पूर्वोत्तर में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग ने की बड़ी तैयारी
चुनाव आयोग ने आगामी लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए सभी पूर्वोत्तर राज्यों में बड़े पैमाने पर अभियान चलाया है। मिजोरम को छोड़कर, 2019 के संसदीय चुनावों में पूर्वोत्तर राज्यों में मतदान का प्रतिशत राष्ट्रीय औसत 67.40 प्रतिशत से बहुत अधिक था। चुनाव अधिकारियों के अनुसार, 2019 के लोकसभा चुनाव में मिजोरम में 7.92 लाख मतदाताओं में से 63.13 प्रतिशत ने वोट डाले, जबकि पिछले साल (7 नवंबर) विधानसभा चुनाव में पहाड़ी राज्य में 8.57 लाख मतदाताओं में से 80 प्रतिशत से अधिक ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 17वें लोकसभा चुनाव (2019) में, नागालैंड और मणिपुर 83 प्रतिशत मतदान के साथ पूर्वोत्तर राज्यों में शीर्ष पर रहे, इसके बाद असम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश लगभग 82 प्रतिशत और मेघालय 71.4 प्रतिशत रहे। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, पूर्वोत्तर राज्यों के विधानसभा चुनावों में मतदान प्रतिशत हमेशा लोकसभा चुनावों की तुलना में अधिक होता है। मिजोरम में, महिलाओं, युवा और पहली बार मतदाताओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए, चुनाव आयोग ने 19 अप्रैल को मिजोरम की एकमात्र लोकसभा सीट के चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर राज्यव्यापी अभियान चलाया है।