Faridabad Crime: तीन बच्चों की मां ने प्रेमी के संग मिलकर की पति की हत्या, शव बाथरुम में छिपाया, ऐसे खुला राज

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 23, 2022, 02:56 PM IST

Faridabad Crime: फरीदाबाद में तीन बच्‍चों की मां ने अपने प्रेमी के साथ मिल सोते समय अपने पति की गला रेत हत्‍या कर दी। वारदात के बाद दोनों शव को ठिकाने लगाने का प्‍लान बना ही रहे थे कि इसकी भनक आरोपी प्रेमी के पिता को चल गई। जिसने पुलिस के सामने सारे राज खोल दिए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

Faridabad Crime: तीन बच्चों की मां ने प्रेमी के संग मिलकर की पति की हत्या, शव बाथरुम में छिपाया, ऐसे खुला राज
Photo Credit: Representative Image

Faridabad Crime: शहर के पर्वतीय कालोनी में हत्‍या का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां पर तीन बच्चों की मां ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक के प्रेम में पड़कर अपने ही पति की हत्‍या कर दी। दोनों ने मिलकर सबसे पहले सोते समय व्‍यक्ति की गला रेत कर हत्‍या की और फिर शव को बाथरूम में छिपा दिया। इस हत्‍या का राज तब खुला जब हत्‍यारोपी प्रेमी के पिता को इस घटना की जानकारी मिली। जिसके बाद उसने पुलिस को फोन कर सारी बात बता दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित महिला व उसके प्रेमी को हिरासत में लिया। वहीं पोस्टमार्टम के लिए शव बादशाह खान अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने मृतक की पहचान देवेंद्र के रूप में की है, जो वेल्डिंग का काम कर अपनी पत्‍‌नी व तीन बच्चों का भरण पोषण करता था।

इस हत्‍या कांड की जानकारी देते हुए सारन थाना प्रभारी राजेश बागड़ी ने बताया कि मृतक की पत्‍‌नी सुनीता के पड़ोस के ऑटो चालक इमाम खान के साथ संबंध बन गए थे। इस प्रेम प्रसंग के बारे में जब देवेंद्र को पता चला तो उसने अपनी पत्‍‌नी को समझाने की कोशिश की। इस विषय को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद सुनीता अपने मायके चली गई थी और करीब एक सप्ताह पहले वापस लौटते ही अपने प्रेमी इमाम खान के साथ मिलकर देवेंद्र को रास्ते से हटाने की साजिश रच ली।

रात में सोते समय गला रेत कर की हत्‍या

पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में पता चला है कि वीरवार की रात जब देवेंद्र और बच्चे गहरी नींद में सो गए तो सुनीता ने अपने प्रेमी इमाम खान को बुला लिया। वह अपने साथ चाकू ले आया। जिसके बाद सुनीता ने अपने पति के पैर पकड़े और इमाम खान ने चाकू से देवेंद्र का गला रेता। हत्या के बाद दोनों शव को चादर में लपेटकर इमाम के घर ले गए और वहां बाथरूम में छिपा दिया। दोनों आरोपी शव को ठिकाने लगाने की योजना बना ही रहे थे कि इसकी भनक इमाम खान के पिता को लग गई। जिसके बाद उन्‍होंने चुपके से इसकी जानकारी सारन थाना पुलिस को दे दी। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्‍जे में लेने के साथ आरोपित इमाम खान और सुनीता को भी हिरासत में लिया।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!