Times Now Navbharat
live-tv
Premium

Imran Khan Family Tree: 3 शादियां, 1 विवादित बेटी…कितना बड़ा है इमरान का खानदान? जानें निजी जिंदगी का सफर

क्रिकेटर से नेता बनकर पाकिस्तान की सत्ता संभालने वाले इमरान खान निजी जिंदगी को लेकर भी खूब चर्चाओं में रहते हैं। ऐसे में हम आपको इमरान की निजी जिंदगी और उनके परिवार के बारे में जानकारी देंगे। बताएंगे कि पूर्व प्रधानमंत्री के परिवार में कौन-कौन है और वे क्या करते हैं?

Image
इमरान खान के परिवार में कौन कौन है? फोटो- टाइम्स नाउ नवभारत।
Written by: Shiv Shukla
Updated Nov 29, 2025, 14:45 IST
Follow on Google News

तीन साल से जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को लेकर इस समय पूरी दुनिया में हो-हल्ला मचा हुआ है। पाकिस्तानी मीडिया और उनके परिवार को लोग जेल में उनकी मौत का दावा कर रहे हैं। परिवार का आरोप है कि लंबे समय से उन्हें क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान खान से मिलने नहीं दिया जा रहा है और ना ही उनके बारे में कोई जानकारी दी जा रही है। वहीं, शहबाज सरकार ने इन आरोपों को खारिज किया है। जेल विभाग ने एक बयान जारी कर कहा है कि इमरान जेल में पूरी तरह से स्वस्थ हैं। इस पर उनके परिवार का कहना है कि अगर इमरान पूरी तरह से ठीक हैं तो अदालत के आदेश के बाद भी उनसे मिलने क्यों नहीं दिया जा रहा है। इमरान को लेकर मचे इस बवाल के बीच उनके छोटे बेटे कासिम जो अक्सर राजनीति से दूर रहते हैं, वो भी पिता के लिए जारी लड़ाई में उतर आए हैं। उन्होंने बीते दिन पाकिस्तान सरकार से उनके जिंदा होने के सबूत भी मांगे थे।

ऐसे में हम आपको इमरान की निजी जिंदगी और उनके परिवार के बारे में जानकारी देंगे। बताएंगे कि पूर्व प्रधानमंत्री के परिवार में कौन-कौन है और वे क्या करते हैं....

1952 को लाहौर में पैदा हुए थे इमरान खान

5 अक्टूबर 1952 को लाहौर में इमरान खान का जन्म हुआ था। उनके पिता इकरामुल्लाह खान नियाजी पेशे से सिविल इंजीनियर थे, जबकि उनकी मां शौकत खानुम पाकिस्तान के जाने-माने राजनीतिक चेहरे अहमद हसन खान की पुत्री थीं। अहमद हसन खान, पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना के करीबी सहयोगियों में थे। इकरामुल्लाह और शौकत के कुल पांच बच्चे थे। इनमें इमरान खान सबसे छोटे थे, उनसे बड़ी चार बहनें थीं।

कौन हैं इमरान खान की चार बहनें

इमरान खान अपने माता-पिता की पांच संतानों में अकेले बेटे हैं। उनकी चारों बहनें अपने-अपने क्षेत्र में काफी प्रभावशाली मानी जाती हैं।

रूबिना खानुम

रूबिना ने लंदन स्कूल ऑफ इकनॉमिक्स से शिक्षा प्राप्त की। वे संयुक्त राष्ट्र (UN) में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुकी हैं।

अलीमा खानुम

अलीमा एक सफल उद्यमी हैं। वे लाहौर स्थित एक टेक्सटाइल बाइंग हाउस की संस्थापक हैं। उन्होंने 1989 में लाहौर यूनिवर्सिटी ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज़ (LUMS) से एमबीए किया। अलीमा शौकत खानुम मेमोरियल ट्रस्ट में मार्केटिंग डायरेक्टर की भूमिका भी निभाती हैं।

उज्मा खानुम

उज्मा पेशे से क्वालीफाइड सर्जन हैं और लाहौर के प्रतिष्ठित डॉक्टरों में उनकी गिनती होती है।

रानी खानुम

रानी ने स्नातक की पढ़ाई की है और पाकिस्तान के कई शहरों में सामाजिक कार्यों से जुड़ी हैं। वे विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए काम करती हैं।

16 साल की उम्र में फर्स्ट क्लास क्रिकेट से हुई इमरान के करियर की शुरुआत

5 अक्टूबर 1952 को लाहौर के सम्पन्न परिवार में जन्मे इमरान ने मात्र 16 वर्ष की उम्र में फर्स्ट-क्लास क्रिकेट से अपने करियर की शुरुआत की। उन्होंने 1971 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया। वहीं, 1974 में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ ही अपना पहला वनडे इंटरनेशनल मैच खेला। यह भी एक अजब संयोग है कि इमरान ने अपना आखिरी वनडे भी 25 मार्च 1992 को इंग्लैंड के ही खिलाफ खेला था।

संन्यास लिया फिर राष्ट्रपति के आग्रह पर फिर वापस लौटे और पाकिस्तान को जितवाया विश्व कप

1982 में इमरान खान पाकिस्तान के 13वें टेस्ट कप्तान बने। फिर 1982 से 1992 तक टेस्ट और वनडे दोनों प्रारूपों में टीम का नेतृत्व किया। वे पाकिस्तान क्रिकेट इतिहास के एकमात्र खिलाड़ी हैं जिन्होंने संन्यास लेने के बाद तत्कालीन राष्ट्रपति जिया-उल-हक की खास अपील पर दोबारा क्रिकेट में वापसी की थी। 1987 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में हार के बाद निराश इमरान ने क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। लेकिन जिया-उल-हक के मनाने पर उन्होंने कप्तानी फिर संभाली और 1992 में अपनी अगुवाई में पाकिस्तान को पहला और अब तक का अकेला क्रिकेट विश्व कप जिताया।

Imran Khan

Imran Khan

1992 में क्रिकेट से संन्यास और 1996 में शुरू की राजनीतिक पारी

1992 में क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद इमरान खान ने 1996 में अपनी राजनीतिक पार्टी तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) की नींव रखी। शुरुआती वर्षों में बतौर नेता उन्हें बहुत ज्यादा राजनीतिक तवज्जो नहीं मिली, लेकिन समय के साथ वे युवाओं और खासकर महिलाओं में खासे लोकप्रिय हो गए। 2018 आते-आते वे पाकिस्तान की सत्ता के प्रबल दावेदार बन चुके थे। इसका एक बड़ा कारण यह भी था कि उन्होंने क्रिकेट में पाकिस्तान को नई ऊंचाई तक पहुंचाया था, इसके अलावा वे अपने सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन में बड़े विवादों से दूर रहे।

2002 में नेशनल असेंबली के लिए चुने गए इमरान

2002 में परवेज़ मुशर्रफ के सैन्य शासन के दौरान हुए आम चुनावों में पीटीआई को पहली और एकमात्र सीट मिली, और इमरान खान मियांवाली से नेशनल असेंबली के लिए चुने गए। 2002 से 2007 तक वे संसद में सक्रिय रहे। राजनीतिक बेबाकी के लिए मशहूर इमरान ने एक बार राष्ट्रपति मुशर्रफ को 'अमेरिकी राष्ट्रपति का जूता चाटने वाला' तक कह दिया था। इस बयान के बाद उन्हें उनके घर में नजरबंद कर दिया गया, जिससे उस समय पाकिस्तान की राजनीति में काफी हलचल मच गई थी।

तीन शादियां और एक गर्लफ्रैंड...

वर्तमान में जेल में बंद इमरान खान का निजी जीवन हमेशा सुर्खियों में रहा। इमरान खान अपने दौर के सिर्फ स्टार क्रिकेटर ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक ग्लैमरस हस्ती भी थे। मैदान के बाहर उनकी लाइफस्टाइल भी खूब चर्चा में रहती थी। चाहे उनके अफेयर हों, शादियां...उनके जीवन में कई रिश्ते आए, जिनमें से कुछ तालियों के शोर में गुम हो गए, तो कुछ कड़वाहट छोड़ गए।

इटली मूल की सीता व्हाइट को लेकर खूब चर्चाओं में थे इमरान

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये बात 1987-88 के इंग्लैंड दौरे की है। उस दौरान लंदन के एक स्ट्रीट नाइट क्लब में इमरान की मुलाकात इटली मूल की शादीशुदा सीता व्हाइट से हुई। मुलाकात जल्द ही अफेयर में बदली और दोनों कुछ समय तक साथ रहे। आखिरी बार दोनों को 1991 में साथ देखा गया, तब सीता ने इमरान को बताया कि वह गर्भवती हैं। उस समय इमरान बेटा चाहते थे, इसलिए उन्होंने जांच करवाई, और रिपोर्ट में बेटी होने का पता लगा। कहा जाता है कि इस पर इमरान ने सीता पर अबॉर्शन के लिए दबाव डाला, लेकिन सीता ने इंकार कर दिया, जिसके बाद इमरान ने उनका साथ छोड़ दिया।

इसके कुछ महीनों बाद सीता ने एक बच्ची को जन्म दिया, जिसका नाम रखा गया टायरियन खान व्हाइट। हालांकि इमरान ने कभी इस बच्ची को स्वीकार नहीं किया, बाद सीता ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। कैलिफोर्निया की एक अदालत ने इमरान को टायरियन का जैविक पिता घोषित कर दिया, हालांकि आज भी इमरान सार्वजनिक रूप से उसे बेटी नहीं मानते।

नौ साल चली पहली शादी

1995 में 42 वर्ष की उम्र में इमरान ने ब्रिटेन के अरबपति जेम्स गोल्डस्मिथ की 21 वर्षीय बेटी जेमिमा गोल्डस्मिथ से शादी कर ली। जेमिमा पेशे से पत्रकार थीं।

दोनों ने लगभग नौ साल साथ बिताए और दो बेटों सुलेमान और कासिम को जन्म दिया। 2004 में दोनों का रिश्ता टूट गया और फिर जेमिमा 30 की उम्र में अपने बच्चों के साथ ब्रिटेन लौट गईं।

jemima goldsmith

jemima goldsmith

रेहम खान के साथ नौ महीने ही चली दूसरी शादी

बाद में इमरान के जीवन में रेहम खान आईं। पेशे से पत्रकार रेहम से इमरान ने दूसरी शादी 6 जनवरी 2015 को की। इमरान के साथ ही रेहम की भी ये दूसरी शादी थी। पहले पति एजाज रेहम से उनके तीन बच्चे हैं। जिनसे 19 साल की उम्र में रेहम खान ने शादी की थी। रेहम ने ब्रिटेन से समाजशास्त्र और बाद में पत्रकारिता की पढ़ाई की और यूके में न्यूज़ प्रजेंटर रहीं। हालांकि इमरान की दूसरी शादी महज नौ महीने ही चल सकी। दोनों के बीच मतभेदों के बाद 30 अक्टूबर 2015 को दोनों अलग हो गए।
इमरान खान और रेहम खान।

इमरान खान और रेहम खान।

बुशरा बीबी बनीं तीसरी पत्नी और शुरू हुए सियासी विवाद

इसके बाद साल 2018 में इमरान ने पंजाब के प्रभावशाली वट्टू परिवार से ताल्लुक रखने वाली बुशरा बीबी से तीसरी शादी की। यह बुशरा की भी दूसरी शादी थी, और पहले पति से उनके पांच बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और दो बेटे शामिल हैं। इमरान इन बच्चों के सौतेले पिता हैं। बुशरा और इमरान की पहली मुलाकात 2015 में हुई थी, जिसके बाद दोनों एक-दूसरे के करीब आए। सियासत में इमरान के कद के साथ-साथ बुशरा का नाम भी चर्चा में आया। उन पर प्रधानमंत्री आवास में जादू-टोना करवाने और इमरान की कुर्सी बचाने के लिए अनुष्ठान करने जैसे आरोप भी लगे, जिन्हें लेकर खूब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला।

Bushra bibi

Bushra bibi

End of Article