आज की 10 बड़ी हिंदी खबरें 21-May-2026: देश और दुनिया में गुरुवार का दिन कई बड़ी और अहम घटनाओं के नाम रहा। पुलवामा आतंकी हमले के कथित मास्टरमाइंड हमजा बुरहान को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। वहीं, पांच देशों की यात्रा के बाद स्वदेश लौटे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता की। यह बैठक लगभग साढ़े चार घंटे तक चली। ऐसे में एक नजर डालते हैं दिनभर की 10 बड़ी खबरों पर...
1. मारा गया पुलवामा का मास्टरमाइंड हमजा बुरहान
पुलवामा आतंकी हमले के कथित मास्टरमाइंड अर्जुमंद गुलजार उर्फ हमजा बुरहान की पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के मुजफ्फराबाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अज्ञात हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
2. मंत्रिपरिषद में फेरबदल की अटकलें!
मोदी सरकार की मंत्रिपरिषद बैठक के बाद राजनीतिक हलकों में फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं। बैठक लगभग साढ़े चार घंटे तक चली जिसमें पश्चिम एशिया संकट सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि आने वाले समय में मंत्रिपरिषद में बदलाव संभव है।
3. ईरान युद्ध पर ट्रंप और नेतन्याहू आमने-सामने
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच ईरान को लेकर मतभेद खुलकर सामने आए हैं। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप बातचीत और समझौते के पक्ष में हैं, जबकि नेतन्याहू ईरान पर सैन्य दबाव जारी रखना चाहते हैं।
4. ईरान संघर्ष में अमेरिका को बड़ा नुकसान
अमेरिकी कांग्रेस की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ईरान के साथ संघर्ष के दौरान अमेरिका के 42 विमान नष्ट या क्षतिग्रस्त हुए। इनमें ड्रोन, लड़ाकू विमान और मानवरहित हवाई वाहन शामिल बताए गए हैं।
5. IMF की भारत को चेतावनी
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने कहा है कि अगर कच्चे तेल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी जारी रही, तो भारत के लिए यह बड़ा आर्थिक जोखिम बन सकता है। संस्था के मुताबिक, ऊर्जा कीमतों में उछाल का असर सीधे आम लोगों की खर्च करने की क्षमता पर पड़ेगा।
6. झारखंड में 27 माओवादियों ने किया सरेंडर
रांची में झारखंड पुलिस के सामने 27 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। बता दें कि 25 प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) से जुड़े थे, जबकि दो झारखंड जन मुक्ति परिषद के सदस्य थे। पुलिस के मुताबिक, माओवादियों ने हथियार और गोलियों के साथ 'ऑपरेशन नवजीवन' के तहत सरेंडर किया।
7. अभिषेक बनर्जी को हाई कोर्ट से राहत
गृह मंत्री अमित शाह पर कथित टिप्पणी मामले को लेकर कलकत्ता हाई कोर्ट ने तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी को राहत दी है। कोर्ट ने अभिषेक बनर्जी के बयानों को लेकर दर्ज प्राथमिकी में 31 जुलाई तक दंडात्मक कार्रवाई से संरक्षण प्रदान किया।
8. कॉकरोच जनता पार्टी सोशल मीडिया पर वायरल
इंस्टाग्राम पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' नाम का अकाउंट तेजी से वायरल हो गया है। पांच दिन से भी कम समय में इसके 1.5 करोड़ फॉलोअर्स हो चुके हैं। हालांकि, कॉकरोच जनता पार्टी के एक्स अकाउंट पर रोक लगा दी गई। पार्टी के फाउंडर ने इंस्टाग्राम वीडियो जारी कर इसकी जानकारी दी।
9. उत्तराखंड में गर्मी का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में अगले तीन दिनों तक भीषण गर्मी और लू चलने की चेतावनी दी है। देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और उधम सिंह नगर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
10. गुजरात ने चेन्नई को हराया
गुजरात टाइटंस ने इंडियन प्रीमियर लीग के 66वें मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स को 89 रन से हराया। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया।
