गुरुवार को कर्नाटक विधानसभा में भारी हंगामे के बीच कर्नाटक हेट स्पीच और हेट क्राइम्स (प्रिवेंशन) बिल, 2025 पारित हो गया। इसी के साथ कर्नाटक देश का पहला राज्य बन गया है, जहां हेट स्पीच और हेट क्राइम को लेकर एक अलग और समर्पित कानून बनाया जाएगा। जहां कांग्रेस सरकार इसे संविधानिक मूल्यों की रक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की दिशा में जरूरी कदम बता रही है, वहीं भाजपा ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर खतरा बताते हुए विरोध किया है।
क्यों लाया गया यह बिल
राज्य सरकार का तर्क है कि भारत में पहले से मौजूद आपराधिक कानूनों में हेट स्पीच से जुड़े प्रावधान तो हैं, लेकिन 'हेट स्पीच' की कोई स्पष्ट और आधुनिक परिभाषा नहीं थी। सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के दौर में नफरत फैलाने वाले भाषण और कंटेंट तेजी से बढ़े हैं, जिन पर मौजूदा कानून प्रभावी तरीके से लगाम नहीं लगा पा रहे थे। इसी कानूनी गैप को भरने के लिए यह बिल लाया गया है, ताकि समाज में जाति, धर्म, भाषा या पहचान के आधार पर फैलने वाली नफरत को रोका जा सके। इस कानून में हेट स्पीच को बेहद विस्तार से परिभाषित किया गया है। इसके तहत कोई भी ऐसा बयान, लेख, संकेत, दृश्य प्रस्तुति या इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से किया गया मैसेज, जो सार्वजनिक रूप से किसी व्यक्ति या समुदाय के खिलाफ नफरत, दुश्मनी, वैमनस्य या सामाजिक अशांति पैदा करे, हेट स्पीच माना जाएगा। यह नफरत धर्म, नस्ल, जाति, समुदाय, लिंग, जेंडर, सेक्सुअल ओरिएंटेशन, जन्म स्थान, निवास, भाषा, दिव्यांगता या जनजाति जैसे आधारों पर हो सकती है।
हेट क्राइम का कॉन्सेप्ट
यह बिल केवल नफरती बातें कहने तक सीमित नहीं है। यदि कोई व्यक्ति या संगठन हेट स्पीच को बनाता है, छापता है, फैलाता है या उसे बढ़ावा देने, उकसाने और भड़काने का काम करता है, तो वह हेट क्राइम की श्रेणी में आएगा। इसमें ऑफलाइन गतिविधियों के साथ-साथ सोशल मीडिया पोस्ट, वीडियो, डिजिटल कंटेंट और ऑनलाइन अभियानों को भी शामिल किया गया है।
सजा और कानूनी सख्ती
इस कानून की सबसे ज्यादा चर्चा इसकी सख्त सजा को लेकर हो रही है। पहली बार दोषी पाए जाने पर कम से कम एक साल और अधिकतम सात साल तक की जेल तथा जुर्माने का प्रावधान है। अगर अपराध दोहराया जाता है, तो सजा बढ़कर दो साल से लेकर दस साल तक की हो सकती है। ऐसे मामलों को संज्ञेय और गैर-जमानती यानी कॉग्निजेबल और नॉन बेलेबल बनाया गया है, यानी पुलिस बिना वारंट गिरफ्तारी कर सकती है और जमानत आसानी से नहीं मिलेगी। मामलों की सुनवाई न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी यानी ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास करेगा।
संगठनों पर भी जिम्मेदारी
इस कानून की एक खास बात यह है कि इसमें सामूहिक जिम्मेदारी का सिद्धांत जोड़ा गया है। यदि किसी संगठन, संस्था या समूह से जुड़ा व्यक्ति हेट क्राइम करता है, तो उस समय संगठन के जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग भी दोषी माने जा सकते हैं। हालांकि, उन्हें यह साबित करने का मौका दिया जाएगा कि अपराध उनके जानकारी के बिना हुआ और उन्होंने उसे रोकने के लिए पूरी सावधानी बरती थी। यह प्रावधान राजनीतिक दलों, संगठनों और संस्थानों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
इंटरनेट और सोशल मीडिया पर नियंत्रण
डिजिटल दौर को ध्यान में रखते हुए कानून में सरकार को यह अधिकार दिया गया है कि वह नामित अधिकारी के जरिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, वेबसाइट या अन्य डिजिटल माध्यमों से हेट कंटेंट को हटाने या ब्लॉक करने का निर्देश दे सके। सरकार का कहना है कि यह प्रावधान ऑनलाइन नफरत, अफवाह और उकसावे को रोकने के लिए जरूरी है। कानून के तहत कार्यकारी मजिस्ट्रेट, विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट या डीएसपी रैंक से ऊपर के पुलिस अधिकारी को यह अधिकार दिया गया है कि अगर उन्हें किसी संभावित हेट क्राइम की आशंका हो, तो वे पहले से प्रिवेंटिव कार्रवाई कर सकें। इसका उद्देश्य हिंसा या तनाव फैलने से पहले ही स्थिति को नियंत्रित करना है।
पीड़ितों के लिए मुआवजा और छूट
इस कानून में अदालतों को यह अधिकार भी दिया गया है कि वे हेट क्राइम के शिकार लोगों को अपराध की गंभीरता और प्रभाव के आधार पर मुआवजा दिला सकें। हालांकि, यह कानून उन मामलों पर लागू नहीं होगा, जहां कोई सामग्री ईमानदारी से विज्ञान, साहित्य, कला, शिक्षा, सार्वजनिक हित या धार्मिक और सांस्कृतिक उद्देश्यों के लिए प्रकाशित की गई हो।
राजनीतिक विवाद क्यों
डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार का कहना है कि अगर कोई हेट स्पीच नहीं करता, तो डरने की जरूरत नहीं है और यह कानून केवल नफरत फैलाने वालों के खिलाफ है। वहीं भाजपा का आरोप है कि 10 साल तक की सजा का प्रावधान सरकार की आलोचना करने वालों को चुप कराने का हथियार बन सकता है। इसी टकराव के चलते यह कानून सिर्फ कानूनी नहीं, बल्कि एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गया है।
क्यों खास है यह कानून खास
कर्नाटक हेट स्पीच और हेट क्राइम्स (प्रिवेंशन) बिल, 2025 इसलिए खास है क्योंकि यह पहली बार हेट स्पीच को स्पष्ट रूप से परिभाषित करता है, डिजिटल प्लेटफॉर्म को इसके दायरे में लाता है, संगठनों की जिम्मेदारी तय करता है और पीड़ितों को मुआवजे का अधिकार देता है। आने वाले समय में यह कानून राष्ट्रीय बहस का केंद्र भी बन सकता है और अन्य राज्यों के लिए एक मॉडल भी साबित हो सकता है।