मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब एअर इंडिया (Air India) व इंडिगो एयरलाइंस (Indigo Airlines) के दो विमानों के पंख आपस में टकरा गए। बताया जा रहा है कि विमानों के विंग्स आपस में टकरा गए। घटना से वहां हड़कंप मच गया पर गनीमत रही कि एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना उस वक्त हुई जब दोनों विमानों में यात्री सवार थे। पर राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी यात्री या क्रू मेंबर के घायल होने की खबर नहीं है वहीं घटना के बाद अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए दोनों विमानों को रोक दिया और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की।
एयर इंडिया प्रवक्ता ने इस बारे में बताते हुए कहा कि '3 फरवरी को मुंबई से कोयंबटूर जाने वाली फ्लाइट AI2732 में देरी हुई, क्योंकि टेक-ऑफ से पहले टैक्सीवे पर इंतज़ार करते समय यह विमान दूसरी एयरलाइन के विमान से टकरा गया। दोनों विमानों के विंगटिप्स आपस में टकरा गए, जिससे हमारे विमान के विंगटिप को नुकसान हुआ। एहतियात के तौर पर, विमान को आगे की टेक्निकल जांच के लिए ग्राउंडेड कर दिया गया है। सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है, और हमारी ग्राउंड टीमें उन्हें जल्द से जल्द उनके डेस्टिनेशन तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक इंतज़ाम कर रही हैं। इस घटना की जानकारी रेगुलेटर को दे दी गई है।'
'मामले की जांच की जा रही है'
वहीं इंडिगो प्रवक्ता ने इस घटना पर कहा कि 'हम पुष्टि करते हैं कि 3 फरवरी 2026 को हैदराबाद से मुंबई जाने वाली हमारी फ्लाइट 6E 791 के एक एयरक्राफ्ट का विंगटिप, लैंडिंग के बाद टैक्सी करते समय, दूसरी एयरलाइन के एक एयरक्राफ्ट से टकरा गया। सभी यात्री सुरक्षित हैं और पार्किंग के बाद उतर गए। एयरक्राफ्ट का मेंटेनेंस इंस्पेक्शन किया जा रहा है। तय प्रोटोकॉल के अनुसार, संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचित कर दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है'
एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइंस की तकनीकी टीम ने जांच शुरू कर दी है वहीं यात्रियों को दूसरी उड़ानों से रवाना करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
