Norovirus Outbreak: अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को से कनाडा और अलास्का के सफर पर निकले एक लग्जरी क्रूज में नोरोवायरस संक्रमण के कई मामले सामने आने के बाद हेल्थ एक्सपर्ट्स की चिंता बढ़ गई है। इस वायरस से 125 लोग संक्रमित हुए हैं, जिनमें 102 यात्री और 23 चालक दल के सदस्य शामिल हैं। हालांकि अधिकांश मरीजों में संक्रमण हल्का पाया गया, लेकिन यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि बंद वातावरण और बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी वाले स्थानों पर संक्रामक बीमारियां कितनी तेजी से फैल सकती हैं। आइए जानते हैं कि कितना खतरनाक है ये वायरस और कैसे हैं इसके लक्षण?
नोरोवायरस का खतरा
क्या है नोरोवायरस - What is Norovirus in Hindi
नोरोवायरस एक हाई संक्रामक वायरस है, जो हमारे पेट और आंतों को प्रभावित करता है। इसे अक्सर "स्टमक फ्लू" या वायरल गैस्ट्रोएंटेराइटिस भी कहा जाता है, हालांकि यह इन्फ्लुएंजा वायरस से अलग होता है। यह वायरस दूषित भोजन, संक्रमित पानी, संक्रमित व्यक्ति के संपर्क या वायरस से दूषित जगहों को छूने के बाद हाथ मुंह तक ले जाने से आसानी से फैल सकता है। क्रूज जहाज, होटल, हॉस्टल, स्कूल, अस्पताल और वृद्धाश्रम जैसी जगहों पर इसका संक्रमण तेजी से फैलने का खतरा अधिक रहता है क्योंकि यहां लोग लंबे समय तक एक-दूसरे के संपर्क में रहते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बारिश में छोटे बच्चों को कौन सी बीमारी हो सकती है, न्यू बॉर्न बेबी का ख्याल कैसे रखें
नोरोवायरस के मुख्य लक्षण - Symptoms of Norovirus in Hindi
नोरोवायरस से संक्रमित होने के 12 से 48 घंटे के भीतर लक्षण दिखाई देने लगते हैं। इसके सामान्य लक्षणों में शामिल हैं।
- अचानक उल्टी होना
- बार-बार दस्त लगना
- पेट में तेज दर्द या ऐंठन
- मतली महसूस होना
- हल्का बुखार
- तेज सिरदर्द
- शरीर में दर्द और कमजोरी
- डिहाइड्रेशन
हालांकि ज्यादातर लोगों में ये लक्षण 1 से 3 दिनों के भीतर ठीक हो जाते हैं, लेकिन छोटे बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर इम्यूनिटी के कारण यह संक्रमण गंभीर रूप ले सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मानसून में स्ट्रीट फूड क्यों बन जाता है डाइजेशन का दुश्मन?
कितना खतरनाक है ये वायरस
एक्सपरट्स के अनुसार नोरोवायरस आमतौर पर जानलेवा नहीं होता, लेकिन यदि समय पर शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी पूरी न की जाए तो डिहाइड्रेशन की समस्या गंभीर हो सकती है। लगातार उल्टी और दस्त के कारण मरीज को अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत भी पड़ सकती है।
कैसे करें बचाव
नोरोवायरस से बचने का सबसे प्रभावी तरीका अच्छी स्वच्छता बनाए रखना है। खाने से पहले और शौचालय के उपयोग के बाद कम से कम 20 सेकंड तक साबुन और पानी से हाथ जरूर धोएं। इसके अलावा फल और सब्जियों को अच्छी तरह साफ करके ही खाएं तथा खाने को पूरी तरह पकाकर ही खाएं। इसके साथ ही संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से बचें और उसकी उपयोग की गई वस्तुओं को सावधानी से साफ करें।
