महिला को आपराधिक धमकी, हमला या बल प्रयोग और गैर इरादतन हत्या के प्रयास से संबंधित धाराएं शामिल हैं। दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष मालीवाल ने आरोप लगाया था कि जब वह केजरीवाल से मिलने गई थीं तब कुमार ने उन पर हमला किया और मारपीट की।
JUN 10, 2024 13:31 IST

मणिपुर के मुख्यमंत्री के सुरक्षा काफिले पर संदिग्ध उग्रवादियों ने किया हमला

संदिग्ध उग्रवादियों ने मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के अग्रिम सुरक्षा काफिले पर कांगपोकपी जिले में घात लगाकर सोमवार को हमला कर दिया, जिसमें एक जवान घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।यह काफिला हिंसा प्रभावित जिरीबाम जिले की ओर जा रहा था।
JUN 10, 2024 13:30 IST

शहबाज शरीफ ने पीएम मोदी को दी बधाई

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी।
JUN 10, 2024 12:15 IST

दिल्ली में रूममेट ने की पश्चिम बंगाल के युवक की हत्या

दिल्ली के ओल्ड सीलमपुर इलाके में एक युवक की हत्या कर दी गई है। हत्या का आरोप उसके रूममेट पर ही है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।
JUN 10, 2024 12:14 IST

कनाडा में भारतीय मूल के व्यक्ति की हत्या

कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में 28 वर्षीय भारतीय मूल के एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने इस मामले के संबंध में चार लोगों को गिरफ्तार किया है और उन पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
JUN 10, 2024 11:51 IST

प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेद्र मोदी ने पहली फाइल पर किए साइन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभाल लिया। तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम किसान निधि की 17वीं किस्त जारी करने की अपनी पहली फाइल पर हस्ताक्षर किए। इससे 9.3 करोड़ किसानों को लाभ होगा और लगभग 20,000 करोड़ रुपये वितरित किए जाएंगे।
JUN 10, 2024 10:41 IST

रियासी आतंकी हमले की जांच के लिए पहुंची NIA

सूत्रों के मुताबिक, रियासी में हुए आतंकी हमले की जांच के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम सोमवार को मौके पर पहुंच गई है। इस आतंकी हमले में 9 लोगों की जान चली गई और 33 लोग घायल हो गए।
JUN 10, 2024 10:13 IST

सरकार बनते ही शेयर बाजार में धूम

मोदी सरकार 3.0 के शपथ ग्रहण के बाद सोमवार को भारतीय शेयर बाजार ऐतिहासिक रिकॉर्ड स्तर पर खुले। शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स ने 77,079 अंक और निफ्टी ने 23,411 अंक का नया मुकाम हासिल किया। पहली बार सेंसेक्स 77 हजार अंक और निफ्टी 23,400 अंक के पार पहुंचा है। सुबह 9:22 बजे तक सेंसेक्स 169 अंक या 0.22 प्रतिशत बढ़कर 76,862 अंक पर और निफ्टी 64 अंक या 0.28 प्रतिशत बढ़कर 23,355 अंक पर था।
JUN 10, 2024 08:30 IST

अयोध्या से बिहार जा रही बस डंपर से टकराई, 3 की मौत

अयोध्या से दर्शन कर बिहार जा रही यात्रियों से भरी बस रास्तें में डंपर से टकरा गई। इस हादसे में बस में सवार 10 यात्री हुए घायल हैं, वहीं चालक सहित 3 की मौत हो गई है। हादसा आज सुबह 5 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बाराचवर के पास चैनल न.319 के पास हुआ।
JUN 10, 2024 08:28 IST

जम्मू-कश्मीर: आतंकी हमले के बाद सेना चला रही सर्च ऑपरेशन

JUN 10, 2024 07:57 IST

मुंबई: विक्रेाली इलाके में स्लैब गिरने से दो की मौत

मुंबई में एक बड़ा हादसा हो गया। यहां के विक्रोली इलाके में स्लैब गिरने से 2 लोगो की मौत हो गई। मृतकों में एक 10 साल का बच्चा भी शामिल है।
JUN 10, 2024 07:16 IST

इजराइल के युद्ध मंत्री गैंट्ज ने दिया इस्तीफा

हमास से जंग के इस बीच इजराइल के युद्ध कैबिनेट मंत्री बेनी गैंट्ज ने आपातकालीन सरकार से अपने इस्तीफे का ऐलान कर दिया है।गैंट्ज ने कहा कि प्रधानमंत्री नेतन्याहू हमें जीत की ओर बढ़ने से रोक रहे हैं।
JUN 10, 2024 06:27 IST

मध्य प्रदेश: इंदौर BJP कार्यालय में लगी आग

JUN 10, 2024 05:37 IST

फ्रांस के राष्ट्रपति ने मध्यावधि विधायी चुनाव कराने की घोषणा की

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने यूरोपीय संसद के लिए चुनाव में अपनी पार्टी की करारी हार के बाद रविवार को नेशनल असेंबली भंग कर दी और मध्यावधि चुनाव कराने की घोषणा की।राष्ट्रपति भवन ‘एलिसी पैलेस’ से राष्ट्र के नाम संबोधन में मैक्रों ने कहा, “मैंने संसदीय चुनाव कराने का फैसला किया है। इसलिए मैं नेशनल असेंबली को भंग कर रहा हूं।”उन्होंने कहा कि मतदान 30 जून और 7 जुलाई को दो चरण में होगा।