LIVE

आज की ताजा खबर, 9 मई 2026 हिंदी न्यूज लाइव: विजय का शपथ ग्रहण कल सुबह 10:00 बजे, पिता एस.ए. चंद्रशेखर ने जताई खुशी, कहा- तमिलनाडु के लोगों को मिली सफलता

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News ब्रेकिंग हिंदी न्यूज बंगाल का नया मुख्यमंत्री, ईरान यूएस युद्ध, सुवेंधु अधिकारी शपथग्रहण,थलापति विजय, आज का आईपीएल मैच, मौसम का ताजा के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत के बाद कोलकाता के ब्रिगेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह हुआ, जिसमें सीएम योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेता पहुंचे। वहीं तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने विजय को शाम 6:30 बजे बैठक का समय दे दिया है। दूसरी ओर मौसम विभाग ने उत्तर भारत में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे गर्मी से राहत मिल सकती है। आईपीएल 2026 में आज राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच अहम मुकाबला खेला जाएगा, जो प्लेऑफ की रेस के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यूपी में कैबिनेट विस्तार से पहले शनिवार की शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकभवन पहुंचे हैं।

Monu JhaUpdated May 9, 2026, 21:28 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर, 9 मई 2026 हिंदी न्यूज लाइव: विजय का शपथ ग्रहण कल सुबह 10:00 बजे, पिता एस.ए. चंद्रशेखर ने जताई खुशी, कहा- तमिलनाडु के लोगों को मिली सफलता

आज की ताजा खबर, 9 मई 2026 हिंदी न्यूज लाइव: विजय का शपथ ग्रहण कल सुबह 10:00 बजे, पिता एस.ए. चंद्रशेखर ने जताई खुशी, कहा- तमिलनाडु के लोगों को मिली सफलता

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News ब्रेकिंग हिंदी न्यूज बंगाल का नया मुख्यमंत्री, ईरान यूएस युद्ध, सुवेंधु अधिकारी शपथग्रहण,थलापति विजय, आज का आईपीएल मैच, मौसम का ताजा के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE:
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शनिवार को शपथ ली। इनके साथ पांच अन्य विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली।

  • बंगाल विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत के बाद भाजपा के नेता शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। शनिवार सुबह कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड ग्राउंड में यह कार्यक्रम हुआ।
  • इसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित कई बड़े नेता मौजूद रहे। इसके अलावा, यूपी के वे 54 भाजपा कार्यकर्ता भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए, जिन्होंने बंगाल चुनाव के दौरान वहां जिम्मेदारी संभाली थी।
  • तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने विजय को शाम 6:30 बजे बैठक का समय दे दिया है।
  • उत्तर भारत में अगले 48 घंटों तक मौसम सुहावना रहेगा और 10 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार में आंधी-बारिश की गतिविधियां तेज होंगी, जिससे तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी और गर्मी-लू पर ब्रेक लगा रहेगा।
  • वहीं, 11 मई से एक मजबूत विक्षोभ सक्रिय होगा और जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई हिस्सों पर आंधी, बारिश-बर्फबारी और ओलावृष्टि होने की संभावना बढ़ेगी। स्काईमेट ने पूर्वोत्तर के राज्यों में 70 की रफ्तार से तूफान आने और मूसलाधार बारिश का पूर्वानुमान है।
  • आईपीएल 2026 में आज एक मैच खेला जाएगा। ये मैच राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच होना है। दोनों ही टीमें के फिलहाल 12 अंक हैं, लेकिन इसमें से एक टीम टॉप-4 में है। जबकि दूसरी टीम टॉप-4 से बाहर है। इन दोनों ही टीमों को अगर प्लेऑफ में जाना है तो अपना हर अगला मुकाबला मजबूती के साथ जीतना होगा।

MAY 09, 2026 21:27 IST

चेन्नई में तमिलनाडु के CM पद की शपथ से पहले विजय के पिता एस.ए. चंद्रशेखर ने अपनी खुशी जाहिर की। थलपति विजय के पिता एस.ए. चंद्रशेखर ने कहा, "मैं बेहद खुश हूं। आखिरकार, विजय के माध्यम से तमिलनाडु के लोगों को सफलता मिली है।"

MAY 09, 2026 19:52 IST

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने की पद्मावती अम्मावरी मंदिर में पूजा-अर्चना

​मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने पद्मावती अम्मावरी मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा, "मैं इस देश के सभी मतगदाताओं के लिए प्रार्थना करता हूं और एक सफल और शांतिपूर्ण चुनाव की कामना करता हूं।"
MAY 09, 2026 19:16 IST

यूपी में कैबिनेट विस्तार से पहले लोकभवन पहुंचे सीएम योगी

यूपी में कैबिनेट विस्तार से पहले शनिवार की शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकभवन पहुंचे हैं। उनके काफिले में कई गाड़ियां शामिल रहीं। माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राज्यपाल से चर्चा करेंगे।
MAY 09, 2026 18:48 IST

IIT पटना में दर्दनाक हादसा; क्रिकेट खेलते समय करंट लगने से तेलंगाना के छात्र की मौत

बिहार के आईआईटी बिहटा पटना परिसर में एक दर्दनाक हादसे में चौथे वर्ष के छात्र की करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, कलाम बॉयज हॉस्टल के मैदान में क्रिकेट खेलते समय छात्र गेंद पकड़ने के दौरान मैदान में लगे बिजली के पोल के संपर्क में आ गया। बताया जा रहा है कि तकनीकी खराबी के कारण पोल में करंट दौड़ रहा था। करंट लगते ही छात्र बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। साथी छात्रों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिसर में शोक और अफरातफरी का माहौल बन गया। मृतक की पहचान तेलंगाना के हैदराबाद निवासी शदाशिवूनी हर्षित पटनायक के रूप में हुई है। वह 2022-27 सत्र का फोर्थ ईयर छात्र था। हर्षित ने आईआईटी पटना में तीन वर्ष की पढ़ाई पूरी करने के बाद डुअल डिग्री प्रोग्राम के तहत दो साल के लिए आईआईटी मुंबई में दाखिला लिया था। वह अपने सहपाठियों की विदाई पार्टी में शामिल होने के लिए आईआईटी पटना आया हुआ था।
MAY 09, 2026 18:49 IST

Tamil Nadu Government Formation: राज्यपाल ने विजय को बुलाया, थोड़ी देर में होगी मुलाकात

तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने विजय को शाम 6:30 बजे बैठक का समय दे दिया है।
MAY 09, 2026 17:15 IST

भारत-अफ्रीका सम्मेलन का आयोजन 31 मई को

भारत-अफ्रीका सम्मेलन का आयोजन 31 मई को नई दिल्ली में किया जाएगा।
MAY 09, 2026 17:14 IST

पाक सुरक्षा बलों ने खैबर पख्तूनख्वा में 5 आतंकवादियों को मार गिराया

पाक सुरक्षा बलों ने खैबर पख्तूनख्वा में 5 आतंकवादियों को मार गिराया। सेना ने शनिवार को बताया कि पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सुरक्षा बलों के ऑपरेशन में पांच आतंकवादी मारे गए।
MAY 09, 2026 15:38 IST

दिल्ली: आज दोपहर कॉपरनिकस मार्ग स्थित प्रसार भारती सचिवालय भवन में एक ट्रांसफार्मर में आग लग गई। दमकलकर्मियों ने जल्द ही आग पर काबू पा लिया।

MAY 09, 2026 15:38 IST

सीएम योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को दीं शुभकामनाएं

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले शुभेंदु अधिकारी व सभी मंत्रियों को उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ’एक्स’ पर लिखा,’’पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर श्री शुभेंदु अधिकारी जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं!’’

उन्होंने कहा, ’’पूर्ण विश्वास है कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के यशस्वी मार्गदर्शन एवं आपके ऊर्जावान नेतृत्व में ’सोनार बांग्ला’ का संकल्प सिद्ध होगा और प्रदेश सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं आर्थिक उत्थान के अमृतकाल में प्रवेश करेगा।’’
MAY 09, 2026 14:13 IST

शेख हसीना ने सुवेंदु अधिकारी को दी जीत की बधाई

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और अवामी लीग की अध्यक्ष शेख हसीना (Sheikh Hasina) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत पर सुवेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बंगाल में भाजपा की जीत को महत्वपूर्ण बताते हुए सुवेंदु अधिकारी के सफल कार्यकाल की कामना की।
MAY 09, 2026 13:37 IST

बंगाल में भाजपा की पहली सरकार: शुभेंदु ने मुख्यमंत्री, पांच अन्य विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शनिवार को शपथ ली जो एक ऐसा महत्वपूर्ण क्षण है जिसने भगवा राजनीति के प्रति दशकों के प्रतिरोध के बाद राज्य के राजनीतिक परिदृश्य को बदल दिया और इसी के साथ राज्य में पहली बार भाजपा की सरकार बनी।

शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बनने वाले भाजपा के पहले नेता हैं। राज्यपाल आर. एन. रवि ने यहां ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित भव्य समारोह में अधिकारी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद थे। शुभेंदु अधिकारी के शपथ लेने के तुरंत बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पार्टी की प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष ने नयी मंत्रिपरिषद में मंत्री के रूप में शपथ ली। भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, निशीथ प्रामाणिक और क्षुदिराम टुडू को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई गई।
MAY 09, 2026 13:36 IST

पूर्वी चंपारण में घर में आग लगने से दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत

बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में एक घर-सह-दुकान में आग लगने से दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। यह घटना शुक्रवार रात जिले के कुंडवा चैनपुर थाना क्षेत्र के बरहरवा फतेह मोहम्मद गांव स्थित एक किराना दुकान में हुई।

मृतकों की पहचान दुकानदार के आठ वर्षीय बेटे, 12 वर्षीय बेटी और दुकान के कर्मचारी प्रिंस कुमार (28) के रूप में हुई है।
MAY 09, 2026 13:36 IST

अन्नाद्रमुक विधायक पुडुचेरी के रिजॉर्ट से चेन्नई लौटे, पलानीस्वामी से मिलने पहुंचे

अन्नाद्रमुक के विधायक तीन दिन तक पुडुचेरी के एक रिजॉर्ट में ठहरने के बाद शनिवार को पार्टी महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी से उनके आवास पर मिलने पहुंचे। पार्टी के 30 से अधिक विधायकों को पड़ोसी केंद्र शासित प्रदेश के रिजॉर्ट में ठहरने के लिए कहा गया था।

ऐसी जानकारी है कि उन्हें कथित तौर पर ’’क्रॉस वोटिंग या दल-बदल’’ से रोकने के लिए वहां ठहराया गया, क्योंकि तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के नेता विजय सरकार बनाने के लिए समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं। गत 23 अप्रैल को हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।
MAY 09, 2026 13:35 IST

बेरोजगारी सबसे बड़ी बीमारी, भाजपा के पास इसका जवाब लाठी है: राहुल गांधी

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पटना में शिक्षक भर्ती परीक्षा की मांग करने वाले युवाओं पर लाठीचार्ज किए जाने को लेकर शनिवार को भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा और कहा कि देश में सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है, लेकिन भाजपा युवाओं को इसका जवाब लाठी से देती है।

उन्होंने यह दावा भी किया कि युवा भाजपा के झूठ से तंग आ चुके हैं और वे अब चुप नहीं बैठेंगे। बिहार की राजधानी पटना में शिक्षक भर्ती परीक्षा (टीआरई-4) की मांग कर रहे युवाओं पर पुलिस ने शुक्रवार को लाठीचार्ज किया था। प्रदर्शनकारी इस परीक्षा के लिए रिक्तियों का विज्ञापन तत्काल जारी करने मांग कर रहे थे।
MAY 09, 2026 12:36 IST

ममता ने रवीन्द्रनाथ टैगोर को उनकी जंयती पर श्रद्धांजलि दी, एकता का प्रतीक बताया

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को नोबेल पुरस्कार विजेता रवीन्द्रनाथ टैगोर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वह मानवता के लिए एकता का संदेश देने वाले और सदैव मार्गदर्शन करने वाले प्रकाशस्तंभ हैं।

सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में बनर्जी ने कहा कि टैगोर का दर्शन बांग्ला भाषा, संस्कृति और विरासत के पुनर्जन्म का प्रतीक है। उन्होंने लिखा, ’’उनका गहन जीवन-दर्शन हमारी दैनिक यात्रा के लिए सदैव मार्गदर्शक प्रकाश बना हुआ है। उन्होंने हमें सिखाया कि विभाजन सत्य नहीं है, सत्य तो एकता है।’’
MAY 09, 2026 12:35 IST

तमिलनाडु: सरकार गठन के लिए वीसीके आज टीवीके को दे सकती है समर्थन

वामपंथी दलों के पुराने सहयोगी विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके) शनिवार को विजय के नेतृत्व वाली पार्टी ’तमिलगा वेत्री कषगम’ (टीवीके) को औपचारिक समर्थन देने की घोषणा कर सकती है।
वीसीके के प्रमुख टी. थिरुमावलवन ने पहले ही घोषणा कर दी है कि उनकी पार्टी का निर्णय वामपंथी दलों के फैसले के अनुरूप होगा। वाम दलों ने पहले ही सरकार गठन के लिए टीवीके को अपना समर्थन देने का एलान कर दिया है।

टीवीके के मनोनीत विधायक मैरी विल्सन ने विश्वास व्यक्त किया है कि उनके नेता विजय जल्द ही मुख्यमंत्री बनेंगे। पार्टी संस्थापक के करीबी सहयोगी और वीसीके नेता वन्नियारासु ने स्पष्ट संकेत दिया है कि वीसीके सत्ता में हिस्सेदारी पाने को इच्छुक है, और टीवीके ऐसा करने को तैयार है।
MAY 09, 2026 12:25 IST

पीएम मोदी ने वयोवृद्ध कार्यकर्ता के छुए पैर, योगी ने पहनाया भगवा पटका

सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में कई यादगार पल देखने को मिले। पीएम नरेंद्र मोदी ने मंच पर वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता माखनलाल सरकार के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। वहीं, सीएम योगी आदित्यनाथ ने सुवेंदु को भगवा पटका पहनाया और पीएम मोदी ने गले लगाकर उनकी पीठ थपथपाई।
MAY 09, 2026 11:52 IST

कौन हैं माखनलाल सरकार? जिनके पीएम मोदी ने पैर छू लिया आशीर्वाद

पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज का दिन बेहद खास रहा है। राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बनी। कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस बड़े समारोह में पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए, लेकिन इस पूरे कार्यक्रम के बीच एक नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है और वह हैं भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता माखनलाल सरकार का। जिनका पीएम मोदी ने पैर छुकर आर्शीवाद लिया।
MAY 09, 2026 11:51 IST

शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह के लिए कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में उमड़े भाजपा समर्थक

पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पहली सरकार के शपथ ग्रहण समारोह का साक्षी बनने के लिए उत्तर बंगाल के अलावा झारखंड जैसे पड़ोसी राज्यों सहित देश-विदेश से भाजपा के हजारों समर्थक शनिवार को कोलकाता पहुंचे, जिससे ब्रिगेड परेड मैदान भगवा रंग में रंग गया।

मुख्यमंत्री पद के लिए मनोनीत शुभेंदु अधिकारी और उनकी मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कई केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे।
MAY 09, 2026 10:55 IST

सुलतानपुर में लूट के चार आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में दो दिन पहले हुई लूट की घटना के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया।

अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह ने बताया कि एक माइक्रोफाइनेंस कंपनी में ’रिकवरी एजेंट’ के रूप में कार्यरत रामकृष्ण विश्वकर्मा ने सात मई को शिकायत दर्ज कराई थी कि काम से लौटते समय बदमाशों ने हथियार के बल पर उनसे 32 हजार रुपये लूट लिए।

उन्होंने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे।