Times Now Navbharat
live-tv
Premium

परमाणु शक्ति तो है पाकिस्तान लेकिन नहीं है ICBM मिसाइल, आखिर क्यों चीन भी नहीं कर पा रहा है मदद?

Times Now Navbharat Defence Explainer: पाकिस्तान परमाणु संपन्न शक्ति राष्ट्र तो 1998 में ही बन गया था, लेकिन आजतक वो इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) नहीं बना पाया है। जानिए आखिर क्यों?

Image
पाकिस्तान के पास इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) क्यों नहीं है?
Curated by: Shishupal Kumar
Updated Jun 15, 2026, 11:41 IST
Follow on Google News

Times Now Navbharat Defence Explainer: पाकिस्तान (Pakistan), 57 मुस्लिम देशों में इकलौता परमाणु हथियार संपन्न राष्ट्र (Nuclear Power Country) है। इजराइल के दुश्मनों में एक सिर्फ पाकिस्तान ही है, जिसके पास न्यूक्लियर बम है। अपनी स्थापना के बाद से ही पाकिस्तान ने अमेरिका और चीन दोनों को साध रखा है, इसके बाद भी पाकिस्तान के पास इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) नहीं है। आखिर क्यों, चाहकर भी पाकिस्तान अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल नहीं बना पा रहा है, क्या पाकिस्तान के पास टेक्नोलॉजी नहीं है? किसी देश से डरता है या जो चीन पाकिस्तान को सैटेलाइट से लेकर फाइटर जेट तक बेच रहा है, वो नहीं चाहता है कि पाकिस्तान के पास ICBM हो? या पाकिस्तान, अमेरिका का दोस्त तो है, लेकिन क्या वो उसके डर से भी लंबी दूरी की मिसाइल बनाने से कतराते रहा है, क्योंकि इजराइल और अमेरिका के बीच ज्यादा गहरी दोस्ती है? आइए इसे समझते हैं।

क्या ICBM मिसाइल बना सकता है पाकिस्तान?

सबसे पहले ये समझते हैं कि क्या पाकिस्तान इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) मिसाइल बना सकता है या नहीं? इसका एक लाइन में जवाब है कि पाकिस्तान ऐसा कर सकता है। उसके पास मध्यम दूरी की मिसाइलें हैं, जो लगभग 2700 किलोमीटर तक मार कर सकती है। इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल के लिए मारक क्षमता 5,500 किलोमीटर से अधिक होनी चाहिए, जिसे पाकिस्तान हासिल कर सकता है।अमेरिकी विदेश विभाग भी ये मानता है कि पाकिस्तान ऐसी मिसाइलें बना सकता है। खुद अमेरिका की नेशनल इंटेलिजेंस डायरेक्टर तुलसी गबार्ड इस बात पर मुहर लगा चुकी हैं।

पाकिस्तान की शाहीन-3 मिसाइल (फोटो- AP)

पाकिस्तान की शाहीन-3 मिसाइल (फोटो- AP)

फिर क्यों नहीं ICBM मिसाइल बना रहा है पाकिस्तान?

जब पाकिस्तान इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) मिसाइल बना सकता है तो फिर अभी तक बना क्यों नहीं पाया है? इसके कई कारण हैं। पहला पाकिस्तान के हथियार भारत केंद्रित रहे हैं, इसलिए वो ICBM पर नहीं गया है। लेकिन ये जितना सच है उतना ही अधूरा भी। पाकिस्तान सही मायने में ICBM इसलिए नहीं बना पाया है क्योंकि उसे ऐसा करने से अमेरिका और चीन दोनों रोक देते हैं। मतलब जो जिगरी दोस्त हैं, वहीं नहीं चाहते कि पाकिस्तान के पास इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल रहे।

अमेरिका क्यों नहीं चाहता पाक के पास हो ICBM?

दरअसल पाकिस्तान जब ICBM मिसाइल बना लेगा तो उसकी जद में इजराइल, यूरोप के साथ-साथ अमेरिका और चीन भी होंगे। पाकिस्तान की गारंटी तो है नहीं कि उसके हथियार किसके पास हों और वो किसके खिलाफ यूज हो जाए। पाकिस्तान खुले तौर पर इजराइल के खिलाफ रहा है। अगर ICBM बना तो इजराइल भी इसकी रेंज में होगा, जो अमेरिका कभी नहीं चाहेगा। यही कारण है कि हल्की सी आशंका पर भी अमेरिका पाकिस्तान पर प्रतिबंध लगा देता है। चीन भी खुले मन से कभी ये नहीं चाहा कि पाकिस्तान के पास ICBM हो।

अमेरिका लगा चुका है प्रतिबंध

अमेरिकी कांग्रेस की वेबसाइट के अनुसार दिसंबर 2024 में अमेरिका ने पाकिस्तान की सरकारी संस्था 'नेशनल डेवलपमेंट कॉम्प्लेक्स' (NDC) और तीन अन्य कंपनियों पर पाबंदी लगा दी। अमेरिका का आरोप है कि ये संस्थाएं पाकिस्तान के लिए लंबी दूरी की मिसाइलें बनाने का सामान जुटा रही थीं। अमेरिकी अधिकारियों और 2026 की अमेरिकी इंटेलिजेंस (खुफिया) रिपोर्ट का कहना है कि पाकिस्तान बहुत तेजी से आधुनिक मिसाइल तकनीक और भारी रॉकेट इंजन बना रहा है। अगर ऐसा ही चलता रहा, तो पाकिस्तान के पास ऐसी मिसाइलें (ICBM) आ जाएंगी जो भारत या एशिया ही नहीं, बल्कि सीधे अमेरिका तक हमला कर सकती हैं। इससे अमेरिका की सुरक्षा को बड़ा खतरा हो सकता है।

भारत की ICBM मिसाइल अग्नि V (फोटो- PIB)

भारत की ICBM मिसाइल अग्नि V (फोटो- PIB)

पाकिस्तान की सफाई, पर अमेरिका ने नहीं किया विश्वास

पाकिस्तान ने अमेरिका के इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया था। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय का कहना था कि उनका परमाणु और मिसाइल कार्यक्रम सिर्फ अपनी रक्षा के लिए है। उनका निशाना अमेरिका या कोई और देश नहीं है और पाकिस्तान का छोटा सा मिसाइल कार्यक्रम अमेरिका जैसी महाशक्ति के लिए कोई खतरा नहीं बन सकता। हालांकि अमेरिका जानता है कि पाकिस्तान पर विश्वास नहीं किया जा सकता। इसलिए प्रतिबंधों में कोई ढील नहीं दी है।

ICBM मिसाइल की खासियत और भारत की क्षमता

ICBM जमीन से लॉन्च की जाने वाली सबसे शक्तिशाली मिसाइल मानी जाती है, जो परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम होती है। ICBM की रेंज कम से कम 5500 किलोमीटर होती है। इसकी स्पीड 20 मैक के आसपास होती है। 20 से 25 मिनट में ICBM अपने लक्ष्य को तबाह करने में सक्षम होती है। अगर भारत की बात करें तो भारत के पास अग्नि-5 (Agni-V) मौजूद है, जिसकी रेंज 5,000 किलोमीटर से 7,000 किलोमीटर तक है। इसकी जद में चीन से लेकर यूरोप तक के देश शामिल हैं। भारत अग्नि-VI पर काम कर रहा है, टेस्ट शुरू हो चुके हैं, इसकी रेंज 8 हजार से 10 हजार किलोमीटर तक होगी, मतलब दुनिया में कहीं भी दुश्मन हो, भारत उसे मार गिराएगा।

End of Article