Faridabad News: फरीदाबाद में पिता ने फिर की हैवानियत, 10 साल के बेटे की गला दबाकर हत्या, बड़ा बेटा अधमरा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 16, 2022, 07:11 PM IST

Faridabad News: एक हैवान पिता की करतूत से फरीदाबाद एक बार फिर से शर्मसार हुआ है। सीकरी इलाके में एक नशेड़ी पिता ने रात को पहले अपनी पत्‍नी और बड़े बेटे को जमकर पीटा और सुबह छोटे बेटे की गला घोंट हत्‍या कर दी। घटना के बाद से ही आरोपी फरार है।

Faridabad News: फरीदाबाद में पिता ने फिर की हैवानियत, 10 साल के बेटे की गला दबाकर हत्या, बड़ा बेटा अधमरा
Photo Credit: Representative Image

Faridabad News: फरीदाबाद एक बार फिर से शर्मसार हुआ है। पिछले सप्‍ताह जहां एक हैवान पिता ने अपने डेढ़ माह के बच्‍चे की हत्‍या कर अभी जेल पहुंचा ही था कि एक और हैवान पिता ने अपने 10 साल के बच्‍चे का गला दबाकर जान ले ली। यह घटना जिले के सीकरी इलाके की है। यहां मंगलवार तड़के एक पिता ने पहले अपने 10 साल के बेटे को जमकर पीटा और फिर उसका गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस को बच्चे का शव कबाड़ के बीच में मिला। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता फरार हो गया। मृतक की पहचान 10 वर्षीय नितीश के रूप में हुई है।

घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चला है। सेक्टर-58 थाना की पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पिता की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, हत्‍यारोपी पिता का नाम निखिल है। वह पलवल का रहने वाला है। सीकरी में नाई की दुकान चलाता है। आरोपी की तलाश की जा रही है।

सोमवार रात पत्‍नी और बड़े बेटे को जमकर पीटा

पुलिस ने बताया कि, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि, आरोपी सोमवार रात करीब 10 शराब पीकर नशे में घर आया था। घर पहुंचने पर वह अपनी पत्‍नी को पीटने लगा। यह देख जब 13 साल का बड़ा बेटा हितेश अपनी मां को बचाने पहुंचा तो उसे भी पिता पीटने लगा और तब तक मारा जब तक वह अधमरा नहीं हो गया। इसके बाद पूरे परिवार ने रात दहशत में गुजारी। बच्‍चे की मां ने पुलिस को बताया कि, आरोपी ने मंगलवार तड़के करीब 4:00 बजे छोटे बेटे नीतीश को पीटना शुरू कर दिया और उसे पीटते हुए अपने साथ लेकर घर से चला गया।

500 मीटर दूर ले जाकर घोंट दिया गला

पुलिस ने बताया कि, आरोपी बच्‍चे को लेकर घर से करीब 500 मीटर दूर पहुंचा और वहां पर पड़े कपड़े के टुकड़े से नीतीश की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद बच्‍चे का शव कबाड़ के बीच फेंक फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, अभी जांच की जा रही है, इस हत्‍या के कारणों का पता नहीं चल सका है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!