LIVE

आज की ताजा खबर 05 सितंबर 2026: नेपाल में बाढ़ से मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 1,344, 5000 लोग लापता; दिनेश शर्मा बने अंडमान और निकोबार के लेफ्टिनेंट गवर्नर

आज की ताजा खबर 05 सितंबर 2026: राष्ट्रीय राजमार्ग-66 पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई। खुद को 'कट्टर हिंदू' बताने वाले आरोपी इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में ले लिया गया है। रूस के एक ड्रोन ने यूक्रेन की सुरक्षा सेवा के मुख्यालय पर हमला किया। यह हमला मध्य कीव में हुआ। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।

Piyush KumarUpdated Sep 5, 2026, 23:55 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर 05 सितंबर 2026: नेपाल में बाढ़ से मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 1,344, 5000 लोग लापता; दिनेश शर्मा बने अंडमान और निकोबार के लेफ्टिनेंट गवर्नर

आज की ताजा खबर 05 सितंबर 2026: नेपाल में बाढ़ से मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 1,344, 5000 लोग लापता; दिनेश शर्मा बने अंडमान और निकोबार के लेफ्टिनेंट गवर्नर

आज की ताजा खबर 05 सितंबर 2026: नेपाल में बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। नेपाल पुलिस के मुताबिक, इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 1,344 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।


राष्ट्रीय राजमार्ग-66 पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई। कार एक खड़ी लॉरी से जा टकराई। सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ गया। पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना शुक्रवार रात करीब 11.40 बजे हुई।

जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान एक छात्र के पिता पर हुए जानलेवा हमले के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। खुद को 'कट्टर हिंदू' बताने वाले आरोपी इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में ले लिया गया है। इसके साथ ही, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी हैं।

नेपाल में अचानक आई बाढ़ से 32 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। इससे सड़कें, पुल, स्कूल और स्वास्थ्य केंद्रों को नुकसान पहुंचा है। सरकार की शुरुआती रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है। यह रिपोर्ट शुक्रवार को जारी की गई। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन प्राधिकरण यानी एनडीआरआरएमए ने यह रिपोर्ट तैयार की है। प्राधिकरण ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में रिपोर्ट पेश की।

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान नई दिल्ली में व्यवस्था बनाए रखने के लिए एनडीएमसी ने पूरे तंत्र को 24 घंटे निगरानी मोड में डाल दिया है। 11 से 13 सितंबर तक भारत मंडपम में होने वाले सम्मेलन को देखते हुए पालिका केंद्र स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) 14 सितंबर तक चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगा। रात में भी एनडीएमसी के प्रमुख विभागों का एक-एक नोडल अधिकारी कंट्रोल रूम में मौजूद रहेगा। समस्या सामने आते ही संबंधित विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। असबत्ता समन्वय एक बड़ी चुनौती रहेगी।

रूस के एक ड्रोन ने यूक्रेन की सुरक्षा सेवा के मुख्यालय पर हमला किया। यह हमला मध्य कीव में हुआ। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। यह हमला अमेरिका के अधिकारियों के साथ होने वाली बैठक से पहले हुआ है। इस बातचीत में युद्ध खत्म करने के तरीकों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

SEPT 05, 2026 23:55 IST

आजतक कोई भी व्यक्ति नहीं मिला, जो यह कह सके कि मैं नरेंद्र मोदी का सहपाठी रहा हूं- कन्हैया कुमार

SEPT 05, 2026 23:28 IST

रांची में निर्माण स्थल पर बीम गिरने से मजदूर की मौत

पश्चिम बंगाल के 36 वर्षीय एक मजदूर की शनिवार को यहां निर्माणाधीन इमारत की एक बीम सिर पर गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना लालपुर थाना क्षेत्र में हुई, जब वह मजदूर तीन अन्य मजदूरों के साथ मरम्मत का काम कर रहा था। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के झालदा निवासी रमेश महतो के रूप में हुई है। लालपुर थाने के एक अधिकारी ने कहा, "निर्माण स्थल पर एक बीम गिरकर उनके सिर पर जा गिरी, जिससे उनकी मौत हो गई।" शव को पोस्टमार्टम के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) भेज दिया गया है। अधिकारी ने बताया कि मृतक के परिवार के सदस्यों को सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।
SEPT 05, 2026 23:28 IST

डॉ. दिनेश शर्मा बने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के लेफ्टिनेंट गवर्नर

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने डॉ. दिनेश शर्मा को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का लेफ्टिनेंट गवर्नर नियुक्त किया। यह नियुक्ति उनके पदभार संभालने की तारीख से लागू होगी।
SEPT 05, 2026 22:13 IST

"चीन के साथ हमारे रिश्ते सिर्फ़ सीमा के मुद्दों तक सीमित नहीं रह सकते"- पूर्व CDS अनिल चौहान

SEPT 05, 2026 22:11 IST

जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच ने सोरेन से प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मामले वापस लेने की मांग की

झारखंड में कथित परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थियों के 26 दिन के आंदोलन का नेतृत्व करने वाले जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आंदोलन के दौरान राज्यभर में छात्रों के खिलाफ दर्ज मामले वापस लेने की शनिवार को मांग की। मंच ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की भी मांग की। मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में मंच ने कहा, ’’छात्रों ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) द्वारा आयोजित विभिन्न परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं के खिलाफ 26 दिनों तक शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन किया।’’ मंच ने कहा, ’’इस दौरान और इसके बाद छात्रों की आवाज दबाने के प्रयास में झारखंड के विभिन्न थानों में प्राथमिकी दर्ज की गईं।’’ नीट प्रश्नपत्र लीक मामले के खिलाफ प्रदर्शनों को लेकर देशभर में छात्रों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी रद्द करने के उच्चतम न्यायालय के आदेश का हवाला देते हुए मंच ने कहा कि झारखंड में कथित परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन करने वाले छात्रों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी अब तक वापस नहीं ली गई हैं। मंच ने पत्र में कहा, ’’हम झारखंड के विभिन्न थानों में छात्रों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी तत्काल वापस लेने, छात्रों का पीछा करके उनके साथ मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा 2014 से जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं की सीबीआई से उच्चस्तरीय जांच की सिफारिश करने की मांग करते हैं।’’ गत 23 अगस्त को रांची, गिरिडीह और हजारीबाग में विरोध मार्च के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारी नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थियों के बीच हुई झड़पों के सिलसिले में कम से कम छह प्राथमिकी दर्ज की गई थीं। इन प्राथमिकी में 50 से अधिक नामजद और 1,100 से अधिक अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच के बैनर तले छात्रों और नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थियों ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ 25 जुलाई से प्रदर्शन शुरू किया था। झारखंड सरकार द्वारा 18 अगस्त को जेएसएससी-सीजीएल-2023 समेत कई भर्ती परीक्षाएं रद्द करने की घोषणा के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया था। जेएसएससी-सीजीएल-2023 परीक्षा 21 और 22 सितंबर 2024 को आयोजित की गई थी। हालांकि, सफल अभ्यर्थियों की याचिका पर झारखंड उच्च न्यायालय ने जेएसएससी-सीजीएल-2023 समेत कुछ परीक्षाओं को रद्द करने के सरकार के फैसले पर रोक लगा दी। सफल अभ्यर्थियों ने परीक्षा रद्द होने से नौकरी जाने की आशंका जताई है।
SEPT 05, 2026 21:30 IST

कुकीज के डिब्बों और कॉर्न फ्लेक्स पैकेट में छिपाकर लाया अराउंड 5 करोड़ का 5.5 किलो गांजा जब्त

अहमदाबाद कस्टम्स ने एयरपोर्ट पर एक यात्री के हैंड बैगेज से 5,519.7 ग्राम संदिग्ध हाइड्रोपोनिक गांजा (Marijuana) जब्त किया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई गई है। अहमदाबाद कस्टम्स की Air Intelligence Unit (AIU) ने पैसेंजर प्रोफाइलिंग और हैंड बैगेज की X-ray स्क्रीनिंग के आधार पर मुंबई निवासी एक पुरुष यात्री को रोका। कस्टम्स के मुताबिक, यात्री 4 सितंबर 2026 को Ho Chi Minh City से Flight No. VJ-1805 से अहमदाबाद पहुंचा था। हैंड बैगेज की जांच के दौरान अधिकारियों को हरे रंग का पदार्थ मिला। इसे एल्युमिनियम फॉयल में लिपटे 24 पैकेटों में रखा गया था। इन पैकेटों को आगे तीन कुकीज के डिब्बों और एक कॉर्न फ्लेक्स पैकेट के अंदर छिपाया गया था। NDPS फील्ड टेस्टिंग किट से प्रारंभिक जांच में बरामद पदार्थ गांजा (Marijuana) पॉजिटिव पाया गया। कुल वजन 5,519.7 ग्राम दर्ज किया गया। कस्टम्स ने NDPS Act, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत गांजा जब्त कर यात्री को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
SEPT 05, 2026 20:08 IST

भूस्खलन के कारण नेपाल की चमेलिया नदी में पानी इकटठा होने की सूचना, पिथौरागढ़ में अलर्ट जारी

उत्तराखंड में पिथौरागढ़ जिला प्रशासन ने भूस्खलन के कारण नेपाल की चमेलिया नदी में पानी इकटठा होने की सूचना मिलने के बाद झूलाघाट क्षेत्र में काली नदी के आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा नदी के पास न जाने का निर्देश दिया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पिथौरागढ़ के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र सिंह महर ने यहां बताया कि पिथौरागढ़ के गेथीगड़ा गांव में काली नदी से मिलने वाली चमेलिया नदी में भारी भूस्खलन के कारण उसका जलप्रवाह अवरूद्ध होने तथा भारी मात्रा में पानी जमा होने की सूचना मिलने के बाद यह अलर्ट जारी किया गया है । उन्होंने बताया कि नेपाल के बैतड़ी और दार्चुला जिलों के मुख्य जिला अधिकारियों द्वारा इस संबंध में सूचना दी गयी। अधिकारी ने कहा, "क्षेत्र में काली नदी का जलस्तर फिलहाल सामान्य है लेकिन हमने नदी के पास बसे गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है। हमने नदी के जलस्तर में बढोत्तरी की संभावना के मद्देजनर सशस्त्र सीमा बल और भारत तिब्बत सीमा पुलिस से भी मदद के लिए तैयार रहने का अनुरोध किया है।"
SEPT 05, 2026 18:50 IST

महाराष्ट्र: पालघर के कृष्ण मंदिर में 500 लोगों ने हिंदू धर्म में वापसी की

महाराष्ट्र के पालघर जिले में नवनिर्मित कृष्ण मंदिर में 500 से अधिक लोगों ने हिंदू धर्म में वापसी की। एक आध्यात्मिक गुरु ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार को विरार क्षेत्र में लड्डू गोपाल मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा हुई। इस समारोह में महाराष्ट्र सरकार में वन मंत्री गणेश नाईक और पूर्व विधायक हितेंद्र ठाकुर तथा क्षितिज ठाकुर सहित कई लोग शामिल हुए। आध्यात्मिक गुरु नरेंद्राचार्यजी महाराज ने कहा कि 500 से अधिक ऐसे लोगों ने मंदिर में हिंदू धर्म अपनाया, जिन्होंने पहले ’आर्थिक’ या ’रोजगार संबंधी प्रलोभनों’ के कारण अन्य धर्मों को स्वीकार कर लिया था। उन्होंने कहा कि उनके संगठन ने अब तक 30,000 से 40,000 लोगों को सफलतापूर्वक हिंदू धर्म में वापस लाने में मदद की है।
SEPT 05, 2026 18:50 IST

दिल्ली के नरेला में गोलीबारी : हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए चार टीम गठित

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के नरेला में एक जिम के निकट एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या किये जाने और घटनास्थल से 15 कारतूस बरामद होने के 48 घंटे से अधिक समय बाद दो अज्ञात हमलावर अभी भी फरार हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि नाहरी गांव के निवासी प्रमोद कुमार (42) को तीन सितंबर को सुबह लगभग 6:50 बजे बाकनेर में एक जिम के निकट दो लोगों ने कथित तौर पर कई गोलियां मारी थीं। पुलिस ने घटनास्थल से 15 कारतूस बरामद किये थे।
अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच के लिए स्थानीय पुलिस और विशेष बलों के जवानों वाली चार टीम तैनात की गई हैं। घटना के बाद कुमार के परिजनों और स्थानीय निवासियों ने सड़क अवरुद्ध कर दी और जिम्मेदार लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि आरोपियों का पता लगाने के लिए टीम गठित कर दी गई हैं। पुलिस ने बताया कि जांचकर्ता हमलावरों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए इलाके की सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं और स्थानीय स्तर पर खुफिया जानकारी जुटा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, अज्ञात लोगों के खिलाफ नरेला थाने में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 103(1), 109(1), 351(2) और 3(5) तथा शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
SEPT 05, 2026 18:47 IST

बिहार के तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में घुसा बाढ़ का पानी

बिहार के भागलपुर में गंगा के बढ़ते जलस्तर का असर अब तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में भी देखने को मिल रहा है विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है परिसर की सड़कों पर करीब तीन से चार फीट तक पानी बह रहा है जिससे आवागमन मे परेशानी हो गया है। प्रशासनिक भवन के मुख्य द्वार के साथ-साथ सीनेट हॉल के आसपास भी तीन से चार फीट तक पानी जमा है। पानी का स्तर बढ़ने से विश्वविद्यालय परिसर में आने-जाने वाले कर्मचारियों और अन्य लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गर्ल्स हॉस्टल में बाढ़ में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। पानी प्रवेश करने के बाद छात्राओं की परेशानी बढ़ गई है और हॉस्टल खाली कर अपने-अपने घर लौट रही है। बाढ़ की वजह से पठन-पाठन पूरी तरह से बाधित होने की स्थिति बन गई है।
SEPT 05, 2026 17:45 IST

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बाढ़ की स्थिति का आकलन करने के लिए भागलपुर और नौगछिया क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया

SEPT 05, 2026 16:14 IST

मुख्यमंत्री धामी ने ‘हनुमान अंश' को उत्तराखंड में कर-मुक्त करने की घोषणा की

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जिले में स्थित प्रसिद्ध कैंची धाम आश्रम के बाबा नीब करौरी महाराज के आध्यात्मिक जीवन पर आधारित फिल्म ’हनुमान अंश’ को उत्तराखंड में कर-मुक्त करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने फिल्म को कर-मुक्त करने की घोषणा करते हुए कहा कि ऐसी फिल्में प्रदेश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे पहले, मुख्यमंत्री ने शुक्रवार शाम यहां एक सिनेमा हॉल में अपनी पत्नी गीता धामी, मंत्रिमंडल के सहयोगियों गणेश जोशी और प्रदीप बत्रा तथा कुछ विधायकों के साथ यह फिल्म देखी। फिल्म देखने के बाद धामी ने बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन को समाज को सदैव सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाने वाली भारत की संत परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि मानव सेवा और सभी के प्रति प्रेम का उनका संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि कैंची धाम आज दुनियाभर में श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। मुख्यमंत्री ने फिल्म निर्माण से जुड़े सभी लोगों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी आध्यात्मिक विभूतियों के जीवन और उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने वाले रचनात्मक प्रयास भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों को नयी पीढ़ी से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ’हनुमान अंश’ का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। फिल्म में शोभिनव सतैया सहित अन्य कलाकारों ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म सात अगस्त को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज की गई।
SEPT 05, 2026 16:12 IST

यूपी के शाहजहांपुर में दो सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत

शाहजहांपुर जिले में शनिवार सुबह दो सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक थाना तिलहर अंतर्गत एक घटना में मोटरसाइकिल से जा रहे दो युवकों की बस से टक्कर लगने से मौत हो गई जबकि दूसरी घटना में एक खराब गाड़ी को सही कर रहे उसके चालक को अज्ञात ट्रक ने कुचल दिया जिससे उसकी भी मौत हो गई है। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने शनिवार को बताया की कनेग गांव के रहने वाले सोमेश शुक्ला (24), मोहित अवस्थी (23) मोटरसाइकिल से मंदिर जा रहे थे और जब उनकी मोटरसाइकिल भेदपुर के पास पहुंची तभी, पीछे से आ रही एक बस ने उन्हें टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि हादसे में दोनों मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जहां दोनों की मौत हो गई। दीक्षित ने बताया कि दूसरी घटना में जयपुरिया स्कूल के पास एक गाड़ी खराब हो गई थी जिसका चालक सतीश (26) उसे ठीक कर रहा था तभी पीछे से आए एक अज्ञात ट्रक ने उसे कुचल दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
SEPT 05, 2026 16:10 IST

नेपाल त्रासदी : मलबे में दबे मकान में फंसी महिला को 10 दिन के बाद बचाया गया

नेपाल में नुवाकोट जिले के बेत्रावती में, मलबे में दबे चार मंजिला घर की ऊपरी मंजिल में करीब दस दिन से फंसी 60 वर्षीय महिला को जिंदा बचाया गया है। स्थानीय मीडिया ने यह जानकारी दी। ’द काठमांडू पोस्ट’ अखबार में शनिवार को प्रकाशित खबर के मुताबिक बिदुर नगर पालिका-10 के एक घर से चंद्रिका श्रेष्ठ बेहोशी की हालत में मिली। खबर के मुताबिक, सशस्त्र पुलिस बल की नौ-सदस्यीय टीम द्वारा बचाए जाने के बाद श्रेष्ठ को शुरुआती इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से त्रिशूली स्थित नेपाली सेना की मैथिली बैरक ले जाया गया। अखबार ने नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय के हवाले से खबर दी कि जरूरत पड़ने पर श्रेष्ठ को इलाज के लिए काठमांडू ले जाया जा सकता है। भोटेकोशी नदी में 26 अगस्त को अचानक आई बाढ़ के 11वें दिन भी बचाव अभियान जारी है। इस बाढ़ से बड़े पैमाने पर तबाही हुई थी, जिसमें 1,300 से अधिक लोगों की मौत हो गई और करीब 5,000 लोग लापता हो गए।
SEPT 05, 2026 16:07 IST

एसडीआरएफ ने डल झील में पर्यटकों को सुरक्षित बचाया

SEPT 05, 2026 15:37 IST

देश की शिक्षा व्यवस्था खड़े कर रही है गंभीर सवाल- राहुल

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि वर्तमान समय में देश की शिक्षा व्यवस्था कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है और अब ऐसी व्यवस्था बनाने की जरूरत है, जहां हर छात्र को समान अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और एक उज्ज्वल भविष्य मिले। शिक्षक दिवस के अवसर पर गांधी ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को उनकी जयंती पर नमन किया। उन्होंने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ’’राष्ट्रीय शिक्षक दिवस पर सभी गुरुजनों को हार्दिक शुभकामनाएं। अपने ज्ञान, सेवा और समर्पण से आप छात्रों का भविष्य संवारते हैं और देश की आने वाली पीढ़ियों को दिशा देते हैं, आपका योगदान अमूल्य है।’’ गांधी ने कहा, ’’भारत की शिक्षा व्यवस्था हमारे सामने कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है।’’ कांग्रेस नेता ने इस बात पर जोर दिया, ’’हमें मिलकर ऐसी व्यवस्था बनानी है, जहां हर छात्र को समान अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और एक उज्ज्वल भविष्य मिले।’’
SEPT 05, 2026 15:32 IST

बिहार में भारी बारिश के बीच पटना के गांधी घाट पर गंगा का जलस्तर ‘उच्चतम बाढ़ स्तर' के पार

बिहार में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच शनिवार सुबह पटना के गांधी घाट पर गंगा नदी का जलस्तर 10 सेंटीमीटर बढ़ गया और नदी ’उच्चतम बाढ़ स्तर’ से एक सेंटीमीटर ऊपर बह रही है जिससे निचले इलाकों के डूबने का खतरा है। आधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। जल संसाधन विभाग की ओर से जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, ’’पटना के गांधी घाट पर गंगा का जलस्तर पिछले चार घंटों में 10 सेंटीमीटर बढ़कर शनिवार सुबह 10 बजे 50.53 सेंटीमीटर पर पहुंच गया, जो उच्चतम बाढ़ स्तर से एक सेंटीमीटर अधिक है।’’ बुलेटिन में कहा गया, ’’गांधी घाट पर गंगा का जलस्तर रविवार सुबह आठ बजे तक और बढ़कर 50.62 सेंटीमीटर तक पहुंच सकता है। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।’’ राज्य में भारी बारिश और पड़ोसी देश नेपाल में हुई बारिश के कारण गंगा, गंडक, कोसी, बूढ़ी गंडक, बागमती, पुनपुन और घाघरा नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इसके कारण बिहार के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों की पहचान करने, उन्हें समय पर राहत उपलब्ध कराने और संवेदनशील इलाकों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही बक्सर से भागलपुर तक गंगा के तटबंधों की निगरानी करने को कहा, ताकि कटाव और तटबंध टूटने की घटनाओं को रोका जा सके।
SEPT 05, 2026 15:31 IST

नर्मदा में नौ होमगार्ड जवानों को ले जा रही मोटरबोट डूबी, सभी सुरक्षित बचाए गए

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में शुक्रवार को नर्मदा नदी में नौ होमगार्ड जवानों को ले जा रही एक मोटरबोट इंजन में लकड़ी का टुकड़ा फंस जाने के कारण डूब गई। घटना के बाद मची अफरातफरी के बीच सभी जवानों को सुरक्षित बचा लिया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने उन खबरों को खारिज किया जिसमें कहा गया कि ग्वारीघाट क्षेत्र में गश्त कर रही मोटरबोट पर क्षमता से अधिक जवान सवार थे। उन्होंने कहा कि घटना के समय नौका में सवार सभी जवानों ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी। ग्वारीघाट थाना प्रभारी कन्हैया बघेल ने ’पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बरगी बांध के गेट खोले जाने के बाद टीम को नदी में गश्त के लिए तैनात किया गया था तभी पानी में तैर रहा लकड़ी का एक टुकड़ा मोटरबोट के इंजन में फंस गया, जिससे इंजन खराब हो गया। उन्होंने बताया कि तेज बहाव के बीच मोटरबोट डूबने लगी, जिससे उसमें सवार जवानों में घबराहट फैल गई। कुछ जवान तैरकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए, जबकि स्थानीय नाविकों ने तत्काल मदद करते हुए अन्य जवानों को भी बाहर निकाल लिया। बघेल ने इस दावे से भी इनकार किया कि मोटरबोट में चार लोगों के बैठने की क्षमता थी और उस पर इससे दोगुने लोग सवार थे। उन्होंने कहा कि सभी जवानों ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी। उन्होंने बताया कि पुलिस और होमगार्ड के अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं। जबलपुर में होमगार्ड कमांडेंट नीरज सिंह ठाकुर ने बताया कि बरगी बांध के गेट खोले जाने के बाद नर्मदा के घाटों के लिए सतर्कता बरतने का अलर्ट जारी किया गया था और ग्वारीघाट में होमगार्ड की एक टीम तैनात की गई थी। यह घटना 30 अप्रैल को जबलपुर के बरगी क्षेत्र में हुए नौका हादसे के कुछ महीने बाद हुई है जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई थी।
SEPT 05, 2026 14:59 IST

पुलिस हिरासत में भेजा गया स्वतंत्र भारद्वा

हिंदुत्व इन्फ्लुएंसरस्वतंत्र भारद्वाज को कोर्ट ने पुलिस की हिरासत में भेज दिया है। स्वतंत्र भारद्वाज को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश किया गया था। जहां कोर्ट ने एक दिन के लिए उसे पुलिस की कस्टडी में भेज दिया। बता दें कि हिंदुत्व इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज ने अपने भड़काऊ पोस्ट, राजनीतिक करीबी दिखाने और उकसाने वाले बयानों के जरिए सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में प्रशंसक बना लिये थे। लेकिन जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वाले एक व्यक्ति के पिता के साथ मारपीट करने की डींगें हांकने का वीडियो वायरल होने के बाद उसकी यही शेखी पुलिस के चंगुल में फंसने का कारण बनी।
SEPT 05, 2026 14:58 IST

सीएम Pushkar Singh Dhami ने फिल्म को किया टैक्स फ्री

आध्यात्मिक गुरु बाबा नीम करोली महाराज के जीवन पर बनी फिल्म हनुमान अंश (Hanuman Ansh) इन दिनों चर्चा में है। फिल्म हनुमान अंश ने बॉक्स ऑफिस पर गदर काट दिया है। फिल्म एक के बाद एक नए रिकॉर्ड बना रही है। शोभिनव सत्य (Shobhinav Satya) ने अभी हाल रही में बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ का आंकड़ा पार किया है। इन सब के बीच फिल्म को लेकर अब उत्तराखंड से बड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) देखने वाले को एक तोहफा दिया है। तो चलिए जानते हैं पूरी खबर क्या है।