LIVEहिंदी समाचार, 09 मई 2024 : हरियाणा में हलचल तेज, दुष्यंत चौटाला की मांग-फ्लोर टेस्ट का सामना करे सैनी सरकार, NTR जिले में पुलिस ने जब्त किए 8 करोड़ रुपये

हिंदी समाचार, 09 मई 2024 : हरियाणा में हलचल तेज, दुष्यंत चौटाला की मांग-फ्लोर टेस्ट का सामना करे सैनी सरकार, NTR जिले में पुलिस ने जब्त किए 8 करोड़ रुपये
हिंदी न्यूज़ 09 मई 2024 और बड़ी खबरें: हरियाणा में सियासी संकट के बीच राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। जननायक जनता पार्टी (JJP) के मुखिया दुष्यंत चौटाला ने फ्लोर टेस्ट की मांग की है। चौटाला ने कहा है कि तीन निर्दलीय विधायकों द्वारा समर्थन वापस लेने के बाद नायब सिंह सैनी सरकार अल्पमत में है। उसे सदन में अपना बहुमत साबित करना चाहिए। पुंछ में एयरफोर्स के काफिले पर हमले के बाद सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 3 आतंकियों को मार गिराया है। आंध्र प्रदेश के NTR जिले में एक ट्रक से 8 करोड़ रुपये बरामद किए गए हैं। ट्रक से दो व्यक्तियों को पुलिस ने हिरासत लिया है। उत्तर पूर्वी दिल्ली से बीजेपी उम्मीदवार मनोज तिवारी ने कहा कि यह चुनाव देश का पीएम चुनने के लिए है। हमारे पास एक पीएम चेहरा है और वह पीएम मोदी का है, लेकिन इंडिया ब्लॉक के पास कोई चेहरा नहीं है। वहां केवल एक समूह है। 25-26 लोग जिनकी एक ही मानसिकता है, पीएम मोदी को हराना क्योंकि वह भ्रष्टाचार, अपराध के खिलाफ हैं और विकास में विश्वास रखते हैं। मुंबई पुलिस ने दाऊद इब्राहिम के करीबी और ड्रग तस्कर सलीम डोला के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया है। पुलिस ने इससे पहले गृह मंत्रालय के आदेश पर सलीम डोला के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी करवाया था। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक एके-47 राइफल और पांच कारतूस जब्त किये। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार तड़के मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन के पास विकास कुमार और सत्यम कुमार नाम के दो लोगों को पकड़ा गया और उनके पास से एके-47 राइफल के कुछ पुर्जे जब्त किए गए। आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरों को ताजा अपडेट्स...
GSEB Gujarat Board HSC 12th Result 2024 | CG Board 10th 12th Result 2024 | असम बोर्ड 12वीं रिजल्ट
दिल्ली के व्यक्ति के पास से 470 प्रतिबंधित ई-सिगरेट बरामद, गिरफ्तार
हरियाणा में मुख्यमंत्री उड़नदस्ते और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने साइबर हब में दिल्ली निवासी एक व्यक्ति की कार से 470 प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक (ई) सिगरेट बरामद की जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते के उपनिरीक्षक मदन सिंह द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट की आपूर्ति करने वाला व्यक्ति अपनी कार से इलाके में आ रहा है। एक टीम शाम सात बजे मौके पर पहुंची और कुछ देर बाद कार दिखी जिसे रोककर जांच की गई। सिंह ने अपनी शिकायत में कहा, 'कार की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट बरामद हुई। कार चला रहे व्यक्ति की पहचान दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 3 निवासी कुणाल शर्मा के रूप में हुई। बरामद इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट को 47 पैकेट रखा गया था और उनकी संख्या 470 थीं। इसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाया गया।' पुलिस ने कहा कि शर्मा के खिलाफ सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 के तहत डीएलएफ फेज 2 थाने में मामला दर्ज किया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, 'हम आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं और जांच जारी है।'
राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में भीषण गर्मी, 46.2 डिग्री पर पहुंचा पारा
राजस्थान के अधिकतर इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है तथा बृहस्पतिवार को फलोदी में अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में भीषण गर्मी से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। मौसम केंद्र (जयपुर) के अनुसार पिछले 24 घंटे में राज्य में अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान, सामान्य से 1.6 डिग्री से लेकर 5.0 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया। इसके अनुसार बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान फलोदी में 46.2 डिग्री, जैसलमेर में 45.3 डिग्री, बीकानेर एवं बाड़मेर में 45.2 डिग्री, गंगानगर में 45.1 डिग्री, फतेहपुर एवं जोधपुर में 44.3 डिग्री, अंता में 44 डिग्री, चुरू में 43.4 डिग्री, जालोर में 43.2 डिग्री एवं जयपुर में 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फलोदी में न्यूनतम तापमान भी 34.4 डिग्री रहा। मौसम केंद्र के अनुसार 10 मई को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग में लू (हीटवेव) जारी रहने की संभावना है। उसके मुताबिक 10-11 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राज्य के कुछ भागों में दोपहर बाद मेघ गर्जन के साथ आंधी चलने एवं हल्की बारिश होने की संभावना है। राज्य में 11 एवं 13 मई के बीच भी कुछ भागों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने एवं वर्षा होने से तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। आंधी एवं बारिश के प्रभाव से 11 मई से राजस्थान में लोगों को लू से कुछ राहत मिल सकती है।
करणी सेना अध्यक्ष सूरज पाल अम्मू ने भाजपा से दिया इस्तीफा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हरियाणा इकाई के प्रवक्ता सूरज पाल अम्मू ने गुजरात में उम्मीदवार के चयन को लेकर बृहस्पतिवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। अम्मू करणी सेना के अध्यक्ष भी हैं। अम्मू ने भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा को अपना इस्तीफा भेज दिया है। अम्मू ने 2018 में फिल्म ‘पद्मावत’ के खिलाफ टिप्पणी कर विवाद खड़ा कर दिया था। उन्होंने अपने इस्तीफे में कहा कि गुजरात में एक ऐसे उम्मीदवार को पार्टी ने टिकट दिया, जिसने महिलाओं पर भद्दी टिप्पणियां की थीं, जिसे पूरा क्षत्रिय समुदाय अपमान के रूप में देखता है। अम्मू राजकोट लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री पुरषोत्तम रुपाला का संदर्भ दे रहे थे, जिन्होंने महाराजाओं पर कथित टिप्पणी कर विवाद खड़ा दिया था। रुपाला ने दावा किया था कि तत्कालीन ‘महाराजाओं’ ने विदेशी शासकों और अंग्रेजों के उत्पीड़न के आगे घुटने टेक दिए थे और यहां तक कि अपनी बेटियों की शादी भी उनसे कर दी थी। रुपाला ने बाद में अपनी टिप्पणी के लिए माफी भी मांगी थी। अम्मू ने 2018 में भी भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था लेकिन उनका इस्तीफा अस्वीकार कर दिया गया था।
लोकसभा चुनाव मोदी के हाथों से फिसलता जा रहा है: राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि लोकसभा चुनाव धीरे-धीरे प्रधानमंत्री राहुल गांधी के हाथ से फिसलता जा रहा है और अब वह देश के युवाओं को ध्यान भटकाने के लिये कुछ नया नाटक करने की कोशिश करेंगे। एक वीडियो संदेश में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने युवाओं से प्रधानमंत्री के प्रचार से विचलित न होने का आग्रह किया और उन्हें आश्वासन दिया कि चार जून को एक बार जब विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ अपनी सरकार बना लेगा तो वह उन्हें 15 अगस्त तक 30 लाख नौकरियां देने का काम शुरू कर देगी। युवाओं को देश की ताकत बताते हुए गांधी ने कहा कि मौजूदा लोकसभा चुनाव मोदी के हाथ से फिसल रहा है और वह अब प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे। उन्होंने कहा, 'चुनाव उनके हाथ से निकलता जा रहा है। वह फिसल रहे हैं और वह भारत के प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे। उन्होंने अगले चार-पांच दिनों में आपका ध्यान भटकाने और किसी तरह का नाटक करने का फैसला किया है। लेकिन आपका ध्यान नहीं भटकना चाहिए।' गांधी ने ‘एक्स’ पर हिंदी में एक पोस्ट में कहा, 'देश के युवाओं! चार जून को ‘इंडिया’ की सरकार बनने जा रही है और हमारी गारंटी है कि 15 अगस्त तक हम 30 लाख रिक्त सरकारी पदों पर भर्ती का काम शुरू कर देंगे। नरेन्द्र मोदी के झूठे प्रचार से भटकना मत, अपने मुद्दों पर डटे रहना। ‘इंडिया’ की सुनो। नफरत नहीं, नौकरी चुनो।'
प्रधानमंत्री मोदी ओडिशा में शनिवार को तीन जनसभाओं को करेंगे संबोधित
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को ओडिशा में तीन चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के एक नेता ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। ओडिशा भाजपा के उपाध्यक्ष गोलक महापात्र ने बताया कि मोदी शुक्रवार को भुवनेश्वर में एक रोड शो में भी हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा, ‘11 मई को वह तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगे। पहली जनसभा सुबह 9.30 बजे कंधमाल में होगी जबकि दूसरी सुबह 11.30 बजे बोलंगीर में और तीसरी एक बजे बरगढ़ में।’ भुवनेश्वर में प्रधानमंत्री शुक्रवार रात आठ बजे से रोड शो करेंगे। वह रात्रि विश्राम राजभवन में ही करेंगे। रोड शो श्रीराम मंदिर के पास भाजपा के राज्य मुख्यालय से शुरू होगा और वाणी विहार चौक पर समाप्त होगा। पुलिस ने बताया कि रोड शो और चुनावी जनसभाओं के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मोदी ने आखिरी बार छह मई को ओडिशा का दौरा किया था, जब उन्होंने ब्रह्मपुर और नबरंगपुर में दो जनसभाओं को संबोधित किया था। ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव चार चरणों में होंगे, जिनकी शुरुआत 13 मई से होगी।
तमिलनाडु के शिवकाशी में पटाखा कारखाने में विस्फोट, सात की मौत
शिवकाशी में बृहस्पतिवार को एक पटाखा कारखाने में आग लगने से पांच महिलाओं सहित सात श्रमिकों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस और अग्निशमन सेवा कर्मियों ने घायलों को शिवकाशी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायलों में एक व्यक्ति की हालत बेहद गंभीर है। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारण का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विरुधुनगर जिले के शिवकाशी के पास सेंगमालापट्टी में निजी पटाखा कारखाने में दोपहर के वक्त जब विस्फोट हुआ तो वहां लगभग 10 कर्मचारी कार्यरत थे।
उद्धव ठाकरे मानसिक संतुलन खो चुके हैं: फडणवीस का दावा
अपने पूर्व सहयोगी की आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने बृहस्पतिवार को कहा कि शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। एक दिन पहले एक चुनावी रैली में ठाकरे ने फडणवीस और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को दिल्ली का इशारा मिलने पर बोलने वाले व्यक्ति बताया। फडणवीस ने कहा, 'उद्धव ठाकरे अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। उन्हें इलाज की जरूरत है। वह इस तरह की बातें इसलिए कर रहे हैं क्योंकि उन्हें चुनाव में हार साफ नजर आ रही है।' भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता ने कहा कि लोगों ने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख को नकार दिया है, इसलिए वह अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव के बाद ठाकरे ने पुरानी सहयोगी भाजपा से नाता तोड़कर सरकार बनाने के लिए अविभाजित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और कांग्रेस से हाथ मिला लिया था।
आंध्र प्रदेश में अंतरराज्यीय जांच चौकी पर 8.36 करोड़ रुपये की नकदी जब्त
आंध्र प्रदेश के एनटीआर जिले में पुलिस ने एक अंतरराज्यीय जांच चौकी पर बृहस्पतिवार को एक ट्रक से 8.36 करोड़ रुपये जब्त किये। पुलिस ने बताया कि वाहनों की जांच के दौरान गारिकापाडु गांव में आंध्र प्रदेश और तेलंगाना अंतरराज्यीय जांच चौकी पर पीवीसी पाइप ले जा रहे एक ट्रक से ये नकदी बरामद की गई। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘हमने हैदराबाद से गुंटूर जा रहे ट्रक में चालक की सीट के पीछे एक केबिन में छिपाकर रखी गई 8.36 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की।’ पुलिस के मुताबिक, ट्रक शेख अजीज के नाम पर पंजीकृत है। इस बीच, पुलिस अधिक जानकारी के लिए ट्रक चालक, सीएच षणमुगम (40) और क्लीनर (खलासी) पी. शेखर रेड्डी (24) से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि नकदी को राजकोष विभाग में जमा करने के बाद पुलिस ने दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धाराओं 41 और 102 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आंध्र प्रदेश की 25 लोकसभा सीट और 175 विधानसभा क्षेत्रों के लिए चुनाव एक साथ 13 मई को होंगे और परिणाम चार जून को घोषित किए जाएंगे।
लू की संभावना को देखते हुए 9 मई के लिए केरल के अलप्पुझा में येलो अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिन में लू की संभावना को देखते हुए बृहस्पतिवार को राज्य के अलाप्पुझा जिले के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। आईएमडी ने कहा कि 10 मई तक राज्य के त्रिशूर और पलक्कल में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस, अलप्पुझा में 38 डिग्री सेल्सियस, कोल्लम, कोट्टायम, पथानमथिट्टा, एर्णाकुलम, कोझीकोड और कन्नूर में 37 डिग्री सेल्सियस तथा तिरुवनंतपुरम, मलप्पुरम और कासरगोड जिले में 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इसमें कहा गया कि ये तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है। इनसे कहा, 'नौ मई (येलो अलर्ट) को अलप्पुझा जिले में एक या दो स्थानों पर लू चलने की संभावना है।' आईएमडी ने यह भी कहा कि इस अवधि के दौरान पहाड़ी इलाकों को छोड़कर इन जिलों में मौसम उमस भरा और गर्म रहने की संभावना है।
शिरामणि अकाली दल छोड़ने वाले हरदीप सिंह आम आदमी पार्टी में शामिल
शिरोमणि अकाली दल छोड़ने वाले हरदीप सिंह बृहस्पतिवार को प्रदेश में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी में शामिल हो गये। पंजाब के मुख्यमंत्री ने उनका पार्टी में स्वागत किया। शिअद से हाल ही में त्यागपत्र देने वाले हरदीप सिंह को पार्टी ने चंडीगढ़ लोकसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किया था। चंडीगढ़ नगर निगम के पार्षद सिंह ने कहा कि वह मान सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों से खुश हैं। सिंह ने छह मई को चंडीगढ़ सीट के चुनावी मुकाबले से पीछे हट ये और शिअद की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया। उन्होंने बताया कि पार्टी के चंडीगढ़ को लेकर उदासीन रवैये के कारण उन्होंने अकाली दल छोड़ा। पार्टी की सदस्यता छोड़ने के बाद सिंह ने पार्टी का टिकट भी वापस कर दिया। यह पहला मौका था जब शिरोमणि अकाली दल ने चंडीगढ़ संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार उतारा था।
अजित पवार चाचा शरद पवार पर लगाया मौका नहीं देने का आरोप
महाराष्ट्र में चाचा और भतीजे भले ही अलग हो गए हैं, लेकिन दोनों एक दूसरे पर जुबानी प्रहार कम नहीं कर रहे हैं। कभी शरद पवार अपने भतीजे को खरी-खोटी सुनाते हैं, तो कभी अजित पवार अपने चाचा पर तीखी टिप्पणी करते हैं। वार-पलटवार के बीच अजित ने शरद को लेकर बड़ा दावा किया है।
पढ़ें पूरी खबरराम मंदिर के मुद्दे पर अमित शाह vs प्रियंका गांधी वाड्रा
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए तीन चरणों का मतदान हो चुका है, आगामी 13 मई को चौथे राउंड की वोटिंग होनी है। इस बीच राम मंदिर के मुद्दे पर देश के गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है। आखिर क्या है इस सियासी उठापटक की वजह, आपको समझाते हैं।
पढ़ें पूरी खबरएअर इंडिया एक्सप्रेस ने रद्द कीं 74 उड़ाने, 292 उड़ानें संचालित
चालक दल के सदस्यों की कमी से जूझ रही एअर इंडिया एक्सप्रेस ने बृहस्पतिवार को 74 उड़ानें रद्द कर दीं और कहा कि व्यवधान को कम करने के लिए एअर इंडिया हमारे 20 मार्गों पर सेवाएं संचालित करेगी। एअरलाइन में कथित कुप्रबंधन के विरोध में चालक दल के सदस्यों ने मंगलवार रात से बीमार होने की सूचना देनी प्रारंभ की। चालक दल के सदस्यों की कमी के कारण मंगलवार रात से 90 से अधिक उड़ानें रद्द की गईं हैं। एअरलाइन ने एक बयान में कहा, 'हम आज 292 उड़ानें संचालित करेंगे। हमने सभी संसाधन जुटा लिए हैं और एअर इंडिया हमारे 20 मार्गों पर परिचालन करके हमारी मदद करेगी। हमारी 74 उड़ानें रद्द हो गई हैं, हमारे साथ यात्रा की बुकिंग कराने वालों से हम आग्रह करते हैं कि हवाईअड्डे पर आने से पहले यह जांच लें कि उनकी उड़ान प्रभावित तो नहीं हुई है।' एअरलाइन ने कहा कि यदि उनकी उड़ान रद्द हुई है या तीन घंटे से अधिक देर से संचालित होनी है तो यात्री पूरे पैसे लौटाने या बाद की किसी तारीख के लिए बुकिंग करा सकते हैं। इससे पहले दिन में एअर इंडिया एक्सप्रेस ने चालक दल के कम से कम 25 उन सदस्यों को बर्खास्त करने संबंधी पत्र जारी किए हैं जिन्होंने बीमार होने की सूचना दी थी।
एनटीआर जिले में पुलिस ने जब्त किए 8 करोड़ रुपये, दो शख्स गिरफ्तार; चुनाव आयोग करेगा जांच
आंध्र प्रदेश के एनटीआर जिला पुलिस ने जिले में एक चेक पोस्ट पर पाइप से भरी लॉरी से 8 करोड़ रुपये नकद जब्त किए और गुरुवार सुबह मामले के सिलसिले में दो लोगों को हिरासत में लिया।
यहां पढ़ें पूरी खबरफ्लोर टेस्ट का सामना करे सैनी सरकार-दुष्यंत चौटाला
हरियाणा में सियासी संकट के बीच राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। जननायक जनता पार्टी (JJP) के मुखिया दुष्यंत चौटाला ने फ्लोर टेस्ट की मांग की है। चौटाला ने कहा है कि तीन निर्दलीय विधायकों द्वारा समर्थन वापस लेने के बाद नायब सिंह सैनी सरकार अल्पमत में है। उसे सदन में अपना बहुमत साबित करना चाहिए।
यहां पढ़ें पूरी खबरकौन हैं सैम पित्रोदा? राजीव गांधी से क्या था कनेक्शन
सैम पित्रोदा का पूरा नाम सत्यनारायण गंगाराम पित्रोदा है। वह इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष थे। सैम पित्रोदा को ही भारत में सूचना क्रांति का जनक माना जाता है। यूपीए सरकार के कार्यकाल में वह तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में वह UN के लिए प्रधानमंत्री का सलाहकार भी रह चुके हैं। इसके अलावा सैम पित्रोदा को राजीव गांधी का बहुत खास माना जाता था।
यहां पढ़ें पूरी खबरशिकागो में दो मई से लापता है भारतीय छात्र, तलाश जारी
अमेरिका के शिकागो में दो मई से एक भारतीय छात्र के लापता होने की खबर है। शिकागो स्थित महावाणिज्य दूतावास ने यह जानकारी दी। भारतीय छात्र से जुड़े इस मामले ने अमेरिका में भारतीय छात्रों की सुरक्षा और रक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। इससे पहले भारतीय नागरिकों पर हमले की कई दिल दहलाने वाली घटनाएं सामने आई हैं। शिकागो पुलिस ने एक बयान में कहा कि रूपेश चंद्र चिंताकिंडी (26) एन शेरिडन रोड के 4300 ब्लॉक से लापता हो गए हैं।
बसपा ने यूपी की दो और सीटों पर घोषित किये प्रत्याशी
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने बृहस्पतिवार को लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश की दो और सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया। पार्टी द्वारा जारी बयान के मुताबिक, शुभ नारायण चौहान को कुशीनगर लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा पार्टी ने संदेश यादव को देवरिया सीट से टिकट दिया है। बसपा द्वारा घोषित उम्मीदवारों की यह 14वीं सूची है।
नोएडा में पत्रकार ने की आत्महत्या
नोएडा में एक समाचार चैनल में कार्यरत एक पत्रकार ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। बिसरख थाने के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि समाचार चैनल ‘एबीपी न्यूज’ में वीडियो संपादक के रूप में कार्यरत उमाकांत राही (40) ने बुधवार रात किसी मानसिक तनाव के चलते जहरीला पदार्थ खा लिया जिसके बाद उन्हें एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उपराष्ट्रपति शुक्रवार को अयोध्या जाएंगे, राम मंदिर में करेंगे पूजा-अर्चना
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शुक्रवार को अयोध्या जाएंगे। उनके कार्यालय ने यह जानकारी दी। धनखड़ और उनकी पत्नी सुदेश अयोध्या में स्थित श्री राम लला मंदिर, कुबेर टीला और हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे।