LIVE

ताजा खबर, एक नवंबर, 2022 : मोरबी हादसे के घायलों से मिले PM, ट्विटर का बड़ा एक्शन

Times Now Navbharat DigitalUpdated Nov 2, 2022, 00:42 IST

ताजा खबर, एक नवंबर, 2022 : मोरबी हादसे के घायलों से मिले PM, ट्विटर का बड़ा एक्शन
ताजा खबर, एक नवंबर, 2022 : मोरबी हादसे के घायलों से मिले PM, ट्विटर का बड़ा एक्शन

आज की ताजा खबर एक नवंबर 2022, Aaj Ki Taza Khabar, Hindi News, Hindi Samachar Today: पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को दावा किया कि देश में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) लागू करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है और पश्चिम बंगाल इससे अछूता नहीं रहेगा। केंद्र ने सोमवार को अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान से आने वाले और वर्तमान में गुजरात के दो जिलों में रह रहे हिंदुओं, सिखों, बौद्ध, जैनियों, पारसियों और ईसाइयों को नागरिकता कानून 1955 के तहत भारतीय नागरिकता देने का फैसला किया है। इसके एक दिन बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता अधिकारी की टिप्पणी आई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि सरकार की तरफ से आयोजित निशुल्क योग कक्षाएं जारी रहेंगी। उनके मुताबिक, “शिक्षकों ने कहा है कि वे कक्षाएं लेना जारी रखेंगे, मेरे पास देश भर से दान के लिए फोन आए हैं। मैं बताना चाहता हूं कि योग कक्षाएं नहीं रुकेंगी। मैं इस योजना को जारी रखने में मदद करने के लिए लोगों के दरवाजे पर भीख मांगने को तैयार हूं।” पढ़ें, देश-दुनिया की आज की बड़ी और अहम खबरें:

NOV 01, 2022 21:06 IST

नेहरू से लेकर सोनिया, शौचालय तक नहीं दे पाए

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हिमाचल चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस और नेहरू-गांधी परिवार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जवाहर लाल नेहरू से लेकर सोनिया गांधी तक देश पर राज किया लेकिन महिलाओं को शौचालय तक नहीं दे पाए। साथ ही उन्होंने कहा कि सोनिया-मनमोहन की सरकार 10 साल चली लेकिन देश की अर्थव्यवस्था को 11वें से 10वें नंबर पर नहीं ला सकी. लेकिन पिछले 8 वर्षों में पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। पूरी खबर पढ़ें
NOV 01, 2022 17:20 IST

मोरबी हादसे के घायलों से मिले PM

लापता लोगों की तलाश के लिए मच्छू नदी में अभी भी राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है। नदी में बचाव कार्य में जुटे राहत कर्मियों से प्रधानमंत्री ने मुलाकात और उनसे बातचीत की। पूरी खबर पढ़ें
NOV 01, 2022 17:20 IST

Twitter का बड़ा एक्शन

ट्विटर (Twitter) ने 26 अगस्त से 25 सितंबर के बीच बाल यौन शोषण, गैर-सहमति से नग्नता और संबद्ध कंटेंट को बढ़ावा देने के लिए भारत में 52,141 खातों पर प्रतिबंध लगा दिया। माइक्रो-ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ने आतंकवाद को बढ़ावा देने पर 1,982 खातों को भी प्रतिबंध लगाया। पूरी खबर पढे़ं
NOV 01, 2022 16:21 IST

कांग्रेस गुजरात में शुरू करेगी ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा'

कांग्रेस गुजरात के पांच क्षेत्रों में मंगलवार से ‘गुजरात परिवर्तन संकल्प यात्रा’ शुरू करेगी। इस दौरान 5,400 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की जाएगी और 145 जनसभाएं एवं 95 रैलियां की जाएंगी। पार्टी नेताओं ने बताया कि यात्रा वडगाम, भुज, सोमनाथ, फगवेल और जंबूसर से शुरू की जाएगी। यात्रा पहले सोमवार को शुरू होने वाली थी, लेकिन रविवार को मोरबी पुल हादसे के बाद इसे एक दिन के लिए टाल दिया गया था। गुजरात विधानसभा चुनाव इस साल के अंत में होने हैं। निर्वाचन आयोग ने अभी तक विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा नहीं की है।
NOV 01, 2022 16:20 IST

गिरिधर अरमाने ने रक्षा सचिव के तौर पर पदभार संभाला

अनुभवी नौकरशाह गिरिधर अरमाने ने मंगलवार को नए रक्षा सचिव के रूप में पदभार ग्रहण किया। उनकी नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब सरकार तीनों सेवाओं के आधुनिकीकरण पर ध्यान केंद्रित कर रही है। अरमाने 1988 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी हैं और आंध्र प्रदेश कैडर से आते हैं। अपने मौजूदा पदभार से पहले अरमाने सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय में सचिव थे। पदभार संभालने से पहले अरमाने ने यहां राष्ट्रीय समर स्मारक पर पुष्पचक्र रखकर वीरगति को प्राप्त हुए सैनिकों को नमन किया। उन्होंने कहा, “हम इन बहादुरों से प्रेरणा लेते हैं और भारत को एक सुरक्षित और समृद्ध देश बनाने के उनके सपने को पूरा करने की दिशा में काम करने का वादा करते हैं।”
NOV 01, 2022 16:20 IST

जो खुद को आधुनिक कहते हैं, वे ही प्रकृति के दुश्मन बने हुए हैं: बघेल

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार को कहा कि आज विकास की हमारी सोच दो भागों में विभाजित हो चुकी है, एक सोच वह है जिसमें हमारे आदिम मूल्य आज भी कायम हैं जबकि दूसरी सोच वह है जो खुद को आधुनिक कहती है, लेकिन वह प्रकृति की दुश्मन बनी हुई है। बघेल ने यहां के शासकीय विज्ञान महाविद्यालय मैदान में तीन दिवसीय राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव और राज्योत्सव 2022 समारोह की शुरुआत की। उन्होंने इस अवसर पर कहा, ''समय में आए बदलाव के साथ-साथ जीवन जीने के तरीकों में भी बदलाव आया है। आज विकास की हमारी सोच दो भागों में विभाजित हो चुकी है। एक सोच वह है जिसमें हमारे आदिम मूल्य आज भी कायम हैं। दूसरी सोच वह है जो खुद को आधुनिक कहती है, लेकिन वही प्रकृति की दुश्मन बनी हुई है।''
NOV 01, 2022 16:20 IST

प्रसिद्ध मूर्तिकार कनाई कुन्हीरमन ने ‘केरल श्री' पुरस्कार लेने से इनकार किया

केरल में पद्म पुरस्कारों की तर्ज पर शीर्ष राजकीय पुरस्कार देने की सरकार की हालिया घोषणा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। प्रतिष्ठित मूर्तिकार कनाई कुन्हीरमन ने अपनी ऐतिहासिक प्रतिमाओं को सही ढंग से रखने में अधिकारियों की नाकामी पर विरोध जताते हुए ‘केरल श्री’ पुरस्कार लेने से इनकार कर दिया है। कुन्हीरमन ने शंघुमुखम समुद्र तट पर “सागर कन्याका” (मत्स्यकन्या), यहां के वेली पर्यटन गांव और कन्नूर के पय्यम्बलम समुद्र तट पर उनकी मूर्तियों को कथित रूप से विरुपित किए जाने की ओर इशारा करते हुए कहा कि बार-बार अनुरोध के बावजूद, अधिकारियों ने अभी तक उनकी मूर्तियों के पास खड़ीं अवांछित संरचनाओं को नहीं हटाया है। उन्होंने कहा कि उनकी प्रसिद्ध ‘मत्स्यकन्या’ प्रतिमा के पीछे एक हेलीकॉप्टर संरचना स्थापित की गई है और पय्यम्बलम में 'मां और बच्चे' की मूर्ति के सामने एक टॉवर बनाया गया है।
NOV 01, 2022 13:38 IST

हम आदिवासी समाज के बलिदानों के ऋणी हैं: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत का अतीत एवं वर्तमान आदिवासी समाज के बिना अधूरा है और देश इस समाज के बलिदानों का ऋणी है। मोदी ने साथ ही कहा कि केंद्र सरकार मानगढ़ धाम के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश एवं महाराष्ट्र को खाका तैयार कर इस दिशा में मिलकर काम करना चाहिए। प्रधानमंत्री ने राजस्थान के बांसवाड़ा के पास मानगढ़ धाम में ‘मानगढ़ धाम की गौरव गाथा’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘भारत का अतीत, भारत का इतिहास, भारत का वर्तमान एवं भारत का भविष्य आदिवासी समाज के बिना पूरा नहीं होता।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम आदिवासी समाज के बलिदानों के ऋणी हैं। हम उनके योगदान के ऋणी हैं। इस समाज ने संस्कृति से लेकर परंपराओं तक भारत के चरित्र को सहेजा एवं संजोया है और अब समय आ गया है कि देश इस ऋण के लिए, इस योगदान के लिए आदिवासी समाज की सेवा कर उन्हें धन्यवाद दे।’’
NOV 01, 2022 12:22 IST

दिल्ली में पति-पत्नी और घरेलू सहायिका मृत मिले

पश्चिमी दिल्ली के हरिनगर इलाके में पति-पत्नी और उनकी घरेलू सहायिका संदिग्ध अवस्था में मृत मिले हैं। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान समीर आहूजा, उनकी पत्नी शालू और घरेलू सहायिका सपना के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि उन्हें मंगलवार सुबह घटना के बारे में सूचना मिली। उन्होंने कहा कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज एकत्र की जा रही है। जांच जारी है और विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।
NOV 01, 2022 10:26 IST

यूपी चुनाव में मतदाताओं के नाम कटने का सबूत जुटा रही सपा

समाजवादी पार्टी (सपा) ने इस साल प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों में कथित रूप से मतदाताओं के नाम हटाए जाने के संबंध में सबूत जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। भारत के चुनाव आयोग (ईसीआई) ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से 2022 यूपी विधानसभा चुनावों में मतदाताओं के नामों को हटाने के अपने आरोप को साबित करने के लिए दस्तावेजी सबूत पेश करने के लिए कहा है। सपा अध्यक्ष ने अब पार्टी के सभी उम्मीदवारों (जीतने वाले और हारने वाले) और जिला इकाइयों के शीर्ष पदाधिकारियों से उन नामों के सबूत इकट्ठा करने को कहा है, जिनके नाम कथित रूप से मतदाताओं की सूची में गलत तरीके से काटे गए थे। पार्टी ने उम्मीदवारों के लिए पार्टी मुख्यालय में दस्तावेज जमा करने की समय सीमा 3 नवंबर निर्धारित की है। इस आशय का पत्र सभी को सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल की ओर से भेजा गया है।
NOV 01, 2022 10:25 IST

सुएला ब्रेवरमैन ने प्रवासी संकट को बताया आक्रमण

ब्रिटेन की गृह सचिव के रूप में अपनी फिर से नियुक्ति को लेकर आलोचनाओं से घिरीं हुई भारतीय मूल की सुएला ब्रेवरमैन ने देश में प्रवासी संकट की तुलना आक्रमण से कर एक और विवाद पैदा कर दिया है। ब्रेवरमैन ने सोमवार को कहा था कि प्रवासियों ने हमारे दक्षिणी तट पर आक्रमण शुरू किया है। केंट में मैनस्टन प्रसंस्करण स्थल की स्थितियों के बारे में चिंताओं के बीच हाउस ऑफ कॉमन्स में सवालों के जवाब में उन्होंने कहा, "आइए यह दिखावा करना बंद करें कि वे शरणार्थी संकट में हैं।" छोटी नावों में ब्रिटेन पहुंचने वाले प्रवासियों की बढ़ती संख्या के लिए केंट में एक पूर्व सैन्य अड्डे, मैनस्टन को इस साल फरवरी में एक प्रसंस्करण केंद्र के रूप में खोला गया था।
NOV 01, 2022 09:46 IST

मोरबी हादसाः आज भी चल रहा है रेस्क्यू ऑपरेशन

NOV 01, 2022 08:20 IST

मोरबी पहुंचे गहलोत-रघु शर्मा, कांग्रेस ने गुजरात परिवर्तन संकल्प यात्रा स्थगित की

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सोमवार को गुजरात के मोरबी पहुंचे, जहां माच्छू नदी पर बना पुल गिरने से करीब 140 लोगों की मौत हो गई। इस त्रासदी के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को गुजरात में अपनी परिवर्तन संकल्प यात्रा स्थगित कर दी है। गहलोत गुजरात चुनाव में कांग्रेस के वरिष्ठ पर्यवेक्षक हैं। उनके साथ गुजरात में पार्टी के चुनाव प्रभारी डॉ. रघु शर्मा भी हैं। दोनों अस्पतालों में भर्ती घायलों की स्थिति के बारे में पूछताछ करेंगे और रिश्तेदारों, डॉक्टरों और मेडिकल टीम से घायलों के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी एकत्र करेंगे। अशोक गहलोत, सोमवार की सुबह अहमदाबाद में थे, जहां उन्होंने रविवार रात गुजरात के मोरबी में हुई दुर्घटना पर चिंता व्यक्त की और कहा कि राज्य सरकार को इस मामले में तुरंत निष्पक्ष जांच करनी चाहिए और घटना के दोषियों को दंडित किया जाना चाहिए।
NOV 01, 2022 08:17 IST

चीते नवंबर में कुनो पार्क में बड़े बाड़े में चले जाएंगे: टास्क फोर्स सदस्य

नामीबिया से मध्य प्रदेश के कुनो राष्ट्रीय उद्यान (केएनपी) में सितंबर के मध्य में लाए गए आठ चीतों को नवंबर में अनुकूल वातावरण में ले जाया जाएगा और फिर उन्हें जंगल में छोड़ दिया जाएगा। चीतों पर बने टास्क फोर्स ने सोमवार को यह जानकारी दी। श्योपुर जिले के केएनपी में चीतों की निगरानी के लिए टास्क फोर्स गठित किया गया था, जिसने सोमवार को हुई बैठक में चीतों को पांच वर्ग किलोमीटर से अधिक के क्षेत्र में फैले एक बड़े बाड़े में पृथक-वास क्षेत्रों से उनके स्थानांतरण पर फैसला किया। टास्क फोर्स के सदस्य ने नाम न छापने की शर्त पर पीटीआई-भाषा को बताया कि बैठक में यह निर्णय लिया गया कि अफ्रीकी देश से लाए गए चीतों को नवंबर में बाड़े में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
NOV 01, 2022 08:17 IST

पैरोल पर रिहा हुए लोगों ने राजनीतिक रैलियां भी की हैं : राम रहीम विवाद पर खट्टर ने कहा

डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को मिले पैरोल में कोई भूमिका होने से साफ इनकार कर चुके हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सोमवार को कहा कि यह तय करना कानून का काम है कि पैरोल के दौरान कौन क्या-क्या कर सकता है। खट्टर का यह बयान पैरोल पर पिछले सप्ताह रिहा किये गए राम रहीम द्वारा उत्तर प्रदेश के बरनावा स्थित आश्रम से ऑनलाइन धार्मिक आयोजन किए जाने की पृष्ठभूमि में आया है। इन आयोजनों में डेरा प्रमुख के तमाम अनुयायी शामिल हुए जिसमें हरियाणा से भाजपा के कई नेता भी हैं।
NOV 01, 2022 08:16 IST

मोरबी हादसा प्रभाव: अहमदाबाद के अटल पुल पर आने वाले लोगों की संख्या सीमित की गई

गुजरात के मोरबी में एक केबल पुल टूटने से 134 लोगों की मौत के एक दिन बाद सोमवार को अहमदाबाद नगर निगम ने शहर में साबरमती नदी पर केवल पैदल चलने के लिए निर्धारित अटल पुल पर लोगों की संख्या को 3,000 व्यक्ति प्रति घंटे सीमित करने का फैसला किया। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी। साबरमती नदी के पश्चिमी छोर पर फूलों के बगीचे और पूर्वी छोर पर कला एवं संस्कृति केंद्र को जोड़ने वाले 300 मीटर लंबे और 14 मीटर चौड़े अटल पुल को 27 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया था। यह पुल तब से ही लोगों के लिए एक बड़ा आकर्षण बन गया है। इस पुल का प्रबंधन करने वाले साबरमती रिवरफ्रंट डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड ने एक बयान में कहा, ‘‘पुल लगभग 12,000 व्यक्तियों के वजन को सहन करने में सक्षम है, लेकिन अहमदाबाद नगर निगम ने मोरबी पुल त्रासदी को देखते हुए अटल पुल पर आगंतुकों की संख्या को सीमित करने का निर्णय लिया है।’’
NOV 01, 2022 07:41 IST

बच्ची से छेड़छाड़ के आरोपी को साढ़े पांच साल की सजा

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले की एक अदालत ने 10 वर्ष की एक दलित लड़की से छेड़छाड़ के एक मामले में सोमवार को एक व्यक्ति को साढ़े पांच साल कैद की सजा सुनाई। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। न्यायाधीश ध्रुव राय ने दोषी संजय पर 15,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया। पुलिस क्षेत्राधिकारी वंदना शर्मा ने बताया कि चौदह अगस्त को संजय ने बच्ची से छेड़छाड़ की थी। उन्होंने बताया कि उसके खिलाफ पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता, यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने कहा कि सोमवार को न्यायाधीश राय ने संजय को लड़की से छेड़छाड़ का दोषी पाया और उसे साढ़े पांच साल जेल की सजा सुनाई।
NOV 01, 2022 07:40 IST

गौतम बुद्ध नगर के विकास के लिए और प्रयास करें : आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गौतम बुद्ध नगर में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों से जिले की प्रगति के लिए और प्रयास करने को कहा। उन्होंने ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के सभागार में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह टिप्पणी की। आदित्यनाथ ने कहा कि गौतम बुद्ध नगर राज्य के लिए एक ‘‘शो विंडो’’ है और इसलिए अधिकारियों की जिम्मेदारियां और बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी जिले के विकास के लिए और कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार के लिए और अधिक प्रयास करें ताकि अधिक से अधिक निवेश आए और उद्योग स्थापित हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को प्राथमिकता दी जाए।
NOV 01, 2022 07:40 IST

उपचुनाव में भाजपा का समर्थन लेकिन राजग में वापसी पर फैसला बाकी- चिराग

लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के पूर्व अध्यक्ष चिराग पासवान ने सोमवार को कहा कि बिहार में दो विधानसभा क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को उनका समर्थन बिना शर्त है और इसका यह मतलब नहीं है कि वह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल होने वाले हैं। अपने दिवंगत पिता रामविलास पासवान द्वारा स्थापित पार्टी के एक अलग समूह के प्रमुख चिराग पासवान ने मोकामा के लिए रवाना होने से पहले पत्रकारों से कहा, ‘‘लोजपा (रामविलास) मोकामा और गोपालगंज उपचुनाव में भाजपा का समर्थन कर रही है। बिहार के हित में यह फैसला लिया गया है। आने वाले दिनों में राजग का स्वरूप क्या होगा, यह हम नहीं कह सकते।’’ पासवान से यह पूछा गया था कि क्या उन्होंने अपने चाचा पशुपति कुमार पारस और चचेरे भाई प्रिंस राज जिन्होंने पिछले साल विद्रोह कर दिया था, द्वारा नियंत्रित प्रतिद्वंद्वी गुट राष्ट्रीय लोजपा के राजग से निष्कासन की अपनी पहले की जिद छोड़ दी है?
NOV 01, 2022 07:39 IST

मोरवी पुल हादसे को लेकर SCमें जनहित याचिका दाखिल

- दुर्घटना की रिटायर सुप्रीम कोर्ट के जज के नेतृत्व में एसआईटी बनाने और जांच कराने की मांग की गई।- ऐसी घटना दोबारा ना हो इसके लिए देशभर में जितने भी पुराने पुल या Monument हैं वहां होने वाली भीड को मैनेज करने के लिए नियम बनाने की मांग की गई है।-सुप्रीम कोर्ट के वकील विशाल तिवारी ने दाखिल की जनहित याचिका।