Vitamin C and Brain Health: बढ़ती उम्र के साथ शरीर में कई बदलाव आते हैं और इसका असर दिमाग पर भी पड़ता है। कई लोग उम्र बढ़ने के साथ चीजें भूलने लगते हैं, ध्यान लगाने में दिक्कत महसूस करते हैं या पहले जैसी फुर्ती नहीं रहती। ऐसे में हर कोई जानना चाहता है कि दिमाग को लंबे समय तक स्वस्थ कैसे रखा जाए। हाल ही में आई एक रिसर्च में विटामिन C को लेकर दिलचस्प जानकारी सामने आई है। शोधकर्ताओं का कहना है कि शरीर में पर्याप्त मात्रा में विटामिन C होने से उम्र बढ़ने के दौरान दिमाग की सेहत बेहतर बनी रह सकती है। हालांकि यह कोई जादुई इलाज नहीं है, लेकिन रोज की डाइट में विटामिन C से भरपूर चीजें शामिल करना फायदेमंद हो सकता है।
डाइट से लें भऱपूर विटामिन सी और दिमाग को रखें स्वस्थ
जापान की रिसर्च में सामने आया अहम संबंध
जापान की हायरोसाकी यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने यह जानने की कोशिश की कि विटामिन C और दिमाग की सेहत के बीच कोई संबंध है या नहीं। इसके लिए उन्होंने बुजुर्ग लोगों के खून की जांच और दिमाग के स्कैन का अध्ययन किया। यह रिसर्च जर्नल PLOS One में प्रकाशित हुई है।
शोध में पाया गया कि जिन लोगों के शरीर में विटामिन C की मात्रा कम थी, उनके दिमाग में उम्र बढ़ने के असर ज्यादा दिखाई दिए। वहीं जिन लोगों में विटामिन C का स्तर बेहतर था, उनका दिमाग अपेक्षाकृत ज्यादा स्वस्थ नजर आया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: हर बार चक्कर आने की वजह नहीं बनता सर्वाइकल, डॉक्टर ने कान की इस समस्या को बताया बड़ी वजह
दिमाग के लिए क्यों जरूरी विटामिन C
शोधकर्ताओं के मुताबिक, विटामिन C शरीर में एक सुरक्षा कवच की तरह काम करता है। यह शरीर की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों से बचाने में मदद करता है। माना जाता है कि यही वजह दिमाग की कोशिकाओं को भी लंबे समय तक स्वस्थ रखने में मदद कर सकती है।
अध्ययन में यह भी देखा गया कि जिन लोगों में विटामिन C पर्याप्त था, उनके दिमाग के वे हिस्से बेहतर स्थिति में थे जो याददाश्त, सोचने-समझने और रोजमर्रा के फैसले लेने में मदद करते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: डाइटिंग से सिर्फ कम नहीं होता वजन, हार्मोनल हेल्थ पर भी पड़ सकते हैं ये 6 बुरे असर
विटामिन C कहां से मिलेगा
अच्छी बात यह है कि विटामिन C पाने के लिए किसी महंगे सप्लीमेंट की जरूरत नहीं होती। संतरा, मौसमी, अमरूद, आंवला, टमाटर, शिमला मिर्च और कई हरी सब्जियां इसके अच्छे स्रोत हैं। इन्हें नियमित रूप से खाने से शरीर को जरूरी मात्रा में विटामिन C मिल सकता है।
क्या कहती है यह स्टडी
शोधकर्ताओं का कहना है कि इस अध्ययन से केवल दोनों चीजों के बीच संबंध दिखाई देता है। यह नहीं कहा जा सकता कि सिर्फ विटामिन C ही दिमाग को स्वस्थ रखता है। फिर भी यह रिसर्च इस ओर इशारा करती है कि संतुलित आहार और पर्याप्त विटामिन C, बढ़ती उम्र में दिमाग की बेहतर सेहत बनाए रखने में मददगार हो सकते हैं।
