Times Now Navbharat
live-tv
Premium

बिना चोट के अचानक क्यों उठता है शरीर में दर्द, आखिर क्या होता है Complex Regional Pain Syndrome, हाय-हाय करता है मरीज

Complex Regional Pain Syndrome Explained In Hindi: क्या आपने कभी ऐसा महसूस किया है कि आपको बिना किसी कारण ही शरीर के किसी हिस्से में दर्द शुरू हो गया हो? इस तरह की स्थिति कॉम्प्लेक्स रीजनल पेन सिंड्रोम के कारण देखने को मिलती है। यह एक ऐसा रहस्यमयी दर्द है, जो बिना किसी बड़ी चोट के भी शरीर के कुछ हिस्सों में असहनीय हो सकता है। जानिए इसके लक्षण, कारण, डायग्नोसिस की मुश्किलें और डॉक्टरों की राय। सही जानकारी और लाइफस्टाइल बदलाव से इसे मैनेज करना संभव है।

Image
क्या होता है सीआरपीएस
Authored by: विनीत
Updated Sep 23, 2025, 18:05 IST
Follow on Google News

Complex Regional Pain Syndrome Explained In Hindi: हम सभी ने कभी न कभी शरीर में दर्द महसूस किया है। आमौतर पर दर्द किसी चोट, फ्रैक्चर (Fracture) या बीमारी से जुड़ा होता है। मगर सोचिए, आपके हाथ या पैर में कोई बड़ी चोट न लगी हो, फिर भी वहां जलन, सूजन या तेज चुभन जैसा दर्द महसूस हो तो क्या होगा? शुरुआत में लगता है शायद नस दब गई है या हल्की खिंचाव की वजह से तकलीफ है, लेकिन धीरे-धीरे यह दर्द इतना असहनीय हो जाता है कि रोजमर्रा के काम करना मुश्किल लगने लगता है। यही हाल कई बार कॉम्प्लेक्स रीजनल पेन सिंड्रोम (Complex Regional Pain Syndrome - CRPS) के मरीजों का होता है।

CRPS कोई आम दर्द नहीं है। यह शरीर के किसी हिस्से में बिना किसी बड़ी चोट के भी हो सकता है। यह खासतौर पर हाथ-पैरों में महससू होता है। अक्सर मरीजों के साथ देखा जाता है कि उन्हें यह समझ ही नहीं आता आखिर यह तकलीफ हो क्यों रही है। न्यूरोलॉजी के एक्सपर्ट्स मानते हैं कि यह समस्या दुर्लभ है, लेकिन एक बार हो जाए तो जीवन को गहरे तक प्रभावित कर सकती है। इस सिंड्रोम के बारे में और गहराई से जानने के लिए हमने टॉप न्यूरोलिस्ट डॉक्टर्स से बात की। चलिए जानते हैं कि यह रहस्यमयी दर्द आखिर है क्या, क्यों होता है और इसे मैनेज करने के लिए क्या-क्या किया जा सकता है।

एक ऐसा दर्द जो अक्सर समझ नहीं आता

सीआरपीएस (CRPS) की सबसे बड़ी चुनौती यही है कि इसका दर्द साधारण चोट या सामान्य नसों के दर्द जैसा नहीं होता। कई बार मरीज इसे पहले हल्के में लेते हैं और सोचते हैं कि शायद कुछ दिनों में अपने-आप ठीक हो जाएगा। लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता है, दर्द की तीव्रता बढ़ती जाती है और हालत असहनीय हो सकती है।

फोर्टिस अस्पताल, फरीदाबाद में न्यूरोलॉजी विभाग के डायरेक्टर डॉ. विनीत बंगा बताते हैं कि 'CRPS का दर्द इतना अनोखा होता है कि इसे साधारण चोट, मांसपेशियों के खिंचाव या आर्थराइटिस से अलग पहचानना मुश्किल हो जाता है। कई बार मरीज महीनों तक इसे गलत बीमारी समझकर झेलते रहते हैं।'

आखिर CRPS होता क्या है (What Is Complex Regional Pain Syndrome)?

कॉम्प्लेक्स रीजनल पेन सिंड्रोम असल में एक न्यूरोलॉजिकल और दर्द संबंधी मेडिकल कंडीशन है। इसका मतलब यह है कि इसमें दर्द केवल मांसपेशियों या हड्डियों से जुड़ा नहीं होता, बल्कि नसों और दिमाग के उस हिस्से से भी जुड़ जाता है जो दर्द को महसूस करता है।

यह समस्या मुख्य रूप से हाथ या पैर में होती है और शुरुआती दिनों में वहां हल्की चोट या सर्जरी जैसी घटना ट्रिगर का काम कर सकती है। लेकिन कई मामलों में ऐसा भी देखा गया है कि बिना किसी स्पष्ट चोट के भी मरीज CRPS का शिकार हो जाते हैं। यही वजह है कि इसे रहस्यमयी दर्द कहा जाता है।

सीआरपीएस क्यों होता है

सीआरपीएस क्यों होता है

क्यों होता है CRPS (Causes Of Complex Regional Pain Syndrome)?

अभी तक विज्ञान पूरी तरह यह नहीं बता पाया कि सीआरपीएस क्यों होता है। लेकिन 2025 तक मौजूद रिसर्च और डॉक्टरों की मानें तो यह समस्या शरीर के ऑटोनॉमिक नर्वस सिस्टम (Autonomic Nervous System) की गड़बड़ी से जुड़ी हो सकती है।

गुरुग्राम स्थित न्यूरोमेट वेलनेस क्लिनिक के न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. भूपेश कुमारकहते हैं, 'कई बार चोट या फ्रैक्चर के बाद शरीर का इम्यून सिस्टम और नसें ज़्यादा रिएक्ट करने लगती हैं। इससे वहां लंबे समय तक सूजन और दर्द बना रहता है, जो धीरे-धीरे CRPS का रूप ले सकता है।'

कुछ मामलों में ब्लड सर्कुलेशन की गड़बड़ी, नसों में सूजन या मस्तिष्क से मिलने वाले सिग्नल में बदलाव भी इसकी वजह हो सकते हैं।

CRPS के लक्षण क्या होते हैं (Symptoms Of Complex Regional Pain Syndrome)?

CRPS के शुरुआती लक्षण साधारण दर्द जैसे लग सकते हैं, लेकिन समय के साथ इनमें फर्क साफ नजर आता है। आमतौर पर मरीज इन संकेतों को महसूस करते हैं,

  • प्रभावित हिस्से में लगातार जलन या चुभन जैसा दर्द
  • हल्की-सी छूअन पर भी तेज दर्द महसूस होना
  • उस हिस्से की त्वचा का रंग बदलना (कभी लाल, कभी नीला या पीला पड़ जाना)
  • सूजन और जकड़न
  • त्वचा का असामान्य रूप से गर्म या ठंडा महसूस होना
  • पसीना ज्या आना या त्वचा का सूखना
  • मांसपेशियों की कमजोरी

मरीजों के अनुभव बताते हैं कि यह दर्द कभी-कभी इतना तेज होता है कि नींद तक उड़ जाती है और मानसिक तनाव भी बढ़ जाता है।

सीआरपीएस के लक्षण

सीआरपीएस के लक्षण

CRPS में मरीज क्या महसूस करते हैं?

कई मरीज बताते हैं कि इस दर्द को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। यह जलन और बिजली के झटके जैसा मिश्रण होता है। उदाहरण के लिए, किसी को सिर्फ रुई छूने पर भी ऐसा लगता है जैसे सुई चुभ रही हो।

डॉ. बंगा कहते हैं 'यह दर्द केवल शारीरिक तकलीफ नहीं है, बल्कि मरीज की मानसिक स्थिति को भी बुरी तरह प्रभावित करता है। कई लोग डिप्रेशन और एंग्जायटी तक का शिकार हो जाते हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि उनका दर्द किसी को समझ नहीं आता।'

इसका डायग्नोसिस क्यों मुश्किल है (Complex Regional Pain Syndrome Diagnosis)?

CRPS का सबसे बड़ा भ्रम यही है कि इसके लक्षण कई बीमारियों से मिलते-जुलते हैं। साधारण एक्स-रे या ब्लड टेस्ट में भी यह समस्या आसानी से पकड़ में नहीं आती।

डॉ. भूपेश कुमार बतातेहैं कि 'CRPS का डायग्नोसिस मुख्य रूप से मरीज के लक्षणों और उनके अनुभव पर आधारित होता है। डॉक्टर कई बार बोन स्कैन, MRI या नर्व टेस्टिंग की मदद लेते हैं, लेकिन सही पहचान करने में समय लग जाता है।'

इस देरी की वजह से मरीज लंबे समय तक दर्द झेलते रहते हैं और इलाज देर से शुरू हो पाता है।

रोजमर्रा के जीवन पर असर

रोजमर्रा के जीवन पर असर

रोजमर्रा की लाइफ CRPS कैसे प्रभावित करता है?

आपको बता दें कि सीआरपीएस का दर्द केवल शरीर तक सीमित नहीं रहता है। यह इंसान की पूरी दिनचर्या को बदल देता है। कई मरीज कहते हैं कि उन्हें छोटे-छोटे काम करने में भी डर लगता है कि कहीं दर्द न बढ़ जाए। इससे व्यक्ति का कामकाज, घरेलू जिम्मेदारियां और सामाजिक जीवन सब कुछ प्रभावित होता है।

परिवार और दोस्तों के लिए भी यह चुनौती होती है, क्योंकि अक्सर वे समझ ही नहीं पाते कि बिना चोट के इतना दर्द कैसे हो सकता है। यही वजह है कि CRPS को ‘इनविजिबल पेन सिंड्रोम’ (invisible pain syndrome) भी कहा जाता है।

CRPS का इलाज क्या है और कैसे मैनेज करें (Complex Regional Pain Syndrome Treatment)?

डॉक्टर्स का कहना है कि CRPS का कोई गारंटीड इलाज नहीं है, लेकिन सही समय पर उपचार और देखभाल से इसे मैनेज किया जा सकता है। ऐसे में कुछ बातों पर ध्यान दिया जाता है,

  • दवाइयां (Medicines): दर्द कम करने और सूजन को नियंत्रित करने के लिए दी जाती हैं।
  • फिजियोथेरेपी (Physiotherapy): प्रभावित हिस्से को दोबारा सक्रिय करने और जकड़न कम करने के लिए की जाती है।
  • नर्व ब्लॉक्स और इंजेक्शन: तेज दर्द की स्थिति में राहत देने के लिए इनका प्रयोग होता है।
  • साइकोलॉजिकल काउंसलिंग: मानसिक तनाव और डिप्रेशन को संभालने के लिए यह जरूरी है।

डॉ. बंगा कहते हैं कि 'इलाज जितनी जल्दी शुरू हो, उतना बेहतर परिणाम मिलता है। देर होने पर नसों और मांसपेशियों में स्थायी बदलाव आ सकते हैं।'

सीआरपीएसर का इलाज

सीआरपीएसर का इलाज

CRPS को मैनेज करने के लिए कारगर उपाय (Lifestyle Tips To Manage Complex Regional Pain Syndrome)

डॉक्टर्स का मानन है कि सीआरपीएस के साथ जीना आसान नहीं है, लेकिन कुछ जीवनशैली बदलाव इसमें मदद कर सकते हैं,

  • हल्की-फुल्की एक्सरसाइज और स्ट्रेचिंग जारी रखें।
  • मेडिटेशन और योग से मानसिक शांति पाने की कोशिश करें।
  • संतुलित आहार लें और शरीर को हाइड्रेट रखें।
  • नींद का पैटर्न सुधारें, पर्याप्त आराम लें।
  • परिवार और दोस्तों को अपनी स्थिति के बारे में बताएं, ताकि वे आपका सपोर्ट कर सकें।

जागरूकता ही बचाव है

कॉम्प्लेक्स रीजनल पेन सिंड्रोम भले ही दुर्लभ हो, लेकिन इसके लक्षणों को अनदेखा करना खतरनाक हो सकता है। सही समय पर डॉक्टर से सलाह लेना और इलाज शुरू करना ही इसका सबसे अच्छा बचाव है।

डॉ. भूपेश कुमार और डॉ. विनीत बंगा दोनों का मानना है कि मरीज और परिवार अगर इस बीमारी के बारे में जागरूक रहें तो इसका असर कम किया जा सकता है। इसलिए अगर आपके या आपके करीबियों को बिना चोट के भी लगातार और असहनीय दर्द हो रहा है, तो इसे हल्के में न लें और विशेषज्ञ डॉक्टर से तुरंत संपर्क करें।

यह आर्टिकल टॉप न्यूरोलॉजिस्ट डॉक्टर के साथ बातचीत के आधार पर बनाया गया और उनके द्वारा सत्यापित किया गया है।

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।

End of Article